Tag: Haiwaan

  • बड़े सितारों और भारी बजट के बावजूद 2026 में कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नहीं पाया दम

    बड़े सितारों और भारी बजट के बावजूद 2026 में कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नहीं पाया दम

    नई दिल्ली । साल 2026 का नौवां महीना भी जल्द खत्म होने वाला है। इन नौ महीनों में सिनेमाघरों में कई फिल्में आईं, जिनमें से कुछ हिट हुईं तो कुछ फ्लॉप हुईं। इस खबर में जानिए उन फिल्मों के बारे में, जो इस साल थिएटर तक दर्शकों को खींचने में असफल रहीं।

    2026 की फ्लॉप फिल्में

    भारतीय सिनेमा के लिए साल 2026 उम्मीदों से भरा हुआ था। बड़े सितारे, भारी-भरकम बजट, शानदार स्टारकास्ट और चर्चित फ्रेंचाइजी फिल्मों ने दर्शकों के बीच उत्साह पैदा किया। लेकिन जैसे-जैसे साल आगे बढ़ा, बॉक्स ऑफिस पर कई फिल्मों की चमक फीकी पड़ती नजर आई।

    जनवरी से सितंबर तक रिलीज हुई कई चर्चित फिल्मों ने निर्माताओं और सितारों की उम्मीदों को झटका दिया। खास बात यह रही कि इनमें सिर्फ नए कलाकारों की फिल्में नहीं, बल्कि सुपरस्टार्स और बड़े प्रोडक्शन हाउस की फिल्में भी शामिल रहीं।

    ऐसे में सवाल उठने लगा कि क्या दर्शकों का टेस्ट तेजी से बदल रहा है या फिर बड़े बजट की फिल्मों में पुराना फॉर्मूला अब काम नहीं कर रहा? आइए जानते हैं जनवरी से सितंबर तक की उन फिल्मों के बारे में, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया।

    द राजा साब (208 करोड़ रुपये)

    साल की शुरुआत यानी जनवरी में प्रभास की फिल्म ‘द राजा साब’ आई। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता थी, क्योंकि इसमें प्रभास एक अलग तरह के अवतार में नजर आए। बड़े बजट और स्टार पावर के बावजूद फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली।

    350 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड सिर्फ 208 करोड़ रुपये का ही बिजनेस किया और साल की पहली फ्लॉप साबित हुई।

    ओ रोमियो (72.99 करोड़ रुपये)

    फरवरी में विशाल भारद्वाज की ‘ओ रोमियो’ रिलीज हुई। फिल्म में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की जोड़ी नजर आई। विशाल भारद्वाज जैसे निर्देशक और मजबूत स्टारकास्ट के कारण फिल्म को लेकर काफी चर्चा थी। फिल्म की कहानी, माहौल को लेकर दर्शकों की उम्मीदें ऊंची थीं। हालांकि, रिलीज के बाद इसे मिली जुली प्रतिक्रियाएं मिलीं और बॉक्स ऑफिस पर भी यह उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी।

    100 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने सिर्फ 72.99 करोड़ रुपये का बिजनेस किया।

    उस्ताद भगत सिंह (96.2 करोड़ रुपये)

    मार्च में पवन कल्याण स्टारर ‘उस्ताद भगत सिंह’ सिनेमाघरों में आई। फिल्म को लेकर साउथ इंडियन सिनेमा के फैंस में खासा उत्साह था। पवन कल्याण की लोकप्रियता और एक्शन फिल्मों की मजबूत फैन फॉलोइंग के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर सकी। यह फिल्म उन फिल्मों में शामिल रही, जो इस साल डिजास्टर साबित हुईं हैं।

    फिल्म की कहानी ने यह भी दिखाया कि आज के दर्शक सिर्फ बड़े स्टार या बड़े एक्शन सीक्वेंस के आधार पर फिल्म देखने का फैसला नहीं करते। कहानी, स्क्रीनप्ले और भावनात्मक जुड़ाव भी उतना ही महत्वपूर्ण हो चुका है।

    150 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में सिर्फ 96.2 करोड़ रुपये का ही बिजनेस किया था।

    डकैत – एक प्रेम कथा (56.14 करोड़ रुपये)

    अप्रैल में ‘डकैत – एक प्रेम कथा’ रिलीज हुई। आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर स्टारर इस फिल्म को एक अलग तरह की एक्शन-रोमांटिक कहानी के रूप में पेश किया गया था। फिल्म की कहानी और कलाकारों की मौजूदगी के बावजूद इसे बॉक्स ऑफिस पर सफलता नहीं मिली।

    फिल्म की असफलता से यह साफ हुआ कि आज के दौर में सिर्फ कहानी का आइडिया काफी नहीं है, बल्कि उसकी प्रेजेंटेशन और मार्केटिंग भी सफलता में अहम भूमिका निभाती है।

    लगभग 70 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने सिर्फ 56.14 करोड़ रुपये का ही बिजनेस किया।

    एक दिन (5.50 करोड़ रुपये)

    मई में आमिर खान के लाडले जुनैद खान और साई पल्लवी की फिल्म ‘एक दिन’ आई। ऐसे में दर्शकों को थोड़ी उम्मीद थी कि उन्हें इसमें कुछ नया देखने को मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ना तो बॉलीवुड सुपरस्टार के बेटे दर्शकों को खींचने में सफल रहे और ना ही साउथ की स्टार एक्ट्रेस।

    लगभग 18 से 20 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में सिर्फ 5.50 करोड़ का ही बिजनेस किया और यह भी डिजास्टर साबित हुई।

    है जवानी तो इश्क होना है (51 करोड़ रुपये)

    जून में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े अभिनीत फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ रिलीज हुई। 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म से सभी को बहुत उम्मीदें थी पर यह फ्लॉप साबित हुई। भले ही इसने देशभर में 51 करोड़ रुपये कमाए पर इसकी स्टारकास्ट और लागत से और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी।

    करीबन 60 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने देशभर में 51 करोड़ का बिजनेस किया।

    अल्फा (98.9 करोड़ रुपये)

    जुलाई में ‘अल्फा’ जैसी बहुप्रतीक्षित फिल्म से दर्शकों और इंडस्ट्री को काफी उम्मीदें थीं। स्पाई यूनिवर्स से जुड़े होने के चलते इस फिल्म का नाम पहले ही बड़े प्रोजेक्ट्स की सूची में शामिल था लेकिन बड़े फ्रेंचाइजी नामों के बावजूद किसी फिल्म की सफलता सुनिश्चित नहीं होती।

    130 करोड़ रुपये के बजट में बनी आलिया-शरवरी और बॉबी अभिनीत इस फिल्म ने दुनियाभर में सिर्फ 98.9 करोड़ का ही बिजनेस किया।

    टॉक्सिक (312 करोड़ रुपये*)

    अगस्त में यश स्टारर ‘टॉक्सिक’ को लेकर जबरदस्त चर्चा रही। ‘केजीएफ’ के बाद यश की लोकप्रियता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बढ़ी है और ऐसे में ‘टॉक्सिक’ से काफी बड़ी उम्मीदें थीं। फिल्म का स्केल, एक्शन और विजुअल प्रेजेंटेशन इसकी सबसे बड़ी खासियतों में गिने जा रहे थे। लेकिन बड़े स्टार की फिल्म होने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर आते ही फ्लॉप हो गई थी। पहले दिन 100 करोड़ कमाने वाली इस फिल्म ने अब तक वर्ल्डवाइड 312 करोड़ का कारोबार किया।

  • ‘अब 25 साल का नहीं हूं’, सैफ अली खान ने बताया क्यों बदलना चाहते हैं फिल्मों का चुनाव, हैवान हादसे का भी किया खुलासा

    ‘अब 25 साल का नहीं हूं’, सैफ अली खान ने बताया क्यों बदलना चाहते हैं फिल्मों का चुनाव, हैवान हादसे का भी किया खुलासा

    नई दिल्ली । अभिनेता सैफ अली खान अपने करियर के इस दौर में ऐसी फिल्मों और किरदारों की ओर बढ़ना चाहते हैं, जिनमें कहानी के साथ अभिनय की चुनौती भी हो। आगामी फिल्म हैवान में वह एक नेत्रहीन व्यक्ति की भूमिका निभा रहे हैं, जो परिस्थितियों से हारने के बजाय अपनी समझ और क्षमताओं के सहारे मुश्किलों का सामना करता है। सैफ ने बताया कि इस तरह का किरदार स्वीकार करने की सबसे बड़ी वजह फिल्म की कहानी और निर्देशक प्रियदर्शन का उन पर भरोसा था।

    सैफ के मुताबिक, अब वह अपने करियर में थोड़ा बदलाव करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उम्र और अनुभव के साथ फिल्में चुनने का नजरिया भी बदलता है। वह ऐसी कहानियां करना चाहते हैं, जिनमें सस्पेंस, थ्रिल और मजबूत किरदार हों। उन्होंने अजय देवगन की दृश्यम जैसी फिल्मों का उदाहरण देते हुए कहा कि अब वह उसी तरह के परिपक्व विषयों वाली फिल्मों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उनके लिए हैवान का किरदार इसलिए खास है क्योंकि वह केवल सहानुभूति पाने वाला व्यक्ति नहीं है, बल्कि उसमें अपनी परिस्थितियों से लड़ने की क्षमता भी है।

    फिल्म में सैफ का किरदार नेत्रहीन है, लेकिन उसकी सुनने की क्षमता असाधारण है। वह हवा में उछली गेंद तक पकड़ सकता है। उसकी मां ने उसे संगीत और वायलिन की शिक्षा दी है, जबकि उसके पिता ने उसे मार्शल आर्ट सिखाया है। यही खूबियां उसके किरदार को सामान्य कमजोर या असहाय व्यक्ति से अलग बनाती हैं। सैफ ने माना कि ऐसे किरदार उन्हें कम ही मिले हैं और इस भूमिका को निभाने में उन्हें काफी आनंद आया।

    हैवान में सैफ के सामने अक्षय कुमार एक अलग और नकारात्मक अंदाज में नजर आएंगे। दोनों कलाकार इससे पहले साथ काम कर चुके हैं, लेकिन इस बार उनकी भूमिकाओं का समीकरण बिल्कुल अलग है। सैफ ने बताया कि अक्षय का फिल्म में शामिल होना उनके लिए किसी तोहफे से कम नहीं था। दूसरे प्रमुख किरदार के लिए कलाकार की तलाश चल रही थी, तभी अक्षय ने स्वयं इस भूमिका को निभाने की इच्छा जताई। नकारात्मक किरदार होने के बावजूद उन्होंने इसे चुनौती के रूप में स्वीकार किया।

    फिल्म के एक्शन दृश्यों की शूटिंग के दौरान सैफ को एक हादसे का सामना भी करना पड़ा। एक दृश्य में पुलिसकर्मी को उन्हें कांच के सामने धक्का देना था। निर्देश के मुताबिक धक्का ज्यादा तेज नहीं होना था, लेकिन शूटिंग के दौरान जोर कुछ अधिक लग गया। इसके बाद पूरा कांच टूट गया और सैफ उसके सामने गिर पड़े। उन्होंने बताया कि उस समय उन्हें गंभीर चोट का एहसास नहीं हुआ, लेकिन बाद में शरीर पर पड़े असर का पता चला और उन्हें करीब दो दिन आराम करना पड़ा।

    सैफ ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ एक्शन करना पहले की तुलना में अधिक मेहनत वाला काम हो गया है। कलाकारों से अब भी युवा उम्र जैसी ऊर्जा और स्टंट की उम्मीद की जाती है, लेकिन शरीर पर उसका असर पड़ता है। इसके बावजूद सैफ को एक्शन करना पसंद है। उन्होंने फिल्म में पुलिस स्टेशन के अंदर फिल्माए गए एक्शन दृश्य को अपने पसंदीदा दृश्यों में बताया। अक्षय के साथ फाइट भी फिल्म का अहम हिस्सा है।

    ओटीटी के अनुभव को लेकर सैफ ने कहा कि लंबे फॉर्मेट में कलाकार को किरदार को गहराई से समझने और उसे लंबे समय तक जीने का अवसर मिलता है। सेक्रेड गेम्स जैसे प्रोजेक्ट में लंबे समय तक एक ही भूमिका निभाने से उन्हें अपने अभिनय में बदलाव और गहराई महसूस हुई। उनका मानना है कि ओटीटी और बड़े पर्दे दोनों के अपने फायदे हैं और कलाकार को दोनों माध्यमों में अच्छे अवसर मिलने चाहिए।

    आने वाले प्रोजेक्ट को लेकर सैफ ने कियारा आडवाणी के साथ संभावित फिल्म पर भी बात की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी बातचीत चल रही है और फिल्म साइन होने के बाद ही वह इसके बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।

  • अक्षय कुमार ने अमिताभ बच्चन से जुड़ा सुनाया बचपन का मजेदार किस्सा, अंगूर चुराने पर बिग बी ने दिया था ऐसा दिलचस्प रिएक्शन

    अक्षय कुमार ने अमिताभ बच्चन से जुड़ा सुनाया बचपन का मजेदार किस्सा, अंगूर चुराने पर बिग बी ने दिया था ऐसा दिलचस्प रिएक्शन

    नई दिल्ली । हाल ही में अक्षय कुमार और सैफ अली खान कौन बनेगा करोड़पति में अपनी आने वाली फिल्म हैवान के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान अक्षय ने एक ऐसा किस्सा शेयर किया, जिसे सुनकर सब हैरान रह गए।बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार अपने प्रैंक्स और शरारती अंदाज के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने केबीसी के सेट पर अपने बचपन का एक शरारती किस्सा शेयर किया, जिसे सुनकर सैफ तक हैरान रह गए।

    अक्षय ने सुनाया चोरी का किस्सा

    केबीसी के सामने आए प्रोमो में अक्षय और सैफ हॉटसीट पर नजर आ रहे हैं। इस दौरान अक्षय, अमिताभ बच्चन से बचपन के अंगूर वाली कहानी का जिक्र करते हैं। इस बीच सैफ इस कहानी के बारे में पूछते हैं।तो अक्षय ने कहा, ‘अमिताभ बच्चन जब पहलगांव में बेमिसाल की शूटिंग कर रहे थे। तो मैं अपने माता-पिता के साथ वहां मौजूद था। मेरे मम्मी-पापा भी सर के बहुत बड़े फैन हैं। तो उन्होंने मुझसे कहा कि जाओ तुम बच्चे हो, तो सर का ऑटोग्राफ लेकर आओ, तुम्हें सिक्योरिटी वाले नहीं रोकेंगे। तो मैं गया और मैंने देखा कि सर अंगूर खा रहे थे।’

    अक्षय ने आगे कहा, ‘मैंने जाकर उन्हें पेपर दिया साइन करने के लिए और चुपके से अंगूर का एक छोटा सा गुच्छा चुरा लिया, और सर ने मुझे देख लिया था। जब मैं साइन करवाकर जाने लगा, तो सर ने मुझे बुलाकर एक और बड़ा गुच्छा दिया और कहा कि ये लो बेटे ये भी ले जाओ।’ अक्षय का ये किस्सा सुनकर अमिताभ बच्चन और सैफ अली खान के साथ वहां मौजूद सभी लोग जोर-जोर से हंसने लगे।

    13 साल बाद साथ आएंगे अक्षय और सैफ

    प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हैवान’ में अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक बार फिर साथ नजर आने वाले हैं। दोनों की जोड़ी को आखिरी बार साल 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘टशन’ में देखा गया था। यानी करीब 18 साल बाद दोनों कलाकार पर्दे पर साथ दिखाई देंगे। ‘हैवान’ 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

  • ‘हैवान’ ट्रेलर में खूंखार अक्षय कुमार और अंधे सैफ अली खान की भिड़ंत ने बढ़ाया सस्पेंस, 18 साल बाद साथ आए सितारे

    ‘हैवान’ ट्रेलर में खूंखार अक्षय कुमार और अंधे सैफ अली खान की भिड़ंत ने बढ़ाया सस्पेंस, 18 साल बाद साथ आए सितारे

    नई दिल्ली ।अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी करीब 18 साल के लंबे अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर एक साथ दिखाई देने जा रही है। दोनों की आगामी फिल्म ‘हैवान’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसमें एक्शन, अपराध, सस्पेंस तथा सर्वाइवल ड्रामा का गहरा मिश्रण नजर आता है। ट्रेलर में दोनों कलाकार बिल्कुल अलग और चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं।

    फिल्म में अक्षय कुमार का किरदार बेहद खतरनाक और हिंसक नजर आता है। उनके हावभाव, संवाद और स्क्रीन प्रेजेंस से एक ऐसे व्यक्ति की छवि सामने आती है, जिसकी मानसिकता सामान्य अपराधी से अलग है। ट्रेलर में उनका किरदार लगातार खतरे और तनाव का माहौल पैदा करता दिखाई देता है।

    दूसरी ओर सैफ अली खान एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका निभा रहे हैं, जिसकी आंखों की रोशनी नहीं है। इसके बावजूद उनका किरदार परिस्थितियों के सामने कमजोर पड़ता नजर नहीं आता। वह अपनी समझ, साहस और आसपास की चीजों को महसूस करने की क्षमता के सहारे मुश्किल हालात से निपटने की कोशिश करता दिखाई देता है।

    ट्रेलर में सैफ के किरदार का जेल से जुड़ा हिस्सा भी नजर आता है। कहानी में अक्षय और सैफ के किरदारों के बीच सिर्फ शारीरिक संघर्ष ही नहीं, बल्कि एक मानसिक मुकाबले की संभावना भी दिखाई देती है। इसी वजह से फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ी है।

    ‘हैवान’ की एक खास बात अक्षय कुमार और सैफ अली खान की लंबे समय बाद हुई वापसी है। दोनों कलाकार इससे पहले भी साथ काम कर चुके हैं, लेकिन करीब 18 साल बाद किसी फिल्म में उनकी जोड़ी देखने को मिलेगी। इस वजह से दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री भी फिल्म के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है।

    फिल्म में बोमन ईरानी, सैयामी खेर, श्रिया पिलगांवकर, शारिब हाशमी और जिशु सेनगुप्ता भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल के स्पेशल कैमियो की चर्चा भी फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा रही है। हालांकि ट्रेलर में उनका कैमियो दर्शकों के लिए अलग आकर्षण का विषय बना हुआ है।

    ‘हैवान’ का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। यह फिल्म उनकी 2016 में रिलीज हुई मलयालम क्राइम थ्रिलर ‘ओप्पम’ का आधिकारिक हिंदी रीमेक है। मूल फिल्म में मोहनलाल ने मुख्य भूमिका निभाई थी। हिंदी संस्करण में कहानी को अक्षय कुमार और सैफ अली खान जैसे कलाकारों के साथ नए अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।

    ट्रेलर से संकेत मिलता है कि फिल्म में अपराध और रहस्य के साथ-साथ मुख्य किरदारों के संघर्ष को भी प्रमुखता दी गई है। अक्षय का खतरनाक अवतार और सैफ का दृष्टिहीन किरदार कहानी के दो महत्वपूर्ण हिस्से दिखाई देते हैं।

    ‘हैवान’ में एक्शन के साथ तनाव और रहस्य को बनाए रखने की कोशिश की गई है। ट्रेलर में दिखाए गए दृश्य फिल्म की गंभीर और डार्क टोन को सामने रखते हैं। अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि फिल्म में दोनों किरदारों की टक्कर किस दिशा में जाती है और कहानी का अंतिम परिणाम क्या होता है।

    अक्षय कुमार और सैफ अली खान अभिनीत ‘हैवान’ 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। लंबे समय बाद दोनों सितारों की जोड़ी और प्रियदर्शन के निर्देशन में तैयार इस क्राइम थ्रिलर को लेकर फिल्म प्रेमियों की दिलचस्पी बनी हुई है।