Tag: Gold Investment Tips

  • निवेशकों के लिए अलर्ट! सोना-चांदी में आई बड़ी गिरावट के पीछे क्या कारण, आगे खरीदें या रुकें?

    निवेशकों के लिए अलर्ट! सोना-चांदी में आई बड़ी गिरावट के पीछे क्या कारण, आगे खरीदें या रुकें?


    नई दिल्ली। वैश्विक तनाव और आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच सोना और चांदी जैसी कीमती धातुओं में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष और अमेरिका-ईरान संघर्ष के पांचवें सप्ताह में पहुंचने के बावजूद, अब बाजार का रुख बदलता नजर आ रहा है। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 2.2% और चांदी 3.8% तक टूट गई, जिससे निवेशकों में चिंता बढ़ गई है।

    रिकॉर्ड स्तर से भारी गिरावट

    घरेलू बाजार में भी इसका असर साफ दिखाई दिया। एमसीएक्स पर सोना अपने ऑल-टाइम हाई से करीब 50 हजार रुपए नीचे आ गया है, जबकि चांदी में तो और बड़ी गिरावट आई है—यह अपने उच्चतम स्तर से करीब 2 लाख रुपए तक टूट चुकी है। इस गिरावट ने उन निवेशकों को झटका दिया है जिन्होंने ऊंचे स्तर पर निवेश किया था।

    मजबूत डॉलर बना सबसे बड़ा कारण

    विशेषज्ञों का मानना है कि इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर की मजबूती है। जब डॉलर मजबूत होता है, तो अन्य देशों के निवेशकों के लिए सोना और चांदी खरीदना महंगा हो जाता है। इससे मांग घटती है और कीमतों पर दबाव बनता है।

    कच्चे तेल और महंगाई का असर

    इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने महंगाई की चिंता को बढ़ा दिया है। महंगाई बढ़ने पर केंद्रीय बैंक ब्याज दरों को ऊंचा बनाए रख सकते हैं। ऊंची ब्याज दरों का सीधा असर सोने और चांदी पर पड़ता है, क्योंकि ये धातुएं ब्याज नहीं देतीं। ऐसे में निवेशक बेहतर रिटर्न के लिए अन्य विकल्पों की ओर रुख करने लगते हैं।

    ट्रंप के बयान से बदला बाजार का मूड

    विश्लेषकों के अनुसार, शुरुआत में भू-राजनीतिक तनाव के कारण सोने को “सेफ हेवन” के रूप में समर्थन मिला था, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान के बाद संघर्ष के जल्द खत्म होने की उम्मीद कमजोर पड़ी, जिससे बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ गया और कीमतें नीचे आ गईं।

    चांदी में ज्यादा गिरावट क्यों?

    चांदी की कीमतों में ज्यादा गिरावट की एक अहम वजह यह है कि यह सिर्फ निवेश धातु नहीं, बल्कि एक औद्योगिक धातु भी है। जब वैश्विक आर्थिक वृद्धि को लेकर अनिश्चितता बढ़ती है, तो उद्योगों में इसकी मांग घटने का डर रहता है, जिससे कीमतों पर ज्यादा दबाव आता है।

    आगे कैसी रहेगी चाल?

    अब निवेशकों की नजर अमेरिका के अहम आर्थिक आंकड़ों नॉन-फार्म पेरोल, एडीपी रोजगार डेटा और बेरोजगारी दर पर टिकी है। ये आंकड़े आने वाले दिनों में बाजार की दिशा तय कर सकते हैं। तकनीकी तौर पर सोने के लिए 1,48,000 रुपए के आसपास सपोर्ट और 1,55,000 रुपए के करीब रेजिस्टेंस माना जा रहा है। हालांकि, सभी दबावों के बावजूद सोने ने सप्ताह के दौरान करीब 2.20% की बढ़त भी दर्ज की है, जो बाजार की अस्थिरता को दर्शाता है।

    निवेशकों के लिए संकेत

    फिलहाल बाजार पूरी तरह मैक्रोइकॉनॉमिक संकेतों जैसे महंगाई, डॉलर की चाल और केंद्रीय बैंकों की नीतियों पर निर्भर है। आने वाले समय में भी सोना-चांदी की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

  • जबलपुर सर्राफा बाजार का विश्लेषण: 40 हजार की कीमत फिर भी कम डिमांड, क्या 9 कैरेट सोना सिर्फ एक दिखावा है?

    जबलपुर सर्राफा बाजार का विश्लेषण: 40 हजार की कीमत फिर भी कम डिमांड, क्या 9 कैरेट सोना सिर्फ एक दिखावा है?


    जबलपुर/ भारतीय समाज में सोना खरीदना केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि भविष्य के लिए एक सुरक्षित निवेश माना जाता है। यही कारण है कि जब भी सोने की बात आती है, तो शुद्धता प्योरिटी सबसे बड़ा पैमाना होती है। हाल के दिनों में बाजार में 9 कैरेट गोल्ड ज्वेलरी एक सस्ते विकल्प के रूप में उभरी है, लेकिन जबलपुर सहित देश के अन्य सर्राफा बाजारों में इसकी चमक फीकी पड़ती दिख रही है। मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए करीब 40 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम की आकर्षक कीमत होने के बावजूद, लोग इसे शादी-ब्याह और निवेश जैसे महत्वपूर्ण मौकों पर अपनाने से कतरा रहे हैं।

    जबलपुर के अनुभवी सर्राफा व्यापारी अजीत जैन के अनुसार, 9 कैरेट सोने की सबसे बड़ी कमजोरी इसकी संरचना में छिपी है। तकनीकी रूप से देखें तो 9 कैरेट गोल्ड का अर्थ है कि उस आभूषण में मात्र 37.5 प्रतिशत शुद्ध सोना है, जबकि शेष 62.5 प्रतिशत हिस्सा मिश्र धातु अलॉय का होता है। हालांकि, यह सोना भी अब BIS-हॉलमार्क के अंतर्गत आता है और सरकारी मानकों पर खरा उतरता है, लेकिन सोने की मात्रा इतनी कम होने के कारण यह पारंपरिक सोने 22K या 24K जैसा अनुभव नहीं दे पाता।

    व्यापारियों का कहना है कि 9 कैरेट गोल्ड के रंग और चमक को लेकर सबसे ज्यादा शिकायतें आ रही हैं। इसमें मिश्र धातु की मात्रा अधिक होने के कारण कुछ समय बाद इसका पीलापन हल्का पड़ने लगता है और यह दिखने में असली सोने जैसा नहीं लगता। यदि इसे ठीक से मेंटेन न किया जाए, तो यह काला भी पड़ सकता है। यही वजह है कि ग्राहक इसे खरीदने के बाद पछतावे से बचने के लिए अभी भी 22 या 18 कैरेट के आभूषणों पर ही भरोसा जता रहे हैं।

    निवेश के दृष्टिकोण से भी 9 कैरेट गोल्ड एक ‘फेल’ सौदा साबित हो रहा है। जब कोई व्यक्ति सोना खरीदता है, तो उसकी उम्मीद होती है कि भविष्य में उसे उस पर अच्छा रिटर्न मिलेगा। लेकिन 9 कैरेट सोने में शुद्ध सोने की मात्रा कम होने की वजह से री-सेल वैल्यू दोबारा बेचने पर मिलने वाली कीमत काफी कम होती है। लोग पूछते जरूर हैं, लेकिन जब उन्हें पता चलता है कि इसमें 60 फीसदी से ज्यादा अन्य धातुएं हैं, तो वे निवेश के लिए वापस 24 या 22 कैरेट की ओर मुड़ जाते हैं।

    वर्तमान में 9 कैरेट गोल्ड की मांग केवल बड़े शहरों में कुछ फैशनेबल और ‘डेली वियर’ ज्वेलरी तक सीमित है। शादियों और त्योहारों के सीजन में, जहाँ प्रतिष्ठा और शुद्धता का महत्व होता है, वहाँ यह सस्ता सोना अपनी जगह बनाने में नाकाम रहा है। अंततः, भारतीय ग्राहकों के लिए सोना आज भी वही है जो बरसों तक अपनी चमक और कीमत दोनों बरकरार रख सके।