Tag: Ganja smuggling

  • Jhansi: भुवनेश्वर से ग्वालियर जा रहे ट्रक में 214 किलो गांजा, दो गिरफ्तार, कीमत 1.07 करोड़

    Jhansi: भुवनेश्वर से ग्वालियर जा रहे ट्रक में 214 किलो गांजा, दो गिरफ्तार, कीमत 1.07 करोड़

    झांसी। बबीना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने सुकुवां-ढुकुवां रोड पर नयाखेड़ा के पास कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 214 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 7 लाख रुपए है। टीम ने ट्रक चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ बबीना थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ट्रक को सीज कर दिया गया है।

    एसएसपी विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतपाल उर्फ सत्यपाल (46), निवासी सौदापुर, थाना बार्डर टाउन, जिला पानीपत, हरियाणा और मोहन कुशवाहा (27), निवासी सिंधिया नगर, थाना बहोड़ापुर, ग्वालियर के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से ट्रक में छिपाकर रखा गया 214 किलो गांजा बरामद किया गया।

    ओडिशा से ग्वालियर पहुंचाना था गांजा
    पुलिस पूछताछ में मोहन कुशवाहा ने बताया कि उसका पड़ोसी आकाश कुशवाहा गांजे का काम करता है। वह आकाश के साथ किराये की गाड़ी से भुवनेश्वर, ओडिशा गया था। वहां आकाश के साथियों ने ट्रक में गांजा लोड कराया। उसे यह माल ग्वालियर पहुंचने के बाद उतारने के लिए कहा गया था।

    वहीं ट्रक चालक सतपाल ने पुलिस को बताया कि वह ट्रक किराये पर लेकर चलाता है। उसकी 7 सितंबर को आकाश से मुलाकात हुई थी। आरोप है कि आकाश ने ही ट्रक में गांजा रखवाया और इसके बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। रास्ते में संपर्क बनाए रखने के लिए ढाबों के फोन से बात करने के लिए कहा गया था।

    न्यायालय में पेश किए जा रहे दोनों आरोपी
    पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बबीना थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गांजा बरामद होने के बाद ट्रक को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी, इसे ग्वालियर में किसे सौंपा जाना था और इस नेटवर्क में आकाश कुशवाहा समेत अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

  • नरसिंहपुर में बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय तस्कर से 152 किलो गांजा जब्त, ग्वालियर निवासी चालक गिरफ्तार

    नरसिंहपुर में बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय तस्कर से 152 किलो गांजा जब्त, ग्वालियर निवासी चालक गिरफ्तार


    नरसिंहपुर । नरसिंहपुर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 152 किलो गांजा जब्त किया है। अंतर्राज्यीय स्तर पर गांजा की खेप ले जा रहे एक तस्कर को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।

    पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से उत्तर प्रदेश के झांसी की ओर एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जिले में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया और संदिग्ध वाहन की तलाश की गई।

    रणनीति के तहत पुलिस टीम ने संभावित मार्गों पर घेराबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 152 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से चालक रोहित सिंह, निवासी ग्वालियर को गिरफ्तार कर लिया।

    प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गांजा की यह खेप अंतर्राज्यीय स्तर पर सप्लाई की जानी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजा कहां से लाया गया और किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

    पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जब्त किए गए गांजा की बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना ने कहा कि अंतर्राज्यीय तस्करी के मामलों में पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। सीमावर्ती जिलों और प्रमुख मार्गों पर नियमित चेकिंग की जा रही है जिससे मादक पदार्थों की अवैध आवाजाही पर रोक लगाई जा सके।

    इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास कर रही है ताकि तस्करी की जड़ तक पहुंचा जा सके।