Tag: Alien Life

  • UFO पर फिर गरमाई दुनिया पेंटागन ने खोले 40 नए रिकॉर्ड लेकिन एलियन के सबूत पर क्या बोला अमेरिका

    UFO पर फिर गरमाई दुनिया पेंटागन ने खोले 40 नए रिकॉर्ड लेकिन एलियन के सबूत पर क्या बोला अमेरिका

    नई दिल्ली । क्या ब्रह्मांड में इंसानों के अलावा भी कोई बुद्धिमान जीवन मौजूद है यह सवाल दशकों से वैज्ञानिकों और आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी बहस को एक बार फिर नई हवा तब मिली जब अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने रहस्यमयी उड़ने वाली वस्तुओं यानी यूएफओ से जुड़े 40 नए सरकारी रिकॉर्ड सार्वजनिक कर दिए। इन दस्तावेजों में वीडियो तस्वीरें ऑडियो रिकॉर्डिंग और जांच रिपोर्ट शामिल हैं जिन्हें अमेरिका की कई प्रमुख सरकारी एजेंसियों ने वर्षों के दौरान तैयार किया था। इन रिकॉर्ड के सामने आने के बाद सोशल मीडिया से लेकर वैज्ञानिक समुदाय तक फिर से यह सवाल गूंजने लगा कि क्या सच में एलियन मौजूद हैं या इन घटनाओं के पीछे कोई और रहस्य छिपा है।

    पेंटागन की ओर से जारी रिकॉर्ड में कुल 14 दस्तावेज 19 वीडियो 4 ऑडियो रिकॉर्डिंग और तीन तस्वीरें शामिल हैं। यह सामग्री रक्षा विभाग नासा सीआईए एफबीआई और ऊर्जा विभाग जैसी एजेंसियों के पास सुरक्षित थी। इन्हें सार्वजनिक करने का फैसला सरकारी पारदर्शिता बढ़ाने की नीति के तहत लिया गया। अधिकांश रिकॉर्ड वर्ष 2010 के बाद के हैं और इनमें पश्चिमी प्रशांत महासागर अटलांटिक महासागर तथा मध्य पूर्व के ऊपर सैन्य विमानों द्वारा रिकॉर्ड की गई कई रहस्यमयी घटनाओं का उल्लेख किया गया है।

    हालांकि इन दस्तावेजों के सार्वजनिक होने के साथ सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि पेंटागन ने साफ तौर पर कहा है कि अब तक किसी भी रिकॉर्ड में एलियन या पृथ्वी से बाहर मौजूद किसी सभ्यता का प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिला है। विभाग के अनुसार कई घटनाएं अब भी जांच के दायरे में हैं लेकिन उपलब्ध जानकारी के आधार पर उन्हें एलियन गतिविधि नहीं कहा जा सकता।

    सबसे ज्यादा चर्चा वर्ष 2019 की एक घटना की हो रही है। एक अनुभवी अमेरिकी सैन्य पायलट ने उड़ान के दौरान एक बेहद तेज गति से चलने वाली रहस्यमयी वस्तु देखने का दावा किया। पायलट के अनुसार उसने अपने लगभग तीन दशक लंबे सैन्य करियर में कभी भी इतनी असामान्य उड़ान क्षमता वाली वस्तु नहीं देखी थी। उसने लगभग 10 से 15 सेकंड तक उस वस्तु का पीछा किया और वीडियो भी रिकॉर्ड किया लेकिन जैसे ही कैमरे का जूम बढ़ाया गया वह वस्तु इतनी तेजी से आगे निकल गई कि कैमरे की सीमा से बाहर हो गई। बाद में वीडियो की समीक्षा करने पर वह आयताकार आकार की दिखाई दी और विमान में मौजूद अन्य अनुभवी अधिकारियों ने भी उसकी पहचान नहीं कर पाई।

    दूसरी चर्चित घटना वर्ष 2015 की है जब टेक्सास स्थित पैनटेक्स परमाणु हथियार संयंत्र के ऊपर एक अज्ञात उड़ती वस्तु देखे जाने का दावा किया गया। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत पूरे परिसर को हाई अलर्ट पर डाल दिया और उस वस्तु पर लगातार नजर रखी। रिपोर्ट के अनुसार वह बिना किसी आवाज के हवा में मौजूद थी और उसमें किसी इंजन या सामान्य उड़ान प्रणाली के संकेत भी दिखाई नहीं दिए। इस कारण यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील घटनाओं में शामिल किया गया था।

    विशेषज्ञों का मानना है कि यूएफओ का अर्थ हमेशा एलियन नहीं होता। कई बार अत्याधुनिक सैन्य तकनीक मौसम संबंधी दुर्लभ घटनाएं कैमरे की तकनीकी सीमाएं या प्राकृतिक प्रकाश प्रभाव भी ऐसी रहस्यमयी तस्वीरों और वीडियो की वजह बन सकते हैं। इसलिए किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक जांच और ठोस प्रमाण बेहद जरूरी हैं।

    पेंटागन के नए दस्तावेजों ने दुनिया भर में जिज्ञासा जरूर बढ़ा दी है लेकिन फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि इंसानों के अलावा किसी और सभ्यता के अस्तित्व का प्रमाण मिल गया है। फिलहाल रहस्य बरकरार है और विज्ञान इस सवाल का जवाब खोजने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

  • यूएफओ फाइल्स का बड़ा खुलासा: अमेरिका ने जारी किए चौंकाने वाले दस्तावेज, अपोलो मिशन से जुड़ी रहस्यमयी घटनाएं सामने आईं

    यूएफओ फाइल्स का बड़ा खुलासा: अमेरिका ने जारी किए चौंकाने वाले दस्तावेज, अपोलो मिशन से जुड़ी रहस्यमयी घटनाएं सामने आईं


    नई दिल्ली। अमेरिका में लंबे समय से गोपनीय रखी गई यूएफओ (UFO) से जुड़ी फाइलों का पहला बड़ा सेट सार्वजनिक कर दिया गया है। ट्रम्प प्रशासन के निर्देश पर जारी इन दस्तावेजों में सैकड़ों वीडियो, फोटो और सरकारी रिकॉर्ड शामिल हैं, जिनमें नासा के अपोलो मिशन से जुड़ी कई रहस्यमयी घटनाओं का भी उल्लेख है। इन खुलासों के बाद एक बार फिर एलियन जीवन और अनआइडेंटिफाइड एरियल फिनॉमिना (UAP) को लेकर बहस तेज हो गई है।

    जारी दस्तावेजों में सबसे ज्यादा चर्चा अपोलो 12 और अपोलो 17 मिशन से जुड़ी तस्वीरों और संवादों की हो रही है। एक तस्वीर में चांद की सतह के ऊपर आसमान में तीन चमकदार बिंदुओं के दिखने का दावा किया गया है, जिन्हें अब तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं किया जा सका है।

    सबसे दिलचस्प हिस्सा अपोलो 17 मिशन का रिकॉर्ड बताया जा रहा है, जिसमें अंतरिक्ष यात्री उड़ान के दौरान अपने यान के पास अजीब चमकती वस्तुओं को देखने की बात कर रहे हैं। रिकॉर्ड में एक अधिकारी को यह कहते सुना जा सकता है कि “मेरी खिड़की के बाहर कई चमकती चीजें दिख रही हैं, जैसे आतिशबाजी हो रही हो।” हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि ये दृश्य अक्सर अंतरिक्ष मलबे, प्रकाश परावर्तन या तकनीकी कारणों से भी हो सकते हैं।

    इन फाइलों को जारी करने का आदेश खुद अमेरिकी राष्ट्रपति ने रक्षा विभाग को दिया था, ताकि UFO और UAP से जुड़ी सभी उपलब्ध जानकारी को सार्वजनिक किया जा सके। इसके बाद व्हाइट हाउस ने कहा कि इसका उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना है, न कि किसी निष्कर्ष को साबित करना।

    पेंटागन द्वारा पहले भी कई बार स्पष्ट किया गया है कि अब तक किसी भी UFO घटना को एलियन जीवन या विदेशी तकनीक का ठोस सबूत नहीं माना गया है। कई मामलों की जांच में सामने आया कि रहस्यमयी दिखने वाली वस्तुएं दरअसल सैन्य ड्रोन, उपग्रह, गुब्बारे या प्राकृतिक घटनाएं थीं।

    नए जारी दस्तावेजों में 1999 के आसपास अमेरिकी सैन्य विमानों के पास देखी गई रहस्यमयी उड़ती वस्तुओं का भी जिक्र है। कुछ पायलटों ने दावा किया कि उन्होंने तेज रफ्तार से चलती चमकदार वस्तुओं को अपने विमान के पास देखा, जिन्हें कुछ समय तक रडार पर ट्रैक किया गया लेकिन बाद में वे गायब हो गईं।

    इसी तरह एक रिपोर्ट में 2024 में ओमान की खाड़ी के ऊपर इंफ्रारेड सेंसर द्वारा रिकॉर्ड की गई एक तेज रफ्तार “बूंद जैसी वस्तु” का भी उल्लेख है। हालांकि अधिकारियों ने साफ किया है कि ये सभी केवल अवलोकन और शुरुआती रिपोर्टें हैं, किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की गई है।

    इस बीच, सोशल मीडिया पर इन खुलासों के बाद एलियन जीवन को लेकर चर्चाएं और अटकलें तेज हो गई हैं। लेकिन वैज्ञानिक समुदाय लगातार यही कह रहा है कि किसी भी दावे को साबित करने के लिए ठोस वैज्ञानिक प्रमाण जरूरी हैं।