Tag: Dharma Productions

  • राधा-कृष्ण की कहानी पर करण जौहर का बड़ा दांव! सचिन रवि संभालेंगे निर्देशन और लेखन की कमान

    राधा-कृष्ण की कहानी पर करण जौहर का बड़ा दांव! सचिन रवि संभालेंगे निर्देशन और लेखन की कमान


    नई दिल्ली । करण जौहर अब अपनी फिल्मों के रोमांस और फैमिली ड्रामा से आगे बढ़कर एक ऐसी कहानी बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी में हैं जिसमें प्रेम के साथ भक्ति और भावनाओं का गहरा मेल देखने को मिलेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक करण जौहर का प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शन्स राधा और कृष्ण की प्रेम कहानी पर फिल्म बनाने की तैयारी कर रहा है। इस प्रोजेक्ट का संभावित नाम फिलहाल राधा कृष्ण बताया जा रहा है और फिल्म के विकास का काम काफी आगे बढ़ चुका है।

    इस फिल्म की सबसे खास बात इसके विषय के साथ साथ इसका निर्देशन भी हो सकता है। रिपोर्ट के अनुसार फिल्ममेकर सचिन रवि को इस बड़े प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन भी कर सकते हैं। हालांकि अभी फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि करण जौहर राधा और कृष्ण की भूमिकाओं के लिए किन कलाकारों को चुनते हैं।

    करण जौहर लंबे समय से भारतीय संस्कृति और प्रेम की इस चर्चित कहानी को बड़े पर्दे पर लाने की इच्छा रखते थे। बताया जा रहा है कि उन्हें अब ऐसी कहानी मिली है जो इस विषय की भावनात्मक गहराई और पौराणिक महत्व के साथ न्याय कर सकती है। यही वजह है कि धर्मा प्रोडक्शन्स इस फिल्म को सामान्य रोमांटिक फिल्म के बजाय बड़े स्तर पर बनाने की तैयारी कर रहा है।

    फिल्म में राधा और कृष्ण के प्रेम को कहानी का मुख्य केंद्र रखा जा सकता है। इसके साथ ही कृष्ण के जन्म से लेकर कंस के वध तक की महत्वपूर्ण घटनाओं को भी कहानी का हिस्सा बनाए जाने की चर्चा है। ऐसे में फिल्म में रोमांस के अलावा इमोशन ड्रामा संघर्ष और ट्रेजेडी का भी मजबूत मेल देखने को मिल सकता है। अगर यह प्रोजेक्ट अपनी योजना के मुताबिक बनता है तो दर्शकों को पौराणिक कथा का एक भव्य सिनेमाई रूप देखने को मिल सकता है।

    सचिन रवि की बात करें तो वह कन्नड़ सिनेमा में अपने अलग अंदाज के लिए पहचाने जाते हैं। साल 2019 में रिलीज हुई फैंटेसी एडवेंचर कॉमेडी फिल्म अवने श्रीमननारायण के निर्देशन के लिए उन्हें खास पहचान मिली। निर्देशन से पहले सचिन रवि बतौर एडिटर भी काम कर चुके हैं। किरिक पार्टी उलिदावरु कंदन्थे और सिंपल अगि ओंध लव स्टोरी जैसी फिल्मों की एडिटिंग से भी उनका नाम जुड़ा रहा है।

    फिलहाल धर्मा प्रोडक्शन्स की तरफ से राधा कृष्ण फिल्म को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए स्टारकास्ट रिलीज डेट और शूटिंग से जुड़ी जानकारी का इंतजार करना होगा। अगर करण जौहर इस प्रोजेक्ट को बड़े स्तर पर पर्दे पर उतारते हैं तो यह धर्मा प्रोडक्शन्स की अब तक की फिल्मों से काफी अलग और महत्वाकांक्षी कोशिश साबित हो सकती है।

  • करण जौहर का धर्मा प्रोडक्शंस करेगा गुजराती सिनेमा में डेब्यू, इस फिल्म से करेगें शुरुवात

    करण जौहर का धर्मा प्रोडक्शंस करेगा गुजराती सिनेमा में डेब्यू, इस फिल्म से करेगें शुरुवात



    नई दिल्ली(New Delhi)
    ।
    बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर करण जौहर का प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शंस अब हिंदी सिनेमा के साथ-साथ क्षेत्रीय फिल्मों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रहा है। इस बार कंपनी गुजराती फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू करने की तैयारी में है।

    धर्मा प्रोडक्शंस ने वार्ताकार फिल्म्स के साथ साझेदारी की है और दोनों मिलकर अपकमिंग फिल्म ‘ज़िंदगी वन्स मोर’ पर काम कर रहे हैं। इस फिल्म को धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि इसका निर्माण वार्ताकार फिल्म्स ने किया है। फिल्म का निर्देशन जयमिन ने किया है और इसे वासु ढोलकिया ने प्रोड्यूस किया है।

    फिल्म ‘ज़िंदगी वन्स मोर’ में सिद्धार्थ रंदेरिया मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि आरती पटेल भी अहम किरदार में नजर आएंगी। यह फिल्म 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।

    कहानी की बात करें तो यह एक भावनात्मक ड्रामा है, जो पिता और पुत्र के रिश्ते पर आधारित है। फिल्म इस सच्चाई को उजागर करती है कि बच्चे अक्सर अपने पिता के अतीत और उनके जीवन के संघर्षों को पूरी तरह समझ नहीं पाते। इसे फादर्स डे वीकेंड से पहले रिलीज किया जाएगा, जिससे इसकी भावनात्मक अपील और बढ़ जाती है।

    यह फिल्म जयमिन के निर्देशन में पहली फिल्म होगी। वहीं स्क्रीनप्ले दीप ढोलकिया ने लिखा है, जो इस फिल्म के साथ-साथ अभिनय के क्षेत्र में भी डेब्यू कर रहे हैं। उनके साथ जाह्नवी ढकन भी स्क्रीन पर नजर आएंगी।

    धर्मा प्रोडक्शंस के सीईओ अपूर्व मेहता ने कहा कि अच्छी कहानियों की कोई भाषा सीमा नहीं होती और गुजराती फिल्म इंडस्ट्री में इस समय रचनात्मकता और दर्शकों का मजबूत समर्थन देखने को मिल रहा है। इसी वजह से कंपनी इस क्षेत्रीय सिनेमा का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित है।

  • ऑस्कर 2026 की दौड़ में भारत की मजबूत दस्तक, नीरज घेवन की ‘होमबाउंड’ ने रचा इतिहास

    ऑस्कर 2026 की दौड़ में भारत की मजबूत दस्तक, नीरज घेवन की ‘होमबाउंड’ ने रचा इतिहास


    नई दिल्ली/भारतीय सिनेमा के लिए यह पल गर्व और उत्साह से भरा हुआ है। मशहूर फिल्ममेकर नीरज घेवन की फिल्म होमबाउंड ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए ऑस्कर 2026 की बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी की शॉर्टलिस्ट में अपनी जगह पक्की कर ली है। 98वें अकादमी अवॉर्ड्स के लिए भेजी गई 86 देशों की आधिकारिक एंट्री में से चयनित होकर होमबाउंड अब उन 15 फिल्मों में शामिल हो गई है, जो फाइनल नॉमिनेशन की रेस में हैं। यह उपलब्धि न सिर्फ फिल्म की टीम के लिए, बल्कि पूरे भारतीय फिल्म उद्योग के लिए बेहद खास मानी जा रही है। बीते कुछ वर्षों में भारतीय फिल्मों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है और होमबाउंड इस परंपरा को और आगे बढ़ाती नजर आ रही है।

    अकादमी की आधिकारिक घोषणा

    अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज AMPAS ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी की शॉर्टलिस्ट जारी की। अकादमी के अनुसार, इस साल 86 देशों और क्षेत्रों की फिल्मों को इस श्रेणी में पात्र माना गया था। शुरुआती वोटिंग प्रक्रिया के बाद 15 फिल्मों को अगले राउंड के लिए चुना गया है। अब अकादमी के सभी ब्रांच के सदस्य इन फिल्मों को देखेंगे और वोटिंग के जरिए अंतिम नॉमिनेशन तय किए जाएंगे।

    होमबाउंड की कहानी और अभिनय की ताकत

    होमबाउंड एक गहरी और भावनात्मक कहानी को पर्दे पर उतारती है। फिल्म दो बचपन के दोस्तों-शोएब और चंदन-के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनका सपना पुलिस फोर्स में भर्ती होकर अपनी जिंदगी को एक नई दिशा देना है। हालात, सामाजिक दबाव और निजी संघर्ष उनकी दोस्ती और फैसलों की परीक्षा लेते हैं।फिल्म में ईशान खट्टर और विशाल जेठवा ने दमदार अभिनय किया है, जबकि जान्हवी कपूर का किरदार कहानी में भावनात्मक संतुलन और संवेदनशीलता जोड़ता है। नीरज घेवन की निर्देशन शैली कहानी को यथार्थ और मानवीय बनाती है, जो दर्शकों को गहराई से जोड़ती है।
    अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में पहले ही मिली पहचान
    होमबाउंड का प्रीमियर कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 के प्रतिष्ठित Un Certain Regard सेक्शन में हुआ था। वहां फिल्म को आलोचकों और दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। इसके बाद टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल TIFF में भी फिल्म को खास सराहना मिली और यह इंटरनेशनल ऑडियंस चॉइस अवॉर्ड में सेकेंड रनर-अप रही। इन उपलब्धियों ने फिल्म को ऑस्कर रेस में पहले से ही एक मजबूत दावेदार बना दिया था।

    प्रोडक्शन टीम की खुशी और जश्न

    फिल्म को धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले प्रोड्यूस किया गया है।करण जौहर आदर पूनावाला और अपूर्व मेहता इसके निर्माता हैं।वहीं मार्टिन स्कॉर्सेसी और प्रवीन खैरनार जैसे दिग्गज नाम एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर केतौर पर इससे जुड़े हैं।शॉर्टलिस्ट में जगह मिलने के बाद धर्मा प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया के जरिए इस सफलता पर खुशी जताई और दुनिया भर से मिले प्यार के लिए आभार व्यक्त किया।
    भारतीय सिनेमा के लिए नया मील का पत्थर
    ऑस्कर 2026 की शॉर्टलिस्ट में पहुंचना अपने आप में एक बड़ी जीत है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या होमबाउंड फाइनल नॉमिनेशन में जगह बना पाएगी। अगर ऐसा होता है, तो यह भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ देगी।