Tag: Alpha

  • बड़े सितारों और भारी बजट के बावजूद 2026 में कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नहीं पाया दम

    बड़े सितारों और भारी बजट के बावजूद 2026 में कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नहीं पाया दम

    नई दिल्ली । साल 2026 का नौवां महीना भी जल्द खत्म होने वाला है। इन नौ महीनों में सिनेमाघरों में कई फिल्में आईं, जिनमें से कुछ हिट हुईं तो कुछ फ्लॉप हुईं। इस खबर में जानिए उन फिल्मों के बारे में, जो इस साल थिएटर तक दर्शकों को खींचने में असफल रहीं।

    2026 की फ्लॉप फिल्में

    भारतीय सिनेमा के लिए साल 2026 उम्मीदों से भरा हुआ था। बड़े सितारे, भारी-भरकम बजट, शानदार स्टारकास्ट और चर्चित फ्रेंचाइजी फिल्मों ने दर्शकों के बीच उत्साह पैदा किया। लेकिन जैसे-जैसे साल आगे बढ़ा, बॉक्स ऑफिस पर कई फिल्मों की चमक फीकी पड़ती नजर आई।

    जनवरी से सितंबर तक रिलीज हुई कई चर्चित फिल्मों ने निर्माताओं और सितारों की उम्मीदों को झटका दिया। खास बात यह रही कि इनमें सिर्फ नए कलाकारों की फिल्में नहीं, बल्कि सुपरस्टार्स और बड़े प्रोडक्शन हाउस की फिल्में भी शामिल रहीं।

    ऐसे में सवाल उठने लगा कि क्या दर्शकों का टेस्ट तेजी से बदल रहा है या फिर बड़े बजट की फिल्मों में पुराना फॉर्मूला अब काम नहीं कर रहा? आइए जानते हैं जनवरी से सितंबर तक की उन फिल्मों के बारे में, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया।

    द राजा साब (208 करोड़ रुपये)

    साल की शुरुआत यानी जनवरी में प्रभास की फिल्म ‘द राजा साब’ आई। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता थी, क्योंकि इसमें प्रभास एक अलग तरह के अवतार में नजर आए। बड़े बजट और स्टार पावर के बावजूद फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली।

    350 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड सिर्फ 208 करोड़ रुपये का ही बिजनेस किया और साल की पहली फ्लॉप साबित हुई।

    ओ रोमियो (72.99 करोड़ रुपये)

    फरवरी में विशाल भारद्वाज की ‘ओ रोमियो’ रिलीज हुई। फिल्म में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की जोड़ी नजर आई। विशाल भारद्वाज जैसे निर्देशक और मजबूत स्टारकास्ट के कारण फिल्म को लेकर काफी चर्चा थी। फिल्म की कहानी, माहौल को लेकर दर्शकों की उम्मीदें ऊंची थीं। हालांकि, रिलीज के बाद इसे मिली जुली प्रतिक्रियाएं मिलीं और बॉक्स ऑफिस पर भी यह उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी।

    100 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने सिर्फ 72.99 करोड़ रुपये का बिजनेस किया।

    उस्ताद भगत सिंह (96.2 करोड़ रुपये)

    मार्च में पवन कल्याण स्टारर ‘उस्ताद भगत सिंह’ सिनेमाघरों में आई। फिल्म को लेकर साउथ इंडियन सिनेमा के फैंस में खासा उत्साह था। पवन कल्याण की लोकप्रियता और एक्शन फिल्मों की मजबूत फैन फॉलोइंग के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर सकी। यह फिल्म उन फिल्मों में शामिल रही, जो इस साल डिजास्टर साबित हुईं हैं।

    फिल्म की कहानी ने यह भी दिखाया कि आज के दर्शक सिर्फ बड़े स्टार या बड़े एक्शन सीक्वेंस के आधार पर फिल्म देखने का फैसला नहीं करते। कहानी, स्क्रीनप्ले और भावनात्मक जुड़ाव भी उतना ही महत्वपूर्ण हो चुका है।

    150 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में सिर्फ 96.2 करोड़ रुपये का ही बिजनेस किया था।

    डकैत – एक प्रेम कथा (56.14 करोड़ रुपये)

    अप्रैल में ‘डकैत – एक प्रेम कथा’ रिलीज हुई। आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर स्टारर इस फिल्म को एक अलग तरह की एक्शन-रोमांटिक कहानी के रूप में पेश किया गया था। फिल्म की कहानी और कलाकारों की मौजूदगी के बावजूद इसे बॉक्स ऑफिस पर सफलता नहीं मिली।

    फिल्म की असफलता से यह साफ हुआ कि आज के दौर में सिर्फ कहानी का आइडिया काफी नहीं है, बल्कि उसकी प्रेजेंटेशन और मार्केटिंग भी सफलता में अहम भूमिका निभाती है।

    लगभग 70 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने सिर्फ 56.14 करोड़ रुपये का ही बिजनेस किया।

    एक दिन (5.50 करोड़ रुपये)

    मई में आमिर खान के लाडले जुनैद खान और साई पल्लवी की फिल्म ‘एक दिन’ आई। ऐसे में दर्शकों को थोड़ी उम्मीद थी कि उन्हें इसमें कुछ नया देखने को मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ना तो बॉलीवुड सुपरस्टार के बेटे दर्शकों को खींचने में सफल रहे और ना ही साउथ की स्टार एक्ट्रेस।

    लगभग 18 से 20 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में सिर्फ 5.50 करोड़ का ही बिजनेस किया और यह भी डिजास्टर साबित हुई।

    है जवानी तो इश्क होना है (51 करोड़ रुपये)

    जून में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े अभिनीत फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ रिलीज हुई। 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म से सभी को बहुत उम्मीदें थी पर यह फ्लॉप साबित हुई। भले ही इसने देशभर में 51 करोड़ रुपये कमाए पर इसकी स्टारकास्ट और लागत से और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी।

    करीबन 60 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने देशभर में 51 करोड़ का बिजनेस किया।

    अल्फा (98.9 करोड़ रुपये)

    जुलाई में ‘अल्फा’ जैसी बहुप्रतीक्षित फिल्म से दर्शकों और इंडस्ट्री को काफी उम्मीदें थीं। स्पाई यूनिवर्स से जुड़े होने के चलते इस फिल्म का नाम पहले ही बड़े प्रोजेक्ट्स की सूची में शामिल था लेकिन बड़े फ्रेंचाइजी नामों के बावजूद किसी फिल्म की सफलता सुनिश्चित नहीं होती।

    130 करोड़ रुपये के बजट में बनी आलिया-शरवरी और बॉबी अभिनीत इस फिल्म ने दुनियाभर में सिर्फ 98.9 करोड़ का ही बिजनेस किया।

    टॉक्सिक (312 करोड़ रुपये*)

    अगस्त में यश स्टारर ‘टॉक्सिक’ को लेकर जबरदस्त चर्चा रही। ‘केजीएफ’ के बाद यश की लोकप्रियता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बढ़ी है और ऐसे में ‘टॉक्सिक’ से काफी बड़ी उम्मीदें थीं। फिल्म का स्केल, एक्शन और विजुअल प्रेजेंटेशन इसकी सबसे बड़ी खासियतों में गिने जा रहे थे। लेकिन बड़े स्टार की फिल्म होने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर आते ही फ्लॉप हो गई थी। पहले दिन 100 करोड़ कमाने वाली इस फिल्म ने अब तक वर्ल्डवाइड 312 करोड़ का कारोबार किया।

  • भारत में फ्लॉप तो पाकिस्तान में नंबर 1! Netflix पर बॉलीवुड फिल्मों का दबदबा, 56 दिनों से ट्रेंड कर रही ये फिल्म

    भारत में फ्लॉप तो पाकिस्तान में नंबर 1! Netflix पर बॉलीवुड फिल्मों का दबदबा, 56 दिनों से ट्रेंड कर रही ये फिल्म


    नई दिल्ली । पाकिस्तान में इन दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म Netflix पर बॉलीवुड फिल्मों का जबरदस्त दबदबा देखने को मिल रहा है। मनोरंजन की दुनिया में भारत और पाकिस्तान के बीच फिल्मों को लेकर हमेशा से एक अलग तरह की दिलचस्पी रही है और अब Netflix की ट्रेंडिंग लिस्ट ने इसे एक बार फिर साबित कर दिया है। पाकिस्तान की Netflix Top 10 सूची में चार बॉलीवुड फिल्में अपनी जगह बनाए हुए हैं। खास बात यह है कि इन फिल्मों में स्पाई थ्रिलर से लेकर रोमांटिक ड्रामा और कोर्टरूम क्राइम थ्रिलर तक अलग अलग जॉनर शामिल हैं। इनमें एक फिल्म तो लगातार 56 दिनों यानी पूरे 8 हफ्तों से ट्रेंडिंग लिस्ट में बनी हुई है।

    इस सूची में सबसे ज्यादा चर्चा आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की फिल्म Alpha की हो रही है। पाकिस्तान में Netflix Top 10 में यह फिल्म नंबर एक पर पहुंचने में सफल रही है। फिल्म यश राज फिल्म्स के चर्चित Spy Universe का हिस्सा है और इसमें एक्शन तथा स्पाई थ्रिलर का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलता है। फिल्म में बॉबी देओल निगेटिव भूमिका में नजर आए हैं जबकि अनिल कपूर भी महत्वपूर्ण किरदार में शामिल हैं। इसके अलावा ऋतिक रोशन के कैमियो ने भी फिल्म को चर्चा में बनाए रखा। दिलचस्प बात यह है कि भारत में बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली लेकिन पाकिस्तान में Netflix पर दर्शक इसे जमकर देख रहे हैं।

    पाकिस्तान की ट्रेंडिंग सूची में दूसरी चर्चित बॉलीवुड फिल्म Cocktail 2 है। शाहिद कपूर की यह रोमांटिक ड्रामा फिल्म भी Netflix पर दर्शकों को आकर्षित कर रही है और कई दिनों से Top 10 सूची का हिस्सा बनी हुई है। फिल्म में शाहिद कपूर के साथ रश्मिका मंदाना और कृति सेनन नजर आई हैं। यह फिल्म साल 2012 में आई Cocktail का सीक्वल है और इसके निर्देशन की जिम्मेदारी होमी अदजानिया ने संभाली है। रोमांस और रिश्तों की उलझनों पर आधारित इस फिल्म को पाकिस्तान के दर्शकों से भी अच्छी प्रतिक्रिया मिलती दिखाई दे रही है।

    तीसरे नंबर पर चर्चा में है फिल्म Main Vaapas Aaunga। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और अब पाकिस्तान में Netflix पर भी इसका असर दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट के अनुसार यह फिल्म लगातार 28 दिनों यानी करीब चार हफ्तों से पाकिस्तान की ट्रेंडिंग सूची में बनी हुई है। फिल्म में शरवरी वाघ, दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह और वेदांग रैना जैसे कलाकार नजर आए हैं। इसकी कहानी भारत पाकिस्तान विभाजन के दौर में बिछड़ने वाले दो प्यार करने वाले लोगों के इर्द गिर्द घूमती है। फिल्म का भावनात्मक विषय और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि दर्शकों को अपनी ओर खींच रही है।

    इस सूची में सबसे लंबे समय से टिके रहने वाली फिल्म Ikka है। अक्षय खन्ना और सनी देओल की यह कोर्टरूम ड्रामा और क्राइम थ्रिलर फिल्म लगातार 56 दिनों से पाकिस्तान में Netflix की ट्रेंडिंग सूची में बनी हुई है। यानी करीब 8 हफ्तों से फिल्म दर्शकों की पसंद बनी हुई है। भारत में भी इसे Netflix पर रिलीज किया गया था। सिद्धार्थ पी मल्होत्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कोर्टरूम ड्रामा के साथ क्राइम और सस्पेंस का तड़का देखने को मिलता है।

    Netflix की यह ट्रेंडिंग लिस्ट दिखाती है कि अच्छी कहानी और अलग अलग जॉनर की फिल्मों के लिए दर्शकों की पसंद सीमाओं से आगे बढ़ जाती है। एक तरफ भारत में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं करने वाली Alpha पाकिस्तान में नंबर एक बन गई है तो दूसरी तरफ रोमांटिक ड्रामा और विभाजन की भावनात्मक कहानी वाली फिल्में भी दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं। वहीं 56 दिनों तक ट्रेंडिंग बने रहकर Ikka ने यह साबित कर दिया है कि ओटीटी की दुनिया में किसी फिल्म की लोकप्रियता कई बार थिएटर के बॉक्स ऑफिस नतीजों से बिल्कुल अलग हो सकती है।

  • 'अल्फा' ने बॉक्स ऑफिस पर दिखाई रफ्तार, दो दिन में 37.90 करोड़ रुपये की वैश्विक कमाई, आलिया भट्ट की पिछली फिल्म का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा

    'अल्फा' ने बॉक्स ऑफिस पर दिखाई रफ्तार, दो दिन में 37.90 करोड़ रुपये की वैश्विक कमाई, आलिया भट्ट की पिछली फिल्म का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा

    मुंबई । आलिया भट्ट और शरवरी अभिनीत स्पाई-एक्शन फिल्म ‘अल्फा’ ने रिलीज के शुरुआती दो दिनों में बॉक्स ऑफिस पर संतोषजनक प्रदर्शन करते हुए वैश्विक स्तर पर 37.90 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की है। दूसरे दिन फिल्म की कमाई में पहले दिन की तुलना में बढ़ोतरी देखने को मिली, जिससे इसके शुरुआती कारोबार को मजबूती मिली है। अब फिल्म से जुड़े सभी पक्षों की नजरें वीकेंड के प्रदर्शन पर टिकी हैं, जहां इसके कारोबार में और इजाफे की उम्मीद की जा रही है।

    घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने पहले दिन अच्छी शुरुआत की थी। दूसरे दिन भी दर्शकों की मौजूदगी बनी रही, जिसके चलते कुल दो दिनों का नेट कलेक्शन 28 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया। वहीं, ग्रॉस कलेक्शन में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। विदेशी बाजारों से मिले सकारात्मक कारोबार ने फिल्म के कुल वैश्विक संग्रह को 37.90 करोड़ रुपये तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

    दूसरे दिन फिल्म की कमाई में लगभग 24 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो यह संकेत देती है कि शुरुआती दर्शकों की प्रतिक्रिया का सकारात्मक असर टिकट खिड़की पर दिखाई दिया। यदि रविवार को भी यही रुझान बना रहता है तो शुरुआती सप्ताहांत में फिल्म का कारोबार और मजबूत हो सकता है।

    ‘अल्फा’ ने आलिया भट्ट की पिछली फिल्म ‘जिगरा’ की शुरुआती दो दिनों की वैश्विक कमाई को पीछे छोड़ दिया है। इससे यह स्पष्ट हुआ है कि नई फिल्म को दर्शकों से अपेक्षाकृत बेहतर शुरुआती प्रतिक्रिया मिली है। हालांकि, बड़े बजट की स्पाई फिल्मों की श्रेणी में यह अब भी कुछ अन्य फिल्मों के शुरुआती कारोबार से पीछे है।

    फिल्म यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-केंद्रित कहानी है, जिसमें एक प्रशिक्षित महिला एजेंट के संघर्ष, मिशन और अतीत से जुड़े रहस्यों को प्रमुखता से दिखाया गया है। एक्शन, भावनात्मक घटनाक्रम और थ्रिलर तत्वों के मिश्रण ने इसे दर्शकों के बीच अलग पहचान दिलाने की कोशिश की है।

    फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी के साथ अनिल कपूर और बॉबी देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। कलाकारों के अभिनय और एक्शन सीक्वेंस को लेकर दर्शकों की मिश्रित लेकिन सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है। यही कारण है कि शुरुआती दिनों में फिल्म बॉक्स ऑफिस पर स्थिर प्रदर्शन बनाए रखने में सफल रही है।

    व्यापार विश्लेषकों का मानना है कि किसी भी फिल्म के लिए शुरुआती सप्ताहांत बेहद महत्वपूर्ण होता है। यदि अगले कुछ दिनों तक दर्शकों की संख्या में बढ़ोतरी जारी रहती है, तो ‘अल्फा’ अपने पहले सप्ताह में मजबूत कारोबार दर्ज कर सकती है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में यह भी स्पष्ट होगा कि फिल्म लंबी दौड़ में बॉक्स ऑफिस पर कितनी मजबूती से टिक पाती है।

  • 'अल्फा' की रिलीज के साथ सोशल मीडिया पर बंटी दर्शकों की राय, ऋतिक रोशन का कैमियो छाया, आलिया-शरवरी के एक्शन पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया

    'अल्फा' की रिलीज के साथ सोशल मीडिया पर बंटी दर्शकों की राय, ऋतिक रोशन का कैमियो छाया, आलिया-शरवरी के एक्शन पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया

    नई दिल्ली । यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की नई फिल्म ‘अल्फा’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। आलिया भट्ट और शरवरी की मुख्य भूमिकाओं वाली इस स्पाई थ्रिलर को लेकर सोशल मीडिया पर शुरुआती प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। दर्शकों की राय पूरी तरह एक जैसी नहीं है। जहां फिल्म के कुछ पहलुओं की खुलकर सराहना की जा रही है, वहीं कहानी, प्रस्तुति और कुछ किरदारों को लेकर अलग-अलग मत देखने को मिल रहे हैं।

    फिल्म में महिला केंद्रित स्पाई कहानी को लेकर दर्शकों के एक वर्ग ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उनका मानना है कि बड़े पैमाने पर एक्शन और जासूसी की दुनिया में महिला किरदारों को केंद्र में रखकर बनाई गई फिल्में हिंदी सिनेमा में अपेक्षाकृत कम देखने को मिलती हैं। ऐसे में ‘अल्फा’ इस दिशा में एक अलग प्रयास करती नजर आती है। कई दर्शकों ने आलिया भट्ट और शरवरी की स्क्रीन प्रेजेंस तथा दोनों के बीच की केमिस्ट्री को फिल्म की सबसे मजबूत कड़ी बताया है।

    हालांकि फिल्म की कहानी को लेकर प्रतिक्रियाएं मिश्रित रही हैं। कुछ दर्शकों का कहना है कि शुरुआत काफी प्रभावशाली है और फिल्म उत्सुकता बनाए रखती है, लेकिन आगे बढ़ने के साथ इसकी कहानी अपेक्षित गहराई नहीं दे पाती। उनके अनुसार फिल्म कई स्थानों पर पारंपरिक स्पाई थ्रिलर के ढांचे में सिमट जाती है, जिससे नया अनुभव मिलने की उम्मीद पूरी तरह पूरी नहीं होती।

    आलिया भट्ट के अभिनय को लेकर भी दर्शकों की राय बंटी हुई दिखाई दी। कई लोगों ने उनके प्रदर्शन और गंभीर दृश्यों की सराहना की, जबकि कुछ दर्शकों का मानना है कि एक्शन प्रधान किरदार में उनकी मौजूदगी उतनी प्रभावशाली नहीं लगी, जितनी उम्मीद की जा रही थी। कुछ प्रतिक्रियाओं में उनके एक्शन दृश्यों और भाव-भंगिमाओं को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

    शरवरी के अभिनय को भी मिश्रित प्रतिक्रिया मिली है। कई दर्शकों ने माना कि उन्होंने अपने किरदार को पूरी ईमानदारी से निभाने का प्रयास किया है और एक्शन दृश्यों में उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि कहानी की सीमाओं के कारण उनका किरदार भी पूरी क्षमता के साथ उभर नहीं पाया।

    फिल्म में ऋतिक रोशन का कैमियो सोशल मीडिया पर सबसे अधिक चर्चा में है। बड़ी संख्या में दर्शकों ने उनके विशेष प्रवेश को फिल्म का सबसे यादगार क्षण बताया है। उनका मानना है कि कैमियो ने फिल्म में अतिरिक्त रोमांच जोड़ा और स्पाई यूनिवर्स के भविष्य को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी। हालांकि कुछ दर्शकों ने इसे अनावश्यक या कम प्रभावी भी बताया, जिससे इस हिस्से को लेकर भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

    रिलीज के साथ ही फिल्म की तुलना अन्य स्पाई और एक्शन फिल्मों से भी होने लगी है। कुछ दर्शकों ने इसे हाल की अन्य फिल्मों की तुलना में कमजोर बताया, जबकि कई लोगों का कहना है कि फिल्म अपनी अलग पहचान बनाने का प्रयास करती है। कुछ प्रतिक्रियाओं में यह भी कहा गया कि कहानी कई जगह अंतरराष्ट्रीय स्पाई फिल्मों से प्रेरित महसूस होती है, जबकि भावनात्मक रिश्तों और पारिवारिक संघर्षों पर अपेक्षाकृत अधिक ध्यान दिया गया है।

    कुल मिलाकर ‘अल्फा’ को लेकर शुरुआती दर्शक प्रतिक्रियाएं मिश्रित हैं। एक ओर फिल्म के एक्शन, महिला प्रधान कहानी और ऋतिक रोशन के कैमियो की सराहना हो रही है, वहीं दूसरी ओर पटकथा, कुछ किरदारों की प्रस्तुति और कहानी की नवीनता को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन और व्यापक दर्शक प्रतिक्रिया यह तय करेगी कि फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।