Tag: Bhupesh Baghel

  • पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व विवाद जारी, बघेल-चन्नी की बैठक बेनतीजा, राजा वड़िंग को हटाने की मांग फिर उठी

    पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व विवाद जारी, बघेल-चन्नी की बैठक बेनतीजा, राजा वड़िंग को हटाने की मांग फिर उठी


    चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को लेकर चल रहा नेतृत्व विवाद फिलहाल सुलझता नजर नहीं आ रहा है। शनिवार को कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थक नेताओं के साथ करीब दो घंटे तक बंद कमरे में बैठक की, लेकिन किसी ठोस नतीजे पर सहमति नहीं बन सकी। बैठक में कई वरिष्ठ नेताओं ने एक बार फिर राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने की मांग दोहराई।

    सूत्रों के अनुसार, बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत कई नेताओं ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए मजबूत नेतृत्व जरूरी है। नेताओं ने अपनी आपत्तियां कांग्रेस हाईकमान तक पहुंचाने का आग्रह करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बदलने की मांग रखी।

    हालांकि बैठक के बाद भूपेश बघेल ने विवाद को ज्यादा तूल देने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से वह अलग-अलग नेताओं से लगातार चर्चा कर रहे हैं। उनके अनुसार, कोई भी नेता हाईकमान के फैसले का विरोध नहीं कर रहा है, लेकिन कुछ आशंकाएं और संगठन से जुड़े मुद्दे हैं, जिन्हें पार्टी नेतृत्व के सामने रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सभी नेताओं के हितों का ध्यान रखते हुए उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि क्या बैठक में राजा वड़िंग को हटाने की मांग उठी, तो उन्होंने इससे इनकार किया।

    चन्नी और वड़िंग को साथ नहीं ला सके बघेल
    पंजाब में पिछले छह दिनों से संगठनात्मक विवाद सुलझाने की कोशिश कर रहे भूपेश बघेल शनिवार दोपहर छत्तीसगढ़ रवाना हो गए। इस दौरान वह चरणजीत सिंह चन्नी और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को एक मंच पर लाने में भी सफल नहीं हो सके।

    बैठक के बाद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि सभी मांगें भूपेश बघेल के सामने रख दी गई हैं। उनका कहना था कि पार्टी की प्राथमिकता 2027 में पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाना है और इसके लिए मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है, न कि समझौता करने वाले नेता की।

    रंधावा ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि प्रदेश कांग्रेस का नेतृत्व ऐसा होना चाहिए जो मुख्यमंत्री भगवंत मान की राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना कर सके। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक दल समय-समय पर अपने फैसलों में बदलाव करते हैं और कांग्रेस भी ऐसा कर सकती है।

    गौरतलब है कि कांग्रेस हाईकमान ने हाल ही में पंजाब संगठन की नई सूची जारी करते हुए अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने का फैसला किया था। इसके बाद से पार्टी के भीतर दो स्पष्ट खेमे दिखाई दे रहे हैं और चन्नी समर्थक नेता लगातार इस फैसले का विरोध कर रहे हैं।

    बैठक में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
    भूपेश बघेल के साथ हुई बैठक में चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, ओपी सोनी, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, विधायक परगट सिंह, पूर्व मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, भारत भूषण आशु, पूर्व सांसद शेर सिंह घुबाया, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष बरिंदर ढिल्लों सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

    रंधावा के बयान पर राजा वड़िंग का पलटवार
    सुखजिंदर सिंह रंधावा के “समझौता करने वाला नेता नहीं चाहिए” वाले बयान पर अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि किसी का नाम नहीं लिया गया, तो इशारा उनकी ओर क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी में स्लीपर सेल या समझौता करने वाले नेताओं के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

    राजा वड़िंग ने कहा कि वह और रंधावा करीब साढ़े चार साल तक साथ काम कर चुके हैं। यदि वह समझौता करने वाले नेता होते तो रंधावा उनके साथ काम नहीं करते। वहीं, भाजपा नेता सुनील जाखड़ के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि जाखड़ लंबे समय तक कांग्रेस में रहे और बाद में यह कहते हुए पार्टी छोड़ दी कि यहां हिंदुओं की नहीं सुनी जाती। उन्होंने कहा कि “असली गद्दार तो वही हैं।”

  • विश्व विजेता बना भारत: T20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टीम इंडिया ने रचा इतिहास

    विश्व विजेता बना भारत: T20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टीम इंडिया ने रचा इतिहास


    नई दिल्‍ली । आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीसरी बार टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया और ऐसा करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई। भारतीय खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन से पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई है। क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने भी टीम इंडिया को इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है।

    फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। टीम के बल्लेबाजों ने मजबूत पारी खेलते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया जिसमें सैमसन ईशान और अभिषेक की अर्धशतकीय पारियां अहम रहीं। वहीं गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह दबाव में रखा। इसके अलावा ईशान का शानदार क्षेत्ररक्षण भी मैच के दौरान चर्चा का विषय बना रहा। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने बेहतरीन सामूहिक प्रदर्शन करते हुए यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

    भारतीय टीम की इस शानदार जीत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर टीम को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि विश्वविजेता भारत हमारा! शाबाश टीम इंडिया! 140 करोड़ भारतीयों को आप पर गर्व है। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया के धुरंधर खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर विश्व कप जीतकर हर भारतवासी को गौरवान्वित किया है। उन्होंने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पूरी टीम को हार्दिक बधाई देते हुए कामना की कि भारत का तिरंगा यूं ही विश्व मंच पर शान से लहराता रहे।

    वहीं डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी टीम इंडिया की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को पराजित कर पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत समर्पण और अटूट संकल्प का परिणाम है। विजय शर्मा ने टीम के सभी खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि के लिए हृदय से बधाई देते हुए देशवासियों को भी शुभकामनाएं दीं।

    राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी भारतीय टीम की जीत पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत की आन-बान-शान और भी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि सैमसन ईशान और अभिषेक की अर्धशतकीय पारियों के साथ बुमराह और अक्षर पटेल की शानदार गेंदबाजी ने भारत को यह ऐतिहासिक जीत दिलाई। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने तीसरी बार टी-20 विश्व कप जीतकर देश का परचम विश्व पटल पर लहराया है।

    इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई अन्य नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी टीम इंडिया की इस शानदार जीत पर खिलाड़ियों को बधाई दी। देशभर में क्रिकेट प्रेमी इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मना रहे हैं और टीम इंडिया की उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।