Tag: Dinesh Vijan

  • स्त्री 3 पर बड़ा अपडेट, दिनेश विजान ने रिलीज से पहले शूटिंग और कहानी को लेकर बताया पूरा प्लान

    स्त्री 3 पर बड़ा अपडेट, दिनेश विजान ने रिलीज से पहले शूटिंग और कहानी को लेकर बताया पूरा प्लान


    नई दिल्ली । स्त्री फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म स्त्री 3 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की इस चर्चित हॉरर कॉमेडी फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म के लिए दर्शकों को अभी लंबा इंतजार करना होगा। फिल्म के प्रोड्यूसर दिनेश विजान ने बताया है कि स्त्री 3 साल 2028 में रिलीज होगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि फिल्म की कहानी लिखने का काम पूरा हो चुका है।

    दिनेश विजान ने बताया कि अमर कौशिक ने स्त्री 3 की राइटिंग पूरी कर ली है। उनके मुताबिक, फिल्म में वह सभी चीजें देखने को मिलेंगी जो दर्शकों को पिछली फिल्म में पसंद आई थीं। हालांकि, उन्होंने कहानी से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा करने से इनकार किया, क्योंकि अमर कौशिक को लगता है कि वह फिल्म से जुड़े ज्यादा स्पॉइलर दे देते हैं। इसके बावजूद उन्होंने संकेत दिया कि फिल्म की शुरुआत और अंत दर्शकों को हैरान कर सकता है।

    उन्होंने कहा कि स्त्री 3 साल 2028 में आएगी। उनके मुताबिक, फिल्म को स्वतंत्रता दिवस या क्रिसमस के मौके पर रिलीज किया जा सकता है और यह दर्शकों के लिए एक खास तोहफा हो सकती है। हालांकि, अभी रिलीज की कोई निश्चित तारीख सामने नहीं आई है।

    स्त्री 3 से पहले अमर कौशिक एक अन्य महत्वाकांक्षी फिल्म महावतार का निर्देशन करेंगे। इस फिल्म में विकी कौशल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। महावतार की कहानी भगवान परशुराम से जुड़ी होगी। दिनेश विजान ने बताया कि अमर कौशिक जनवरी के आखिर में महावतार का निर्देशन शुरू करेंगे और जून तक इसका डायरेक्शन पूरा करने की योजना है।

    इसके बाद अगले साल के अंत तक स्त्री 3 की शूटिंग शुरू होने की बात कही गई है। इस तरह फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले महावतार का काम पूरा किया जाएगा। स्त्री फ्रेंचाइजी से अमर कौशिक लंबे समय से जुड़े हुए हैं और वह इसके निर्देशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।

    स्त्री फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म साल 2018 में रिलीज हुई थी। इसमें राजकुमार राव, श्रद्धा कपूर, पंकज त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी और अपारशक्ति खुराना जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया और भारत में करीब 129.90 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

    इसके बाद स्त्री 2 साल 2024 में रिलीज हुई। फिल्म 15 अगस्त को सिनेमाघरों में आई थी। इसमें राजकुमार राव, श्रद्धा कपूर, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक बनर्जी के साथ अक्षय कुमार और मुश्ताक खान भी नजर आए। स्त्री 2 ने भारत में करीब 627.02 करोड़ रुपये की कमाई की थी और उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रही।

    स्त्री के बाद इस हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स का विस्तार हुआ। भेड़िया 2022 में, मुंज्या और स्त्री 2 साल 2024 में, जबकि थामा 2025 में रिलीज हुई। अब इस यूनिवर्स की अगली बड़ी कड़ी स्त्री 3 होगी।

  • ‘धुरंधर’ की सुनामी से बदली रिलीज रणनीति, श्रीराम राघवन की ‘इक्कीस’ अब नए साल पर देगी दस्तक

    ‘धुरंधर’ की सुनामी से बदली रिलीज रणनीति, श्रीराम राघवन की ‘इक्कीस’ अब नए साल पर देगी दस्तक


    नई दिल्ली:हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में बॉक्स ऑफिस की चाल कभी-कभी पूरी रिलीज कैलेंडर को बदल देती है। इन दिनों रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर फिल्म धुरंधर जिस रफ्तार से कमाई कर रही है उसका असर अब दूसरी फिल्मों की रणनीति पर भी साफ नजर आने लगा है। इसी के चलते निर्देशक श्रीराम राघवन की बहुप्रतीक्षित फिल्म इक्कीस की रिलीज डेट को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। पहले इक्कीस को 25 दिसंबर यानी क्रिसमस के मौके पर रिलीज किया जाना था लेकिन अब मेकर्स ने इसे 1 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में लाने का ऐलान किया है। यह फैसला पूरी तरह बॉक्स ऑफिस समीकरणों और मौजूदा फिल्मों के दबदबे को देखते हुए लिया गया है।

    धुरंधर बनी सबसे बड़ी वजह

    फिल्म के निर्माता दिनेश विजान मैडॉक फिल्म्स ने रिलीज टलने की वजह पर खुलकर बात की। उनके मुताबिक धुरंधर इस वक्त सिनेमाघरों में जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है और दर्शकों के बीच इसकी पकड़ मजबूत बनी हुई है। फिल्म ने न सिर्फ शानदार ओपनिंग ली बल्कि हिंदी सिनेमा के इतिहास में अब तक का सबसे बेहतरीन सेकेंड वीकेंड कलेक्शन दर्ज किया है।दिनेश विजान ने कहा कि ऐसे माहौल में इक्कीस को रिलीज करना फिल्म के लिए जोखिम भरा हो सकता था। बॉक्स ऑफिस पर एक मजबूत और चलती हुई फिल्म के सामने नई रिलीज को दर्शकों का पूरा ध्यान मिल पाना मुश्किल हो जाता है।

    क्रिसमस वीक में होता तगड़ा क्लैश

    सिर्फ धुरंधर ही नहीं बल्कि क्रिसमस वीक में पहले से ही कई बड़ी फिल्मों की मौजूदगी ने भी मेकर्स को सोचने पर मजबूर किया। इस दौरान कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की रोमांटिक फिल्म तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी भी रिलीज होने वाली थी। इसके अलावा जेम्स कैमरून की हॉलीवुड बिग बजट फिल्म अवतार: फायर एंड ऐश भी उसी समय सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है।इतनी बड़ी और अलग-अलग जॉनर की फिल्मों के बीच इक्कीस जैसी संवेदनशील और गंभीर विषय वाली फिल्म को दर्शकों का पूरा स्पेस मिल पाना आसान नहीं होता। यही वजह है कि मेकर्स ने टकराव से बचने का फैसला किया।

    दिनेश विजान बोले-फिल्म को चाहिए सही माहौल
    नई रिलीज डेट पर बात करते हुए दिनेश विजान ने कहा नए साल में दर्शक अच्छी और अर्थपूर्ण फिल्में देखने के लिए ज्यादा तैयार रहते हैं। जब किसी फिल्म को सांस लेने की जगह मिलती है तो उसका असर बॉक्स ऑफिस पर भी दिखता है। यह जरूरी नहीं कि हर बार सोलो रिलीज मिले लेकिन जब परिस्थितियां अनुकूल हों तो उस मौके को अपनाना चाहिए।उनका मानना है कि इक्कीस जैसी फिल्म को दर्शकों का पूरा ध्यान और भावनात्मक जुड़ाव मिलना बेहद जरूरी है जो नए साल के मौके पर ज्यादा बेहतर तरीके से संभव हो पाएगा।

    इक्कीस की कहानी और स्टारकास्ट
    इक्कीस भारत के सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र विजेता सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है। उन्होंने 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान बासंतार की लड़ाई में अद्भुत वीरता दिखाई और मात्र 21 साल की उम्र में शहीद हो गए।फिल्म में अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। इसके साथ ही दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र भी अहम किरदार में नजर आएंगे। खास बात यह है कि इसे धर्मेंद्र का आखिरी फिल्मी प्रदर्शन बताया जा रहा है। फिल्म में जयदीप अहलावत भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।

    अब उम्मीदें नए साल से

    मेकर्स को भरोसा है कि 1 जनवरी 2026 को रिलीज होने से इक्कीस को न सिर्फ बेहतर ओपनिंग मिलेगी बल्कि इसकी कहानी और भावनात्मक गहराई को दर्शकों तक सही तरीके से पहुंचने का पूरा मौका मिलेगा। बॉक्स ऑफिस और कंटेंट—दोनों के लिहाज से यह फैसला फिल्म के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।