Tag: Donna Vekic

  • चाइना ओपन में इगा स्वियातेक का धमाका, एक सेट और दो ब्रेक से पिछड़ने के बाद डोना वेकिक को हराकर राउंड ऑफ 16 में पहुंचीं

    चाइना ओपन में इगा स्वियातेक का धमाका, एक सेट और दो ब्रेक से पिछड़ने के बाद डोना वेकिक को हराकर राउंड ऑफ 16 में पहुंचीं


    नई दिल्ली। चाइना ओपन में छह बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन इगा स्वियातेक ने शानदार वापसी करते हुए राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है। पोलैंड की स्टार खिलाड़ी ने राउंड ऑफ 32 के रोमांचक मुकाबले में 30वीं वरीयता प्राप्त क्रोएशिया की डोना वेकिक को शिकस्त दी। मुकाबले की शुरुआत स्वियातेक के लिए मुश्किल रही और वह पहले सेट में हार गईं। इसके बाद दूसरे सेट में भी वह 2-5 से पीछे थीं। एक समय ऐसा लग रहा था कि मुकाबला उनके हाथ से निकल जाएगा लेकिन स्वियातेक ने अपना खेल बदला और शानदार वापसी करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

    स्वियातेक ने पहला सेट 4-6 से गंवाया। इसके बाद दूसरे सेट में भी उनकी मुश्किलें कम नहीं हुईं। वेकिक ने आक्रामक खेल जारी रखा और स्वियातेक को दो बार अपनी सर्विस गंवानी पड़ी। स्कोर 2-5 होने के बाद स्वियातेक पर मैच से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा था। लेकिन यहीं से उन्होंने मुकाबले की दिशा बदल दी।

    पोलिश खिलाड़ी ने लगातार दबाव बनाते हुए वेकिक की सर्विस दो बार तोड़ी और स्कोर 5-5 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने अपनी अपनी सर्विस बचाई और दूसरा सेट टाईब्रेकर तक पहुंच गया। यहां स्वियातेक ने ऐसा दबदबा बनाया कि वेकिक एक भी अंक हासिल नहीं कर सकीं। स्वियातेक ने टाईब्रेकर 7-0 से जीतकर मुकाबले में वापसी की उम्मीद जगा दी।

    दूसरे सेट की इस शानदार जीत के बाद निर्णायक सेट में स्वियातेक का आत्मविश्वास साफ नजर आया। तीसरे सेट की शुरुआत दोनों खिलाड़ियों ने एक दूसरे की सर्विस तोड़कर की। इसके बाद मुकाबला कुछ समय तक बराबरी का रहा। लेकिन 3-2 के स्कोर पर स्वियातेक ने वेकिक की सर्विस तोड़कर बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद उन्होंने अपनी सर्विस बरकरार रखी और एक बार फिर वेकिक की सर्विस तोड़कर निर्णायक सेट 6-2 से अपने नाम कर लिया।

    इस तरह स्वियातेक ने करीब 2 घंटे 40 मिनट चले मुकाबले में 4-6 7-6 और 6-2 से जीत दर्ज की। मैच के बाद उन्होंने माना कि शुरुआत में वह काफी नाराज थीं। उन्हें लग रहा था कि उनका खेल पूरी तरह खराब नहीं था लेकिन कुछ गलतियों की वजह से वह मुश्किल स्थिति में पहुंच गई थीं। दूसरे सेट के दौरान उन्होंने अपने खेल में बदलाव किया और उसी का फायदा उन्हें मिला।

    अब राउंड ऑफ 16 में स्वियातेक का सामना अमेरिकी खिलाड़ी इवा जोविक से होगा। जोविक ने राउंड ऑफ 32 में कामिला राखिमोवा को सीधे सेटों में 6-1 और 7-5 से हराया है। स्वियातेक के सामने अब इस लय को बरकरार रखने की चुनौती होगी। बीजिंग में उनका पिछला प्रदर्शन भी शानदार रहा है क्योंकि वह 2023 में चाइना ओपन का खिताब जीत चुकी हैं। ऐसे में उनकी नजर इस बार भी खिताब की दौड़ में आगे बढ़ने पर होगी।