Tag: Delhi Capitals

  • WPL 2026 Points Table: आरसीबी की धमाकेदार एंट्री सीधे फाइनल में, डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस बाहर

    WPL 2026 Points Table: आरसीबी की धमाकेदार एंट्री सीधे फाइनल में, डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस बाहर

    नई दिल्ली । वुमेंस प्रीमियर लीग WPL 2026 का लीग चरण रोमांच उलटफेर और हैरान करने वाले नतीजों के साथ समाप्त हो चुका है। आठ-आठ मुकाबले खेलने के बाद अब टूर्नामेंट अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है जहां सिर्फ तीन टीमें खिताब की रेस में बची हैं जबकि दो टीमों का सफर यहीं खत्म हो गया। इस सीजन की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर यह रही कि मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु RCB ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीधे फाइनल में प्रवेश कर लिया।

    लीग स्टेज में स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली आरसीबी ने शुरुआत से ही अपने इरादे साफ कर दिए थे। टीम ने 8 में से 6 मुकाबले जीतकर 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल किया। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार टेबल टॉपर टीम को सीधे फाइनल में खेलने का मौका मिलता है और इसी का फायदा आरसीबी को मिला। पूरे सीजन में टीम का संतुलन बल्लेबाजी की गहराई और गेंदबाजों का अनुशासित प्रदर्शन उसे बाकी टीमों से अलग बनाता नजर आया।

    दूसरे स्थान पर गुजरात जायंट्स की टीम रही जिसने 8 में से 5 मैच जीतकर 10 अंक जुटाए। गुजरात का प्रदर्शन भी काफी मजबूत रहा लेकिन टॉप पोजिशन से चूकने के कारण अब उसे फाइनल में पहुंचने के लिए एलिमिनेटर मुकाबला खेलना होगा। वहीं तीसरे नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम रही जिसने संघर्षपूर्ण सफर के बाद 4 जीत और 8 अंकों के साथ प्लेऑफ में जगह बनाई। दिल्ली की टीम भले ही उतनी लय में न दिखी हो लेकिन अहम मौकों पर जीत दर्ज कर उसने खुद को दौड़ में बनाए रखा।

    अब टूर्नामेंट का सबसे अहम करो या मरो मुकाबला गुजरात जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। एलिमिनेटर मैच 3 फरवरी को वडोदरा में आयोजित होगा। खास बात यह है कि लीग स्टेज में गुजरात ने दिल्ली को दोनों मुकाबलों में हराया था जिससे गुजरात का मनोबल ऊंचा रहेगा जबकि दिल्ली बदला लेने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

    इस सीजन की सबसे बड़ी निराशा मुंबई इंडियंस का बाहर होना रही। डिफेंडिंग चैंपियन होने के बावजूद मुंबई सिर्फ 3 मैच ही जीत पाई और 6 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही। वहीं यूपी वॉरियर्स की टीम भी 2 जीत और 4 अंकों के साथ आखिरी पायदान पर रही और प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई।

    अब सभी की नजरें एलिमिनेटर मुकाबले पर टिकी हैं क्योंकि उसकी विजेता टीम को 5 फरवरी को वडोदरा में होने वाले फाइनल में आरसीबी से भिड़ना होगा। सवाल यही है कि क्या आरसीबी इस बार अपने शानदार लीग प्रदर्शन को खिताब में बदल पाएगी या फिर एलिमिनेटर से निकलने वाली टीम फाइनल में उलटफेर करेगी।

  • WPL 2026 पॉइंट्स टेबल अपडेट: जीत का चौका लगाकर RCB प्लेऑफ के करीब, दिल्ली संकट में

    WPL 2026 पॉइंट्स टेबल अपडेट: जीत का चौका लगाकर RCB प्लेऑफ के करीब, दिल्ली संकट में

    नई दिल्ली।WPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का दबदबा लगातार बना हुआ है। स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली RCB ने टूर्नामेंट के 11वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर जीत का चौका लगाया। यह RCB की इस सीजन की लगातार चौथी जीत है और इसी के साथ टीम ने प्लेऑफ की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ा लिया है। खास बात यह है कि RCB टूर्नामेंट की शुरुआत से ही पॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर काबिज है।

    इस जीत के बाद RCB के खाते में 8 अंक हो गए हैं और टीम के ग्रुप स्टेज में अभी चार मुकाबले बाकी हैं। अगर RCB इनमें से सिर्फ एक मैच भी जीत लेती है, तो उसका प्लेऑफ टिकट लगभग पक्का हो जाएगा। इतना ही नहीं, स्मृति मंधाना की टीम की नजर सिर्फ क्वालिफिकेशन पर नहीं बल्कि टेबल टॉपर रहते हुए सीधे फाइनल में जगह बनाने पर भी टिकी हुई है।

    दिल्ली कैपिटल्स की बढ़ीं मुश्किलें
    वहीं जेमिमा रोड्रिग्स की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह हार बेहद भारी साबित हुई है। चार मैचों में यह उनकी तीसरी हार है, जिसके चलते टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे पहुंच गई है। अब दिल्ली के खाते में सिर्फ 2 अंक हैं और नेट रन रेट भी माइनस में चला गया है। ऐसे में आगे एक भी हार दिल्ली को टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर पहुंचा सकती है। अब हर मुकाबला दिल्ली के लिए करो या मरो जैसा हो गया है।

    मुंबई इंडियंस भी दबाव में
    हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस को भी यूपी वॉरियर्स के खिलाफ लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। पांच मैचों में यह MI की तीसरी हार है। हालांकि इसके बावजूद टीम 4 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर बनी हुई है, लेकिन उसकी स्थिति पूरी तरह सुरक्षित नहीं कही जा सकती। आने वाले मुकाबलों में मुंबई को भी हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

    WPL 2026 पॉइंट्स टेबल अब तक
    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु – 4 मैच, 4 जीत, 8 अंक
    मुंबई इंडियंस – 5 मैच, 2 जीत, 4 अंक
    गुजरात जायंट्स – 4 मैच, 2 जीत, 4 अंक
    यूपी वॉरियर्स – 5 मैच, 2 जीत, 4 अंक
    दिल्ली कैपिटल्स – 4 मैच, 1 जीत, 2 अंक

    कैसा रहा RCB बनाम DC मुकाबला?
    टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले में ही टीम ने अपने चार अहम विकेट गंवा दिए। हालांकि शैफाली वर्मा ने एक छोर संभालते हुए 62 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को संभाला। अंत में लूसी हैमिल्टन ने 19 गेंदों पर 36 रन बनाकर दिल्ली को 20 ओवर में 166 रन तक पहुंचाया।

    167 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB के लिए कप्तान स्मृति मंधाना ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 96 रनों की शानदार इनिंग खेली और अपने पहले WPL शतक से सिर्फ 4 रन दूर रह गईं। उनके साथ जॉर्जिया वोल ने 54 रनों की बेहतरीन पारी खेली। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हुई जिससे RCB ने 10 गेंद शेष रहते ही मैच अपने नाम कर लिया।RCB का यह प्रदर्शन साफ संकेत देता है कि टीम इस सीजन खिताब की सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभर रही है।