Tag: Ballistic Missiles

  • भारत बनाम पाकिस्तान न्यूक्लियर ताकत: अग्नि बनाम शाहीन, कौन कितना मजबूत? परमाणु रणनीति और क्षमता का पूरा विश्लेषण

    भारत बनाम पाकिस्तान न्यूक्लियर ताकत: अग्नि बनाम शाहीन, कौन कितना मजबूत? परमाणु रणनीति और क्षमता का पूरा विश्लेषण



    नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच सुरक्षा समीकरण लंबे समय से परमाणु हथियारों पर आधारित रणनीतिक संतुलन पर टिके हुए हैं। दोनों देशों के पास लगभग समान संख्या में परमाणु वॉरहेड हैं, लेकिन उनकी रणनीति, तकनीक और डिलीवरी सिस्टम में बड़ा अंतर देखने को मिलता है।

    ताजा आकलनों के अनुसार, भारत के पास करीब 172 और पाकिस्तान के पास लगभग 170 परमाणु वॉरहेड मौजूद हैं। हालांकि संख्या लगभग बराबर है, लेकिन क्षमता और संरचना के स्तर पर भारत को अधिक उन्नत माना जाता है।

    भारत की परमाणु रणनीति “नो फर्स्ट यूज” यानी पहले इस्तेमाल न करने की नीति पर आधारित है। इसके साथ ही भारत ने जमीन, हवा और समुद्र—तीनों माध्यमों से परमाणु हथियार लॉन्च करने की क्षमता विकसित कर ली है, जिसे “न्यूक्लियर ट्रायड” कहा जाता है।

    भारत के पास अग्नि सीरीज की मिसाइलें हैं, जिनकी रेंज करीब 700 किलोमीटर (Agni-I) से लेकर 5000+ किलोमीटर (Agni-V) तक जाती है। इसके अलावा पृथ्वी-II जैसी शॉर्ट-रेंज मिसाइलें और राफेल, मिराज-2000H और जगुआर जैसे विमान भी परमाणु मिशन में सक्षम माने जाते हैं।

    समुद्री क्षमता की बात करें तो भारत के पास INS Arihant और INS Arighat जैसी परमाणु पनडुब्बियां हैं, जो K-15 और K-4 जैसी सबमरीन लॉन्च बैलिस्टिक मिसाइलें दागने में सक्षम हैं। इससे भारत की “सेकंड स्ट्राइक कैपेबिलिटी” मजबूत होती है।

    वहीं पाकिस्तान की परमाणु नीति अधिक आक्रामक और अस्पष्ट मानी जाती है। उसने “फुल स्पेक्ट्रम डिटरेंस” की रणनीति अपनाई है, जिसका उद्देश्य भारत की पारंपरिक सैन्य बढ़त को न्यूक्लियर धमकी से संतुलित करना है।

    पाकिस्तान के पास शाहीन-1 से शाहीन-3 तक बैलिस्टिक मिसाइलें हैं, जिनकी रेंज लगभग 750 किलोमीटर से 2750 किलोमीटर तक जाती है। इसके अलावा बाबर क्रूज मिसाइलें और कम दूरी की नस्र मिसाइल भी मौजूद है, जिसे टैक्टिकल न्यूक्लियर वेपन माना जाता है।

    हवाई क्षमता के लिए पाकिस्तान के पास मिराज फाइटर जेट और JF-17 जैसे प्लेटफॉर्म हैं, जो परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम हैं। हालांकि उसकी नौसैनिक परमाणु क्षमता अभी विकास के शुरुआती चरण में मानी जाती है।

    विशेषज्ञों के मुताबिक भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका न्यूक्लियर ट्रायड, मजबूत सेकंड स्ट्राइक क्षमता और तेजी से विकसित होती मिसाइल टेक्नोलॉजी है। दूसरी ओर पाकिस्तान अपनी रणनीति में कम दूरी के सामरिक परमाणु हथियारों पर अधिक निर्भर करता है।

    रणनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भारत की नीति स्थिर और स्पष्ट है, जबकि पाकिस्तान की परमाणु रणनीति अधिक जोखिमभरी और अनिश्चित मानी जाती है, जिससे क्षेत्रीय तनाव की संभावना बढ़ जाती है।

    कुल मिलाकर, भले ही दोनों देशों की परमाणु ताकत संख्या में लगभग बराबर हो, लेकिन तकनीकी क्षमता, रणनीति और डिलीवरी सिस्टम के मामले में भारत को अधिक उन्नत स्थिति में माना जाता है।

  • अमेरिका-ईरान-इज़रायल टकराव आठवें दिन में, मिसाइल और ड्रोन हमलों से क्षेत्रीय तनाव बढ़ा

    अमेरिका-ईरान-इज़रायल टकराव आठवें दिन में, मिसाइल और ड्रोन हमलों से क्षेत्रीय तनाव बढ़ा


    नई दिल्ली । अमेरिका इज़रायल और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और यह संघर्ष अब आठवें दिन में प्रवेश कर चुका है। इसी दौरान इज़रायल ने हमलों का नया दौर शुरू किया जबकि तेहरान के एक प्रमुख वाणिज्यिक हवाई अड्डे पर विस्फोटों की खबरें सामने आईं।

    यह टकराव 28 फरवरी को तेहरान में हुए एक हमले से शुरू हुआ था। शुरुआती दौर में यह केवल हवाई हमलों और जवाबी कार्रवाइयों तक सीमित था लेकिन अब खाड़ी क्षेत्र में ड्रोन हमलों सहित व्यापक संघर्ष का रूप ले चुका है। यह संकट धीरे धीरे और व्यापक रूप ले रहा है जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता पर असर पड़ रहा है।

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस संकट पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ तब तक कोई समझौता नहीं होगा जब तक वह बिना शर्त आत्मसमर्पण नहीं करता। इसके अलावा उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे आत्मसमर्पण के बाद ईरान को नया नेतृत्व चुनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए जो उनके प्रशासन के लिए स्वीकार्य हो।

    कुवैत की सेना ने बताया कि उसने अपने वायु रक्षा तंत्र के माध्यम से कई संभावित खतरों को रोक दिया। शनिवार सुबह से शुरू हुई हमलों की कई लहरों में 12 ईरानी ड्रोन और 14 बैलिस्टिक या क्रूज़ मिसाइलों को मार गिराया गया। इन हमलों से कई हिस्सों में विस्फोटों की आवाज़ें सुनी गईं लेकिन अधिकारियों के अनुसार केवल मामूली संपत्ति को नुकसान हुआ जो मिसाइलों के मलबे गिरने से हुआ।

    उधर इज़रायल डिफेंस फोर्सेज आईडीएफ ने उत्तरी इज़रायल के निवासियों को सूचित किया कि हालिया ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपण से उनका क्षेत्र सीधे खतरे में नहीं है इसलिए बम शेल्टर से बाहर निकल सकते हैं। चेतावनी सायरन भी नहीं बजे।

    हालांकि इसके बाद आईडीएफ ने तेल अवीव मध्य इज़रायल और वेस्ट बैंक के निवासियों के लिए नया अलर्ट जारी किया। इज़रायली सेना ने ईरान की ओर से एक और मिसाइल प्रक्षेपण का पता लगाया जिससे पहले से अस्थिर क्षेत्रीय टकराव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

    विशेषज्ञों के अनुसार इस संघर्ष के बढ़ने से खाड़ी क्षेत्र और मध्य पूर्व की सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ सकता है। तेल आपूर्ति व्यापार मार्ग और नागरिक सुरक्षा पर इसका सीधा प्रभाव पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की निगाहें अब अमेरिका इज़रायल और ईरान के बीच कूटनीतिक प्रयासों और किसी संभावित समझौते पर टिकी हैं।

    क्षेत्रीय देशों ने भी सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी है। कुवैत ने अपने वायु रक्षा तंत्र को सक्रिय रखा है और इज़रायल लगातार मिसाइल और ड्रोन गतिविधियों की निगरानी कर रहा है। इस बीच आम नागरिकों में भय और अनिश्चितता भी बढ़ रही है क्योंकि किसी भी समय टकराव की सीमा पार करने का खतरा बना हुआ है।

  • इजरायल के सामने कितनी देर तक टिक सकता है ईरान, देखें दोनों की मिलिट्री पावर

    इजरायल के सामने कितनी देर तक टिक सकता है ईरान, देखें दोनों की मिलिट्री पावर


    नई दिल्ली । मिडिल ईस्ट में एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया है. आज यानी शनिवार को इजरायल और अमेरिका ने मिलकर ईरान की राजधानी तेहरान पर हमले किए. इसके बाद पूरे इलाके में हालात तेजी से बदल गए. इजरायल ने इसे प्रीएम्प्टिव स्ट्राइक बताया और कहा कि संभावित हमले के खतरे को रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई है. जबकि ईरान की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की आशंका जताई गई है. रिपोर्ट्स के अनुसार तेहरान इस्फहान कोम और खोर्रमाबाद समेत कई शहरों में इजरायल की ओर से मिसाइल और एयर स्ट्राइक की गई है. बताया जा रहा है कि इजरायल की और से ईरान पर हुए अचानक हमले में अमेरिका भी शामिल था.

    रिपोर्ट्स के अनुसार इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के घर को भी निशाना बनाकर तबाह कर दिया गया. हालांकि अयातुल्ला अली खामेनेई तेहरान में नहीं है उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है. इसी हमले के बीच एक बार फिर यही सवाल सामने आ गया है कि अगर ईरान और इजरायल के बीच यह टकराव लंबा चलता है तो सैन्य ताकत के मामले में कौन भारी पड़ सकता है.

    ईरान इजरायल में सैनिकों की संख्या में कौन आगे?

    अगर ईरान और इजरायल की बात करें तो सक्रिय सैनिकों की संख्या में ईरान आगे बताया जाता है. ईरान के पास करीब 6 लाख तक एक्टिव सैन्य बल और करीब 3.5 लाख रिजर्व सैनिक हैं. जबकि इजरायल के पास करीब 1.7 लाख सक्रिय सैनिक है. हालांकि इजरायल के पास 4.5 लाख प्रशिक्षित रिजर्व फोर्स है जिसे जरूरत पड़ने पर तुरंत तैनात किया जा सकता है. वहीं संख्या के मामले में भले ही ईरान आगे दिखाई देता है लेकिन ट्रेनिंग तकनीक और ऑपरेशन के एक्सपीरियंस में इजरायल को बड़ा माना जाता है.

    एयर पावर पर पकड़ किसकी मजबूत

    वायु सेना की बात करें तो इजरायल के पास 600 से ज्यादा आधुनिक लड़ाकू विमान है जिनमें एफ 35 जैसे स्टेल्थ जेट शामिल है. यह जेट रडार से बच निकलने की क्षमता रखते हैं और एडवांस हथियारों से लैस है. दूसरी और ईरान के पास करीब 500 से कुछ ज्यादा विमान हैं लेकिन ईरान के जेट कई पुराने मॉडल के है. ईरान पर बैन के कारण उसे अपग्रेड और मेंटेनेंस में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में हवा में मुकाबले की स्थिति में इजरायल ईरान के मुकाबले बहुत ज्यादा मजबूत है. वहीं ईरान की सबसे बड़ी ताकत उसकी बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइल मानी जाती है. उसके पास हजारों की संख्या में अलग अलग रेंज की मिसाइल है जो क्षेत्रीय स्तर पर इजरायल के लिए बड़ा खतरा बन सकती है. वहीं इजरायल के पास संख्या कम जरूर है लेकिन उसकी मिसाइल तकनीक काफी उन्नत है और कुछ मिसाइलें लंबी दूरी तक मार करने में सक्षम है.

    ईरान और इजरायल के रक्षा बजट में बड़ा अंतर

    अगर दोनों देशों के रक्षा बजट की बात करें तो इजरायल हर साल अपने सैन्य बजट पर ईरान से कई गुना ज्यादा खर्च करता है. अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के आंकड़ों के अनुसार इजरायल ने 2024 में करीब 46.5 अरब डॉलर रक्षा पर खर्च किया था. उसे अमेरिका से सैन्य सहायता भी मिलती है. दूसरी ओर ईरान का बजट सीमित है और वह कम लागत वाली रणनीतियों जैसे मिसाइल और ड्रोन तकनीक पर ज्यादा ध्यान देता है. वहीं इजरायल का मल्टी लेयर एयर डिफेंस सिस्टम उसकी सबसे बड़ी ताकतों में गिना जाता है. आयरन डोम जैसे सिस्टम कम दूरी की मिसाइलों को हवा में ही मार गिराने के लिए जाने जाते हैं. इसके अलावा मध्यम और लंबी दूरी की इंटरसेप्टर क्षमता भी उसके पास है. ईरान के पास भी घरेलू और रूसी तकनीक पर आधारित एयर डिफेंस सिस्टम हैं लेकिन तकनीकी रूप से वे इजरायल के मुकाबले कमजोर माने जाते हैं.