Tag: Beautician Death Case

  • इंदौर में होटल के कमरे में ब्यूटिशियन की संदिग्ध मौत कारोबारी के साथ पहुंची थी महिला मुंह से झाग निकलने के बाद मौत से मचा हड़कंप

    इंदौर में होटल के कमरे में ब्यूटिशियन की संदिग्ध मौत कारोबारी के साथ पहुंची थी महिला मुंह से झाग निकलने के बाद मौत से मचा हड़कंप


    इंदौर । इंदौर के तिलक नगर इलाके में एक होटल के कमरे में 32 वर्षीय ब्यूटिशियन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला की पहचान सोनाली शर्मा के रूप में हुई है। वह एक पाइप कारोबारी के साथ होटल में रुकी थी। कुछ घंटे बाद उसकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई और कारोबारी उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कारोबारी अस्पताल से चला गया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

    पुलिस के मुताबिक सोनाली बुधवार दोपहर करीब दो बजे तिलक नगर स्थित एलएक्स होटल पहुंची थी। उसके साथ पाइप कारोबारी दीपक खंडेलवाल भी था। दोनों ने होटल में कमरा लिया था। कुछ समय बाद दीपक कमरे से बाहर आया और होटल स्टाफ को महिला की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। उसने बताया कि महिला को अस्पताल ले जाना है। इसके बाद वह सोनाली को अक्षत अस्पताल लेकर गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

    महिला की मौत के बाद कारोबारी उसे अस्पताल में छोड़कर वहां से चला गया। इधर होटल के कमरे में कोई हलचल नहीं होने पर स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। महिला की हालत को देखते हुए शुरुआती तौर पर जहर खाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

    पुलिस के अनुसार महिला के मुंह से झाग निकल रहा था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ली है। अब फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला होटल में कब पहुंची और उसके साथ कौन कौन मौजूद था। होटल में ठहरने के दौरान क्या हुआ इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।

    सोनाली के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी पिंक सिटी पार्लर में काम करती थी। इसी पार्लर के जरिए उसकी पहचान दीपक खंडेलवाल से हुई थी। पिता के मुताबिक कारोबारी पहले भी दो बार सोनाली के घर आ चुका था। बुधवार को सोनाली घर से पार्लर जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद वह कारोबारी के साथ होटल पहुंची।

    पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सोनाली अपने पति से अलग रह रही थी। उसका पति करीब एक साल से अलग रह रहा है और ड्राइवर का काम करता है। सोनाली की दो बेटियां हैं जिनकी उम्र 8 और 14 साल बताई गई है।

    तिलक नगर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कारोबारी दीपक खंडेलवाल की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना से जुड़े कई सवालों के जवाब तलाशना चाहती है। होटल की सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट जांच में अहम भूमिका निभा सकती है। फिलहाल पुलिस मौत की वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।