Tag: drinking water problem MP

  • एमपी के इस गांव में पानी का बड़ा संकट, राजस्थान का कुआं बुझा रहा प्यास

    एमपी के इस गांव में पानी का बड़ा संकट, राजस्थान का कुआं बुझा रहा प्यास

    राजगढ़। मध्यप्रदेश में हर घर जल पहुंचाने के दावों के बीच राजगढ़ जिले के खिलचीपुर जनपद का फतेहपुर गांव आज भी गंभीर जल संकट से जूझ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि गांव के लोगों को पीने का पानी लेने के लिए रोजाना राजस्थान की सीमा तक जाना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में ग्रामीण करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर राजस्थान के एक कुएं से पानी लाने को मजबूर हैं।

    45 डिग्री तक पहुंच चुके तापमान के बीच महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सिर पर पानी के बर्तन रखकर रोज पानी ढो रहे हैं। गांव की महिलाएं पानी लाते समय लोकगीत गाते हुए लौटती हैं, जो इस संघर्ष की दर्दभरी तस्वीर बयां करता है।

    वर्षों पुरानी है पानी की समस्या
    खिलचीपुर जनपद की बावड़ीखेड़ा पंचायत के अंतर्गत आने वाले फतेहपुर गांव की आबादी करीब 200 बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में पानी की समस्या नई नहीं, बल्कि वर्षों से बनी हुई है। गर्मी बढ़ते ही हालात और बिगड़ जाते हैं।

    ग्रामीण गजराजसिंह गुर्जर का कहना है कि बचपन से गांव में पानी की परेशानी देख रहे हैं। कई बार जनप्रतिनिधियों और पंचायत से शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकला।

    सरपंच के जवाब से ग्रामीण नाराज
    ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या बताने पर सरपंच ने कहा, “क्या मैं तुम्हारे लिए अपनी जमीन बेच दूं? जब सरकार व्यवस्था करेगी तब टैंकर लगवाएंगे।” इस बयान के बाद गांव में नाराजगी और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और पंचायत दोनों उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे।

    बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित
    ग्रामीण निकिता गुर्जर ने बताया कि गर्मी के दिनों में पानी लाने में काफी समय और मेहनत लगती है। स्कूल खुलने के बाद बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है, क्योंकि पानी भरने के बाद वे बेहद थक जाते हैं। ग्रामीणों ने गांव में डेम और ट्यूबवेल बनाने की मांग की है, ताकि लोगों को पानी के लिए दूसरे राज्य पर निर्भर न रहना पड़े।

    महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान
    रेखाबाई ने बताया कि पूरा परिवार पानी लाने जाता है और तेज गर्मी में यह काम बेहद मुश्किल हो जाता है। वहीं मांगीबाई का कहना है कि छोटे-छोटे बच्चे भी पानी ढोने को मजबूर हैं, लेकिन जिम्मेदारों का ध्यान इस ओर नहीं है।

    प्रशासन ने दिया जल्द समाधान का भरोसा
    खिलचीपुर जनपद के सीईओ गोविंदसिंह सोलंकी ने माना कि गांव में पानी की समस्या है। उन्होंने बताया कि गांव में नल-जल योजना पर काम चल रहा है, लेकिन अभी योजना पंचायत को हैंडओवर नहीं हुई है। उनका कहना है कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।

    वहीं एसडीएम अंकिता जैन ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और जल निगम से चर्चा कर तत्काल समाधान के निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि भविष्य में ग्रामीणों को पानी के लिए गांव से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

  • सीहोर में 1.40 करोड़ की नल जल योजना 6 साल से अधूरी, लोग पानी को तरसे

    सीहोर में 1.40 करोड़ की नल जल योजना 6 साल से अधूरी, लोग पानी को तरसे



    मध्य प्रदेश । सीहोर जिले के मुंगावली गांव में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है। करीब 3 हजार की आबादी वाला यह गांव आज भी पानी के लिए संघर्ष कर रहा है, जबकि यहां 1.40 करोड़ रुपए की नल-जल योजना छह साल पहले शुरू की गई थी। योजना अधूरी होने से ग्रामीणों को खेतों और दूसरे गांवों से पानी लाना पड़ रहा है।

    गांव में लगे अधिकांश सरकारी हैंडपंप जनवरी महीने में ही सूख चुके थे। गर्मी बढ़ने के साथ हालात और खराब हो गए हैं। पानी के लिए ग्रामीणों को दूर-दराज के खेतों में लगे ट्यूबवेलों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। कई परिवारों ने अपने खेतों से पाइपलाइन बिछाकर गांव तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की है।

    मुंगावली गांव में कुल 889 मकान हैं और लगभग 13 सरकारी हैंडपंप लगाए गए थे, लेकिन भूजल स्तर नीचे जाने के कारण अधिकांश हैंडपंप बंद हो चुके हैं। जिन परिवारों के पास खेत या निजी बोर नहीं हैं, वे दूसरों पर निर्भर होकर किसी तरह पानी जुटा रहे हैं।

    ग्रामीणों का आरोप है कि 1.40 करोड़ रुपए की पेयजल योजना भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ गई। योजना के तहत पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था, लेकिन घटिया निर्माण और अधूरे काम के कारण अब तक गांव में नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी।

    बताया जा रहा है कि पिछले छह वर्षों में दो ठेकेदार काम अधूरा छोड़कर भाग चुके हैं। गुणवत्ताहीन निर्माण और समय पर काम पूरा नहीं करने के कारण निर्माण कंपनियों अंबकेश्वर स्टील और राधिका अग्रवाल को ब्लैकलिस्ट भी किया गया था। इसके बाद लंबे समय तक योजना बंद पड़ी रही।

    फिलहाल टी एंड के कंस्ट्रक्शन देवास कंपनी को काम सौंपा गया है, लेकिन गांव वालों को अभी भी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।

    पीएचई विभाग के ईई प्रदीप कुमार सक्सेना का कहना है कि पहले के ठेकेदारों की लापरवाही के कारण योजना में देरी हुई। अब नया ठेकेदार काम कर रहा है और जल्द ही योजना पूरी कर गांव में जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी।