Tag: Family Harassment

  • बेटी को परेशान करने से रोका तो पिता पर चाकू से हमला, घायल पिता को लेकर आधी रात थाने पहुंची बेटी

    बेटी को परेशान करने से रोका तो पिता पर चाकू से हमला, घायल पिता को लेकर आधी रात थाने पहुंची बेटी


    जबलपुर । जबलपुर में बेटी को कथित रूप से परेशान करने का विरोध करना एक पिता को भारी पड़ गया। आरोप है कि दो युवकों ने रास्ते में रोककर उन पर चाकू से हमला कर दिया। घायल पिता को लेकर उनकी 22 वर्षीय छोटी बेटी शुक्रवार देर रात करीब एक बजे सिविल लाइन थाने पहुंची और पुलिस के सामने अपनी शिकायत रखी। युवती ने आरोप लगाया कि वह इससे पहले भी आरोपियों के खिलाफ चार बार एफआईआर दर्ज करवा चुकी है लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से आरोपियों के हौसले बढ़ते गए और अब उन्होंने उसके पिता पर हमला कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

    जानकारी के मुताबिक हाउसिंग बोर्ड निवासी हीरालाल साहनी शुक्रवार रात मुकादमगंज से अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे रास्ते में हेमंत सिंह राजपूत और अभिनव यादव ने उन्हें रोक लिया। युवती का आरोप है कि दोनों ने उनके पिता पर चाकू से हमला किया और उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। छोटी बेटी अपने घायल पिता को लेकर सीधे सिविल लाइन थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

    युवती ने पुलिस को बताया कि करीब पांच साल पहले उसकी बड़ी बहन की हेमंत सिंह राजपूत से दोस्ती थी। बाद में जब उसकी बहन ने उससे बातचीत बंद कर दी तो हेमंत कथित तौर पर उसे परेशान करने और धमकाने लगा। युवती का आरोप है कि बहन के इनकार करने के बाद उसके साथ मारपीट भी की गई। इतना ही नहीं परिवार को डराने के लिए घर के सामने बम फेंकने की घटना भी हुई थी।

    पीड़ित परिवार का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों और परेशानियों के कारण घर के लोग भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि हेमंत की प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी बड़ी बहन ने आत्महत्या की कोशिश की थी और फांसी लगाने तक की नौबत आ गई थी। परिवार के मुताबिक करीब एक सप्ताह पहले उसके भाई मोहित साहनी पर भी हेमंत और उसके साथियों ने हमला कर उसे घायल कर दिया था।

    युवती ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उसका आरोप है कि वह पहले चार बार शिकायत और एफआईआर दर्ज करवा चुकी है लेकिन आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। युवती ने दावा किया कि आरोपी हेमंत की बहन कंचन सिंह राजपूत पुलिस विभाग में टीआई हैं। इसी वजह से सिविल लाइन पुलिस पर दबाव होने और शिकायतों पर कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि ये सभी आरोप युवती की शिकायत पर आधारित हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

    मामले में सीएसपी सोनू कुर्मी ने बताया कि युवती की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हमला करने वाले आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम भेजी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि युवती ने पहले भी शिकायतें की थीं और उन पर कार्रवाई नहीं हुई तो इस पहलू की भी जांच कराई जाएगी।

    फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब यह पता लगाया जाएगा कि पिता पर हमला किन परिस्थितियों में हुआ और पहले दी गई शिकायतों पर क्या कार्रवाई की गई थी। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।