Tag: Dhurandhar 2 controversy

  • ‘धुरंधर 2’ पर कॉपी का आरोप पड़ा भारी! आदित्य धर ने उठाया कानूनी कदम, इंडस्ट्री में मचा हड़कंप

    ‘धुरंधर 2’ पर कॉपी का आरोप पड़ा भारी! आदित्य धर ने उठाया कानूनी कदम, इंडस्ट्री में मचा हड़कंप


    नई दिल्ली। धुरंधर 2 इन दिनों सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है और रिलीज के 15 दिन बाद भी इसका क्रेज कम नहीं हुआ है। इतना ही नहीं, इसकी सफलता के चलते कई बड़ी फिल्मों की रिलीज भी टालनी पड़ी। लेकिन इसी बीच फिल्म विवादों में घिर गई है।

    फिल्ममेकर ने लगाया कॉपी का आरोप

    फिल्ममेकर संतोष कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि ‘धुरंधर 2’ उनकी 2023 में आई फिल्म ‘डी साहब’ की कहानी से मिलती-जुलती है। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी स्क्रिप्ट पहले ही स्क्रीनराइटर एसोसिएशन में रजिस्टर कराई थी, लेकिन मेकर्स ने उसमें बदलाव कर अपनी फिल्म बना ली। इस आरोप के बाद इंडस्ट्री में हलचल मच गई और फिल्म की मौलिकता पर सवाल उठने लगे।

    क्या भेजा गया लीगल नोटिस?

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, निर्देशक आदित्य धर ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए संतोष कुमार को लीगल नोटिस भेजा है। इसमें उनसे कहा गया है कि वे ऐसे बेबुनियाद दावे करना बंद करें। हालांकि, संतोष कुमार का दावा कुछ और है। उनके अनुसार, उन्हें कोई आधिकारिक लीगल नोटिस नहीं मिला, बल्कि सिर्फ ई-मेल के जरिए जवाब दिया गया है। उन्होंने कहा कि मेकर्स उन्हें शिकायत न करने के लिए दबाव बना रहे हैं, जबकि वह इस मामले को कानूनी तौर पर आगे ले जाने के लिए तैयार हैं।

    मेकर्स का जवाब: आरोप पूरी तरह बेबुनियाद

    फिल्म से जुड़े सूत्रों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि ‘धुरंधर 2’ की कहानी पूरी तरह से आदित्य धर की ओरिजिनल रचना है। सूत्रों के अनुसार, आदित्य धर ने अपनी स्क्रिप्ट सितंबर 2023 में रजिस्टर कराई थी, जबकि संतोष कुमार ने अपनी स्क्रिप्ट नवंबर 2023 में दर्ज कराई। ऐसे में कॉपी का आरोप तथ्यात्मक रूप से गलत बताया जा रहा है।

    क्या है ‘धुरंधर’ की कहानी?

    धुरंधर एक भारतीय एजेंट हमजा (जसकीरत) की कहानी है, जो दुश्मन देश में घुसकर आतंक और अपराध के नेटवर्क को खत्म करता है। इस मिशन में उसका सामना खतरनाक दुश्मनों से होता है, जबकि एक तेज-तर्रार डिप्लोमेट उसका साथ देता है।

  • 'सच दिखाया तो हो रही तकलीफ', 'धुरंधर 2' के विरोध पर पूर्व DGP एस.पी. वैद का पलटवार

    'सच दिखाया तो हो रही तकलीफ', 'धुरंधर 2' के विरोध पर पूर्व DGP एस.पी. वैद का पलटवार

    नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पूर्व पुलिस महानिदेशक एस.पी. वैद ने फिल्म धुरंधर 2 का खुलकर समर्थन किया है और इसके आलोचकों पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि फिल्म में अतीक अहमद और दाऊद इब्राहिम जैसे गैंगस्टरों को लेकर जो दिखाया गया है, वह कड़वी लेकिन वास्तविक सच्चाई है।

    वैद ने कहा कि अतीक अहमद के पाकिस्तान से संबंध और अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े मामले किसी से छिपे नहीं हैं। उनके मुताबिक, “अतीक अहमद भले ही सांसद रहा हो, लेकिन वह एक कुख्यात गैंगस्टर था। उसके पास अवैध हथियार कैसे पहुंचते थे और पाकिस्तान से उसके क्या रिश्ते थे, यह जगजाहिर है। फिल्म इसी हकीकत को सामने लाती है।”

    पूर्व डीजीपी ने यह भी आरोप लगाया कि देश में कुछ नेता जाली नोटों के रैकेट में शामिल रहे हैं और पाकिस्तान तक मशीनें पहुंचाने में उनकी भूमिका रही। उन्होंने कहा कि ऐसे हालातों के चलते ही नोटबंदी जैसा कड़ा कदम उठाना पड़ा था।

    विपक्षी दलों द्वारा फिल्म को “सरकारी प्रोपेगेंडा” बताए जाने पर वैद ने पलटवार करते हुए कहा, “जब तक दाऊद इब्राहिम के पैसे से फिल्में बनती थीं, तब तक किसी को समस्या नहीं थी। अब जब सच्चाई दिखाई जा रही है, तो लोगों को मिर्ची लग रही है।” उन्होंने साफ किया कि इस फिल्म में किसी सरकारी फंड का इस्तेमाल नहीं हुआ है और यह वास्तविक घटनाओं से प्रेरित एक साहसिक प्रयास है।

    फिल्म को लेकर देश में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां एक तरफ इसे समर्थन मिल रहा है, वहीं कुछ राजनीतिक दल इसे प्रोपेगेंडा करार देकर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, एस.पी. वैद का मानना है कि फिल्म की कहानी वास्तविक तथ्यों के काफी करीब है और इसे उसी नजरिए से देखा जाना चाहिए।