Tag: baraat returned

  • हमीरपुर में शादी बनी विवाद की वजह: दूल्हे ने ससुर को मारा थप्पड़, दुल्हन ने लौटाई बारात

    हमीरपुर में शादी बनी विवाद की वजह: दूल्हे ने ससुर को मारा थप्पड़, दुल्हन ने लौटाई बारात

    हमीरपुर। हमीरपुर में एक शादी समारोह उस समय हंगामे और विवाद में बदल गया जब बारातियों और घरातियों के बीच कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना सुमेरपुर ब्लॉक के विदोखर पुरई गांव की है, जहां महोबा से आई बारात के दौरान खुशियों का माहौल अचानक तनाव में बदल गया।

    जानकारी के अनुसार, द्वारचार और रस्मों के बाद जनवासे में कुछ महिलाएं पारंपरिक तरीके से डांस कर रही थीं। इसी दौरान कुछ बाराती भी उनके साथ जबरन डांस करने लगे, जिससे माहौल असहज हो गया। जब महिलाओं ने दूरी बनाई तो बारातियों ने उनके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की, जिसका घरातियों ने विरोध किया।

    विरोध करने पर विवाद और बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान दूल्हे पर आरोप है कि उसने दुल्हन के पिता को थप्पड़ मार दिया, जिससे माहौल पूरी तरह बिगड़ गया। घटना से आहत होकर दुल्हन संजना ने तुरंत शादी से इनकार कर दिया और फेरे लेने से मना कर दिया।

    दुल्हन का कहना था कि जब उसके पिता के साथ अभद्रता हुई तो वह यह शादी आगे नहीं कर सकती। इसके बाद दोनों पक्षों में सुलह की कोशिश भी की गई, लेकिन बात नहीं बन सकी।

    सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थिति काफी बिगड़ चुकी थी। अंततः बारात को बिना दुल्हन के वापस लौटना पड़ा। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे शादी में हुई गंभीर लापरवाही और बदसलूकी का नतीजा बता रहे हैं।

  • दहेज की मांग या मारपीट? टीकमगढ़ में बारात लौटी, शादी हुई कैंसिल

    दहेज की मांग या मारपीट? टीकमगढ़ में बारात लौटी, शादी हुई कैंसिल


    नई दिल्ली । मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के चंदेरा थाना क्षेत्र के बीजरौठा गांव में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया जब दहेज को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और बारात वापस लौट गई। इस घटना के बाद शादी टूट गई और दोनों परिवारों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

    लड़की पक्ष का आरोप: 2 लाख और बुलेट की मांग
    लड़की के पिता शहादत खान ने आरोप लगाया है कि लड़के पक्ष ने शादी के दौरान 2 लाख रुपए नकद और बुलेट बाइक की अतिरिक्त मांग की। उनका कहना है कि इससे पहले फलदान की रस्म में उन्होंने पहले ही 2 लाख रुपए नकद, सोने की अंगूठी, चेन और एक बाइक दी थी। शिकायत के अनुसार, 10 मई को शादी की रस्मों के दौरान अचानक अतिरिक्त दहेज की मांग रख दी गई, जिसे पूरा करने से इनकार करने पर बारात वापस लौट गई।

    दूल्हा पक्ष का दावा: मारपीट के बाद टूटी शादी
    वहीं दूल्हे सरताज के भाई निसार ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि बारात में शामिल एक युवक का लड़की पक्ष से विवाद हो गया था, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।, विवाद के बाद लड़की पक्ष ने बारातियों और दूल्हे के साथ मारपीट की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई और बारात वापस लौट गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस घटना के बाद दूल्हा सरताज लापता है और पिछले 24 घंटे से उसका कोई पता नहीं चल रहा है।

    पुलिस जांच में जुटी, अभी FIR दर्ज नहीं
    घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच चल रही है और दोनों पक्षों को बुलाकर बयान दर्ज किए जाएंगे।

    लड़की पक्ष का आरोप: FIR नहीं दर्ज होने पर नाराजगी
    लड़की के पिता का आरोप है कि घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की है, जिससे वे नाराज हैं। उनका कहना है कि मामले में उचित कार्रवाई होनी चाहिए।

    टीकमगढ़ की यह घटना एक बार फिर दहेज प्रथा और विवाह समारोहों में बढ़ते विवादों की गंभीरता को उजागर करती है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।