Tag: Delhi Tourism

  • 3 फरवरी से खुला राष्ट्रपति भवन का गार्डन, ‘अमृत उद्यान’ घूमने के लिए जान लें कहीं टिकट फ्री तो नहीं?

    3 फरवरी से खुला राष्ट्रपति भवन का गार्डन, ‘अमृत उद्यान’ घूमने के लिए जान लें कहीं टिकट फ्री तो नहीं?


    नई दिल्ली । दिल्ली घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए अमृत उद्यान एक खास आकर्षण है। पहले मुगल गार्डन कहलाने वाला यह उद्यान राष्ट्रपति भवन में स्थित है और हर साल सर्दियों में आम जनता के लिए खोला जाता है। यहां प्रवेश बिल्कुल मुफ्त है, बस ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जरूरी है। रंग-बिरंगे फूल, हरियाली और शांत माहौल इसे घूमने लायक बनाते हैं।
    देश की राजधानी दिल्ली में घूमने के लिए सिर्फ भारत के अलग-अलग राज्यों से ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। कुतुब मीनार, लाल किला जैसी ऐतिहासिक जगहों के साथ-साथ हर साल सर्दियों में खुलने वाला मुगल गार्डन भी लोगों को काफी पसंद आता है। अब मुगल गार्डन का नाम बदलकर अमृत उद्यान कर दिया गया है, जो राष्ट्रपति भवन के अंदर स्थित है।

    इस साल भी अमृत उद्यान को आम जनता के लिए खोल दिया गया है। यहां आप तय तारीखों के बीच सुबह से शाम तक घूम सकते हैं। अच्छी बात यह है कि अमृत उद्यान में प्रवेश बिल्कुल मुफ्त है। टिकट लेने के लिए आपको पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होता है, इसके बाद तय समय पर एंट्री मिलती है। खूबसूरत फूल, हरियाली और शांत माहौल के लिए अमृत उद्यान एक बेहतरीन जगह है। अगली स्लाइड्स में आप इसके बारे में और जानकारी जान सकते हैं।

    कब से कब तक खुलने वाला है अमृत उद्यान?
    आम जनता के लिए अमृत उद्यान 3 फरवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक खुला रहेगा।यह बगीचा हफ्ते में 6 दिन खुलेगा, जबकि सोमवार को बंद रहेगा।घूमने का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।आखिरी एंट्री शाम 5:15 बजे तक ही मिलेगी, उसके बाद प्रवेश नहीं होगा।

    अमृत उद्यान में क्या-क्या देख सकेंगे?
    यहां आपको अलग-अलग प्रजाति के खूबसूरत फूल देखने को मिलते हैं। बगीचे में 145 से ज्यादा किस्मों के गुलाब लगे हुए हैं।इसके अलावा 85 तरह के अन्य फूलों के पौधे भी हैं। रंग-बिरंगे ट्यूलिप लोगों को खासा आकर्षित करते हैं।साथ ही झरनों जैसी बहती पानी की धाराएं, छोटी नहरें और शांत माहौल वाला बरगद का बगीचा भी देखने लायक है।

    कितने का है टिकट और कहां से बुक करें?
    यहां एंट्री बिल्कुल मुफ्त है। लेकिन पहले से ऑनलाइन बुकिंग जरूरी है। आप आधिकारिक वेबसाइट visit.rashtrapatibhavan.gov.in से टिकट बुक कर सकते हैं। अमृत उद्यान पहुंचकर टिकट नहीं मिलता, इसलिए घर से ही बुकिंग करें।

    इन जरूरी बातों को भी जान लें
    यहां प्रवेश राष्ट्रपति भवन के गेट नंबर 35 से होगा।होली के दिन अमृत उद्यान बंद रहेगा।एंट्री बिल्कुल मुफ्त है, लेकिन ऑनलाइन बुकिंग जरूरी है।अमृत उद्यान में लगे क्यूआर कोड स्कैन करके फूलों और पौधों की जानकारी ले सकते हैं।

    कैसे पहुंच सकते हैं यहां?
    अमृत उद्यान पहुंचने के लिए सबसे आसान तरीका मेट्रो है। आप सेंट्रल सेक्रेटेरिएट या उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं। यहां से ऑटो, ई-रिक्शा या टैक्सी लेकर राष्ट्रपति भवन गेट नंबर 35 तक पहुंचा जा सकता है। बस से आने वालों के लिए भी आसपास कई रूट उपलब्ध हैं। अगर आप अपनी गाड़ी से आ रहे हैं तो पार्किंग की जानकारी पहले ऑनलाइन जांच लें। सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाता है, इसलिए समय से पहुंचना बेहतर रहता है।

  • सर्दियों में दिल्ली का अलग ही रंग! घूमने के लिए ये हैं राजधानी की टॉप 5 जगहें, एक भी मिस मत करना

    सर्दियों में दिल्ली का अलग ही रंग! घूमने के लिए ये हैं राजधानी की टॉप 5 जगहें, एक भी मिस मत करना


    नई दिल्ली /देश की राजधानी दिल्ली सर्दियों के मौसम में एक अलग ही अंदाज़ में नजर आती है। ठंडी हवाएं, हल्की धूप और अपेक्षाकृत साफ माहौल दिल्ली को घूमने के लिए सबसे बेहतरीन बना देते हैं। दिसंबर से फरवरी के बीच न सिर्फ स्थानीय लोग बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक भी राजधानी की खूबसूरती का आनंद लेने पहुंचते हैं। इस मौसम में दिल्ली के पार्क, ऐतिहासिक स्थल और बाजार खास रौनक से भर जाते हैं। अगर आप भी सर्दियों में दिल्ली घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो ये पांच जगहें आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल होनी चाहिए।

    1. लोधी गार्डन – सुकून और हरियाली का ठिकाना

    सर्दियों में लोधी गार्डन दिल्लीवालों की पहली पसंद बन जाता है। यहां ठंडी हवा के बीच धूप में नहाते हरे-भरे पेड़, रंग-बिरंगे फूल और ऐतिहासिक मकबरे मन को सुकून देते हैं। सुबह की वॉक, योग या जॉगिंग के लिए यह जगह आदर्श है। वहीं, दिन चढ़ने के साथ परिवार और दोस्त पिकनिक मनाते नजर आते हैं। अगर आप शांति से बैठकर किताब पढ़ना चाहते हैं या प्रकृति के बीच वक्त बिताना चाहते हैं, तो लोधी गार्डन सर्दियों में सबसे बेहतर विकल्प है।

    2. इंडिया गेट – सर्द शामों का खास आकर्षण
    दिल्ली की पहचान माने जाने वाले इंडिया गेट की रौनक सर्दियों में और बढ़ जाती है। ठंडी शामों में यहां टहलना अपने आप में एक खास अनुभव होता है। आसपास हरी-भरी लॉन, बच्चों की चहल-पहल और स्ट्रीट फूड का मजा लोगों को खूब भाता है। फैमिली पिकनिक हो या दोस्तों के साथ समय बिताना, इंडिया गेट सर्दियों में हर किसी को अपनी ओर खींचता है।

    3. हौज खास विलेज – इतिहास और मॉडर्न लाइफ का मेल

    अगर आप इतिहास के साथ-साथ कैफे कल्चर और आर्ट स्पेस का आनंद लेना चाहते हैं, तो हौज खास विलेज सर्दियों में घूमने के लिए बेहतरीन जगह है। यहां स्थित ऐतिहासिक किला और झील ठंड के मौसम में बेहद खूबसूरत नजर आते हैं। झील के किनारे बैठकर धूप सेंकना और आसपास के कैफे में गर्म कॉफी या चाय का आनंद लेना सर्दियों का मजा दोगुना कर देता है। यह जगह युवाओं और कपल्स के बीच खासा लोकप्रिय है।

    4. सुंदर नर्सरी – शहर की भागदौड़ से राहत

    पिछले कुछ सालों में सुंदर नर्सरी दिल्ली के सबसे पसंदीदा पिकनिक स्पॉट्स में शामिल हो चुकी है। सर्दियों में यहां खिलते फूल, साफ-सुथरे रास्ते और शांत वातावरण पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। यह जगह परिवार, कपल्स और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां कुछ घंटे बिताकर आप शहर की भीड़-भाड़ से दूर सुकून महसूस कर सकते हैं।

    5. चांदनी चौक -स्वाद और संस्कृति का संगम

    दिल्ली की सर्दियां चांदनी चौक के बिना अधूरी मानी जाती हैं। यहां के गर्म पराठे, कचौड़ी, जलेबी और कुल्हड़ वाली चाय ठंड के मौसम का मजा दोगुना कर देते हैं। इसके अलावा, संकरी गलियों में घूमते हुए दिल्ली की पुरानी संस्कृति और इतिहास को करीब से देखने का मौका मिलता है। सर्दियों में यहां शॉपिंग करना भी खास अनुभव बन जाता है।सर्दियों में दिल्ली घूमना सिर्फ ट्रैवल नहीं, बल्कि एक यादगार अनुभव होता है। अगर आप इस मौसम में राजधानी आ रहे हैं, तो इन टॉप 5 जगहों को जरूर एक्सप्लोर करें और दिल्ली की सर्दियों का असली मजा लें।