Tag: BJP state president

  • ‘बंगाली अपनी पसंद का खाना खाएंगे’, धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर BJP प्रदेश अध्यक्ष का पलटवार

    ‘बंगाली अपनी पसंद का खाना खाएंगे’, धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर BJP प्रदेश अध्यक्ष का पलटवार


    नई दिल्ली। दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहारी भोजन को लेकर बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी पर पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि बंगाल से बाहर का कोई व्यक्ति राज्य के लोगों के खान-पान और पहनावे को लेकर फैसला नहीं सुना सकता। उनके मुताबिक बंगाल की अपनी सांस्कृतिक परंपराएं हैं और लोगों की भोजन संबंधी आदतों को किसी के कहने पर नहीं बदला जा सकता।

    धीरेंद्र शास्त्री ने हाल में कहा था कि जो लोग खुद को धार्मिक बताते हैं, लेकिन दुर्गा पूजा पंडाल के पीछे मांसाहारी भोजन बनाते हैं, उन्हें धार्मिक नहीं बल्कि पाखंडी कहा जाना चाहिए। उन्होंने दुर्गा पूजा के दौरान बंगालियों से मांसाहारी भोजन छोड़ने की अपील भी की थी। इसी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए समिक भट्टाचार्य ने कहा कि बंगाल की परंपराओं और खान-पान को बाहर से आकर तय नहीं किया जा सकता।

    ‘बंगाली वही खाएंगे जो खाते आए हैं’

    समिक भट्टाचार्य ने कहा, “मुझे अपनी मर्जी से जीने दें, बंगाली वहीं खाएंगे जो वे खाते आए हैं। क्या बंगाली मछली और मांस नहीं खा सकते?”

    उन्होंने बंगाल की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का हवाला देते हुए कहा कि मां काली को बकरे और मांस का प्रसाद चढ़ाने की परंपरा रही है। उनके मुताबिक अष्टमी पर लुची (पूरी) और नवमी पर बकरे का मांस खाने की भी बंगाल में पुरानी सांस्कृतिक परंपरा है।

    भट्टाचार्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “हम अष्टमी पर लुची (पूरी) और नवमी पर बकरे का मांस खाना जारी रखेंगे। कोई भी बंगाल के लोगों को ये नहीं बता सकता कि उन्हें क्या खाना चाहिए।”

    धीरेंद्र शास्त्री का सम्मान, लेकिन राय थोपने के खिलाफ

    बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह धीरेंद्र शास्त्री का सम्मान करते हैं, लेकिन उनकी व्यक्तिगत राय को पूरे बंगाली समाज पर लागू नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कोई संत या डॉक्टर लोगों को शाकाहारी भोजन अपनाने की सलाह दे सकता है, लेकिन किसी बाहरी व्यक्ति को यह तय करने का अधिकार नहीं है कि बंगाल के लोग क्या खाएं या क्या पहनें।

    इस बयान के साथ ही दुर्गा पूजा के दौरान खान-पान को लेकर शुरू हुई बहस ने बंगाल की स्थानीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को लेकर राजनीतिक रंग भी ले लिया है।

  • MP: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल की बेटी सुरक्षि का निधन, नेताओं ने व्यक्त किया दुख

    MP: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल की बेटी सुरक्षि का निधन, नेताओं ने व्यक्त किया दुख


    बैतूल।
    मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) भाजपा के अध्यक्ष (BJP president) और बैतूल विधायक (Betul MLA) हेमंत खंडेलवाल (Hemant Khandelwal) और उनकी पत्नी ऋतु खंडेलवाल की बेटी सुरभि (Daughter Surbhi) का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं और उनका अंतिम संस्कार शाम 5 बजे बैतूल में किया गया।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की बेटी एक स्पेशल चाइल्ड थीं और लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के तमाम नेताओं ने इस दुखद घटना को लेकर सोशल मीडिया पर अफसोस जताया है और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने के लिए प्रार्थना की है।

    प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, ‘भाजपा के माननीय प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल जी की सुपुत्री सुरभि खंडेलवाल का बीमारी के कारण निधन अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत को शांति तथा परिजनों को संबल प्रदान करें। ॐ शांति!’

    उधर केंद्रीय कृषि मंत्री और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताते हुए लिखा, ‘भारतीय जनता पार्टी, मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल जी की बेटी सुरभि खंडेलवाल के निधन का समाचार हृदय व्यथित करने वाला है। बेटी का जाना घर को सूना कर देता है। इस गहन दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं हेमंत जी और शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर बेटी की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति।’

    केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस बारे में दुख व्यक्त करते हुए लिखा, ‘मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष माननीय हेमंत खंडेलवाल जी की सुपुत्री सुरभि खंडेलवाल के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और मर्मांतक है। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएँ श्री हेमंत जी एवं समस्त शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस बारे में शोक जताते हुए लिखा, ‘मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल जी की सुपुत्री सुरभि खंडेलवाल जी के निधन का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करे। ॐ शांति।

    प्रदेश के कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट ने लिखा कि ‘भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल जी की सुपुत्री सुरभि खंडेलवाल जी के असामयिक निधन का समाचार सुनकर मन अत्यंत दुखी हैं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने परमधाम में स्थान व शोकाकुल परिवारजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति’

    प्रदेश के एक अन्य मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने बिटिया को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ‘भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल की सुपुत्री सुरभि खंडेलवाल के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। ईश्वर बिटिया की आत्मा को शांति दें एवं शोक संतप्त परिजनों को इस वज्रपात को सहने की शक्ति दें। ॐ शांति।’

    इंदौर के महापौर पुष्य मित्र भार्गव ने लिखा, ‘भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल जी की सुपुत्री सुरभि खंडेलवाल जी के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुःख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएँ श्री हेमंत खंडेलवाल जी एवं समस्त शोकाकुल परिवार के साथ हैं। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति’

  • अगर हम बोलने लगेंगे तो…' अजित पवार के हफ्ताखोरी वाले आरोप पर BJP प्रदेश अध्यक्ष का पलटवार

    अगर हम बोलने लगेंगे तो…' अजित पवार के हफ्ताखोरी वाले आरोप पर BJP प्रदेश अध्यक्ष का पलटवार


    नई दिल्ली । महाराष्ट्र में जैसे जैसे नगर निगम चुनाव सामने आ रहे हैं वैसे-वैसे राजनीतिक गठबंधन की जड़ें हिलती दिख रही है. ताजा बयान बाजी महायुति में शामिल एनसीपी की ओर से आया है. कोई और नहीं बल्कि खुद NCP अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने बीजेपी पर ही आरोप लगा दिए हैं.

    एनसीपी अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने पुणे के पिंपरी चिंचवड़ इलाके में बीजेपी पर करप्शन और हफ्ताखोरी के गंभीर आरोप लगाए हैं. महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार ने कहा बीजेपी ने पिंपरी चिंचवड़ इलाके में जम कर पैसे लूटे. उन्होंने कहा कि बीजेपी हफ्ताखोरी करती है मेरे पास सबूत है. मुझ पर भी 70000 करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया गया था और जिन्होंने आरोप लगाया मैं उन्हीं के साथ बैठा हूं. क्या वे सब आज मेरे साथ हैं या नहीं? मुझे बताओ…

    बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र चव्हाण की कड़ी प्रतिक्रिया
    अजीत पवार के आरोपों पर बीजेपी ने तुरंत पलटवार किया है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र चव्हाण ने कहा कि अगर बीजेपी बोलने लगी तो अजीत पवार मुश्किल में पड़ जाएंगे. उन्होंने कहा कि अजीत पवार को पहले अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए. रविन्द्र चव्हाण ने आरोपों को चुनावी समय में दिया गया बयान बताया और इसे पूरी तरह अनुचित करार दिया.

    संबंधित एजेंसियों के पास जाना चाहिए था- रविन्द्र चव्हाण
    रविन्द्र चव्हाण ने कहा कि अजित पवार जैसा अनुभवी नेता अगर गंभीर आरोप लगाता है तो उसे मीडिया में बयानबाजी करने के बजाय संबंधित एजेंसियों के पास जाना चाहिए था. आईएएनएस के अनुसार उन्होंने कहा कि यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली पार्टी पर है. चव्हाण ने चेतावनी दी कि आरोप प्रत्यारोप की मर्यादा तय होनी चाहिए क्योंकि पलटवार हुआ तो अजीत पवार को ही ज्यादा परेशानी होगी.