Tag: Central Delhi Kings

  • सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने फिर दिखाया दम ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 30 रन से हराकर अंकतालिका में मजबूत की बादशाहत

    सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने फिर दिखाया दम ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 30 रन से हराकर अंकतालिका में मजबूत की बादशाहत


    नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स का शानदार अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में किंग्स ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 30 रन से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में अपनी आठवीं जीत दर्ज की। इस जीत के साथ सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने अंकतालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। टीम ने अब तक खेले 9 मुकाबलों में 8 जीत हासिल की हैं और वह शीर्ष स्थान पर मजबूती से बनी हुई है। दूसरी ओर ईस्ट दिल्ली राइडर्स के लिए यह मुकाबला बेहद निराशाजनक रहा। सीजन में छठी हार के साथ उसकी खिताबी दौड़ खत्म हो गई है।

    टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहले ही ओवर में अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं और महज 14 रन के स्कोर तक किंग्स ने अपना तीसरा विकेट भी खो दिया। शुरुआती झटकों के बाद केशव डबास और जोंटी सिद्धू ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों में 54 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम को संकट से बाहर निकालने का प्रयास किया।

    केशव डबास 18 रन बनाकर आउट हुए जबकि जोंटी सिद्धू ने 28 गेंदों में 41 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों के जाने के बाद एक बार फिर किंग्स की पारी लड़खड़ाती नजर आई। हालांकि आदित्य भंडारी ने जिम्मेदारी संभाली और मनी ग्रेवाल के साथ 38 रन की साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने वंश बेदी के साथ भी 32 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। मनी ग्रेवाल ने 11 रन जबकि वंश बेदी ने 27 रन बनाए। सेंट्रल दिल्ली किंग्स की पूरी टीम 19.5 ओवर में 179 रन पर सिमट गई।

    ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से कप्तान सिमरजीत सिंह और रोहित यादव ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन तीन विकेट हासिल किए। आशीष मीणा रौनक वाघले और मयंक रावत को एक एक विकेट मिला। 180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट दिल्ली राइडर्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। पारी की पांचवीं गेंद पर वंश मेहरा केवल एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सुजल सिंह और अर्पिण राणा ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 30 रन जोड़े। सुजल 11 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए और अगली ही गेंद पर अरुण पुंडीर ने उदय चावला को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया।

    सिर्फ 32 रन के स्कोर तक ईस्ट दिल्ली राइडर्स अपने तीन विकेट गंवा चुकी थी। यहां से अर्पिण राणा ने पारी को संभाला और मयंक रावत तथा सूर्यांश रैना के साथ उपयोगी साझेदारियां कीं। अर्पिण ने 26 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 25 रन बनाए। इसके बाद अंकित कुमार ने मोर्चा संभालते हुए सूर्यांश रैना के साथ छठे विकेट के लिए 23 रन और रौनक वाघले के साथ सातवें विकेट के लिए 20 रन की साझेदारी की। सूर्यांश रैना ने 38 रन का योगदान दिया लेकिन उनकी कोशिशें टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकीं।

    ईस्ट दिल्ली राइडर्स निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 149 रन ही बना सकी और उसे 30 रन से हार का सामना करना पड़ा। सेंट्रल दिल्ली किंग्स की ओर से गवनीश खुराना ने तीन विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की जबकि अरुण पुंडीर ने दो विकेट हासिल किए। इस जीत के साथ किंग्स ने जहां अंकतालिका में अपनी पकड़ मजबूत की वहीं ईस्ट दिल्ली राइडर्स की खिताबी उम्मीदों पर भी विराम लग गया। वहीं न्यू दिल्ली टाइगर्स भी अंतिम चार की दौड़ से बाहर हो गई है। अब टूर्नामेंट के अगले मुकाबलों में प्लेऑफ की तस्वीर और साफ होती जाएगी।

  • 6 छक्के और 9 चौकों से मचाई तबाही, युगल सैनी की 91 रन की आतिशी पारी से सेंट्रल दिल्ली की रोमांचक जीत

    6 छक्के और 9 चौकों से मचाई तबाही, युगल सैनी की 91 रन की आतिशी पारी से सेंट्रल दिल्ली की रोमांचक जीत


    नई दिल्ली । दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को 4 विकेट से हरा दिया। दोनों टीमों के बीच खेले गए लीग के 19वें मुकाबले में रनों की जमकर बारिश हुई। साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 2 गेंद शेष रहते 6 विकेट गंवाकर 221 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की इस जीत के सबसे बड़े नायक युगल सैनी रहे जिन्होंने दबाव के बीच 45 गेंदों में 91 रन की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

    221 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। कप्तान यश धुल महज एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद सिद्धार्थ जून ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की और 14 गेंदों में 26 रन बनाए लेकिन अपनी पारी को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। जोंटी सिद्धू ने भी 13 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 24 रन की तेज पारी खेली। शुरुआती झटकों के बीच केशव डब्बास ने पारी को संभालने की कोशिश की और 27 गेंदों में 39 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा।

    इसके बाद नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए युगल सैनी ने पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और साउथ दिल्ली के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाया। युगल ने सिर्फ 45 गेंदों में 91 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 9 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट लगाते हुए सेंट्रल दिल्ली को लक्ष्य के बेहद करीब पहुंचा दिया। युगल सैनी अपने शतक से महज 9 रन दूर रह गए और उनकी पारी खत्म होने के बावजूद टीम ने मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी।

    अंत में वंश बेदी ने तेजी से रन बनाते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। उन्होंने केवल 13 गेंदों का सामना किया और 4 चौकों की मदद से नाबाद 21 रन बनाकर सेंट्रल दिल्ली की जीत सुनिश्चित कर दी। साउथ दिल्ली की ओर से अंशुमन हुड्डा सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 3 विकेट हासिल किए, लेकिन सेंट्रल दिल्ली के बल्लेबाजों को लक्ष्य तक पहुंचने से नहीं रोक सके।

    इससे पहले साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने टॉस के बाद बल्लेबाजी करते हुए 220 रन का मजबूत स्कोर बनाया था। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अनमोल शर्मा केवल 6 रन बनाकर आउट हो गए। सनत सांगवान ने 23 गेंदों में 38 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। कप्तान आयुष बदोनी ने भी आक्रामक बल्लेबाजी की और केवल 25 गेंदों में 44 रन ठोक दिए। उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के लगाए। प्रणव पंत ने 19 गेंदों में 29 रन बनाकर टीम के स्कोर को गति दी।

    साउथ दिल्ली के लिए सबसे विस्फोटक पारी तेजस्वी दहिया ने खेली। उन्होंने महज 31 गेंदों में 69 रन की आतिशी पारी खेली। तेजस्वी ने इस दौरान 8 छक्के और एक चौका लगाया। उनके लगातार बड़े शॉट्स ने सेंट्रल दिल्ली के गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा दिया। करन गर्ग ने भी आखिरी ओवरों में तेजी से रन जोड़े और 9 गेंदों में नाबाद 19 रन बनाकर टीम को 220 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

    गेंदबाजी में सेंट्रल दिल्ली की ओर से मनी ग्रेवाल ने 26 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। गवनीश खुराना ने भी 2 विकेट अपने नाम किए। इसके बावजूद साउथ दिल्ली के बल्लेबाजों ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाकर मजबूत स्कोर खड़ा किया। लेकिन युगल सैनी की धमाकेदार बल्लेबाजी के सामने यह लक्ष्य भी छोटा साबित हुआ और सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से जीत दर्ज कर ली।