Tag: E20Fuel

  • 20% से अधिक एथेनॉल मिश्रण पर अभी निर्णय नहीं, सरकार बोली- वैज्ञानिक अध्ययन के बाद ही बढ़ेगा कदम

    20% से अधिक एथेनॉल मिश्रण पर अभी निर्णय नहीं, सरकार बोली- वैज्ञानिक अध्ययन के बाद ही बढ़ेगा कदम

    नई दिल्ली । केंद्र सरकार ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत से अधिक एथेनॉल ब्लेंडिंग बढ़ाने की अटकलों पर विराम लगाते हुए संसद में स्पष्ट किया है कि फिलहाल ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। सरकार ने कहा कि यदि भविष्य में एथेनॉल की मात्रा बढ़ाने पर विचार किया जाता है तो उससे पहले विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन, तकनीकी परीक्षण और सभी संबंधित पक्षों के साथ व्यापक परामर्श किया जाएगा। सरकार का कहना है कि किसी भी नए निर्णय का आधार केवल वैज्ञानिक प्रमाण और व्यावहारिक अनुभव होंगे।

    लोकसभा में लिखित उत्तर के दौरान पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने बताया कि ई85 ईंधन केवल फ्लेक्स फ्यूल वाहनों के लिए उपलब्ध कराया गया है। ऐसे वाहन विशेष रूप से इस ईंधन के उपयोग के लिए डिजाइन और प्रमाणित किए जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका अर्थ यह नहीं है कि सामान्य पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा 20 प्रतिशत से अधिक करने का निर्णय लिया जा चुका है।

    सरकार ने बताया कि भारत में एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल कार्यक्रम को चरणबद्ध और वैज्ञानिक तरीके से लागू किया गया है। इस प्रक्रिया में नीति आयोग, ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया, सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम, ऑटोमोबाइल कंपनियों और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों सहित विभिन्न संस्थानों की भागीदारी रही है। व्यापक परीक्षणों और फील्ड वैलिडेशन के बाद ही ई20 ईंधन को लागू किया गया।

    सरकार के अनुसार उपलब्ध वैज्ञानिक अध्ययन और वास्तविक उपयोग के अनुभव बताते हैं कि निर्धारित मानकों के अनुरूप इस्तेमाल किए जाने पर ई20 पेट्रोल सुरक्षित और तकनीकी रूप से उपयुक्त ईंधन है। सरकार ने कहा कि यह निष्कर्ष केवल प्रयोगशाला परीक्षणों पर आधारित नहीं है, बल्कि देशभर में इसके व्यावहारिक उपयोग से प्राप्त अनुभवों से भी इसकी पुष्टि हुई है।

    संसद को दी गई जानकारी के अनुसार देश में ई15 से अधिक एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का उपयोग साढ़े तीन वर्षों से और ई19-ई20 ईंधन का उपयोग ढाई वर्षों से अधिक समय से किया जा रहा है। इस अवधि में करोड़ों दोपहिया वाहन और लाखों पेट्रोल कारें इस ईंधन पर संचालित हुई हैं, लेकिन एथेनॉल मिश्रण के कारण बड़े पैमाने पर इंजन खराब होने या असामान्य तकनीकी समस्या का कोई सत्यापित मामला सामने नहीं आया है। वाहन निर्माताओं के सर्विस रिकॉर्ड में भी ई20 के कारण अतिरिक्त घिसावट या इंजन की आयु कम होने के प्रमाण नहीं मिले हैं।

    सरकार ने यह भी बताया कि प्रमुख वाहन निर्माताओं के सर्विस डेटा में ई20 उपयोग करने वाले वाहनों में इंजन डैमेज या असामान्य खराबी की दर सामान्य ईंधन वाले वाहनों की तुलना में अधिक नहीं पाई गई। साथ ही कंपनियां ऐसे वाहनों पर सामान्य वारंटी भी जारी रख रही हैं। विभिन्न अनुसंधान संस्थानों द्वारा किए गए परीक्षणों में भी ई20 ईंधन को तकनीकी रूप से अनुकूल पाया गया है।

    माइलेज को लेकर सरकार ने कहा कि ईंधन दक्षता कई कारकों पर निर्भर करती है, जिनमें वाहन की स्थिति, ड्राइविंग शैली और सड़क की परिस्थितियां शामिल हैं। कुछ पुराने ई10 आधारित वाहनों में माइलेज में सीमित कमी संभव है, लेकिन ई20 ईंधन बेहतर ऑक्टेन रेटिंग, साफ दहन, बेहतर एंटी-नॉक क्षमता और कम कार्बन उत्सर्जन जैसे लाभ भी प्रदान करता है। सरकार का दावा है कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल कार्यक्रम से विदेशी मुद्रा की बड़ी बचत, कच्चे तेल के आयात में कमी, कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय गिरावट और किसानों की आय बढ़ाने में भी सकारात्मक योगदान मिला है।

  • E20, XP95 या XP100… आपकी गाड़ी के लिए कौन-सा पेट्रोल है सबसे सही? जानिए ऑक्टेन, इथेनॉल और परफॉर्मेंस का पूरा गणित

    E20, XP95 या XP100… आपकी गाड़ी के लिए कौन-सा पेट्रोल है सबसे सही? जानिए ऑक्टेन, इथेनॉल और परफॉर्मेंस का पूरा गणित

    नई दिल्ली। देश में इथेनॉल मिश्रित ईंधन को बढ़ावा दिए जाने के बाद E20 पेट्रोल अब अधिकांश पेट्रोल पंपों पर सामान्य ईंधन के रूप में उपलब्ध है। वहीं दूसरी ओर हाई-ऑक्टेन फ्यूल XP95 और XP100 को लेकर भी वाहन चालकों के बीच रुचि बढ़ी है। कई लोग यह जानना चाहते हैं कि इन तीनों प्रकार के पेट्रोल में वास्तविक अंतर क्या है और उनकी कार या बाइक के लिए कौन-सा विकल्प सबसे उपयुक्त रहेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि केवल महंगा या अधिक ऑक्टेन वाला पेट्रोल हर वाहन के लिए बेहतर नहीं होता, बल्कि सही ईंधन का चुनाव वाहन निर्माता की तकनीकी सिफारिश के आधार पर किया जाना चाहिए।

    E20 पेट्रोल वर्तमान समय में सबसे अधिक उपयोग होने वाला ईंधन है। इसमें 20 प्रतिशत इथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण होता है। इसकी ऑक्टेन रेटिंग 91 RON होती है, जो सामान्य उपयोग वाले पेट्रोल इंजन के लिए पर्याप्त मानी जाती है। सरकार का उद्देश्य इथेनॉल मिश्रण बढ़ाकर जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करना और पर्यावरणीय प्रभाव घटाना है। जिन वाहनों को E20 के अनुरूप तैयार किया गया है, उनके लिए यह ईंधन सामान्य परिस्थितियों में उपयुक्त माना जाता है।

    हाल के समय में कुछ वाहन मालिकों ने E20 पेट्रोल के इस्तेमाल के बाद माइलेज में कमी आने और इंजन की कार्यक्षमता प्रभावित होने जैसी बातें सामने रखी हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे अनुभव वाहन की तकनीक, इंजन की स्थिति और ड्राइविंग पैटर्न पर भी निर्भर करते हैं। यदि वाहन E20 के अनुकूल नहीं है, तो लंबे समय में कुछ तकनीकी चुनौतियां सामने आ सकती हैं। इसलिए वाहन निर्माता द्वारा सुझाए गए ईंधन का ही उपयोग करना सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है।

    XP95 प्रीमियम श्रेणी का हाई-ऑक्टेन पेट्रोल है, जिसकी ऑक्टेन रेटिंग 95 RON होती है। इसमें लगभग 15 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित रहता है। यह विशेष रूप से हाई-कंप्रेशन, टर्बोचार्ज्ड और आधुनिक पेट्रोल इंजनों के लिए विकसित किया गया है। अधिक ऑक्टेन रेटिंग के कारण इंजन में नॉकिंग की संभावना कम होती है, जिससे इंजन अधिक स्मूद तरीके से कार्य करता है। इसके उपयोग से बेहतर एक्सेलरेशन, संतुलित प्रदर्शन और इंजन के भीतर कार्बन जमा होने में कमी जैसी विशेषताएं देखने को मिल सकती हैं। हालांकि इसका वास्तविक लाभ उन्हीं वाहनों में मिलता है जिनके इंजन की डिजाइन इस प्रकार के ईंधन के अनुरूप होती है।

    XP100 सबसे प्रीमियम श्रेणी का पेट्रोल माना जाता है। इसकी ऑक्टेन रेटिंग 100 RON होती है और इसमें इथेनॉल का मिश्रण नहीं किया जाता। यह मुख्य रूप से हाई-परफॉर्मेंस स्पोर्ट्स कारों, सुपरकारों और सुपरबाइक्स के लिए तैयार किया गया ईंधन है। इसमें विशेष एडिटिव्स मिलाए जाते हैं जो इंजन को साफ रखने, कार्बन जमाव कम करने और अधिकतम प्रदर्शन बनाए रखने में मदद करते हैं। इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल की तुलना में काफी अधिक होती है, इसलिए इसका उपयोग केवल उन वाहनों में व्यावहारिक माना जाता है जिन्हें वास्तव में इतने उच्च ऑक्टेन ईंधन की आवश्यकता होती है।

    ऑटोमोबाइल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि किसी सामान्य कार या बाइक के निर्माता ने 91 RON ईंधन की सिफारिश की है, तो केवल अधिक महंगा पेट्रोल भरवाने से इंजन की शक्ति या माइलेज में उल्लेखनीय सुधार नहीं होता। वहीं जिन वाहनों के लिए 95 RON या उससे अधिक ऑक्टेन वाला ईंधन निर्धारित किया गया है, उनमें XP95 या XP100 बेहतर परिणाम दे सकते हैं। इसलिए ईंधन का चुनाव हमेशा वाहन के इंजन की जरूरत, निर्माता की सलाह और वास्तविक उपयोग के आधार पर करना चाहिए। सही पेट्रोल का चयन न केवल इंजन की कार्यक्षमता बनाए रखता है, बल्कि लंबे समय तक वाहन की विश्वसनीयता और प्रदर्शन को भी बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।