Tag: illegal liquor smuggling

  • कटनी में स्कूटी से 7 पेटी अवैध शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

    कटनी में स्कूटी से 7 पेटी अवैध शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार कर भेजे गए जेल


    कटनी । कटनी जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एनकेजे थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से कुल 63 लीटर देशी प्लेन और मसाला शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है।

    यह कार्रवाई उस समय हुई जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक स्कूटी पर भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर झलवारा से हिरवारा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रूपेन्द्र राजपूत के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई और बताए गए रूट पर घेराबंदी की गई।

    घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
    पुलिस टीम ने संदिग्ध स्कूटी को आते देख रोक लिया और दोनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान स्कूटी के आगे पैरदान और पीछे सीट पर रस्सी से बंधे कुल 7 कार्टून मिले, जिनमें अवैध देशी शराब भरी हुई थी।  दोनों आरोपी किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।

    पूछताछ में सामने आई पहचान
    कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सतीष चौधरी (27) और विकास चौधरी (27), निवासी झर्रा टिकुरिया, कटनी के रूप में बताई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसके बाद 63 लीटर शराब और स्कूटी को जब्त कर लिया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल कटनी भेज दिया गया।

    अवैध शराब पर सख्ती जारी
    पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सके।

  • छतरपुर में XUV से हो रही थी शराब तस्करी, जंगल में 369 लीटर देशी शराब जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार

    छतरपुर में XUV से हो रही थी शराब तस्करी, जंगल में 369 लीटर देशी शराब जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार


    मध्य प्रदेश । छतरपुर जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक XUV-500 कार से भारी मात्रा में देशी शराब जब्त की है। ऊमरझिरिया जंगल क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने करीब 369 लीटर अवैध शराब पकड़ी, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

    जानकारी के अनुसार, बकस्वाहा थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ऊमरझिरिया जंगल इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध XUV-500 वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखी मिली।

    पुलिस ने कार से कुल 41 पेटी देशी शराब बरामद की, जिसमें 10 पेटी प्लेन शराब और 31 पेटी मसाला शराब शामिल थी। जब्त शराब की कुल मात्रा 369 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 95 हजार रुपए आंकी गई है।

    कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ग्राम सोंरई निवासी 38 वर्षीय कन्हैया यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, वाहन चला रहा दूसरा आरोपी नातीराजा, निवासी जगारा थाना बाजना, पुलिस को देखकर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

    पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही करीब 4 लाख रुपए कीमत की XUV-500 कार को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

    पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सकता है।

    इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ जिले में चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।