Tag: Bigg Boss House

  • Bigg Boss 20 के घर से उठा पर्दा! जंगल थीम और मिस्ट्री रूम ने बढ़ाया रोमांच, हर कोने में छिपा है बड़ा ट्विस्ट

    Bigg Boss 20 के घर से उठा पर्दा! जंगल थीम और मिस्ट्री रूम ने बढ़ाया रोमांच, हर कोने में छिपा है बड़ा ट्विस्ट


    नई दिल्ली । Bigg Boss 20 के ग्रैंड प्रीमियर का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और शो शुरू होने से पहले ही इसके आलीशान घर की झलक ने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। इस बार बिग बॉस हाउस को बेहद खास अंदाज में तैयार किया गया है। घर का डिजाइन जंगल थीम पर आधारित है और इसमें नेचर के साथ रहस्य और ड्रामा का जबरदस्त कॉम्बिनेशन देखने को मिल रहा है। घर की तस्वीरों से साफ है कि इस सीजन में कंटेस्टेंट्स को सिर्फ टास्क और आपसी टकराव ही नहीं बल्कि एक बेहद अलग माहौल का भी सामना करना होगा।

    इस बार बिग बॉस के घर को डिजाइनर वर्षा जैन ने तैयार किया है। यानी पिछले कुछ सीजन में नजर आए डिजाइन से अलग इस बार घर को पूरी तरह नए कॉन्सेप्ट में पेश किया गया है। घर के अंदर दाखिल होते ही कई ऐसी चीजें नजर आती हैं जो इसकी थीम को खास बनाती हैं। एंट्री गेट पर लगा बड़ा और ड्रामेटिक स्टैच्यू पूरे घर का सबसे आकर्षक हिस्सा दिखाई देता है।

    घर का गार्डन एरिया भी काफी दिलचस्प है। इसे जंगल जैसी फील देने की कोशिश की गई है। पेड़ों और नेचर से जुड़े डिजाइन के बीच एक विशाल सांप का स्ट्रक्चर भी बनाया गया है। बिग बॉस में अक्सर कंटेस्टेंट्स के लिए आस्तीन का सांप जैसे मुहावरों का इस्तेमाल सुनने को मिलता है और इस बार मेकर्स ने इसी थीम को घर के डिजाइन में भी शामिल कर दिया है। इसके अलावा गार्डन में शार्क स्टाइल का पूल एरिया बनाया गया है जो घर के पूरे लुक को और ज्यादा ड्रामेटिक बनाता है।

    लिविंग रूम को भी बेहद अलग अंदाज दिया गया है। इसका शेप ऑक्टोपस जैसा है और दीवारों पर बिग बॉस की मिस्ट्री और सस्पेंस से जुड़े डिजाइन देखने को मिलते हैं। कहीं उल्लू नजर आता है तो कहीं बंदर जैसे एलिमेंट्स घर को जंगल थीम से जोड़ते हैं। दीवारों की रंगीन और कोजी डिजाइन घर को एक साथ रहस्यमयी और लग्जूरियस लुक देती है।

    बिग बॉस के घर में सबसे ज्यादा चर्चा मिस्ट्री रूम्स को लेकर होती है और इस बार भी मेकर्स ने सस्पेंस बरकरार रखा है। रूम नंबर 2 को लेकर खास रहस्य बनाया गया है। वहीं रूम नंबर 20 को भी मिस्ट्री रूम बताया जा रहा है। इसका खुलासा ग्रैंड प्रीमियर के दौरान किया जाएगा। ऐसे में सलमान खान के जरिए इन कमरों से जुड़े राज सामने आने का इंतजार फैंस को रहेगा।

    बेडरूम का इंटीरियर भी पिछली बार से काफी अलग नजर आ रहा है। घर को ज्यादा स्पेसियस बनाया गया है ताकि कंटेस्टेंट्स को पर्याप्त जगह मिल सके। वहीं वॉशरूम एरिया में बातचीत और गॉसिप के लिए बड़ा काउच लगाया गया है। बिग बॉस के पिछले सीजनों में ऐसे छोटे कोने अक्सर बड़े विवादों की वजह बनते रहे हैं।

    घर का किचन भी अपने आप में खास है। इसे इस बार BB Food Truck नाम दिया गया है। बिग बॉस के घर में किचन हमेशा से राजनीति और रणनीति का बड़ा केंद्र रहा है। ऐसे में इस नए डिजाइन के बीच यहां होने वाली बातचीत और खींचतान भी शो का अहम हिस्सा बन सकती है।

    सबसे खास बात यह है कि पूरे घर में 100 से ज्यादा कैमरे लगाए गए हैं। यानी कंटेस्टेंट्स की गतिविधियों पर लगातार नजर रहेगी। घर का लगभग हर कोना कैमरों की निगरानी में होगा। कुल मिलाकर Bigg Boss 20 का घर सिर्फ रहने की जगह नहीं बल्कि शो के ड्रामा और सस्पेंस का एक अहम किरदार नजर आने वाला है।