Tag: Cash Robbery

  • परिवार के बाहर जाते ही सूना घर बना निशाना, गहने और नकदी लेकर फरार चोर

    परिवार के बाहर जाते ही सूना घर बना निशाना, गहने और नकदी लेकर फरार चोर


    सतना  सतना शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। कोलगवां थाना क्षेत्र में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने दो सूने घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

    पहली घटना शुक्ला बर्दाडीह इलाके में रहने वाले एक ऑटोमोबाइल कंपनी के मैनेजर शैलेंद्र सिंह बघेल के घर हुई। घटना के समय शैलेंद्र सिंह जबलपुर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे मायके में थे। घर पूरी तरह सूना होने का फायदा उठाकर बदमाश रात के अंधेरे में पहुंचे और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने घर के कमरों को खंगालते हुए अलमारी का लॉक तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर, नगदी और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।

    सुबह पड़ोसियों को घर का ताला टूटा दिखाई दिया तो उन्होंने तुरंत शैलेंद्र सिंह को सूचना दी। खबर मिलते ही वे जबलपुर से सतना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

    इसी रात दूसरी वारदात भी शुक्ला बर्दाडीह इलाके में तलैया के पास रहने वाली शिवकली त्रिपाठी के घर में हुई। शिवकली अपने मायके कुआं गांव गई हुई थीं, जबकि उनके दोनों बेटे भोपाल में रहते हैं। सूने मकान का फायदा उठाते हुए चोर घर में घुस गए और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 75 हजार रुपए नकद और लगभग 3 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

    रविवार सुबह जब शिवकली घर लौटीं तो घर का सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।

    एक ही रात में दो बड़ी चोरियों की घटना ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था कमजोर रहती है, जिसका फायदा बदमाश उठा रहे हैं।

    फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

  • तवानगर जंगल में लुटेरों का एक घंटे का आतंक: आदिवासी दंपति और ग्रामीण से छीने मोबाइल व नकदी, पुलिस ने 6 घंटे में पकड़ा

    तवानगर जंगल में लुटेरों का एक घंटे का आतंक: आदिवासी दंपति और ग्रामीण से छीने मोबाइल व नकदी, पुलिस ने 6 घंटे में पकड़ा


    नर्मदापुरमर। नर्मदापुरम के तवानगर के जंगल में शुक्रवार शाम घोघरी और बटकुई के पास तीन लुटेरों ने एक घंटे में दो अलग-अलग लूट की घटनाओं को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैला दी। आदिवासी दंपति और एक अन्य ग्रामीण से कुल 6 हजार रुपए और दो मोबाइल छीने गए।

    जानकारी के अनुसार, फरियादी साहब लाल भूसारे अपनी पत्नी फूलवती के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। घोघरी के छिपीखापा रोड पर जंगल में तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उनका मोबाइल व नगदी छीनकर भाग गए। कुछ देर बाद शाम 7 बजे, रामेश्वर निवासी घोघरी को भी रोककर उसके पास से 500 रुपए और मोबाइल छीना गया।

    जैसे ही घटना की सूचना ग्रामीणों और तवानगर थाने तक पहुंची, थाना प्रभारी संजय पांडे और उनकी टीम ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। तत्परता और ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने 6 घंटे के भीतर संदिग्ध दो युवकों को पकड़ लिया, जिनसे पूछताछ जारी है।

    एसपी सांई कृष्णा थोटा ने बताया कि दोनों लूट की वारदात तवानगर थाना क्षेत्र में हुई है और जल्द ही मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।

    ग्रामीणों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और बताया कि जंगल में सुरक्षा के इंतजामों को और कड़ा करने की आवश्यकता है।