Tag: AI video

  • जान्हवी कपूर के ‘चुट्टमल्ले’ गाने का AI-मॉर्फ्ड वीडियो वायरल, जूनियर एनटीआर ने कानूनी कार्रवाई की दी चेतावनी

    जान्हवी कपूर के ‘चुट्टमल्ले’ गाने का AI-मॉर्फ्ड वीडियो वायरल, जूनियर एनटीआर ने कानूनी कार्रवाई की दी चेतावनी


    नई दिल्ली: अभिनेत्री जान्हवी कपूर एक बार फिर AI से बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। उनकी फिल्म ‘देवरा’ के गाने ‘चुट्टमल्ले’ का एक AI-मॉर्फ्ड वर्जन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में जान्हवी कपूर के चेहरे और लुक को डिजिटल तकनीक की मदद से बदला गया है और ऐसा कंटेंट तैयार किया गया है, जो मूल गाने का हिस्सा नहीं था। वीडियो सामने आने के बाद फिल्म में जान्हवी के साथ नजर आए जूनियर एनटीआर ने इस मामले पर कड़ी नाराजगी जताई और इसे लेकर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

    जूनियर एनटीआर ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए AI से तैयार किए गए इस मॉर्फ्ड वीडियो को बेहद आपत्तिजनक और शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान करने वाली संस्कृति में किसी महिला को इस तरह अपमानित करने के लिए AI का इस्तेमाल करना गंभीर मामला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में चुप नहीं बैठेंगे। जूनियर एनटीआर ने वीडियो बनाने वालों के साथ-साथ उसे फैलाने वालों के खिलाफ भी हर संभव कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस तरह के कंटेंट को न देखें, न शेयर करें और न ही उस पर किसी तरह का रिएक्शन या एंगेजमेंट करें।

    जूनियर एनटीआर ने AI के गलत इस्तेमाल को लेकर राज्य सरकारों और भारत सरकार से भी सख्त कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि AI के दुरुपयोग को रोकने के लिए कड़े नियम बनाए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आज इस तरह के मामले में कोई और व्यक्ति निशाना बन रहा है, लेकिन भविष्य में किसी की मां, बहन, पत्नी या बेटी भी इसका शिकार हो सकती है। उनका बयान AI तकनीक के गलत इस्तेमाल और इससे जुड़े आपत्तिजनक डिजिटल कंटेंट को लेकर चिंता के बीच सामने आया है।

    ‘चुट्टमल्ले’ फिल्म ‘देवरा’ का रोमांटिक गाना है, जिसमें जूनियर एनटीआर और जान्हवी कपूर नजर आए थे। गाने में दोनों किरदारों के बीच की केमिस्ट्री दिखाई गई है। इसे समुद्र और जंगलों की लोकेशन पर फिल्माया गया था और कहानी को महिला किरदार के नजरिए से दिखाया गया था। इस गाने को अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया, जबकि इसके बोल रामजोगय्या शास्त्री ने लिखे और शिल्पा राव ने इसे आवाज दी। इसकी कोरियोग्राफी बॉस्को मार्टिस ने की थी। गाना तमिल, हिंदी, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज हुआ था।

    फिल्म ‘देवरा’ में जूनियर एनटीआर ने डबल रोल निभाया था और देवरा तथा वरधा के किरदार में नजर आए थे। फिल्म में जान्हवी कपूर के अलावा सैफ अली खान, प्रकाश राज, श्रीकांत मेका, टॉम शाइन चाको और नारायण जैसे कलाकार भी शामिल थे। फिल्म 27 सितंबर 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसका निर्माण एनटीआर आर्ट्स और युवासुधा आर्ट्स के बैनर तले कोसाराजू हरि कृष्णा और सुधाकर मिक्किलिनेनी ने किया था, जबकि नंदमुरी कल्याण राम ने इसे प्रस्तुत किया था। फिल्म तेलुगु के अलावा तमिल, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी में रिलीज हुई थी। इसका अंत क्लिफहैंगर के साथ हुआ था।

  • AI वीडियो शेयर कर ट्रंप फिर विवादों में, ओबामा दंपति को बंदर दिखाने पर मचा राजनीतिक तूफान

    AI वीडियो शेयर कर ट्रंप फिर विवादों में, ओबामा दंपति को बंदर दिखाने पर मचा राजनीतिक तूफान


    वाशिंगटन।
    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (American President Donald Trump) एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट (Social Media post) को लेकर जबरदस्त विवाद में घिर गए हैं। इस बार मामला देश के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा (Former President Barack Obama.) और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा (Michelle Obama) से जुड़ा है। ट्रंप द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में ओबामा दंपति को बंदर के रूप में दिखाए जाने के बाद सियासी हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। इस कथित नस्लभेदी कंटेंट को लेकर डेमोक्रेटिक पार्टी ने ट्रंप पर जमकर निशाना साधा है।

    दरअसल, गुरुवार रात ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कई पोस्ट साझा किए। इन्हीं में से एक 62 सेकंड का वीडियो क्लिप सबसे ज्यादा चर्चा में है। शुरुआती जांच में यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किया गया प्रतीत होता है। वीडियो में 2020 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर यह दावा किया गया है कि कुछ अहम राज्यों में वोटिंग मशीनों के साथ जानबूझकर छेड़छाड़ की गई थी।


    वीडियो में क्या दिखाया गया?

    इस क्लिप के एक हिस्से में दो चिम्पैंजी नजर आते हैं, जिन पर बराक ओबामा और मिशेल ओबामा के मुस्कुराते हुए चेहरे एडिट कर दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह दृश्य एक लंबे वीडियो से लिया गया है, जिसे पहले एक मीम पेज पर शेयर किया गया था। उसी वीडियो में डोनाल्ड ट्रंप को खुद को “जंगल का राजा” बताते हुए दिखाया गया है। इतना ही नहीं, वीडियो में मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडेन समेत कई अन्य डेमोक्रेटिक नेताओं को भी जानवरों के रूप में पेश किया गया है। बाइडेन को केले खाते हुए चिम्पैंजी के रूप में दर्शाया गया, जिससे डेमोक्रेटिक खेमे में नाराजगी और बढ़ गई।


    डेमोक्रेट्स का तीखा पलटवार

    देश के पहले अश्वेत राष्ट्रपति रहे बराक ओबामा और उनकी पत्नी के खिलाफ इस तरह के चित्रण को लेकर डेमोक्रेटिक नेताओं ने इसे नस्लवादी और अपमानजनक करार दिया है। आलोचकों का कहना है कि ट्रंप का यह कदम राजनीतिक मर्यादाओं को तोड़ने वाला है।

    कैलिफ़ोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूज़ोम ने इस पोस्ट की कड़ी निंदा करते हुए इसे “घिनौना” बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “राष्ट्रपति का यह व्यवहार बेहद शर्मनाक है। हर एक रिपब्लिकन को इसकी निंदा करनी चाहिए। अभी।” वहीं, बराक ओबामा के पूर्व वरिष्ठ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बेन रोड्स ने भी ट्रंप पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इतिहास डोनाल्ड ट्रंप को एक नकारात्मक और विभाजनकारी व्यक्ति के रूप में याद रखेगा।


    पहले भी रहे हैं विवाद

    गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब डोनाल्ड ट्रंप ओबामा परिवार को लेकर विवादों में आए हों। इससे पहले भी वह बराक ओबामा और मिशेल ओबामा पर व्यक्तिगत हमले कर चुके हैं और कई मौकों पर उनके बयानों को भड़काऊ और नस्लभेदी बताया गया है। फिलहाल इस वीडियो को लेकर अमेरिका की राजनीति में बवाल मचा हुआ है। एक ओर ट्रंप समर्थक इसे राजनीतिक व्यंग्य बता रहे हैं, तो दूसरी ओर विरोधी इसे खुले तौर पर नस्लभेदी मानसिकता का उदाहरण बता रहे हैं।

  • क्या किंग फिल्म में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण का किस होगा? वायरल वीडियो का सच जानें

    क्या किंग फिल्म में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण का किस होगा? वायरल वीडियो का सच जानें


    नई दिल्ली । मुंबई बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म किंग को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में दीपिका पादुकोण समेत कई बड़े सितारे नजर आएंगे और शाहरुख के फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें शाहरुख और दीपिका का रोमांटिक सीन दिखाया जा रहा है साथ ही एक किस भी दिखाया गया है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि यह किंग फिल्म का लीक वीडियो है। हालांकि इस वीडियो के बारे में सच कुछ और है। मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक जो वीडियो वायरल हो रहा है वह फिल्म का नहीं है। दरअसल यह एक फैन-मेड वीडियो है जिसे एआई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार किया गया है।

    वीडियो में क्या दिखाया गया है

    इस वायरल वीडियो में शाहरुख खान अपने किंग वाले लुक में दिखाई दे रहे हैं। वह अपने स्टाइलिश अवतार में हैं जबकि दीपिका पादुकोण साड़ी और विभिन्न ड्रेस में नजर आ रही हैं। वीडियो में दोनों के बीच रोमांस की झलक दिखाई गई है जिसमें एक किस सीन भी शामिल है। यह वीडियो इतना रियल लगता है कि यह आसानी से किसी को भी धोखा दे सकता है। लेकिन अब यह साफ हो चुका है कि यह किसी फिल्म का हिस्सा नहीं है बल्कि एक फैन द्वारा बनाया गया वीडियो है।

    फिल्म के बारे में जानकारी

    शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर रोमांस करती हुई नजर आएगी लेकिन इस वीडियो के साथ जो दावा किया जा रहा है वह सिर्फ अफवाह है। किंग फिल्म के बारे में फिलहाल आधिकारिक जानकारी यह है कि यह एक बड़े बजट की फिल्म है जिसमें शाहरुख और दीपिका के अलावा कई अन्य सितारे भी मुख्य भूमिका में होंगे। फिल्म के निर्माण के बारे में अधिक जानकारी जल्द ही सामने आ सकती है लेकिन इस वीडियो का कनेक्शन किंग से नहीं है।

    सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया

    सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल होने के बाद फैंस ने अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं। कुछ लोग इसे फिल्म का लीक सीन मान बैठे थे जबकि कुछ ने इसका मजाक उड़ाया और इसे केवल एक फैन-मेड वीडियो बताया। अब यह साफ हो गया है कि यह वीडियो किसी फिल्म का हिस्सा नहीं है और यह केवल एक क्रिएटिव फैन का काम है। इस वायरल वीडियो को लेकर जो भी दावे किए जा रहे थे वे पूरी तरह से गलत साबित हुए हैं। शाहरुख और दीपिका का रोमांस देखने के लिए उनके फैंस को किंग के आधिकारिक रिलीज का इंतजार करना होगा जब यह फिल्म सिनेमाघरों में आएगी।