Tag: driver

  • मुरैना में ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा चालक और सवारी की मौत

    मुरैना में ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा चालक और सवारी की मौत

    मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बानमौर चौराहे के पास गुरुवार को ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा चालक और उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर लगने से ई-रिक्शा आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ा। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला चालक अपना ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

    पुलिस के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह बानमौर थाना क्षेत्र में हुआ। गंगाराम पुरा निवासी भूरा श्रीवास ई-रिक्शा लेकर जा रहा था। उसके साथ रिश्तेदार गिर्राज श्रीवास भी सवार था। दोनों का ई-रिक्शा जब आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बानमौर नगर के मुख्य चौराहे पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।

    टक्कर के कारण ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ा। इसी दौरान पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक ने ई-रिक्शा को कुचल दिया। हादसे में चालक भूरा श्रीवास और सवारी गिर्राज श्रीवास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

    दुर्घटना के बाद बानमौर चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक वाहन को बीच रास्ते में छोड़कर मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलने पर बानमौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए नूराबाद चिकित्सालय भेजे।

    पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखवा दिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना के कारण मुरैना से ग्वालियर की ओर जाने वाले मार्ग पर कुछ देर तक यातायात बाधित रहा।

  • नोएडा एक्सप्रेसवे पर चलती हुई कार में लगी आग, बाल बाल बचा चालक

    नोएडा एक्सप्रेसवे पर चलती हुई कार में लगी आग, बाल बाल बचा चालक


    नोएडा।
    उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के नोएडा एक्सप्रेसवे पर रविवार की देर रात को चलती हुई टाटा पंच कार में अज्ञात कारण से भयंकर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लोगों ने इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वालों के अनुसार सूचना देने के एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। इस घटना के चलते हाईवे पर देर रात को काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

    मुख्यदमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि मायचा गांव के रहने वाले भूपेंद्र अपनी टाटा पंच कार में सवार होकर रविवार की रात को नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते ग्रेटर नोएडा से नोएडा जा रहे थे, तभी उनकी कार में अचानक आग लग गई। उन्होंने चलती कार से कूदकर अपनी जान बचाई। उन्होंने बताया कि आग की सूचना पाकर मौके पर दमकल विभाग की गाड़ी पहुंची, तथा आग पर काबू पाया। आग के चलते कार पूरी तरह से जल गई है। दमकल विभाग के अधिकारी आग लगने के कारण का पता लगा रहे हैं। वहीं इस घटना के चलते मौके पर अफरा- तफरी का माहौल हो गया। काफी वाहन चालक घटनास्थल के आसपास अपनी गाड़ियों को खड़ा करके वीडियो बनाने लगे। लोगों ने वीडियो में इस बात का जिक्र किया है की घटना की सूचना के 1 घंटे बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची। इस घटना के चलते हाईवे पर देर रात को काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।