Tag: advance

  • टॉक्सिक की एडवांस बुकिंग ने रिलीज से पहले ही बढ़ाई उम्मीदें, यश की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग की ओर बढ़ती दिखी

    टॉक्सिक की एडवांस बुकिंग ने रिलीज से पहले ही बढ़ाई उम्मीदें, यश की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग की ओर बढ़ती दिखी


    नई दिल्ली । सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म टॉक्सिक सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। 26 अगस्त 2026 को रिलीज होने वाली इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता बनी हुई है। रिलीज से पहले शुरू हुई एडवांस बुकिंग ने फिल्म की संभावित बॉक्स ऑफिस ओपनिंग को लेकर चर्चा और तेज कर दी है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने बुकिंग के स्तर पर ही मजबूत पकड़ बनानी शुरू कर दी है।

    रिपोर्ट किए गए आंकड़ों के अनुसार, रात करीब 10 बजे तक टॉक्सिक की भारत में एडवांस बुकिंग से 7.72 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई हो चुकी थी। इसमें ब्लॉक सीटों को भी शामिल किया जाए तो कुल बुकिंग राशि 13.88 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गई थी। शुरुआती कारोबार को देखते हुए माना जा रहा है कि रिलीज के दिन फिल्म को दर्शकों की अच्छी संख्या मिल सकती है।

    भाषाई स्तर पर भी फिल्म की बुकिंग में अलग-अलग क्षेत्रों से प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कन्नड़ संस्करण में एक लाख से अधिक टिकटों की बिक्री दर्ज होने की बात सामने आई है, जबकि इस संस्करण से करीब 5.28 करोड़ रुपये की बुकिंग राशि जुटाई गई। हिंदी संस्करण में भी दर्शकों की रुचि नजर आई और 65 हजार से ज्यादा टिकटों की बिक्री के साथ करीब 2.43 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया।

    टॉक्सिक की एडवांस बुकिंग इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि यश की पिछली बड़ी रिलीज केजीएफ चैप्टर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी। उस फिल्म ने देश और विदेश में शानदार प्रदर्शन करते हुए वैश्विक स्तर पर एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था। फिल्म की ओपनिंग भी बेहद मजबूत रही थी। अब टॉक्सिक के सामने दर्शकों की उम्मीदों के साथ यश की पिछली सफलता का दबाव भी है।

    हालांकि एडवांस बुकिंग के आंकड़ों से फिल्म की शुरुआती लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है, लेकिन वास्तविक बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन रिलीज के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया, शो की संख्या और टिकट बिक्री पर निर्भर करेगा। इसलिए अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि टॉक्सिक केजीएफ चैप्टर 2 का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी या नहीं।

    फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। इसमें यश के साथ कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, नयनतारा, तारा सुतारिया और अक्षय ओबेरॉय जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म में एक्शन, हिंसा और बोल्ड दृश्यों के साथ एक गंभीर और अलग तरह की कहानी पेश किए जाने की उम्मीद है। इसे सेंसर बोर्ड से ए सर्टिफिकेट मिला है और रिपोर्ट के अनुसार फिल्म को बिना कट के मंजूरी दी गई है।

    टॉक्सिक का रनटाइम करीब तीन घंटे 12 मिनट बताया गया है। फिल्म को बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी है और इसके प्रदर्शन का सीधा असर यश के स्टारडम तथा उनकी आगामी फिल्मों को लेकर दर्शकों की उम्मीदों पर भी पड़ सकता है। टॉक्सिक के बाद यश की रामायण भी चर्चा में है, जिसमें वह रावण की भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में 26 अगस्त की रिलीज उनके करियर के लिए एक अहम पड़ाव मानी जा रही है। एडवांस बुकिंग की रफ्तार अगर रिलीज तक बनी रहती है, तो टॉक्सिक बॉक्स ऑफिस पर यश को एक और बड़ी शुरुआत दिला सकती है।

  • "परीक्षा पे चर्चा": लेसन प्लान विद्यार्थियों के साथ पूर्व से ही साझा करें : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

    "परीक्षा पे चर्चा": लेसन प्लान विद्यार्थियों के साथ पूर्व से ही साझा करें : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी


    भोपाल ! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम में विद्याथिर्यों से संवाद कर परीक्षा से जुड़े तनाव और शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के उत्कृष्ट विद्यालय, जबलपुर के छात्र श्री आयुष तिवारी ने प्रधानमंत्री श्री मोदी से प्रश्न किया कि कई बार वे शिक्षकों की पढ़ाने की गति से तालमेल नहीं बिठा पाते हैं, उसे कैसे मैच करें? इस पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विद्यार्थियों को समझाते हुए शिक्षकों से भी आग्रह किया कि अपने अध्‍यापन की स्‍पीड विद्यार्थियों के सीखने की गति के अनुरूप रखें। लेसन प्‍लान विद्याथिर्यों के साथ पूर्व से ही साझा करें। विद्यार्थी वह चेप्‍टर पहले से पढें, अध्‍ययन करें जो शिक्षक भविष्‍य में कक्षा में पढाने वाले हैं। उन्‍होंने कहा कि शिक्षकों की गति से सामंजस्‍य बैठाने का सबसे अच्‍छा तरीका यह है कि पहले अपने को जोड़ो, फिर मन को जोड़ो। उसके बाद पढाई के विषय शुरू करो। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि मन को जोड़ने का अर्थ है, विषय की तमाम जानकारियां जुटाना और जोड़ने का अर्थ है, एकाग्रता बनाए रखना। इससे आपकी समझ मजबूत होगी और आप एक कदम आगे चलेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विद्यार्थियों के साथ आयोजित ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में तनावमुक्त जीवन, समय प्रबंधन, अनुशासन, जीवन कौशल एवं व्यवसायिक विकास के महत्वपूर्ण मंत्र दिए। इसके साथ ही उन्‍होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

    2018 से लगातार हो रहा आयोजन

    प्रधानमंत्री श्री मोदी वर्ष 2018 से परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के दौरान परीक्षाओं के तनाव को दूर करने के लिए विद्यार्थियों से संवाद करते हैं। इस वर्ष यह कार्यक्रम का 9 वां संस्करण था। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश भर से आये विद्यार्थियों की विभिन्न शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विभिन्‍न संचार माध्‍यमों पर किया गया।

    जिसने समय का सही प्रबंधन कर लिया, वह जीवन में कभी असफल नहीं होता- शिक्षा मंत्री श्री सिंह

    परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में स्‍कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने नरसिंहपुर जिले के ग्राम तेंदूखेड़ा कन्या उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री श्री मोदी के परीक्षा मंत्र सुने। मंत्री श्री सिंह ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से प्रधानमंत्री के द्वारा दिए गए सूत्रों और विचारों को आत्‍मसात कर परीक्षाओं की तैयारी करने का आग्रह किया। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश का स्कूल शिक्षा विभाग राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, अनुशासन को मजबूत करने और विद्यार्थियों को भविष्य के लिए सक्षम बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। जिसने समय का सही प्रबंधन कर लिया, वह जीवन में कभी असफल नहीं होता। समय अनुशासन सिखाता है और अनुशासन के साथ जिया गया जीवन ही सफलता की सच्ची पहचान है। जब तक असंभव को करने का प्रयास नहीं किया जाएगा, तब तक असाधारण उपलब्धियां संभव नहीं हैं।

    शासकीय सुभाष उत्‍कृष्‍ट विद्यालय भोपाल में हुआ राज्य स्तरीय कार्यक्रम

    परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का भोपाल के शासकीय सुभाष उत्‍कृष्‍ट विद्यालय में राज्‍य स्‍तरीय कार्यक्रम हुआ। यहां पर स्‍कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. संजय गोयल ने विशिष्‍ट जनों, वरिष्‍ठ अधिकारी, अभिभावक और विद्यार्थियों के साथ सजीव प्रसारण में सहभागिता की। संचालक लोक शिक्षण श्री केके द्व‍िवेदी सहि‍त कार्यक्रम के नोडल अधिकारी संयुक्‍त संचालक श्री एच.एन. नेमा भी उपस्थित रहे।

    प्रदेश में राज्य शैक्षिक अनुसंधान, प्रशिक्षण परिषद (SCERTS), सभी जिला शैक्षिक प्रशिक्षण संस्थानों (DIETS) और प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय एवं शासन से अनुदान प्राप्‍त विद्यालयों में परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम को समारोह पर्वूक आयोजित किया गया। उक्‍त कार्यक्रम के लाइव प्रसारण में विद्यार्थियों ने उत्‍साहपूर्वक सहभागिता की। प्रदेश के स्‍कूलों में टीवी प्रसारण के अलावा, इंटरनेट एक्सेस डिवाइस (कंप्यूटर, लैपटॉप इत्यादि) पर भी कार्यक्रम देखने की सुविधा स्‍थापित की गई थी।

    9 फरवरी को होगा अगला प्रसारण

    परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का अगला प्रसारण 9 फरवरी 2026 को होगा। जिसमें प्रधानमंत्री श्री मोदी देश के विभिन्‍न अंचलों के विद्यार्थियों के साथ चर्चा करेंगे। यह कार्यक्रम विभिन्‍न संचार माध्‍यमों पर सुबह 10 बजे से प्रसारित किया जायेगा। प्रदेश के विद्यालयों में उक्‍त कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की व्‍यवस्‍थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।