Tag: billionaire news

  • स्पेसएक्स IPO से इतिहास रच सकते हैं एलन मस्क, दुनिया के पहले खरबपति बनने की ओर बढ़े कदम

    स्पेसएक्स IPO से इतिहास रच सकते हैं एलन मस्क, दुनिया के पहले खरबपति बनने की ओर बढ़े कदम

    वॉशिंगटन। दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क अब एक और बड़ा इतिहास रचने की तैयारी में हैं। उनकी अंतरिक्ष और सैटेलाइट कंपनी SpaceX जल्द ही शेयर बाजार में उतर सकती है। माना जा रहा है कि यह अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ साबित हो सकता है और इसके बाद मस्क दुनिया के पहले खरबपति बनने के करीब पहुंच जाएंगे।

    24 साल बाद शेयर बाजार में उतरने की तैयारी
    स्पेसएक्स ने करीब 24 वर्षों तक निजी कंपनी बने रहने के बाद अब अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनी ने नास्देक टेक्सास पर “SPCX” टिकर के तहत लिस्टिंग के लिए आवेदन किया है और अमेरिकी नियामक SEC के पास जरूरी दस्तावेज भी जमा करा दिए हैं। हालांकि आईपीओ के बाद भी कंपनी पर एलन मस्क का नियंत्रण बना रहेगा।

    रिकॉर्ड तोड़ सकता है IPO
    रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पेसएक्स इस आईपीओ के जरिए लगभग 75 अरब डॉलर जुटाने की योजना बना रही है। यदि ऐसा होता है, तो यह अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ बन जाएगा।

    इससे पहले सऊदी अरामको ने 2019 में 29.4 अरब डॉलर जुटाए थे। अलीबाबा ग्रुप ने 2014 में 22 अरब डॉलर का आईपीओ लाया था स्पेसएक्स की संभावित वैल्यू 1.75 से 2 ट्रिलियन डॉलर के बीच आंकी जा रही है, जो कई देशों के पूरे शेयर बाजार से भी बड़ी मानी जा रही है।

    स्टारलिंक बना कमाई का बड़ा स्रोत
    कंपनी के दस्तावेजों के अनुसार, Starlink इंटरनेट सेवा स्पेसएक्स की कमाई का प्रमुख आधार बन चुकी है। 2025 में कंपनी का अनुमानित राजस्व करीब 18.7 अरब डॉलर बताया गया है। हालांकि कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि कंपनी का मूल्यांकन काफी ऊंचा है, लेकिन निवेशकों के बीच इसे भविष्य की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में देखा जा रहा है।

    ऐसे बन सकते हैं पहले खरबपति
    स्पेसएक्स में एलन मस्क की हिस्सेदारी करीब 42 प्रतिशत बताई जाती है। यदि कंपनी की वैल्यू 2 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचती है, तो सिर्फ स्पेसएक्स में उनकी हिस्सेदारी का मूल्य 735 अरब डॉलर से अधिक हो सकता है। इसके अलावा Tesla, xAI और अन्य कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी जोड़ने पर मस्क की कुल संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर यानी 1 खरब डॉलर के पार जा सकती है। ऐसा होने पर वे दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन जाएंगे।

  • खरबपति बनने की ओर एलन मस्क, दौलत में बड़ा उछाल, 722 अरब डॉलर के पार नेटवर्थ

    खरबपति बनने की ओर एलन मस्क, दौलत में बड़ा उछाल, 722 अरब डॉलर के पार नेटवर्थ

    नई दिल्ली। दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क की संपत्ति में तेज रफ्तार से बढ़ोतरी जारी है। गुरुवार को उनकी नेटवर्थ में एक ही दिन में 45 अरब डॉलर का इजाफा हुआ, जिसके बाद कुल संपत्ति बढ़कर 722 अरब डॉलर तक पहुंच गई। इस उछाल के साथ मस्क अब ट्रिलियनेयर यानि खरबपति बनने की दिशा में और करीब माने जा रहे हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, दूसरे स्थान पर मौजूद लैरी पेज की संपत्ति मस्क के मुकाबले आधे से भी कम है।

    स्पेसएक्स IPO से और बढ़ सकती है दौलत
    एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स अमेरिका में IPO लाने की तैयारी में है। यह कंपनी रॉकेट निर्माण और स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा के लिए जानी जाती है। माना जा रहा है कि यह IPO वॉल स्ट्रीट के इतिहास में सबसे बड़े इश्यू में से एक हो सकता है और अगले महीने SPCX कोड के तहत लॉन्च किया जा सकता है।

    विशेषज्ञों के अनुसार, स्पेसएक्स की अनुमानित वैल्यू 1.25 ट्रिलियन डॉलर तक हो सकती है, जिसमें मस्क की हिस्सेदारी का मूल्य 600 अरब डॉलर से अधिक आंका जा सकता है। इसके बाद उनकी कुल संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर से भी ऊपर जा सकती है।

    5 महीने में 103 अरब डॉलर की बढ़ोतरी
    रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल अब तक एलन मस्क की संपत्ति में 103 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। यह राशि भारत के शीर्ष उद्योगपतियों की दौलत से भी अधिक है। तुलना के अनुसार, मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 88.10 अरब डॉलर है, जबकि गौतम अडानी की नेटवर्थ लगभग 108 अरब डॉलर के आसपास है।

    अरबपतियों की रेस में मस्क सबसे आगे
    ब्लूमबर्ग रैंकिंग के अनुसार, इस साल संपत्ति बढ़ाने वाले अरबपतियों की सूची में मस्क शीर्ष पर हैं। उनके बाद लैरी पेज, सर्गी ब्रिन, माइकल डेल, जेफ बेजोस, जेनसेन हुआंग और गौतम अडानी जैसे नाम शामिल हैं, जिनकी संपत्ति में अरबों डॉलर का इजाफा दर्ज किया गया है।

    ट्रिलियनेयर बनने की ओर कदम
    स्पेसएक्स की संभावित लिस्टिंग के बाद एलन मस्क इतिहास में पहले ऐसे व्यक्ति बन सकते हैं जिनकी संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच जाएगी। इससे वैश्विक अरबपति सूची में उनकी बढ़त और भी मजबूत हो जाएगी।