Tag: Goa nightclub fire

  • गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: थाईलैंड भागे लूथरा भाइयों के पासपोर्ट रद्द, कार्रवाई की तैयारी

    गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: थाईलैंड भागे लूथरा भाइयों के पासपोर्ट रद्द, कार्रवाई की तैयारी

    नई दिल्‍ली । गोवा के नाइटक्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत के बाद थाईलैंड भागे लूथरा भाइयों पर सख्त ऐक्शन की तैयारी है। दोनों के पासपोर्ट रद्द करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए विदेश मंत्रालय ने उन्हें नोटिस भेजे हैं, जिसमें उन्हें 7 दिनों के अंदर बताना होगा कि उनके पासपोर्ट जब्त क्यों नहीं किए जाने चाहिए। गोवा पुलिस की ओर से मंत्रालय को चिट्ठी लिखी गई थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा उस समय दिल्ली में थे, जब गोवा के अर्पोरा में उनके नाइट क्लब बिर्च बाय रोमियो लेन में आग लगी। इसके कुछ ही घंटे बाद दोंनो इंडिगो फ्लाइट से थाईलैंड के फुकेत भाग गए।

    नाइट क्लब में आग लगने से 5 पर्यटक और 20 स्टाफ मेंबर्स मारे गए थे। गोवा पुलिस ने भाइयों समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की है, जिसमें हत्या नहीं बल्कि दुर्घटना से मौत और साजिश शामिल हैं। इस बीच, दिल्ली स्थित रिजनल पासपोर्ट ऑफिस (RPO) ने दोनों भाइयों को एक पत्र भेजा है, जिसमें लिखा है कि उन्हें पासपोर्ट एक्ट 1967 के तहत 7 दिनों के भीतर जवाब देना होगा। यह स्पष्ट करना होगा कि उनके पासपोर्ट नंबर Z7678521 (14/03/2024) को जब्त न करने का कारण क्या है।

    दोनों के पासपोर्ट जब्त करने के नोटिस जारी
    मंत्रालय ने गोवा पुलिस के पत्र के जवाब में बताया, ‘मामले की गंभीरता को देखते हुए RPO दिल्ली ने दोनों के पासपोर्ट जब्त करने के नोटिस जारी कर दिए हैं। पासपोर्ट एक्ट की धारा 10(3)(e) के तहत तभी कार्रवाई की जा सकती है जब अपराध संबंधित मामले की सुनवाई भारतीय अदालत में चल रही हो। इसलिए, मामले की जानकारी अदालत से प्राप्त कर RPO दिल्ली को भेजी जाए।’ गोवा पुलिस रविवार को दिल्ली में लूथरा भाइयों के घर भी गई, लेकिन वे पहले ही फरार हो चुके थे। सूत्रों की मानें तो दोनों फुकेत के एक रिसॉर्ट में ठहरे थे, लेकिन वहां से भी निकल गए जब तक अधिकारी पहुंच पाए।

  • गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: फरार लूथरा ब्रदर्स को पकड़ने इंटरपोल से ब्लू कॉर्नर नोटिस की तैयारी

    गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: फरार लूथरा ब्रदर्स को पकड़ने इंटरपोल से ब्लू कॉर्नर नोटिस की तैयारी


    गोवा/ के एक नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड के बाद फरार क्लब मालिक सौरव और गौरव लूथरा की तलाश तेज हो गई है। हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई थी और कई अभी भी इलाजरत हैं। जांच एजेंसियां दोनों भाइयों के खिलाफ इंटरपोल के जरिए ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर रही हैं। जानकारी के अनुसार, आग लगने के कुछ ही घंटे बाद लूथरा ब्रदर्स थाईलैंड के फुकेट भाग गए।

    फुकेट के लिए उड़ान:
    सूत्रों के अनुसार, 7 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे इंडिगो की फ्लाइट 6ई-1073 से मुंबई होते हुए दोनों भाई फुकेट के लिए रवाना हुए। घटना के तुरंत बाद गोवा पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था।

    दिल्ली में घर बंद:
    गोवा पुलिस की टीमें दिल्ली में जीटीबी नगर स्थित उनके आवास पर पहुंचीं। वहां ताला लगा मिला और घर में कोई मौजूद नहीं था। पुलिस को शक है कि फरारी की योजना पहले से बनाई गई थी।

    तीसरे पार्टनर अजय गुप्ता की तलाश:
    जांच में यह सामने आया कि नाइट क्लब के संचालन में अजय गुप्ता नाम का तीसरा पार्टनर भी शामिल था। पुलिस अब उसकी भूमिका की जांच कर रही है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

    25 लोगों की मौत, कई घायलों का इलाज जारी:
    यह हादसा शनिवार देर रात पणजी से 25 किलोमीटर दूर नाइट क्लब में हुआ। आग लगने से 25 लोगों की मौत हुई, जिनमें 20 कर्मचारी और 5 पर्यटक शामिल थे। मृतकों में 4 पर्यटक दिल्ली से थे। पांच घायलों का इलाज गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) में जारी है।

    एफआईआर और इंटरपोल मदद:
    गोवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। फरारी की पुष्टि के बाद इमिग्रेशन ब्यूरो से उनके यात्रा ब्योरे जुटाए गए। अब इंटरपोल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ने की तैयारी की जा रही है।

    अग्निकांड की गुत्थी:
    पुलिस को संदेह है कि क्लब में सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी की गई। लूथरा ब्रदर्स और उनके तीसरे पार्टनर की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि हादसा लापरवाही का नतीजा था या इसके पीछे कोई साजिश थी।

    यह खबर राष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा नियमों और अग्नि सुरक्षा के पालन की गंभीर चेतावनी भी देती है।