Tag: Elena Rybakina

  • US Open में रिबाकिना का तूफान सबालेंका को हराकर जीता खिताब अब करियर में 3 ग्रैंड स्लैम

    US Open में रिबाकिना का तूफान सबालेंका को हराकर जीता खिताब अब करियर में 3 ग्रैंड स्लैम


    नई दिल्ली। कजाकिस्तान की स्टार टेनिस खिलाड़ी एलेना रिबाकिना ने यूएस ओपन 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्यना सबालेंका को शिकस्त देकर पहली बार इस प्रतिष्ठित खिताब पर कब्जा कर लिया है। न्यूयॉर्क के आर्थर ऐश स्टेडियम में शनिवार को खेले गए रोमांचक फाइनल में रिबाकिना ने वर्ल्ड नंबर दो सबालेंका को 6-4 5-7 6-2 से हराया। दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला करीब 2 घंटे 21 मिनट तक चला और निर्णायक सेट में रिबाकिना ने अपने आक्रामक खेल से मैच पूरी तरह अपने नाम कर लिया।

    फाइनल का सबसे खास पल तब आया जब रिबाकिना ने चैंपियनशिप प्वाइंट पर शानदार ऐस लगाकर मुकाबला खत्म किया। उनके करियर का यह तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। इससे पहले वह 2022 में विम्बलडन चैंपियन बनी थीं। इसके बाद 2026 में उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब भी अपने नाम किया था। अब उसी साल यूएस ओपन जीतकर रिबाकिना ने अपने करियर के सबसे शानदार दौर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है।

    इस जीत के साथ रिबाकिना ने आर्यना सबालेंका का लगातार तीसरी बार यूएस ओपन चैंपियन बनने का सपना भी तोड़ दिया। सबालेंका के पास ओपन एरा में लगातार तीन बार यूएस ओपन खिताब जीतने वाली चुनिंदा महिला खिलाड़ियों की सूची में शामिल होने का बड़ा मौका था लेकिन रिबाकिना ने उनके अभियान पर रोक लगा दी। दोनों खिलाड़ियों के बीच हाल के मुकाबलों में भी रिबाकिना ने लगातार अपनी मजबूत चुनौती पेश की है। उन्होंने इससे पहले डब्ल्यूटीए फाइनल्स और इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन में भी सबालेंका को हराया था।

    फाइनल के पहले सेट में दोनों खिलाड़ियों ने शुरुआत में अपनी सर्विस बचाई लेकिन रिबाकिना लगातार दबाव बनाने में सफल रहीं। 2-2 के स्कोर के बाद उन्हें ब्रेक प्वाइंट मिला और उन्होंने इसका फायदा उठाते हुए 3-2 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद उन्होंने अपनी सर्विस को मजबूती से संभाला और सबालेंका को वापसी का मौका नहीं दिया। रिबाकिना ने पहला सेट 6-4 से जीतकर मुकाबले में शुरुआती बढ़त बना ली।

    दूसरे सेट में सबालेंका ने जोरदार वापसी की। उन्होंने अहम मौकों पर ब्रेक प्वाइंट बचाए और रिबाकिना की आक्रामकता का सामना करते हुए स्कोर को बराबरी के करीब पहुंचा दिया। 4-4 के बाद मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। रिबाकिना ने 4-5 पर दो ब्रेक प्वाइंट बचाए लेकिन इसके बाद सबालेंका ने दबाव बनाए रखा। रिबाकिना की कुछ गलतियों का फायदा उठाकर उन्होंने दूसरा सेट 7-5 से जीत लिया और मुकाबले को निर्णायक सेट में पहुंचा दिया।

    तीसरे सेट में रिबाकिना ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। 2-1 के बाद उन्होंने सबालेंका की सर्विस तोड़ दी और अपनी बढ़त मजबूत कर ली। सबालेंका ने वापसी की कोशिश की लेकिन रिबाकिना की तेज सर्विस और सटीक ग्राउंडस्ट्रोक के सामने वह ज्यादा देर टिक नहीं सकीं। 4-2 के बाद रिबाकिना ने एक और ब्रेक हासिल किया और मैच पूरी तरह अपनी मुट्ठी में कर लिया। आखिरकार 5-2 पर खिताब के लिए सर्व करते हुए उन्होंने मुकाबला खत्म किया और पहली बार यूएस ओपन चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

    जीत के बाद रिबाकिना ने रैकेट गिराकर दोनों हाथ ऊपर उठाए और भावुक अंदाज में जश्न मनाया। दूसरी ओर सबालेंका इस हार से बेहद निराश नजर आईं और उन्होंने गुस्से में अपना रैकेट तोड़ दिया। रिबाकिना की यह जीत न सिर्फ उनके लिए बल्कि महिला टेनिस के लिहाज से भी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने दुनिया की नंबर दो खिलाड़ी को हराकर यूएस ओपन की नई चैंपियन के रूप में अपनी जगह पक्की कर ली है।

  • स्वियाटेक ने लौटाया अपना जलवा! रायबाकिना को सीधे सेटों में हराकर बनीं कैनेडियन ओपन चैंपियन

    स्वियाटेक ने लौटाया अपना जलवा! रायबाकिना को सीधे सेटों में हराकर बनीं कैनेडियन ओपन चैंपियन


    नई दिल्ली। पोलैंड की स्टार टेनिस खिलाड़ी इगा स्वियाटेक ने आखिरकार लंबे इंतजार के बाद खिताबी सूखा खत्म कर दिया है। स्वियाटेक ने कैनेडियन ओपन 2026 महिला एकल का खिताब अपने नाम कर लिया। टोरंटो में खेले गए फाइनल मुकाबले में सातवीं वरीयता प्राप्त स्वियाटेक ने दुनिया की नंबर दो खिलाड़ी एलेना रायबाकिना को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से मात दी। इस जीत के साथ स्वियाटेक ने इस सीजन की अपनी पहली ट्रॉफी हासिल की। उनके लिए यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले कुछ महीनों से उन्हें खिताब नहीं जीत पाने के कारण आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था।

    फाइनल में स्वियाटेक ने शुरुआत से ही अपने खेल पर नियंत्रण बनाए रखा। पहले सेट में उन्होंने रायबाकिना पर दबाव बनाया और अपनी आक्रामकता के दम पर लगातार अंक जुटाए। दूसरी ओर रायबाकिना की गलतियों ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं। कजाकिस्तान की खिलाड़ी ने लगातार दो डबल फॉल्ट किए और इसके कारण महत्वपूर्ण ब्रेक पॉइंट गंवा दिया। स्वियाटेक ने मौके का फायदा उठाते हुए अपनी बढ़त मजबूत की और पहला सेट 6-2 से अपने नाम कर लिया।

    दूसरे सेट में भी मुकाबले की तस्वीर ज्यादा नहीं बदली। रायबाकिना को अपनी गलतियों का खामियाजा भुगतना पड़ा। उनके दो बैकहैंड शॉट चूकने से स्वियाटेक को एक और ब्रेक हासिल करने का मौका मिला और पोलिश खिलाड़ी ने इसे हाथ से जाने नहीं दिया। रायबाकिना ने वापसी की कोशिश जरूर की और एक चैंपियनशिप पॉइंट बचाने में भी सफल रहीं लेकिन स्वियाटेक ने अगले मौके पर मैच खत्म कर दिया। उन्होंने दूसरा सेट 6-3 से जीतकर खिताब पर कब्जा जमा लिया।

    स्वियाटेक के लिए यह जीत केवल एक ट्रॉफी नहीं बल्कि आत्मविश्वास लौटाने वाली उपलब्धि भी है। पिछले सितंबर के बाद यह उनका पहला खिताब है। लगातार खिताब से दूर रहने के कारण उनके प्रदर्शन पर सवाल उठ रहे थे लेकिन कैनेडियन ओपन में उन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान अपने खेल में निरंतरता दिखाई और फाइनल में भी दबाव के बीच बेहतरीन प्रदर्शन किया। अब उनकी नजर यूएस ओपन पर होगी और कैनेडियन ओपन की यह जीत उनके लिए ग्रैंड स्लैम से पहले मनोबल बढ़ाने वाली साबित हो सकती है।

    खिताब जीतने के बाद स्वियाटेक ने अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर कीं। उन्होंने माना कि पिछले कुछ महीने उनके लिए आसान नहीं रहे हैं। ऑनलाइन और सोशल मीडिया पर लगातार होने वाली आलोचनाओं और लोगों की राय से निपटना उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद उन्होंने अपने खेल में बदलाव करने और खुद को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित किया। स्वियाटेक ने कहा कि उनके आसपास मौजूद लोगों का समर्थन उन्हें हर दिन आगे बढ़ने और अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित करता रहा।

    स्वियाटेक ने अपनी खिताबी जीत को उन लोगों को समर्पित किया जिन्हें गलत तरीके से जज किया जाता है या जिन्हें खेल और जिंदगी के दूसरे क्षेत्रों में नफरत का सामना करना पड़ता है। उन्होंने संदेश दिया कि नकारात्मक विचारों को खुद पर हावी होने देना सही नहीं है। इसके बजाय आगे बढ़ते रहना अपनी कोशिशों पर ध्यान देना और खुद पर भरोसा बनाए रखना जरूरी है।

    कैनेडियन ओपन की यह जीत स्वियाटेक के लिए एक नए दौर की शुरुआत भी मानी जा सकती है। लंबे अंतराल के बाद मिली ट्रॉफी ने उनके आत्मविश्वास को मजबूत किया है। अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि वह इस लय को यूएस ओपन तक कैसे कायम रखती हैं और क्या इस जीत के बाद ग्रैंड स्लैम में भी अपना दबदबा दोबारा कायम कर पाती हैं।

  • इंडियन वेल्स मास्टर्स: आर्यना सबालेंका और एलेना रिबाकिना के बीच होगा फाइनल

    इंडियन वेल्स मास्टर्स: आर्यना सबालेंका और एलेना रिबाकिना के बीच होगा फाइनल


    नई दिल्ली। इंडियन वेल्स मास्टर्स के महिला एकल का फाइनल मुकाबला रविवार को आर्यना सबालेंका और एलेना रिबाकिना के बीच होना सुनिश्चित हो चुका है। ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन एलेना रिबाकिना दुनिया की 9वें नंबर की खिलाड़ी एलिना स्वितोलिना को 1 घंटे 46 मिनट तक चले सेमीफाइनल मुकाबले में 7-5, 6-4 से हराकर अपने दूसरे इंडियन वेल्स फाइनल में जगह बनाई। जीत के बाद रिबाकिना ने कहा, “मैं आज अपने प्रदर्शन से खुश हूं। फाइनल से पहले मुझे निश्चित रूप से बेहतर होना होगा।”

    फाइनल में एलेना रिबाकिना का मुकाबला रविवार को दुनिया की नंबर 1 आर्यना सबालेंका से होगा। आर्यना सबालेंका ने सेमीफाइनल में लिंडा नोस्कोवा को 6-3, 6-4 से हराकर तीसरी बार टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई है।

    1 घंटे 28 मिनट तक चले इस मैच में सबालेंका ने पहली बार इंडियन वेल्स का सेमीफाइनल खेल रही 21 साल की लिंडा नोस्कोवा के खिलाफ मैच की शुरुआत से ही अपनी पकड़ बना ली थी। सबालेंका ने डबल-ब्रेक में 5-1 की बढ़त बना ली और बेहद कम समय में सेट जीत लिया।

    चेक खिलाड़ी ने दूसरे सेट के आखिर में मैच में अपनी पकड़ बना ली। उन्होंने अपनी सर्विंग की काबिलियत दिखाई, जब उन्होंने दो ब्रेक पॉइंट बचाकर स्कोर 3-2 कर दिया, और स्कोर सिर्फ एक ब्रेक तक ही सीमित रखा। नोस्कोवा ने दूसरे सेट में सबालेंका की सर्विंग के समय 4-3, 30-40 पर एक ब्रेक पॉइंट भी हासिल किया, लेकिन लगातार तीन बड़ी सर्व ने दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी को 6-3, 5-3 से जीत की कगार पर पहुंचा दिया।

    जीत के बाद सबालेंका ने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है, लेकिन मैं अपने पिछले कुछ फाइनल यहीं हार गई थी। मैं पक्का करूंगी कि रविवार को पूरी तरह तैयार रहूं। मैं अपना श्रेष्ठ टेनिस खेलूंगी ताकि यह साल मेरे लिए अच्छा रहे।”