Tag: Bike Crash

  • शुजालपुर-आष्टा हाईवे पर सड़क की दरार में फंसकर बाइक गिरी, पति-पत्नी घायल; ट्रैक्टर ने बचाया बड़ा हादसा

    शुजालपुर-आष्टा हाईवे पर सड़क की दरार में फंसकर बाइक गिरी, पति-पत्नी घायल; ट्रैक्टर ने बचाया बड़ा हादसा


    मध्यप्रदेश । शुजालपुर-आष्टा नेशनल हाईवे क्रमांक 752सी पर रविवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जबकि बाइक सवार पति-पत्नी घायल हो गए। ग्राम अमलाय पत्थर स्थित अजमेरा फ्लोर मिल के पास सड़क के बीच बनी गहरी दरार में बाइक का अगला पहिया फंस गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर गिर पड़ा।

    जानकारी के अनुसार, ग्राम निपानियाकला निवासी संतोष खाती अपनी पत्नी अनीता खाती (46) के साथ शुजालपुर से इलाज कराकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे अमलाय पत्थर के पास पहुंचे, सड़क की खराब स्थिति के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े।

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय पीछे से एक ट्रैक्टर-ट्राली भी आ रही थी। अचानक हुए हादसे को देखकर ट्रैक्टर चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए ब्रेक लगाए और वाहन को सड़क किनारे मोड़ दिया, जिससे एक बड़ा और गंभीर हादसा होने से बच गया।

    घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस के ईएमटी प्रेम नारायण प्रजापति और पायलट कृष्ण पाल ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर शुजालपुर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

    स्थानीय लोगों ने बताया कि शुजालपुर-आष्टा हाईवे पर कई जगह सड़क की हालत खराब है। जगह-जगह दरारें और गड्ढे होने से वाहन चालकों को लगातार जोखिम उठाना पड़ रहा है। अमलाय पत्थर क्षेत्र में सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है, जिससे पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं।

    क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर नियमित टोल वसूली के बावजूद सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

  • रीवा सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराकर दो युवकों की मौके पर मौत

    रीवा सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराकर दो युवकों की मौके पर मौत

    रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब रीवा से बैकुंठपुर जा रही एक तेज रफ्तार बाइक सगरा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

    मृतकों की पहचान, गांव में पसरा मातम
    हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान पंकज साकेत (निवासी बैकुंठपुर) और आकाश साकेत (निवासी जुइला, रायपुर कर्चुलियान) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक किसी जरूरी काम से बैकुंठपुर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया।

    पुलिस ने शुरू की जांच, वाहन जब्त
    घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    तेज रफ्तार और अंधेरे पर शक, जांच जारी
    प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार या सड़क पर पर्याप्त रोशनी न होने के कारण हुआ होगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

    सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
    नीय लोगों ने इस हादसे के बाद सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर कार्रवाई और हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं, लेकिन सुधार के प्रयास नाकाफी हैं।

    रीवा का यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा की लापरवाही और तेज रफ्तार के खतरों को उजागर करता है। दो युवकों की असमय मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

  • महोबा में तेज रफ्तार डंपर का कहर, दो ममेरे भाइयों की दर्दनाक मौत, चालक फरार

    महोबा में तेज रफ्तार डंपर का कहर, दो ममेरे भाइयों की दर्दनाक मौत, चालक फरार



    नई दिल्ली। महोबा में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो ममेरे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के लवकुशनगर क्षेत्र के ग्राम प्रकाश बम्हौरी निवासी 21 वर्षीय रामनरेश अपने 19 वर्षीय ममेरे भाई नवाब के साथ महोबा डीजल लेने आए थे। दोनों मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे।

    इसी दौरान शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पसवारा के पास स्थित इंडस वैली पब्लिक स्कूल के समीप तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

    घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली मनीष पांडेय ने बताया कि डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी तलाश के लिए टीम लगाई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।