Tag: Cylinder Blast

  • यूपी: रेलवे के ट्रैक मेंटेनेंस कोच में लगी भीषण आग, धमाके के साथ फटा सिलिंडर, एक घायल

    यूपी: रेलवे के ट्रैक मेंटेनेंस कोच में लगी भीषण आग, धमाके के साथ फटा सिलिंडर, एक घायल


    फिरोजाबाद।
    शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के मालगोदाम के पास शनिवार दोपहर ट्रैक मेंटेनेंस के लिए खड़े कोच में अचानक आग लग गई। कोच में रखी मशीन से शुरू हुई आग कुछ ही देर में विकराल हो गई। आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं। इसी दौरान करीब 1:25 बजे कोच के अंदर रखा सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है।

    घटना दोपहर करीब 1 बजे शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास मालगोदाम की शंटिंग लाइन पर हुई। यहां ट्रैक की मरम्मत और रखरखाव के लिए कई कोच खड़े थे। इनमें से एक कोच में रखी मशीन में अचानक आग लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे कोच को अपनी चपेट में ले लिया।

    सिलिंडर फटते ही मची भगदड़
    आग बुझाने और राहत कार्य में जुटे पुलिसकर्मी, रेलवे कर्मचारी और मौके पर मौजूद अन्य लोग सिलिंडर फटने के बाद घबरा गए। तेज धमाके की आवाज सुनते ही वहां भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाकर सुरक्षित स्थान की ओर भागे।

    घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। अब तक दमकल की तीन टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है।

    प्रयागराज डिवीजन के अधिकारी ले रहे जानकारी
    आग लगने की घटना के बाद रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रयागराज डिवीजन के रेलवे अधिकारी लगातार घटनास्थल की जानकारी ले रहे हैं। आग लगने के कारणों और नुकसान का अभी विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

    सिलिंडर फटने से एक व्यक्ति के घायल होने की पुष्टि हुई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही घटना में हुए नुकसान और आग लगने की वास्तविक वजह की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

  • सिलेंडर ब्लास्ट से दहला खजुराहो, परिवार का घर मलबे में तब्दील, प्रशासन से मदद की गुहार

    सिलेंडर ब्लास्ट से दहला खजुराहो, परिवार का घर मलबे में तब्दील, प्रशासन से मदद की गुहार


    खजुराहो । मध्य प्रदेश के खजुराहो में एक जोरदार हादसे ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। राजनगर नगर परिषद के वार्ड नंबर 14 रानीपुरा में रहने वाले राजन कोरी के घर में अचानक गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि पल भर में उनका घर मलबे में बदल गया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके की तीव्रता से घर का पक्का लेंटर गिर गया, दीवारें ढह गईं और लोहे का गेट भी फटकर दूर जा गिरा। हालांकि हादसे के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित दूरी पर थे, इसलिए किसी की जान नहीं गई। लेकिन घर का पूरा सामान, छत और संरचना पूरी तरह नष्ट हो गई है।

    घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचित किया। पीड़ित परिवार ने आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग करते हुए प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है, ताकि वे फिर से अपना घर बना सकें।

    परिवार के सदस्य मजदूरी और कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। उन्होंने पिछले चार-पांच सालों में अपनी मेहनत से यह घर बनाया था। सिलेंडर ब्लास्ट ने उनकी मेहनत को पल भर में नष्ट कर दिया। परिवार के लिए यह घटना मानसिक और आर्थिक दोनों रूप से चुनौतीपूर्ण साबित हो रही है।

    स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियों से उम्मीद है कि पीड़ित परिवार को जल्द ही मदद और राहत प्रदान की जाएगी, ताकि वे अपने घर और जीवन को फिर से व्यवस्थित कर सकें।