Tag: Bhopal Dussehra Market

  • 2 से 20 फीट तक के रावण, कहीं कुंभकरण तो कहीं मेघनाथ, भोपाल में दशहरे के लिए सजा खास बाजार, महंगे हुए पुतले

    2 से 20 फीट तक के रावण, कहीं कुंभकरण तो कहीं मेघनाथ, भोपाल में दशहरे के लिए सजा खास बाजार, महंगे हुए पुतले


    भोपाल । दशहरे के पर्व को लेकर भोपाल में तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर में इन दिनों एक अनोखा बाजार लोगों का ध्यान खींच रहा है। यहां कपड़े या घरेलू सामान नहीं बल्कि रावण कुंभकरण और मेघनाथ के रंग-बिरंगे पुतले बिक रहे हैं। लिंक रोड नंबर-2 के आसपास कई जगहों पर सजे इस बाजार में लोग परिवार के साथ पुतले खरीदने पहुंच रहे हैं। बाजार में 2 फीट से लेकर 20 फीट तक ऊंचे पुतले उपलब्ध हैं। वहीं विशेष ऑर्डर पर 40 फीट या उससे अधिक ऊंचाई के पुतले भी तैयार किए जा रहे हैं। इनकी कीमत आकार और बनावट के अनुसार 800 रुपये से लेकर 40 हजार रुपये तक बताई जा रही है।

    भोपाल में दशहरे के अवसर पर बड़े स्तर पर रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। शहर में 18 से अधिक स्थानों पर प्रमुख आयोजन होंगे। इसके अलावा गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में भी बड़ी संख्या में रावण दहन किया जाएगा। अनुमान है कि शहर में 7 हजार से ज्यादा जगहों पर पुतले जलाए जाएंगे। इसी मांग को देखते हुए तुलसीनगर लिंक रोड नंबर-2 सेकंड स्टॉफ बांसखेड़ी ईंटखेड़ी और पंचशील नगर सहित कई इलाकों में कारीगर पिछले डेढ़ से दो महीने से पुतले बनाने में जुटे हुए हैं। इस काम में 300 से अधिक कारीगर लगे हैं।

    कारीगरों ने अब तैयार पुतलों को सड़क किनारे बिक्री के लिए सजा दिया है। सोमवार को बाजार में खरीदारों की अच्छी भीड़ दिखाई दी। कई लोगों ने पहले ही अपनी जरूरत के हिसाब से पुतलों की बुकिंग करा दी थी। मंगलवार शाम तक खरीदारी जारी रहने की उम्मीद है। बड़े पुतलों को बनाने में खास मेहनत और समय लगता है। कारीगरों के मुताबिक एक बड़े पुतले को तैयार करने में करीब एक सप्ताह तक लग सकता है। इसके लिए बांस का ढांचा तैयार किया जाता है और फिर उस पर कपड़ा कागज तथा अन्य सजावटी सामग्री लगाई जाती है।

    इस बार पुतलों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। पुतले बनाने में इस्तेमाल होने वाले बांस सूत और कागज के दाम बढ़ने से लागत पर असर पड़ा है। कारीगर राखी पटेल के मुताबिक पहले जो बांस 150 रुपये में मिलता था उसकी कीमत बढ़कर 200 रुपये हो गई है। इसी तरह सूत के दाम 120 रुपये से बढ़कर 180 रुपये तक पहुंच गए हैं। कागज की कीमत भी 60 रुपये से बढ़कर 80 रुपये बताई गई है। सामग्री महंगी होने के कारण ग्राहकों को भी पहले की तुलना में अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।

    करोंद से खरीदारी करने पहुंचे अजय सोनी ने बताया कि इस बार पुतलों की कीमतों में करीब 500 से 1000 रुपये तक का अंतर देखने को मिल रहा है। उन्होंने वॉटरप्रूफ पुतला खरीदने की कोशिश की लेकिन उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें कागज वाला पुतला लेना पड़ा। बारिश की आशंका के चलते इस बार कुछ कारीगरों ने पानी से बचाव के लिए विशेष पुतले भी तैयार किए हैं। हालांकि हर आकार और हर कीमत में ऐसे पुतले उपलब्ध हों यह जरूरी नहीं है।

    रावण के पुतलों के साथ मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले भी खरीदारों को मिल रहे हैं। इनमें आकर्षक वेशभूषा और हथियारों के जरिए इन्हें खास रूप दिया जाता है। सामान्य तौर पर पुतले बिना पटाखों के बनाए जाते हैं। यदि खरीदार पटाखे लगवाना चाहते हैं तो लागत और कीमत बढ़ जाती है। बड़े पुतलों में बांस कपड़ा धागा और कागज अधिक मात्रा में इस्तेमाल होता है। इन्हें बनाने में तीन से चार कारीगरों की मेहनत भी लगती है।

    इस बार कारीगरों के सामने सबसे बड़ी चिंता मौसम को लेकर है। मंगलवार को बारिश की संभावना जताई गई है। इससे पुतलों के भीगने और बिक्री प्रभावित होने का डर बना हुआ है। वर्ष 2022 में दशहरे के दौरान तेज बारिश के कारण कई जगह पुतले भीग गए थे और आयोजनों में परेशानी आई थी। बांसखेड़ी क्षेत्र में कुछ कारीगरों को पुतले बस स्टॉप में रखकर बचाने पड़े थे जिससे नुकसान भी हुआ था। अब तीन साल बाद फिर बारिश की आशंका ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में कारीगरों को उम्मीद है कि मौसम साथ देगा और दशहरे से पहले अधिक से अधिक पुतलों की बिक्री हो सकेगी।