Tag: Devara

  • चुट्टामल्ले गाने के डीपफेक वीडियो पर जाह्नवी का फूटा गुस्सा, NTR समेत इन सितारों को कहा शुक्रिया

    चुट्टामल्ले गाने के डीपफेक वीडियो पर जाह्नवी का फूटा गुस्सा, NTR समेत इन सितारों को कहा शुक्रिया


    नई दिल्ली। जाह्नवी कपूर इन दिनों अपने एक वायरल डीपफेक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेत्री और जूनियर एनटीआर की फिल्म देवरा के चर्चित गाने चुट्टामल्ले से जुड़ा एक फर्जी AI वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो को लेकर जूनियर एनटीआर पहले ही नाराजगी जाहिर कर चुके हैं और कानूनी कार्रवाई की बात कह चुके हैं। अब जाह्नवी कपूर ने भी इस मामले पर खुलकर अपनी बात रखी है। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट साझा करते हुए AI तकनीक के गलत इस्तेमाल और महिलाओं की सहमति को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।

    देवरा में जाह्नवी कपूर और जूनियर एनटीआर की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। फिल्म का चुट्टामल्ले गाना भी काफी लोकप्रिय हुआ था। इसी गाने से जुड़े एक AI से तैयार किए गए वीडियो में दोनों कलाकारों को गलत तरीके से दिखाया गया। वीडियो के वायरल होने के बाद जूनियर एनटीआर ने इस तरह की हरकत पर कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि वह इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की कोशिश करेंगे। इसके बाद इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने भी डीपफेक और महिलाओं को गलत तरीके से पेश करने के खिलाफ आवाज उठाई।

    जाह्नवी ने अपने बयान में AI तकनीक के दुरुपयोग को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि किसी महिला को उसकी अनुमति के बिना गलत तरीके से दिखाना या उसका फर्जी यौन कंटेंट तैयार करना उसकी सहमति और सम्मान का उल्लंघन है। अभिनेत्री ने इस पूरे मामले को केवल एक वायरल वीडियो तक सीमित नहीं माना बल्कि इसे महिलाओं के सामने मौजूद बड़ी सामाजिक समस्या से जोड़कर देखा।

    अभिनेत्री ने कंसेंट यानी सहमति को लेकर भी अपनी बात स्पष्ट की। उनका कहना है कि अगर कोई महिला किसी एक चीज के लिए अपनी सहमति देती है तो इसका अर्थ यह नहीं होता कि वह हर चीज के लिए सहमत है। किसी महिला का पहनावा भी किसी दूसरे व्यक्ति को उसकी तस्वीर लेने या उसके शरीर को अपनी मर्जी से देखने का अधिकार नहीं देता। जाह्नवी ने कहा कि महिला जहां सहज महसूस करती है और जहां अपनी सीमा तय करती है उस पर फैसला लेने का अधिकार उसी का होना चाहिए।

    अभिनेत्री ने यह भी कहा कि महिलाओं को परेशान करना उनका पीछा करना या उन्हें केवल एक वस्तु की तरह देखना कभी सही नहीं हो सकता। उन्होंने इस सोच में बदलाव की जरूरत बताई और कहा कि गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाना सभी की जिम्मेदारी है। जाह्नवी ने जूनियर एनटीआर को भी धन्यवाद दिया जिन्होंने इस मामले में मजबूती से अपनी आवाज उठाई।

    इसके साथ ही उन्होंने चिरंजीवी विजय देवरकोंडा और कृति सेनन समेत उन सितारों का भी आभार जताया जिन्होंने इस तरह के व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाई। जाह्नवी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब AI तकनीक से तैयार किए जाने वाले डीपफेक कंटेंट को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में चिंता बढ़ रही है। उनका कहना है कि महिलाओं की सहमति सम्मान और व्यक्तिगत सीमाओं को किसी भी तकनीक या मनोरंजन से ऊपर रखा जाना जरूरी है।

  • जान्हवी कपूर के ‘चुट्टमल्ले’ गाने का AI-मॉर्फ्ड वीडियो वायरल, जूनियर एनटीआर ने कानूनी कार्रवाई की दी चेतावनी

    जान्हवी कपूर के ‘चुट्टमल्ले’ गाने का AI-मॉर्फ्ड वीडियो वायरल, जूनियर एनटीआर ने कानूनी कार्रवाई की दी चेतावनी


    नई दिल्ली: अभिनेत्री जान्हवी कपूर एक बार फिर AI से बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। उनकी फिल्म ‘देवरा’ के गाने ‘चुट्टमल्ले’ का एक AI-मॉर्फ्ड वर्जन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में जान्हवी कपूर के चेहरे और लुक को डिजिटल तकनीक की मदद से बदला गया है और ऐसा कंटेंट तैयार किया गया है, जो मूल गाने का हिस्सा नहीं था। वीडियो सामने आने के बाद फिल्म में जान्हवी के साथ नजर आए जूनियर एनटीआर ने इस मामले पर कड़ी नाराजगी जताई और इसे लेकर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

    जूनियर एनटीआर ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए AI से तैयार किए गए इस मॉर्फ्ड वीडियो को बेहद आपत्तिजनक और शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान करने वाली संस्कृति में किसी महिला को इस तरह अपमानित करने के लिए AI का इस्तेमाल करना गंभीर मामला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में चुप नहीं बैठेंगे। जूनियर एनटीआर ने वीडियो बनाने वालों के साथ-साथ उसे फैलाने वालों के खिलाफ भी हर संभव कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस तरह के कंटेंट को न देखें, न शेयर करें और न ही उस पर किसी तरह का रिएक्शन या एंगेजमेंट करें।

    जूनियर एनटीआर ने AI के गलत इस्तेमाल को लेकर राज्य सरकारों और भारत सरकार से भी सख्त कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि AI के दुरुपयोग को रोकने के लिए कड़े नियम बनाए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आज इस तरह के मामले में कोई और व्यक्ति निशाना बन रहा है, लेकिन भविष्य में किसी की मां, बहन, पत्नी या बेटी भी इसका शिकार हो सकती है। उनका बयान AI तकनीक के गलत इस्तेमाल और इससे जुड़े आपत्तिजनक डिजिटल कंटेंट को लेकर चिंता के बीच सामने आया है।

    ‘चुट्टमल्ले’ फिल्म ‘देवरा’ का रोमांटिक गाना है, जिसमें जूनियर एनटीआर और जान्हवी कपूर नजर आए थे। गाने में दोनों किरदारों के बीच की केमिस्ट्री दिखाई गई है। इसे समुद्र और जंगलों की लोकेशन पर फिल्माया गया था और कहानी को महिला किरदार के नजरिए से दिखाया गया था। इस गाने को अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया, जबकि इसके बोल रामजोगय्या शास्त्री ने लिखे और शिल्पा राव ने इसे आवाज दी। इसकी कोरियोग्राफी बॉस्को मार्टिस ने की थी। गाना तमिल, हिंदी, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज हुआ था।

    फिल्म ‘देवरा’ में जूनियर एनटीआर ने डबल रोल निभाया था और देवरा तथा वरधा के किरदार में नजर आए थे। फिल्म में जान्हवी कपूर के अलावा सैफ अली खान, प्रकाश राज, श्रीकांत मेका, टॉम शाइन चाको और नारायण जैसे कलाकार भी शामिल थे। फिल्म 27 सितंबर 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसका निर्माण एनटीआर आर्ट्स और युवासुधा आर्ट्स के बैनर तले कोसाराजू हरि कृष्णा और सुधाकर मिक्किलिनेनी ने किया था, जबकि नंदमुरी कल्याण राम ने इसे प्रस्तुत किया था। फिल्म तेलुगु के अलावा तमिल, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी में रिलीज हुई थी। इसका अंत क्लिफहैंगर के साथ हुआ था।