Tag: Dhamaal 4

  • बॉक्स ऑफिस पर 124 करोड़ के पार अब OTT पर दस्तक देगी धमाल 4 सामने आई रिलीज को लेकर बड़ी जानकारी

    बॉक्स ऑफिस पर 124 करोड़ के पार अब OTT पर दस्तक देगी धमाल 4 सामने आई रिलीज को लेकर बड़ी जानकारी


    नई दिल्ली। अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म धमाल 4 सिनेमाघरों में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रही है। रिलीज के बाद से फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छी कमाई कर रही है और अब इसकी OTT रिलीज को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिल्म देखने से चूक गए दर्शक यह जानना चाहते हैं कि आखिर यह एडवेंचर कॉमेडी कब और किस प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी। हालांकि अभी तक निर्माताओं की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में इसकी संभावित OTT रिलीज को लेकर अहम जानकारी सामने आई है।

    रिपोर्ट्स के मुताबिक धमाल 4 के डिजिटल स्ट्रीमिंग अधिकार नेटफ्लिक्स के पास हैं और फिल्म इसी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो सकती है। मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए अधिकांश बड़ी हिंदी फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज होने के चार से छह सप्ताह बाद OTT पर आती हैं। इसी आधार पर माना जा रहा है कि यदि फिल्म का थिएटर प्रदर्शन सामान्य रहता है तो इसे अगस्त के अंतिम सप्ताह या सितंबर की शुरुआत में नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जा सकता है। हालांकि दर्शकों को अंतिम तारीख के लिए आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

    धमाल फ्रेंचाइजी की चौथी कड़ी में एक बार फिर अजय देवगन के साथ रितेश देशमुख अरशद वारसी और जावेद जाफरी की लोकप्रिय तिकड़ी नजर आ रही है। इनके अलावा अंजलि आनंद संजीदा शेख और रवि किशन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म में कॉमेडी के साथ एडवेंचर और मनोरंजन का तड़का लगाया गया है जिसने परिवार के साथ फिल्म देखने वाले दर्शकों को आकर्षित किया है।

    बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने मजबूत प्रदर्शन किया है। शुरुआती दस दिनों में फिल्म ने 124 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर लिया है। पहले सप्ताह के बाद भी इसकी कमाई स्थिर बनी हुई है जिससे संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में इसका कलेक्शन और बढ़ सकता है। यही वजह है कि निर्माता फिलहाल थिएटर रन का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं और इसके बाद ही OTT रिलीज की आधिकारिक घोषणा किए जाने की संभावना है।

    हालांकि फिल्म को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिला है लेकिन समीक्षकों की राय कुछ अलग रही। कई फिल्म समीक्षकों ने माना कि धमाल फ्रेंचाइजी की पहचान उसकी हल्की फुल्की कॉमेडी रही है लेकिन इस बार कहानी और हास्य शैली में अपेक्षित नया प्रयोग देखने को नहीं मिला। कुछ समीक्षकों ने कॉमेडी को पुराना बताया जबकि कुछ ने इसे पारिवारिक मनोरंजन के लिहाज से सफल फिल्म माना। इसके बावजूद दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन यह दिखाते हैं कि फिल्म ने अपनी अलग पहचान बनाने में सफलता हासिल की है।

    फिल्म का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है जो इससे पहले भी धमाल सीरीज की फिल्मों और कई सफल कॉमेडी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। उनकी शैली को पसंद करने वाले दर्शकों के लिए यह फिल्म एक बार फिर हल्के फुल्के मनोरंजन का पैकेज साबित हो रही है।

    जो दर्शक सिनेमाघरों में फिल्म नहीं देख पाए हैं उनके लिए OTT रिलीज एक अच्छा विकल्प होगी। हालांकि अभी तक रिलीज डेट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है इसलिए दर्शकों को निर्माताओं या स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म की औपचारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

  • दबंग 2 नहीं, 56 साल पुरानी है ‘फुलौरी बिना चटनी’ की कहानी, अब धमाल 4 में फिर गूंजेगी लोकधुन

    दबंग 2 नहीं, 56 साल पुरानी है ‘फुलौरी बिना चटनी’ की कहानी, अब धमाल 4 में फिर गूंजेगी लोकधुन


    नई दिल्ली । भोजपुरी लोकसंगीत की अमर धुन ‘फुलौरी बिना चटनी कैसे बनी’ एक बार फिर चर्चा में है। फिल्म ‘धमाल 4’ के नए गीत ‘चटनी’ में इस लोकप्रिय लोकधुन को रीक्रिएट किया गया है, जिसके बाद सोशल मीडिया से लेकर मनोरंजन जगत तक इसकी खूब चर्चा हो रही है। हालांकि अधिकांश लोग इस गीत को सलमान खान की फिल्म ‘दबंग 2’ से जोड़कर देखते हैं, लेकिन इसकी असली कहानी इससे कहीं ज्यादा पुरानी और दिलचस्प है। यह गीत करीब 56 साल पहले भोजपुरी लोकसंस्कृति से निकलकर कैरेबियन देशों तक पहुंचा और फिर वहां से पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाने में सफल रहा।

    ‘फुलौरी बिना चटनी कैसे बनी’ मूल रूप से एक पारंपरिक भोजपुरी लोकगीत है। फुलौरी एक लोकप्रिय पकवान है, जिसे आमतौर पर चटनी के साथ खाया जाता है। इसी वजह से गीत की पंक्ति ‘फुलौरी बिना चटनी कैसे बनी’ यह संदेश देती है कि कुछ चीजें एक-दूसरे के बिना अधूरी होती हैं। यही सरल लेकिन प्रभावी भाव इस गीत को आम लोगों से जोड़ता है।

    इतिहासकारों के अनुसार 19वीं सदी में भारत से त्रिनिदाद और टोबैगो सहित कई कैरेबियन देशों में गए गिरमिटिया मजदूर अपने साथ भोजपुरी भाषा, संस्कृति और लोकगीतों की विरासत भी लेकर गए थे। उन्हीं गीतों में ‘फुलौरी बिना चटनी कैसे बनी’ भी शामिल था। समय के साथ यह गीत वहां की स्थानीय संस्कृति का हिस्सा बन गया और पीढ़ी दर पीढ़ी गाया जाता रहा।

    इस गीत को वैश्विक पहचान दिलाने का सबसे बड़ा श्रेय प्रसिद्ध गायक सुंदर पोपो को जाता है। ‘किंग ऑफ चटनी म्यूजिक’ के नाम से मशहूर सुंदर पोपो ने वर्ष 1969 के आसपास भोजपुरी लोकधुनों को कैरेबियन संगीत और आधुनिक बीट्स के साथ जोड़कर नया प्रयोग किया। उनके गाए ‘फुलौरी बिना चटनी कैसे बनी’ ने जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। यही वह दौर था जब ‘चटनी म्यूजिक’ नाम की नई संगीत शैली दुनिया के सामने आई। भोजपुरी लोकसंगीत, भारतीय सुरों और कैरेबियन लय का यह अनोखा संगम लोगों को बेहद पसंद आया।

    भारत में इस गीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम बाबला और कंचन की मशहूर जोड़ी ने किया। 1980 के दशक में उनके द्वारा पेश किया गया संस्करण सुपरहिट साबित हुआ। बड़ी संख्या में भारतीय श्रोताओं ने पहली बार इसी वर्जन के जरिए इस गीत को सुना। इसके बाद भोजपुरी संगीत जगत ने भी इस धुन को भरपूर अपनाया। लोकगायिका कल्पना पटवारी समेत कई कलाकारों ने अपने-अपने अंदाज में इसे गाया और यह गीत भोजपुरी संस्कृति का एक तरह से फोक एंथम बन गया।

    बॉलीवुड भी इस लोकप्रिय धुन के आकर्षण से अछूता नहीं रहा। 1994 की फिल्म ‘घर की इज्जत’ में इसकी झलक दिखाई दी, लेकिन वर्ष 2012 में फिल्म ‘दबंग 2’ के जरिए इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम हुआ। ममता शर्मा और वाजिद अली की आवाज में आया यह संस्करण देशभर में हिट साबित हुआ और आज भी लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है।

    अब एक बार फिर यह ऐतिहासिक धुन फिल्म ‘धमाल 4’ के जरिए दर्शकों के सामने लौट रही है। हाल ही में रिलीज हुए ‘चटनी’ गीत में रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी और अंजलि देशपांडे मस्ती भरे अंदाज में नजर आ रहे हैं। गीत को आधुनिक संगीत के साथ पेश किया गया है, लेकिन इसकी लोकधुन आज भी वैसी ही ताजगी और अपनापन लिए हुए है।

    भोजपुरी गांवों से शुरू होकर कैरेबियन देशों तक और फिर बॉलीवुड की चमकदार दुनिया तक पहुंचने वाला ‘फुलौरी बिना चटनी कैसे बनी’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारतीय लोकसंस्कृति की वैश्विक यात्रा का प्रतीक है। यही वजह है कि बदलते दौर, बदलती पीढ़ियों और नए संगीत ट्रेंड्स के बावजूद इस गीत का जादू आज भी कायम है।

  • अजय देवगन ने टाली ‘धमाल 4’ की रिलीज, अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ को मिला बड़ा फायदा

    अजय देवगन ने टाली ‘धमाल 4’ की रिलीज, अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ को मिला बड़ा फायदा

    नई दिल्ली ।  अक्सर देखा जाता है कि कई फिल्में एक ही वक्त पर सिनेमाघरों में रिलीज हो जाती हैं, इससे दोनों ही फिल्मों के बिजनेस पर गहरा असर पड़ता है। यही नहीं मेकर्स फिल्मों के क्लैश को लेकर आलोचना का सामना भी करते हैं। इसलिए जब ऐसी टक्करों से बचा जाता है, तो यह सभी लोगों के लिए खुशी की बात होती है। इसका ताजा उदाहरण अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ और अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ है।
    बदल गई ‘धमाल 4’ की रिलीज डेट
    ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक ट्वीट कर जानकारी दी है कि अजय देवगन ने अपनी फिल्म ‘धमाल 4′ की रिलीज डेट बदल दी है। तरण ने अपने ट्वीट में लिखा, ”धमाल 4’ – ‘वेलकम टू द जंगल’: अजय देवगन – अक्षय कुमार का क्लैश टल गया… आपसी सम्मान और स्मार्ट बिजनेस प्लानिंग के तहत, अजय देवगन ने ‘धमाल 4′ की रिलीज डेट 17 जुलाई 2026 जो [पहले 3 जुलाई, 2026 को तय थी] उसे बदलने का फैसला किया है।’

    अजय के फैसले से मिलेगा अक्षय को फायदा

    तरण ने आगे लिखा, ‘खबर है कि अजय देवगन और अक्षय कुमार ने बात की और आपसी सहमति से दोनों फिल्मों – ‘धमाल 4’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ को उतना ही थिएटर में चलने दिया, जितना वे डिजर्व करती हैं। साथ ही यह भी पक्का किया कि ऑडियंस को दो फुल-स्केल मैडकैप एंटरटेनर उसी तरह देखने को मिलें, जैसा उन्हें बड़े पर्दे पर देखने का मकसद है। जहां ‘वेलकम टू द जंगल’ 26 जून, 2026 को सिनेमाघरों में आएगी, वहीं ‘धमाल 4′ अब 17 जुलाई 2026 को रिलीज होगी, जिससे WTTJ को बॉक्स ऑफिस पर तीन हफ्ते का अच्छा विंडो मिलेगा।’ अब ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘धमाल 4’ दोनों को लेकर ऑडियंस के बीच एक्साइटमेंट और बढ़ गई है। दोनों फ्रेंचाइजी पहले भी ऑडियंस को एंटरटेन कर चुकी हैं और इस बार भी मेकर्स बड़े लेवल पर फिल्मों को तैयार कर रहे हैं।
    ‘भूत बंगला’ से चर्चा में हैं अक्षय कुमार
    अक्षय कुमार इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर खबरों में बने हुए हैं। इस फिल्म के साथ अक्षय ने एक बार फिल्ममेकर प्रियदर्शन के साथ हाथ मिलाया है। इनकी जोड़ी ने हमेशा ही पर्दे पर कमाल किया है। ‘भूत बंगला’ 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने 29 दिनों में भारत में करीब 165 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर लिया है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ परेश रावल, राजपाल यादव, असरानी, तब्बू और वामिका गब्बी जैसे कलाकारों ने अहम रोल अदा किया है।