Tag: Bhopal accident

  • करोंद चौराहे पर तेज रफ्तार का तांडव! कई वाहनों को टक्कर के बाद जमकर बवाल, 4 B.Tech छात्र हिरासत में

    करोंद चौराहे पर तेज रफ्तार का तांडव! कई वाहनों को टक्कर के बाद जमकर बवाल, 4 B.Tech छात्र हिरासत में

    भोपाल। भोपाल के करोंद चौराहे पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार कारों से जुड़े रोड रैश के बाद जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि तीन कारों में सवार युवक-युवतियों ने तेज गति से वाहन चलाते हुए रास्ते में कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूल स्टाफ की गाड़ियां भी चपेट में आ गईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और कार सवारों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

    घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है। छुट्टियों के बीच सागर पब्लिक स्कूल का स्टाफ बस और निजी वाहनों से स्कूल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में तीन कारें आती दिखाई दीं। इनमें SUV, Verna और Fronx शामिल थीं। आरोप है कि कारों की रफ्तार इतनी अधिक थी कि रास्ते में कई वाहनों को टक्कर लगती चली गई। सबसे पहले एक बैटरी ऑटो समेत दो वाहनों को टक्कर लगी। इसके बाद स्कूल स्टाफ की गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं।

    बताया जा रहा है कि एक वाहन में महिला स्टाफ मौजूद थी। आरोप है कि टक्कर के बाद कार में सवार युवकों ने महिला स्टाफ के साथ अभद्रता की। इस दौरान पीछे से आ रहे स्कूल के पुरुष कर्मचारियों ने विरोध किया तो उनकी गाड़ी को भी टक्कर मार दी गई। लगातार हो रहे विवाद और तेज रफ्तार वाहनों की वजह से करोंद चौराहे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    रोड रैश के दौरान एक कार डिवाइडर से टकराकर रुक गई, जबकि दूसरी कार भी कुछ दूरी पर जाकर रुक गई। इसके बाद एक वाहन से तीन युवक और एक युवती बाहर निकले। आरोप है कि सड़क पर ही स्कूल स्टाफ से उनका विवाद फिर शुरू हो गया। इसी दौरान एक युवती द्वारा दूसरी कार के शीशे तोड़े जाने की बात भी सामने आई है। मामला बढ़ने पर आसपास मौजूद लोगों ने एक युवक और युवती को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी भी जांच शुरू कर दी है।

    पीड़ित स्कूल स्टाफ ने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना के तुरंत बाद डायल-112 पर सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिसकर्मी करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचे। स्टाफ का कहना है कि इस दौरान थाने से फोन कर लगातार घटना की लोकेशन पूछी जाती रही। बाद में करीब एक दर्जन लोग निशातपुरा थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए। हादसे में तीन लोगों को मामूली चोट आने की जानकारी सामने आई है।

    निशातपुरा थाना पुलिस के मुताबिक मामले में एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी आरोपी छात्र हैं और रायसेन रोड स्थित दो अलग-अलग कॉलेजों में बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया है।

    अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। जांच का अहम बिंदु यह भी है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था और तेज रफ्तार से वाहन चलाने, टक्कर मारने और बाद में हुए विवाद में किसकी क्या भूमिका थी। फिलहाल पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होने की बात कह रही है।

  • तेज रफ्तार बनी मौत का कारण: भोपाल में कार फेंसिंग तोड़ खदान में गिरी, 24 साल के ड्राइवर की मौत

    तेज रफ्तार बनी मौत का कारण: भोपाल में कार फेंसिंग तोड़ खदान में गिरी, 24 साल के ड्राइवर की मौत


    भोपाल भोपाल के अयोध्या नगर इलाके में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार कंचन खदान के पास टर्न पर अनियंत्रित होकर फेंसिंग का तार और खंभा तोड़ते हुए सीधे खदान में भरे पानी में जा गिरी। इस हादसे में 24 वर्षीय रोहित माली की मौत हो गई, जबकि उसके साथ कार में सवार दो दोस्त घायल हो गए। सूचना मिलते ही अयोध्या नगर पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

    पुलिस के अनुसार रोहित माली पेशे से ओला कैब चालक था। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे वह सवारी छोड़ने के बाद पिपरिया जाहिर पीर इलाके से अपने दो दोस्तों को कार में बैठाकर अयोध्या नगर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान अरेड़ी क्रेशर बस्ती के पास कंचन खदान के नजदीक एक टर्न पर कार की रफ्तार ज्यादा होने के कारण वह वाहन को मोड़ नहीं पाया। कार सीधे फेंसिंग तोड़ते हुए खदान में भरे करीब 8 से 10 फीट गहरे पानी में जा गिरी।

    हादसा होते ही आसपास के लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने किसी तरह कार में सवार दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन चालक रोहित माली सीट बेल्ट लगाए होने के कारण कार के अंदर ही फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। पुलिस और नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला और तुरंत सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

    इसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं खदान में डूबी कार को नगर निगम की क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। अयोध्या नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। रोहित के शव को पोस्टमार्टम के लिए गांधी मेडिकल कॉलेज की मोर्चुरी में रखवाया गया है, जहां रविवार को उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा।

  • नौकरी जाने का तनाव, शराब और हादसा: भोपाल में सीढ़ियों से गिरकर युवक की मौत

    नौकरी जाने का तनाव, शराब और हादसा: भोपाल में सीढ़ियों से गिरकर युवक की मौत


    भोपाल  भोपाल के छोला मंदिर इलाके में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 36 वर्षीय मधुर नामदेव की मौत हो गई। वह कैंची छोला फाटक के पास अपने परिवार के साथ रहता था। जानकारी के अनुसार मधुर पूर्व में जिंसी स्थित एक कार शोरूम में ड्राइवर के रूप में कार्यरत था, लेकिन करीब दो महीने पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। तब से वह नई नौकरी की तलाश में लगातार शोरूम और अन्य स्थानों पर रिज्यूमे दे रहा था, मगर सफलता नहीं मिल रही थी, जिससे वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।

    गुरुवार रात वह शराब के नशे में घर लौटा। बताया जा रहा है कि दूसरी मंजिल पर जाने के लिए सीढ़ियां चढ़ते समय उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उसे संभाल पाते, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

    प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हादसा नशे की हालत में पैर फिसलने से हुआ। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बेरोजगारी, मानसिक तनाव और नशे की बढ़ती आदत ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया, और यह घटना एक बार फिर सामाजिक व व्यक्तिगत दबावों के गंभीर परिणामों की ओर इशारा करती है।

  • भोपाल में बेकाबू कार का कहर: नशे में धुत चालक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, पेड़ से टकराकर रुकी कार

    भोपाल में बेकाबू कार का कहर: नशे में धुत चालक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, पेड़ से टकराकर रुकी कार




    भोपाल।
     भोपाल के टीटी नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कई वाहनों को टक्कर मारती हुई आखिरकार एक पेड़ से जा टकराई। यह घटना नानके पेट्रोल पंप के पास दोपहर करीब 3:45 बजे की है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक नशे की हालत में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। पेड़ से टकराने से पहले कार ने दो से तीन अन्य वाहनों को टक्कर मारी, जिससे सड़क पर हड़कंप मच गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

    घटना की सूचना मिलते ही टीटी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने भीड़ से चालक को छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। आरोपी चालक की पहचान हरीश मालवीय के रूप में हुई है, जो एमपी 04 जेडए 2299 नंबर की कार चला रहा था।

    टीटी नगर थाना पुलिस के एसआई राघवेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि आरोपी चालक अत्यधिक नशे में था। वह नानके पेट्रोल पंप से जवाहर चौक की ओर जा रहा था, इसी दौरान उसने नियंत्रण खो दिया और रास्ते में खड़े व चल रहे दो से तीन वाहनों को टक्कर मार दी।

    इसके बाद उसकी कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

    पुलिस के अनुसार, इस घटना में करीब 6 से 7 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है और किसी की हालत गंभीर नहीं है। अत्यधिक नशे में होने के कारण आरोपी चालक खुद के बारे में भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार की रफ्तार और ज्यादा होती, तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा।

    फिलहाल पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ नशे में वाहन चलाने, लापरवाही से गाड़ी चलाने और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने जैसी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस था या नहीं और वाहन की स्थिति क्या थी।

    पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन चलाना न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि दूसरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। इस घटना को लेकर इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।