Tag: HVinoth

  • जन नायगन विजय की आखिरी नहीं बल्कि मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली फिल्म एच विनोद के बयान से बढ़ी हलचल

    जन नायगन विजय की आखिरी नहीं बल्कि मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली फिल्म एच विनोद के बयान से बढ़ी हलचल


    नई दिल्ली । साउथ सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म जन नायगन रिलीज से पहले ही सुर्खियों में बनी हुई है। लंबे समय से इस फिल्म को विजय के अभिनय करियर की आखिरी फिल्म माना जा रहा था लेकिन अब निर्देशक एच विनोद के एक बयान ने इस धारणा को पूरी तरह बदल दिया है। उनका कहना है कि जन नायगन को विजय की अंतिम फिल्म के रूप में नहीं बल्कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी पहली फिल्म के रूप में देखा जाना चाहिए। इस बयान के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।

    एक इंटरव्यू में एच विनोद ने कहा कि जन नायगन केवल एक मसाला एंटरटेनर नहीं है बल्कि लोकतंत्र और राजनीति से जुड़े गंभीर विषयों पर आधारित फिल्म है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म का उद्देश्य केवल विजय को बड़े पर्दे पर नायक के रूप में पेश करना नहीं बल्कि उन चुनौतियों को सामने लाना है जिनका सामना लोकतंत्र करता है। उनके अनुसार फिल्म में लोकतंत्र को कमजोर करने वाली ताकतों और उसकी रक्षा करने वालों के बीच संघर्ष को बेहद प्रभावशाली तरीके से दिखाया गया है।

    निर्देशक ने दावा किया कि फिल्म का लगभग आधे घंटे का हिस्सा इतना मजबूत और विचारोत्तेजक है कि दर्शक उसे बार बार देखकर नए अर्थ निकाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस हिस्से में कई परतें हैं जिन्हें समझने में समय लगेगा और आने वाले वर्षों तक इस पर चर्चा होती रहेगी। उनका मानना है कि जन नायगन उन फिल्मों में शामिल होगी जिन्हें दस बीस या तीस साल बाद भी याद किया जाएगा।

    एच विनोद ने फिल्म से जुड़ा एक और दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जन नायगन की कहानी सबसे पहले विजय को नहीं बल्कि एक अन्य बड़े अभिनेता को सुनाई गई थी। हालांकि उन्होंने उस अभिनेता का नाम नहीं बताया। निर्देशक के अनुसार जब उन्होंने बताया कि यह एक राजनीतिक विषय पर आधारित फिल्म है तो उस अभिनेता ने इसे करने में रुचि नहीं दिखाई। इसके बाद यह कहानी विजय तक पहुंची और उन्होंने इसे करने का फैसला लिया।

    फिल्म में आधुनिक युद्ध और बदलती वैश्विक परिस्थितियों को भी अहम स्थान दिया गया है। एच विनोद ने कहा कि आज की दुनिया में युद्ध केवल सीमाओं पर नहीं लड़े जाते बल्कि ड्रोन तकनीक और आधुनिक हथियारों के जरिए भी संघर्ष होता है। फिल्म में इसी नए दौर की चुनौतियों को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है जिससे यह सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि समकालीन मुद्दों पर आधारित फिल्म भी बन जाती है।

    निर्देशक ने यह भी स्वीकार किया कि फिल्म की रिलीज को लेकर वह काफी उत्साहित होने के साथ साथ चिंतित भी हैं। उनका कहना है कि यह सामान्य व्यावसायिक फिल्म नहीं है इसलिए इसकी तुलना किसी दूसरी फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन से नहीं की जा सकती। फिल्म की रिलीज कई बार टल चुकी है और इसे संवेदनशील माहौल में रिलीज किया जा रहा है। इसके अलावा फिल्म को मिला ए सर्टिफिकेट भी उनके लिए चिंता का विषय है क्योंकि विजय की फिल्मों को बड़ी संख्या में बच्चे भी पसंद करते हैं।

    जन नायगन में विजय के साथ पूजा हेगड़े बॉबी देओल प्रकाश राज प्रियामणि ममिता बैजू गौतम वासुदेव मेनन और नारायण जैसे कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 23 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दर्शकों को उम्मीद है कि यह फिल्म मनोरंजन के साथ साथ राजनीति और समाज पर नई बहस भी छेड़ेगी।

  • थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नायकन' की रिलीज डेट तय, 23 जुलाई को बड़े पर्दे पर होगी अभिनय करियर की यादगार विदाई

    थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नायकन' की रिलीज डेट तय, 23 जुलाई को बड़े पर्दे पर होगी अभिनय करियर की यादगार विदाई

    नई दिल्ली । दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। फिल्म 23 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। इस घोषणा के साथ ही सोशल मीडिया पर विजय के प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए यह खबर किसी बड़े तोहफे से कम नहीं मानी जा रही है। खास बात यह है कि ‘जन नायकन’ को विजय के अभिनय करियर की अंतिम फिल्म बताया जा रहा है, जिससे इसकी चर्चा और भी बढ़ गई है।

    फिल्म के निर्माताओं का कहना है कि ‘जन नायकन’ केवल एक व्यावसायिक फिल्म नहीं बल्कि विजय के लंबे और सफल फिल्मी सफर को सम्मान देने वाली प्रस्तुति होगी। अपने करियर में विजय ने कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों के जरिए दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई है। उनकी लोकप्रियता केवल दक्षिण भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश और विदेश में भी उनके करोड़ों प्रशंसक हैं। ऐसे में उनकी अंतिम फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

    ‘जन नायकन’ का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है, जबकि इसका निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है। फिल्म के निर्माताओं का दावा है कि इसमें दमदार कहानी, भव्य निर्माण, आधुनिक तकनीक और बड़े स्तर का सिनेमाई अनुभव देखने को मिलेगा। पूरी टीम इस परियोजना को विजय के करियर के अनुरूप एक यादगार फिल्म बनाने के लिए लंबे समय से काम कर रही है। माना जा रहा है कि फिल्म में मनोरंजन के साथ भावनात्मक पहलू भी प्रमुखता से देखने को मिलेगा।

    फिल्म के निर्माता वेंकट के. नारायण ने रिलीज डेट की घोषणा करते हुए इसे अपने करियर के सबसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में से एक बताया। उन्होंने कहा कि सिनेमा में कुछ अवसर ऐसे होते हैं जो इतिहास का हिस्सा बन जाते हैं और ‘जन नायकन’ भी उन्हीं विशेष पलों में शामिल है। उनके अनुसार थलापति विजय की अंतिम फिल्म का हिस्सा बनना पूरी टीम के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह फिल्म दुनिया भर के दर्शकों और विजय के करोड़ों प्रशंसकों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव साबित होगी।

    वेंकट के. नारायण ने विजय के फिल्मी और सार्वजनिक जीवन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि विजय ने अपने अभिनय कौशल, मेहनत और दर्शकों से गहरे जुड़ाव के दम पर वर्षों तक मनोरंजन जगत में सफलता हासिल की। बाद में उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कदम रखा और लोगों के विश्वास के बल पर राजनीति में भी नई पहचान बनाई। उनका मानना है कि विजय की लोकप्रियता का सबसे बड़ा कारण आम लोगों से उनका मजबूत जुड़ाव रहा है, जिसने उन्हें एक सफल अभिनेता के साथ-साथ जननेता के रूप में भी स्थापित किया।

    फिल्म उद्योग से जुड़े जानकारों का मानना है कि ‘जन नायकन’ वर्ष 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है। रिलीज डेट सामने आने के बाद दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत करेगी और विजय के अभिनय करियर को एक यादगार विदाई देगी। प्रशंसकों के लिए यह केवल एक नई फिल्म नहीं, बल्कि उनके पसंदीदा सितारे के लंबे सिनेमाई सफर का भावनात्मक समापन भी होगा।