Tag: Family Murder

  • अनूपपुर में युवक ने मां, नाना-नानी और मासूम बहन समेत चार को लाठी-डंडों से पीटा, चार की मौत; कई घायल

    अनूपपुर में युवक ने मां, नाना-नानी और मासूम बहन समेत चार को लाठी-डंडों से पीटा, चार की मौत; कई घायल


    मध्य प्रदेश: के अनूपपुर जिले के ग्राम अमोदा बिजौरा में शनिवार को लाठी-डंडों से किए गए हमले में चार लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। बताया गया है कि ग्राम मरदरी, थाना नौरोजाबाद निवासी प्रेम सिंह करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां अनुपिया बाई के साथ अमोदा बिजौरा स्थित अपने नाना-नानी के घर आया था। सनी धाम के समीप शुक्रवार को किसी बात को लेकर उसका वहां के पंडा गंगा सिंह से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर प्रेम सिंह ने कथित तौर पर गंगा सिंह के साथ मारपीट की। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और उसके नाना-नानी के घर ले जाकर रस्सी से बांध दिया।

    बताया जा रहा है कि प्रेम सिंह को रस्सी से बंधा देखकर उसकी मां अनुपिया बाई ने उसे खोल दिया। इसके बाद युवक ने कथित तौर पर अपनी ही मां पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उसने अपने नाना संपत और नानी भन्नी को भी निशाना बनाया। हमले में मां, नाना और नानी की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपने मामा चैन सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

    इस हमले में करीब पांच वर्षीय मुनका सिंह, भारती सिंह और चंचल समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इलाज के दौरान करीब पांच वर्षीय मुनका सिंह ने दम तोड़ दिया। इस तरह घटना में मृतकों की संख्या चार होने की सूचना है। इसी घटनाक्रम में सनी धाम के पंडा गंगा सिंह भी घायल हुए हैं। उन्हें भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

    वारदात की सूचना मिलते ही अनूपपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। घटनास्थल पर उमरिया और अनूपपुर, दोनों जिलों की पुलिस मौजूद रही। पुलिस ने आरोपी प्रेम सिंह को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

    पुलिस द्वारा मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने और घायलों के बयान दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपी ने परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों पर किस वजह से हमला किया, इसकी जानकारी पूछताछ और जांच के बाद सामने आने की बात कही जा रही है। घटना के बाद अमोदा बिजौरा और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।