Tag: heart disease symptoms

  • अनदेखे संकेत जो बन सकते हैं जानलेवा: महिलाओं में हार्ट अटैक के अलग लक्षण

    अनदेखे संकेत जो बन सकते हैं जानलेवा: महिलाओं में हार्ट अटैक के अलग लक्षण


    नई दिल्ली। दिल की बीमारी को लंबे समय तक एक “पुरुष-प्रधान” स्वास्थ्य समस्या माना जाता रहा है, लेकिन बदलती जीवनशैली और बढ़ते जोखिम कारकों ने इस धारणा को पूरी तरह बदल दिया है। आज के समय में दिल की बीमारियां महिलाओं में भी तेजी से बढ़ रही हैं और यह वैश्विक स्तर पर एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन चुकी हैं।
    विशेषज्ञों के अनुसार, महिलाओं में हृदय रोगों की सबसे बड़ी समस्या उनकी देर से पहचान है। इसका मुख्य कारण यह है कि महिलाओं में दिल की बीमारी के लक्षण अक्सर पुरुषों की तुलना में अलग और कम स्पष्ट होते हैं। यही वजह है कि कई बार इन संकेतों को सामान्य थकान, गैस या तनाव समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है।
    आमतौर पर दिल के दौरे का सबसे सामान्य लक्षण सीने में तेज दर्द माना जाता है, लेकिन यह लक्षण महिलाओं में हमेशा स्पष्ट नहीं होता। इसके बजाय महिलाओं में सांस फूलना, अत्यधिक थकान, जी मिचलाना, पीठ, गर्दन या जबड़े में असहजता जैसे संकेत दिखाई दे सकते हैं। ये लक्षण इतने सामान्य लगते हैं कि महिलाएं अक्सर इन्हें गंभीरता से नहीं लेतीं, जिससे इलाज में देरी हो जाती है।
    डॉक्टरों का कहना है कि चिकित्सा शोधों और क्लिनिकल ट्रायल्स में लंबे समय तक महिलाओं की भागीदारी कम रही है, जिसके कारण हृदय रोगों की समझ मुख्य रूप से पुरुषों के लक्षणों पर आधारित हो गई। यही कारण है कि महिलाओं में बीमारी की पहचान कई बार देर से होती है और जोखिम बढ़ जाता है।
    विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि महिला और पुरुष का हृदय एक जैसा होने के बावजूद, शरीर की जैविक संरचना और हार्मोनल अंतर के कारण रोग के लक्षण और प्रभाव अलग हो सकते हैं। इसलिए सभी के लिए एक ही प्रकार का डायग्नोसिस या इलाज हमेशा प्रभावी नहीं होता।
    अच्छी बात यह है कि दिल की अधिकांश बीमारियों को रोका जा सकता है, क्योंकि इनका सीधा संबंध जीवनशैली से होता है। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और तनाव नियंत्रण दिल की सेहत को मजबूत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
    फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और प्रोटीन युक्त भोजन को दैनिक आहार में शामिल करना चाहिए, जबकि अधिक तैलीय, नमकीन और मीठे खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखना जरूरी है। रोजाना कम से कम 30 मिनट की शारीरिक गतिविधि, जैसे तेज चलना या हल्का व्यायाम, दिल को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
    इसके साथ ही पर्याप्त नींद लेना, धूम्रपान से बचना और तनाव को नियंत्रित करना भी बेहद जरूरी है। लगातार तनाव हृदय पर सीधा नकारात्मक प्रभाव डालता है और कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।
    कुछ विशेष स्थितियां, जैसे गर्भावस्था के दौरान जटिलताएं या ऑटोइम्यून बीमारियां, महिलाओं में हृदय रोगों का खतरा बढ़ा सकती हैं। लेकिन अक्सर इन परिस्थितियों के बाद भी नियमित जांच को नजरअंदाज कर दिया जाता है।
    इसीलिए विशेषज्ञ समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को बेहद जरूरी मानते हैं। नियमित चेकअप से बीमारी का शुरुआती चरण में ही पता लगाया जा सकता है और गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।
    कुल मिलाकर, महिलाओं के लिए दिल की बीमारी एक छिपा हुआ लेकिन गंभीर खतरा है। सही जानकारी, जागरूकता और समय पर जांच ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।
  • क्या आपका बायां हाथ दर्द कर रहा है? जानिए कब यह दिल की बीमारी का इशारा बन जाता है

    क्या आपका बायां हाथ दर्द कर रहा है? जानिए कब यह दिल की बीमारी का इशारा बन जाता है


    नई दिल्ली। आजकल हृदय रोग मृत्यु का एक बड़ा कारण बन गया है। यह समस्या सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं में भी तेजी से बढ़ रही है। हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, सीने में दर्द, सांस फूलना और खासकर बाएं हाथ में दर्द जैसे लक्षण हृदय रोग के संकेत हो सकते हैं। ऐसे में एक पल की देरी भी जानलेवा साबित हो सकती है।

    नेशनल हेल्थ मिशन बताता है कि यदि हृदय रोग के मुख्य लक्षण दिखें तो सावधान हो जाएं और उसकी पहचान करें और बचाव के लिए कुछ उपाय दिए गए हैं, उसे फॉलो करें। एक्सपर्ट स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर हृदय रोग से बचा जा सकता है। संतुलित खान-पान, नियमित व्यायाम और समय पर जांच से दिल स्वस्थ रहता है। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके अपने और अपने परिवार के हृदय की रक्षा कर सकते हैं।

    हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, सीने में भारीपन या दर्द, बाएं हाथ, गर्दन, जबड़े या पीठ में दर्द, सांस फूलना, थकान होना, ठंडा पसीना आना जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। इसके अलावा, अगर धड़कन बार-बार अनियमित, तेज या फड़फड़ाती महसूस हो रही है तो यह हृदय रोग का संकेत हो सकता है। चक्कर आना या बेहोशी भी खतरनाक हो सकता है। यह तब होती है जब मस्तिष्क को पर्याप्त रक्त नहीं मिल पाता। यह अनियमित हृदय गति या ब्लडप्रेशर की समस्या का संकेत हो सकता है। बार-बार ऐसा होने पर इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से जांच करवाएं।

    हृदय रोग से बचाव के लिए संतुलित आहार लें, ताजी सब्जियां, फल, दालें, अनाज और कम तेल-मसालेदार भोजन खाएं। नियमित व्यायाम करें, इसके लिए रोजाना कम से कम 30-40 मिनट योग या हल्का व्यायाम करें। ब्लड प्रेशर और शुगर जांच नियमित करवाएं। धूम्रपान और शराब छोड़ें, ये हृदय के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं। तनाव कम करें, इसके लिए ध्यान, प्राणायाम या अच्छी नींद से तनाव नियंत्रित रखें।

    साथ ही ज्यादा तला-भुना और जंक फूड न खाएं। लंबे समय तक एक जगह बैठे न रहें, तनाव और चिंता को बढ़ने न दें। इन सभी लक्षणोंं को नजरअंदाज न करें।