Tag: Drain Construction Accident

  • आगरा में नाला निर्माण के दौरान मिट्टी की ढाय गिरी, 3 मजदूर दबे, 2 की मौत, ठेकेदार की हालत गंभीर

    आगरा में नाला निर्माण के दौरान मिट्टी की ढाय गिरी, 3 मजदूर दबे, 2 की मौत, ठेकेदार की हालत गंभीर

    आगरा। सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर नाला निर्माण के दौरान अचानक मिट्टी की ढाय गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी के नीचे तीन मजदूर दब गए। पुलिस और राहत टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विकास और सुशील को मृत घोषित कर दिया। वहीं ठेकेदार अनुज की हालत गंभीर बताई जा रही है।

    शटरिंग प्लेट की वेल्डिंग के दौरान हादसा
    हादसा सिकंदरा थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में सब्जी मंडी के पास पेट्रोल पंप के बगल में हुआ। यहां नाला निर्माण का काम चल रहा था और मजदूर नाले की दीवार बनाने के लिए शटरिंग की प्लेट की वेल्डिंग कर रहे थे।

    इसी दौरान अचानक मिट्टी की ढाय भरभराकर मजदूरों के ऊपर गिर गई। कुछ ही पल में तीन मजदूर मिट्टी में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

    तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा
    सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद मिट्टी में दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, हादसे में विकास पुत्र राजेंद्र (22) और सुशील की मौत हो गई। वहीं अनुज पुत्र जयपाल (30), निवासी मुजफ्फरनगर, गंभीर रूप से घायल है।

    अनुज ठेकेदार, साथ में काम कर रहे थे 7 मजदूर
    पुलिस के अनुसार अनुज ठेकेदार है और उसके साथ सात मजदूर काम कर रहे थे। नाले की दीवार के निर्माण के लिए शटरिंग की प्लेट की वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान मिट्टी की ढाय गिरने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।