Tag: England vs Sri Lanka

  • इंग्लैंड की रिकॉर्ड हार पर कप्तान हैरी ब्रूक का बड़ा बयान, बोले- हम अपनी गलती जानते हैं, 429 रन बनाकर भी नहीं बचा पाए मैच

    इंग्लैंड की रिकॉर्ड हार पर कप्तान हैरी ब्रूक का बड़ा बयान, बोले- हम अपनी गलती जानते हैं, 429 रन बनाकर भी नहीं बचा पाए मैच


    नई दिल्ली। पाकिस्तान में खेली जा रही वनडे त्रिकोणीय सीरीज में इंग्लैंड को श्रीलंका के खिलाफ ऐसी हार का सामना करना पड़ा जिसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। इंग्लैंड ने कप्तान हैरी ब्रूक के ऐतिहासिक दोहरे शतक की बदौलत 429 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया लेकिन श्रीलंका ने 49.5 ओवर में आठ विकेट खोकर 430 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस रिकॉर्डतोड़ हार के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने स्वीकार किया कि उनकी टीम गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी और उसे अपनी गलतियों को सुधारने की जरूरत है।

    मैच के बाद ब्रूक ने कहा कि यह शानदार मुकाबला था और दोनों टीमों ने बेहतरीन क्रिकेट खेला लेकिन दुर्भाग्य से श्रीलंका ने बाजी मार ली। उन्होंने माना कि इंग्लैंड के गेंदबाज विपक्षी टीम की ताकत के हिसाब से गेंदबाजी करते रहे और बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में नाकाम रहे। ब्रूक के मुताबिक टीम को पता है कि उससे कहां गलती हुई है। अब खिलाड़ियों को अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करना होगा और आने वाले मैचों में बेहतर प्रदर्शन के लिए सरल योजनाओं के साथ मैदान पर उतरना होगा।

    इस मुकाबले में इंग्लैंड की बल्लेबाजी शानदार रही। टॉस जीतकर श्रीलंका ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट पर 429 रन बनाए। कप्तान हैरी ब्रूक ने 116 गेंदों पर 202 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 21 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। इस प्रदर्शन के साथ ब्रूक ने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया। उनके अलावा जो रूट ने 66 गेंदों पर 69 रन बनाए जबकि विल जैक्स ने केवल 30 गेंदों पर नाबाद 66 रन ठोककर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

    इंग्लैंड को उम्मीद रही होगी कि 430 रन का लक्ष्य श्रीलंका के लिए बेहद मुश्किल साबित होगा लेकिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही मुकाबले में अपनी पकड़ बनाए रखी। सलामी बल्लेबाज अविष्का फर्नांडो ने 83 गेंदों पर 97 रन बनाकर मजबूत नींव रखी। इसके बाद पवन रथनायके ने चौथे नंबर पर उतरकर 106 गेंदों पर 130 रन की शानदार पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी ने श्रीलंका को लक्ष्य के करीब पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। रथनायके को उनके प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

    मुकाबले के अंतिम चरण में दासुन शनाका और जेनिथ लियांगे ने इंग्लैंड की उम्मीदों को झटका दिया। शनाका ने 50 गेंदों पर 97 रन बनाए जबकि लियांगे ने 27 गेंदों पर नाबाद 61 रन की तेजतर्रार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने जरूरी रन गति बनाए रखी और श्रीलंका को आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर ऐतिहासिक जीत दिला दी। श्रीलंका का यह वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ा सफल रन चेज बताया गया जबकि विश्व क्रिकेट में यह दूसरा सबसे बड़ा सफल लक्ष्य हासिल करने का कारनामा रहा।

    इस हार ने इंग्लैंड की गेंदबाजी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 429 रन बनाने के बावजूद टीम जीत हासिल नहीं कर सकी जो उसके लिए बड़ी चिंता का विषय है। ब्रूक ने कहा कि टीम के पास फाइनल में जगह बनाने का मौका अभी मौजूद है और खिलाड़ियों को खुद पर भरोसा बनाए रखना होगा। अब इंग्लैंड की कोशिश अपनी गेंदबाजी की कमियों को दूर कर अगले मुकाबलों में वापसी करने की होगी जबकि श्रीलंका की टीम इस ऐतिहासिक जीत से मिले आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेगी।

  • श्रीलंका की पारी 145 रन पर सिमटी फिर इंग्लैंड ने 47 गेंद बाकी रहते जीता मैच: बैंटन ने 52 रन की नाबाद पारी खेली

    श्रीलंका की पारी 145 रन पर सिमटी फिर इंग्लैंड ने 47 गेंद बाकी रहते जीता मैच: बैंटन ने 52 रन की नाबाद पारी खेली


    नई दिल्ली। कार्डिफ में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। श्रीलंका ने शुरुआत में तेजी दिखाई लेकिन शुरुआती साझेदारी टूटने के बाद उसकी पारी लड़खड़ा गई। पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 145 रन ही बना सकी। इसके जवाब में इंग्लैंड ने बेहद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 12.1 ओवर में 146 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

    श्रीलंका की पारी की शुरुआत पाथुम निसांका और लाहिरू उदारा ने तेज अंदाज में की। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 5.3 ओवर में 56 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। निसांका ने 21 गेंदों पर 4 चौकों और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाए। उदारा ने 20 गेंदों पर 21 रन की पारी खेली। शुरुआती साझेदारी टूटने के बाद श्रीलंका के विकेट लगातार गिरते रहे और टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।

    कप्तान चरिथ असालंका ने 31 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 31 रन बनाए जबकि वानिंदु हसरंगा ने 22 गेंदों पर 2 चौकों और एक छक्के की मदद से 27 रन जोड़े। इंग्लैंड की ओर से लियाम डॉसन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने चार ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। जोफ्रा आर्चर और जेमी ओवरटन को दो दो विकेट मिले जबकि सोनी बाकेर और आदिल रशीद को एक एक सफलता मिली।

    146 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने पहले ही ओवरों से आक्रामक रुख अपनाया। जोस बटलर और ए डोनाल्ड ने पहले विकेट के लिए 4.4 ओवर में 51 रन जोड़ दिए। डोनाल्ड ने 13 गेंदों पर 21 रन बनाए जबकि बटलर ने 16 गेंदों पर 30 रन की तेज पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के लगातार आउट होने से इंग्लैंड को कुछ झटका लगा लेकिन टीम की रन गति पर इसका ज्यादा असर नहीं पड़ा।

    पिछले मुकाबले में शतक लगाने वाले इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने भी तेजी से रन जुटाए। उन्होंने केवल 8 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 23 रन बनाए लेकिन 79 रन के स्कोर पर तीसरे विकेट के रूप में आउट हो गए। इसके बाद टॉम बैंटन ने मोर्चा संभाला और श्रीलंकाई गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।

    बैंटन ने महज 24 गेंदों पर नाबाद 52 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में चार छक्के और दो चौके शामिल रहे। उनका साथ विल जैक्स ने दिया जो 3 रन बनाकर नाबाद लौटे। इंग्लैंड ने 12.1 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह टीम ने 47 गेंद शेष रहते मुकाबला जीत लिया।

    शानदार गेंदबाजी के लिए लियाम डॉसन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। लगातार दूसरी जीत के साथ इंग्लैंड ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। अब तीसरा टी20 मुकाबला औपचारिकता भर रह गया है जिसमें श्रीलंका की कोशिश सीरीज का अंतिम मैच जीतकर सम्मान बचाने की होगी।

  • 254 रन का विशाल स्कोर फिर 135 पर समेटा इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ दर्ज की बड़ी जीत

    254 रन का विशाल स्कोर फिर 135 पर समेटा इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ दर्ज की बड़ी जीत


    नई दिल्ली। इंग्लैंड ने तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका को 119 रन से करारी शिकस्त देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। वेस्ट एंड के यूटिलिटा बाउल में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 19 ओवर में 135 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड की जीत के सबसे बड़े नायक कप्तान हैरी ब्रूक रहे जिन्होंने टी20 करियर का दूसरा शतक लगाते हुए नाबाद 114 रन बनाए।

    श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था लेकिन इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही इस फैसले को गलत साबित करना शुरू कर दिया। पूर्व कप्तान जोस बटलर ने पारी की शुरुआत करते हुए तेजतर्रार अंदाज में रन बनाए। बटलर ने 44 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 80 रन की शानदार पारी खेली। वह शतक से जरूर चूक गए लेकिन उनकी पारी ने इंग्लैंड को बड़े स्कोर की मजबूत नींव दे दी।

    इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने मोर्चा संभाला और श्रीलंकाई गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया। ब्रूक ने केवल 49 गेंदों में नाबाद 114 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 10 चौके और छह छक्के शामिल रहे। ब्रूक ने अपना अर्धशतक महज 20 गेंदों में पूरा किया जबकि शतक तक पहुंचने के लिए उन्होंने 42 गेंदों का सामना किया। उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत इंग्लैंड आखिरी ओवरों में तेजी से रन जुटाने में सफल रहा।

    इंग्लैंड की पारी में विल जैक्स ने भी 12 गेंदों पर 21 रन बनाए। एन्यूरिन डोनाल्ड ने पांच गेंदों में 12 रन का योगदान दिया जबकि टॉम बेंटन ने 10 गेंदों पर 10 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से दुश्मंथा चमीरा दुनिथ वेलालागे एहसान मलिंगा और वानिंदु हसरंगा को एक-एक विकेट मिला। इसके बावजूद इंग्लैंड का स्कोर 250 रन के पार पहुंच गया।

    255 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और बड़े लक्ष्य का दबाव साफ नजर आया। श्रीलंका की ओर से दुनिथ वेलालागे ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए। दासुन शनाका ने 24 रन की पारी खेली लेकिन दोनों बल्लेबाज टीम को लक्ष्य के करीब नहीं पहुंचा सके

    इंग्लैंड की गेंदबाजी के सामने श्रीलंका की बल्लेबाजी पूरी तरह दबाव में नजर आई। सोनी बेकर ने चार ओवर में केवल 12 रन देकर तीन विकेट झटके। लियाम डॉसन और जेमी ओवरटन को दो-दो विकेट मिले जबकि जोश टंग विल जैक्स और आदिल रशीद ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। श्रीलंका 19 ओवर में 135 रन पर ऑलआउट हो गया और इंग्लैंड ने 119 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

    हैरी ब्रूक को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा टी20 मुकाबला गुरुवार को भारतीय समयानुसार रात 11 बजे खेला जाएगा। श्रीलंका की नजर इस मुकाबले में वापसी करते हुए सीरीज बराबर करने पर होगी जबकि इंग्लैंड जीत की लय बरकरार रखना चाहेगा