Tag: Harivansh Rai Bachchan

  • 15 करोड़ की अयोध्या प्रॉपर्टी में धर्मशाला बनाएंगे अमिताभ बच्चन, पिता हरिवंश राय बच्चन को करेंगे समर्पित

    15 करोड़ की अयोध्या प्रॉपर्टी में धर्मशाला बनाएंगे अमिताभ बच्चन, पिता हरिवंश राय बच्चन को करेंगे समर्पित


    नई दिल्ली। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को लेकर खबर है कि वह अयोध्या में खरीदी गई अपनी प्रॉपर्टी पर धर्मशाला का निर्माण कराने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि यह धर्मशाला उनके पिता और प्रसिद्ध हिंदी कवि डॉ. हरिवंश राय बच्चन की स्मृति को समर्पित होगी। इसके लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण में भवन के नक्शे की मंजूरी को लेकर आवेदन भी दिया गया है।

    अमिताभ बच्चन ने कुछ समय पहले अयोध्या में करीब 15 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी खरीदी थी। अब इसी संपत्ति पर प्रस्तावित धर्मशाला को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन के मुताबिक देशभर की कई जानी-मानी हस्तियां अयोध्या के विकास में योगदान दे रही हैं। उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन से जुड़ा यह मामला फिलहाल आम लोगों की आपत्तियों के लिए खुला है।

    पिता की याद में होगा निर्माण

    अमिताभ बच्चन के पिता डॉ. हरिवंश राय बच्चन हिंदी साहित्य के चर्चित कवि और अनुवादक थे। उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। उनकी सबसे प्रसिद्ध रचनाओं में ‘मधुशाला’ शामिल है। अमिताभ बच्चन कई मौकों पर अपने पिता को याद करते रहे हैं और उनकी कविताओं की पंक्तियां सोशल मीडिया पर भी साझा करते हैं।

    अमिताभ की मां तेजी बच्चन सामाजिक कार्यों से जुड़ी थीं और थिएटर में भी सक्रिय रहीं। ऐसे में पिता की स्मृति में धर्मशाला का निर्माण उनके परिवार से जुड़ी विरासत को आगे बढ़ाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

    ‘कौन बनेगा करोड़पति’ को कर रहे हैं होस्ट

    अमिताभ बच्चन के काम की बात करें तो वह फिलहाल टीवी के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ को होस्ट कर रहे हैं। शो में वह प्रतियोगियों के साथ सवाल-जवाब करने के अलावा अपनी जिंदगी से जुड़े किस्से और अनुभव भी साझा करते हैं।

    फिल्मों की बात करें तो अमिताभ बच्चन पिछली बार 2024 में रिलीज हुई रजनीकांत स्टारर ‘वेट्टैयन’ में नजर आए थे। इसके अलावा वह ‘कल्कि 2898 एडी’ और ‘सेक्शन 84’ जैसे प्रोजेक्ट्स से भी जुड़े हैं। ‘कल्कि 2898 एडी’ में उनके साथ प्रभास और कमल हासन नजर आएंगे, जबकि ‘सेक्शन 84’ में अभिषेक बनर्जी और निमरत कौर प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

  • शहंशाह' के वे दिन जब दरवाजे पर आते थे लेनदार: 90 करोड़ का कर्ज और 55 लीगल केस

    शहंशाह' के वे दिन जब दरवाजे पर आते थे लेनदार: 90 करोड़ का कर्ज और 55 लीगल केस


    नई दिल्ली । अमिताभ बच्चन आज भारतीय सिनेमा के शहंशाह कहे जाते हैं, लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब उनके सिर से सफलता का साया पूरी तरह उठ चुका था। 90 के दशक के अंत में बिग बी अपने जीवन के सबसे अंधकारमय दौर से गुजर रहे थे। उनकी कंपनी अमिताभ बच्चन कॉर्पोरेशन लिमिटेड  दिवालिया हो चुकी थी और उन पर 90 करोड़ रुपये का भारी-भरकम कर्ज था। स्थिति इतनी भयावह थी कि उनके घर और निजी संपत्तियों के जब्त होने का खतरा मंडरा रहा था।

    साल 2013 के एक इंटरव्यू में अमिताभ बच्चन ने अपनी उस पीड़ा को साझा करते हुए बताया था कि वह दौर उनके लिए बेहद अपमानजनक था। उनके दरवाजे पर हर दिन लेनदार पैसे मांगने आते थे। जो लोग कभी उनके साथ काम करने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहते थे, मुसीबत के वक्त उन्होंने ही बिग बी के प्रति अनादर दिखाना शुरू कर दिया था। उस दौरान उन पर 55 लीगल केस दर्ज थे और उन्होंने स्वीकार किया कि कई लोगों ने उन्हें गुमराह करके गलत दस्तावेजों पर साइन भी करवा लिए थे, जिसका खामियाजा उन्हें अकेले भुगतना पड़ा।

    इस टूटते हुए हौसले के बीच बिग बी को अपने पिता, महान कवि हरिवंश राय बच्चन की दो बातों ने संभाले रखा। पहली सीख थी मन का हो तो अच्छा, मन का न हो तो और भी अच्छा। इसका अर्थ था कि अगर चीजें आपकी योजना के अनुसार नहीं हो रही हैं, तो ईश्वर ने आपके लिए कुछ और भी बेहतर सोच रखा है। दूसरी अहम बात जो उनके पिता ने कही थी वह यह कि जब तक जीवन है, संघर्ष बना रहेगा। इन दो मंत्रों ने अमिताभ को हार मानने के बजाय लड़ने की शक्ति दी।

    अमिताभ बच्चन की सेकेंड इनिंग की शुरुआत फिल्म मोहब्बतें और टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति से हुई, जिसने न केवल उनका कर्ज उतारा बल्कि उन्हें पहले से भी बड़ा स्टार बना दिया। आज उनकी कहानी इस बात का प्रमाण है कि यदि इंसान अपने पिता के आदर्शों और खुद के परिश्रम पर भरोसा रखे, तो वह राख से भी उठकर दोबारा अपना साम्राज्य खड़ा कर सकता है।