Tag: India Cricket Schedule

  • टीम इंडिया का व्यस्त शेड्यूल: 4 महीनों में 29 मैचों की चुनौती, चार देशों से होगी जोरदार टक्कर

    टीम इंडिया का व्यस्त शेड्यूल: 4 महीनों में 29 मैचों की चुनौती, चार देशों से होगी जोरदार टक्कर


    नई दिल्ली । साल 2026 के करीब आठ महीने बीत चुके हैं लेकिन टीम इंडिया के लिए क्रिकेट का रोमांच अभी खत्म नहीं हुआ है। सितंबर से दिसंबर तक भारतीय क्रिकेट टीम बेहद व्यस्त रहने वाली है और इन चार महीनों के दौरान उसे कई बड़े और महत्वपूर्ण इंटरनेशनल मुकाबले खेलने हैं। टीम इंडिया अफगानिस्तान वेस्टइंडीज न्यूजीलैंड और श्रीलंका के खिलाफ अलग-अलग फॉर्मेट में कुल 29 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। इसके अलावा भारतीय टीम एशियन गेम्स में भी हिस्सा लेगी जिससे साल के आखिरी महीनों में खिलाड़ियों के सामने लगातार क्रिकेट का चुनौतीपूर्ण शेड्यूल रहेगा।

    सितंबर में टीम इंडिया की शुरुआत अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों से होगी। पहला मुकाबला 13 सितंबर को नई दिल्ली में खेला जाएगा जबकि दूसरा मैच 15 सितंबर और तीसरा मुकाबला 17 सितंबर को नई दिल्ली में ही होगा। इसके बाद भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में उतरेगी। दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे जिनकी शुरुआत 27 सितंबर से होगी। यह सीरीज 3 अक्टूबर तक चलेगी।

    वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद टीम इंडिया पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। यह मुकाबले 6 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक लखनऊ रांची इंदौर हैदराबाद और बेंगलुरु में खेले जाएंगे। इस सीरीज के बाद भारतीय टीम सीधे न्यूजीलैंड दौरे के लिए रवाना होगी जहां उसे अक्टूबर और नवंबर में लंबा और बेहद चुनौतीपूर्ण दौरा करना है।

    न्यूजीलैंड में टीम इंडिया पहले पांच टी20 मुकाबले खेलेगी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज होगी। दौरे का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा दो टेस्ट मैचों की सीरीज होगी जो भारत के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अभियान के लिए भी अहम मानी जा रही है। न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया कुल 12 इंटरनेशनल मैच खेलेगी और इस दौरान उसे विदेशी परिस्थितियों में अपनी ताकत साबित करनी होगी।

    साल के आखिरी महीने दिसंबर में भारतीय टीम अपने घर में श्रीलंका का सामना करेगी। दोनों देशों के बीच तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जाएंगे। वनडे सीरीज की शुरुआत 13 दिसंबर से दिल्ली में होगी जबकि इसके बाद बेंगलुरु और अहमदाबाद में मुकाबले खेले जाएंगे। टी20 सीरीज 22 दिसंबर से शुरू होगी और राजकोट कटक तथा पुणे में मैच आयोजित किए जाएंगे।

    अगर पूरे शेड्यूल पर नजर डालें तो टीम इंडिया को अफगानिस्तान के खिलाफ 3 टी20 वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 वनडे और 5 टी20 न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 5 वनडे और 2 टेस्ट जबकि श्रीलंका के खिलाफ 3 वनडे और 3 टी20 मुकाबले खेलने हैं। इस तरह चार महीनों में कुल 29 इंटरनेशनल मैच टीम इंडिया के इंतजार में हैं। एशियन गेम्स के मुकाबलों को इसमें शामिल नहीं किया गया है और उनके जुड़ने से मैचों की संख्या और बढ़ सकती है। ऐसे में साल 2026 के आखिरी चार महीने भारतीय क्रिकेट टीम और क्रिकेट प्रशंसकों दोनों के लिए बेहद रोमांचक और व्यस्त रहने वाले हैं।