Tag: India Pakistan Relations

  • भारत-पाक रिश्ते सुधारने की दिशा में पहल शुरू, 3 महीनों में हुई दो गुप्त बैठकें, NSA डोभाल सक्रिय

    भारत-पाक रिश्ते सुधारने की दिशा में पहल शुरू, 3 महीनों में हुई दो गुप्त बैठकें, NSA डोभाल सक्रिय


    नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर को एक साल पूरा होने के बीच भारत और पाकिस्तान के रिश्तों को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। दोनों देशों के बीच भले ही आधिकारिक स्तर पर बातचीत बंद हो, लेकिन बैक-चैनल संवाद को फिर से सक्रिय करने की कोशिशें जारी हैं। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पिछले तीन महीनों में दोनों पक्षों के रिटायर्ड सैन्य अधिकारियों और पूर्व राजनयिकों के बीच कम से कम दो गुप्त बैठकें हुई हैं।

    रिपोर्ट के अनुसार, ये मुलाकातें कतर और एशिया के एक अन्य देश की राजधानी में आयोजित की गईं। हालांकि इन बैठकों को औपचारिक वार्ता का दर्जा नहीं दिया गया है, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार है जब दोनों देशों के बीच संवाद की कोशिशें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि भारत में भी इस बात पर सहमति बन रही है कि इस्लामाबाद और रावलपिंडी के साथ संपर्क का एक गोपनीय माध्यम खुला रहना चाहिए।

    सूत्रों के मुताबिक, इस पहल की जानकारी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल के कार्यालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय को भी दी गई है। वहीं, पाकिस्तान की ओर से भी ऐसे बैक-चैनल संवाद में रुचि दिखाई गई है।

    बताया जा रहा है कि इस पूरी कवायद का मकसद भविष्य में किसी आतंकी हमले या बड़े तनाव की स्थिति में हालात को नियंत्रण से बाहर जाने से रोकना है। फिलहाल भारत और पाकिस्तान के बीच संवाद का एकमात्र आधिकारिक माध्यम डीजीएमओ स्तर की साप्ताहिक हॉटलाइन बातचीत है, जो हर मंगलवार को होती है।

    भारत का मानना है कि बैक-चैनल बातचीत उसकी उस नीति के खिलाफ नहीं है, जिसमें कहा गया है कि आतंकवाद और वार्ता साथ-साथ नहीं चल सकते। इसे एक ऐसे संपर्क तंत्र के रूप में देखा जा रहा है, जिससे संकट की स्थिति में दोनों देशों के बीच सीधे संवाद संभव हो सके।

    रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए भारत के लिए यह संवाद तंत्र जरूरी माना जा रहा है। पाकिस्तान इस समय अमेरिका, इजरायल और ईरान से जुड़े क्षेत्रीय तनावों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। साथ ही पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की स्थिति पहले से अधिक मजबूत मानी जा रही है और उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन भी हासिल बताया जा रहा है। ऐसे में भविष्य में किसी आतंकी घटना की स्थिति में भारत के लिए वैश्विक स्तर पर पाकिस्तान पर दबाव बनाना आसान नहीं होगा।

    भारत और पाकिस्तान के बीच बैक-चैनल वार्ता का इतिहास पहले भी रहा है। वर्ष 2015 से 2018 के दौरान NSA अजीत डोभाल ने बैंकॉक में अपने पाकिस्तानी समकक्षों के साथ कई दौर की बातचीत की थी। हाल ही में 30 अप्रैल 2025 को लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद आसिम मलिक को पाकिस्तान का नया NSA नियुक्त किया गया है। वे पाकिस्तान के पहले ऐसे अधिकारी हैं जो ISI प्रमुख और NSA दोनों जिम्मेदारियां एक साथ संभाल रहे हैं। इससे पाकिस्तान की सैन्य और नागरिक सत्ता पर फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का प्रभाव और मजबूत माना जा रहा है।

  • ट्रंप का नया दावा: भारत-पाकिस्तान जंग रुकवाने के पीछे टैरिफ की धमकी, भारत ने फिर किया खंडन

    ट्रंप का नया दावा: भारत-पाकिस्तान जंग रुकवाने के पीछे टैरिफ की धमकी, भारत ने फिर किया खंडन


    नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर यह दावा दोहराया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित सैन्य टकराव को रोकने में भूमिका निभाई थी। ट्रंप के मुताबिक, उन्होंने दोनों देशों पर टैरिफ लगाने की धमकी देकर स्थिति को शांत कराया था। हालांकि भारत ने इस दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए साफ कहा है कि संघर्षविराम किसी तीसरे देश के दबाव से नहीं, बल्कि सीधे सैन्य स्तर की बातचीत के बाद हुआ था।

    ट्रंप का दावा क्या है?
    ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अब तक कई युद्धों को रोका है, जिनमें भारत-पाकिस्तान तनाव भी शामिल है। उनके अनुसार, उस समय हालात इतने गंभीर थे कि परमाणु संघर्ष का खतरा पैदा हो गया था।ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने दोनों देशों को चेतावनी दी थी कि अगर लड़ाई जारी रही तो अमेरिका व्यापारिक प्रतिबंध और टैरिफ लगा सकता है। उनके मुताबिक, इसी दबाव में स्थिति शांत हुई।

    भारत का स्पष्ट जवाब
    भारत सरकार ने ट्रंप के इन दावों को पहले भी कई बार नकारा है और इस बार भी वही रुख दोहराया है। भारत का कहना है कि संघर्षविराम का निर्णय दोनों देशों के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) के बीच सीधी बातचीत के बाद हुआ था।

    भारतीय पक्ष ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी विदेशी देश की मध्यस्थता या दबाव की भूमिका नहीं थी।

    “ऑपरेशन सिंदूर” और तनाव की पृष्ठभूमि
    भारत ने हाल के घटनाक्रम में सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ “ऑपरेशन सिंदूर” जैसी कार्रवाई की थी, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था।

    इसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव बढ़ा, लेकिन बाद में बातचीत के जरिए स्थिति को नियंत्रित किया गया। भारत के अनुसार, इसी प्रक्रिया के तहत संघर्षविराम पर सहमति बनी।

    पाकिस्तान का रुख और अंतरराष्ट्रीय बयानबाजी
    पाकिस्तान ने ट्रंप के दावों का समर्थन करते हुए उन्हें “मध्यस्थता” का श्रेय दिया था। वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने भी अमेरिका की भूमिका की सराहना की थी।इसके उलट, भारत लगातार यह कहता रहा है कि यह एक द्विपक्षीय मुद्दा है और बाहरी हस्तक्षेप की कोई भूमिका नहीं रही।

    ट्रंप के बार-बार बदलते दावे
    डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले भी कई बार यह दावा कर चुके हैं कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान तनाव को रोका था। हर बार भारत ने इन बयानों को तथ्यात्मक रूप से गलत बताया है।

    अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान ऐसे समय आया है जब वैश्विक राजनीति में व्यापारिक नीतियों और टैरिफ को लेकर फिर से बहस तेज है।

    भारत-पाकिस्तान तनाव को लेकर अमेरिका के दावों और भारत के आधिकारिक रुख में स्पष्ट अंतर बना हुआ है। जहां ट्रंप इसे अपनी कूटनीतिक सफलता बताते हैं, वहीं भारत इसे पूरी तरह द्विपक्षीय सैन्य संवाद का परिणाम मानता है।

  • आतंकवाद पर भारत का करारा संदेश: ऑपरेशन सिंदूर से बदली रणनीति, पाकिस्तान पर राजनाथ का तीखा प्रहार

    आतंकवाद पर भारत का करारा संदेश: ऑपरेशन सिंदूर से बदली रणनीति, पाकिस्तान पर राजनाथ का तीखा प्रहार


    नई दिल्ली । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक कार्यक्रम के दौरान भारत की बदलती रणनीति और आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख को स्पष्ट करते हुए पाकिस्तान पर जोरदार हमला बोला उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान एक ही समय आजाद हुए थे, लेकिन आज जहां भारत पूरी दुनिया में सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी बनकर IT हब के रूप में पहचान बना चुका है, वहीं पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का केंद्र बन गया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इसकी सबसे बड़ी वजह पाकिस्तान द्वारा लगातार आतंकवाद को समर्थन देना है।

    रक्षा मंत्री ने कहा कि आतंकवाद केवल एक राष्ट्र-विरोधी गतिविधि नहीं है, बल्कि इसके कई आयाम हैं और इससे प्रभावी तरीके से निपटने के लिए ऑपरेशनल, वैचारिक और राजनीतिक तीनों स्तरों पर एक साथ काम करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की इसी व्यापक रणनीति का हिस्सा था, जिसने देश की नई ताकत और दृढ़ इच्छाशक्ति को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया।

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी सुरक्षा नीति में बड़ा बदलाव किया है। पहले जहां आतंकी हमलों के बाद केवल बयानबाजी तक सीमित रहना पड़ता था, वहीं अब भारत निर्णायक कार्रवाई करने में विश्वास रखता है। ऑपरेशन सिंदूर इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जिसने यह साबित कर दिया कि भारत अब किसी भी चुनौती का जवाब देने में सक्षम है।

    रक्षा मंत्री ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए बताया कि 22 अप्रैल 2025 को निर्दोष पर्यटकों की हत्या के बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में स्थित आतंकी ठिकानों पर सटीक कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन केवल 72 घंटे में पूरा कर लिया गया, लेकिन इसके पीछे लंबी और सटीक रणनीतिक तैयारी थी। यदि आवश्यकता पड़ती तो भारत लंबी लड़ाई के लिए भी पूरी तरह तैयार था।

    उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत आतंकवाद और उसे समर्थन देने वालों के बीच कोई अंतर नहीं करता। देश की नीति अब पूरी तरह जीरो टॉलरेंस पर आधारित है, जिसके तहत किसी भी प्रकार की आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऑपरेशन के दौरान मिली परमाणु धमकियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ऐसे दबावों में आने वाला नहीं है और राष्ट्रहित सर्वोपरि है।

    वैश्विक परिदृश्य पर बात करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि दुनिया इस समय बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। यूरोप से लेकर पश्चिम एशिया तक तनाव और संघर्ष की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तथाकथित न्यू वर्ल्ड ऑर्डर वास्तव में एक ऐसी स्थिति बन गया है जहां कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं दिखाई देती। ऐसे समय में भारत का मजबूत और स्पष्ट रुख न केवल अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी एक संदेश देता है।

    उन्होंने अपने संबोधन के अंत में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं था, बल्कि यह भारत की नई सोच, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। यह दुनिया को यह बताने के लिए पर्याप्त है कि अब भारत हर चुनौती का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है और किसी भी कीमत पर अपने नागरिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं करेगा।

  • IPL से जुड़ी फ्रेंचाइजी का संकेत, The Hundred में पाक खिलाड़ियों की राह मुश्किल?

    IPL से जुड़ी फ्रेंचाइजी का संकेत, The Hundred में पाक खिलाड़ियों की राह मुश्किल?


    नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के तनावपूर्ण कूटनीतिक रिश्तों की छाया अब वैश्विक फ्रेंचाइजी क्रिकेट पर भी पड़ती नजर आ रही है। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक इंग्लैंड की 100 गेंदों की लीग द हंड्रेड के आगामी सत्र में उन टीमों द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर विचार नहीं किया जा सकता जिनका स्वामित्व आंशिक रूप से Indian Premier League से जुड़ी फ्रेंचाइजियों के पास है। अगले महीने प्रस्तावित खिलाड़ी नीलामी से पहले यह संकेत क्रिकेट जगत में हलचल पैदा कर रहा है।

    21 जुलाई से 16 अगस्त तक खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के नए सीजन में निजी निवेश बढ़ने के कारण खिलाड़ियों की सैलरी में उल्लेखनीय इजाफा होने की संभावना है। ऐसे में अगर आईपीएल से जुड़ी फ्रेंचाइजियां पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नजरअंदाज करती हैं तो वे संभावित आर्थिक लाभ से वंचित रह सकते हैं। हालांकि इसे किसी आधिकारिक प्रतिबंध के रूप में घोषित नहीं किया गया है लेकिन मौजूदा भारत-पाक संबंधों की पृष्ठभूमि में इसे रणनीतिक रुख के तौर पर देखा जा रहा है।

    ब्रिटिश मीडिया संस्थान BBC की एक रिपोर्ट के अनुसार इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कथित तौर पर एक खिलाड़ी एजेंट को संकेत दिया कि उसके पाकिस्तानी खिलाड़ियों में रुचि केवल उन्हीं टीमों तक सीमित रह सकती है जिनका आईपीएल से कोई संबंध नहीं है। हालांकि इस मुद्दे पर न तो बोर्ड और न ही किसी फ्रेंचाइजी की ओर से आधिकारिक पुष्टि की गई है जिससे स्थिति अभी अटकलों के दायरे में है।

    द हंड्रेड में कुल आठ टीमें हिस्सा लेती हैं और इनमें से कई में आईपीएल से जुड़ी कंपनियों की हिस्सेदारी है। उदाहरण के तौर पर मैनचेस्टर ओरिजिनल्स ओवल इनविंसिबल्स सदर्न ब्रेव और नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स जैसी टीमों में भारतीय निवेशकों की भागीदारी बताई जाती है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि इन टीमों की चयन नीति पर आईपीएल की कारोबारी प्राथमिकताओं और राजनीतिक संवेदनशीलताओं का असर पड़ सकता है।

    गौरतलब है कि 2008 के बाद से पाकिस्तानी खिलाड़ी आईपीएल का हिस्सा नहीं रहे हैं। यदि इसी तरह का रुख आईपीएल से जुड़ी विदेशी फ्रेंचाइजियों में भी अपनाया जाता है तो अंतरराष्ट्रीय टी20 बाजार में पाक खिलाड़ियों के अवसर सीमित हो सकते हैं। एक अन्य एजेंट ने इसे भारतीय निवेश वाली टी20 लीगों में अनलिखा नियम तक करार दिया है हालांकि औपचारिक रूप से ऐसा कोई नियम सार्वजनिक नहीं है।

    विशेषज्ञ मानते हैं कि आधुनिक फ्रेंचाइजी क्रिकेट अब केवल खेल तक सीमित नहीं रहा बल्कि यह बहु-अरब डॉलर का वैश्विक व्यावसायिक मॉडल बन चुका है। निवेशकों के हित ब्रांड छवि राजनीतिक समीकरण और बाजार रणनीति ये सभी कारक टीम चयन को प्रभावित कर सकते हैं। हालांकि अंतिम तस्वीर नीलामी के दौरान ही साफ होगी लेकिन फिलहाल संकेत यही हैं कि द हंड्रेड के आगामी सत्र में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लिए राह पहले जितनी सहज नहीं दिख रही।

  • नए साल पर पाकिस्तान ने शुभकामनाएं नहीं धमकी भेजी, आसिम मुनीर ने भारत को लेकर क्या कह डाला?

    नए साल पर पाकिस्तान ने शुभकामनाएं नहीं धमकी भेजी, आसिम मुनीर ने भारत को लेकर क्या कह डाला?


    नई दिल्ली। नए साल की शुरुआत में ही पाकिस्तान ने एक बार फिर आक्रामक तेवर दिखाए हैं. पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने भारत का नाम लिए बिना कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि पाकिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से उल्लंघन होने पर ठोस और निर्णायक जवाब दिया जाएगा. यह बयान ऐसे समय आया है, जब पाकिस्तान खुद आंतरिक अशांति और आतंकवाद की गंभीर समस्या से जूझ रहा है.

    जीएचक्यू में दिया बयान

    पाक सेना की ओर से जारी बयान के मुताबिक, जनरल आसिम मुनीर ने रावलपिंडी स्थित जनरल हेडक्वार्टर्सजीएचक्यू में बलूचिस्तान पर आयोजित 18वीं राष्ट्रीय कार्यशाला के प्रतिभागियों से बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है.

    क्षेत्रीय शांति की बात, लेकिन लहजा धमकी भरा

    आसिम मुनीर ने एक ओर क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के प्रति पाकिस्तान की प्रतिबद्धता दोहराई, वहीं दूसरी ओर चेतावनी भरे अंदाज में कहा, पाकिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कोई भी उल्लंघन हुआ तो दृढ़ और निर्णायक प्रतिक्रिया दी जाएगी.

    बलूचिस्तान हिंसा के लिए भारत समर्थित गुटों पर आरोप

    पाक सेना प्रमुख ने बिना कोई सबूत पेश किए आरोप लगाया कि भारत समर्थित गुट बलूचिस्तान में हिंसा फैलाने और विकास कार्यों को बाधित करने में लगे हुए हैं. उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल प्रांत को आतंकवाद और अशांति से मुक्त कराने के लिए कड़ी कार्रवाई जारी रखेंगे.

    भारत का पलटवार

    पाकिस्तान की इस बयानबाजी के बीच भारत में पंजाब के पुलिस महानिदेशकडीजीपी गौरव यादव ने पाकिस्तान की असलियत उजागर करते हुए बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआईISI ड्रोन के जरिए हथियार और गोला-बारूद पंजाब भेज रही है.

    पंजाब को अशांत करने की साजिश

    बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजीपी यादव ने कहा कि पाकिस्तान ग्रेनेड हमलों जैसी घटनाओं को बढ़ावा देकर पंजाब को अत्यधिक अशांत राज्य के रूप में दिखाने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने इसे भारत के खिलाफ छेड़े गए छद्म युद्ध का हिस्सा बताया. डीजीपी ने बताया कि पाकिस्तान का मकसद पंजाब में अशांति फैलाना है, इसी वजह से ड्रोन के जरिए हथियार भेजे जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क के सूत्रधार उत्तरी अमेरिका, यूरोप, दक्षिण-पूर्व एशिया और खाड़ी देशों में बैठे हुए हैं.

    हर साजिश को नाकाम कर रही है पंजाब पुलिस

    गौरव यादव ने साफ कहा कि सीमा पार से आईएसआई द्वारा रची जा रही हर साजिश को पंजाब पुलिस नाकाम कर रही है. पंजाब में पुलिस थानों को निशाना बनाकर किए गए ग्रेनेड हमलों को लेकर डीजीपी ने कहा कि पाकिस्तान सीमावर्ती राज्य में शांति भंग करना चाहता है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और हर कोशिश को विफल किया जा रहा है.
  • बांग्लादेश संकट के बीच पाकिस्तान की गीदड़भभकी, इशाक डार बोले– पानी रोकना युद्ध की कार्रवाई के बराबर

    बांग्लादेश संकट के बीच पाकिस्तान की गीदड़भभकी, इशाक डार बोले– पानी रोकना युद्ध की कार्रवाई के बराबर


    नई दिल्ली
    /इस्लामाबाद:बांग्लादेश में जारी राजनीतिक और सामाजिक उथल-पुथल के बीच पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के खिलाफ तीखे बयान देकर माहौल गरमाने की कोशिश की है। पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने भारत पर सिंधु जल संधि के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा है कि यदि पानी की आपूर्ति रोकी जाती है तो इसे युद्ध की कार्रवाई के तौर पर देखा जाएगा।इशाक डार ने यह बयान शुक्रवार 19 दिसंबर को मीडिया से बातचीत के दौरान दिया। यह बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान ने चिनाब नदी के जल प्रवाह में बदलाव को लेकर भारत से औपचारिक रूप से स्पष्टीकरण मांगा है।

    भारत संधि को कमजोर कर रहा है

    डार ने आरोप लगाया कि भारत लगातार 1960 की सिंधु जल संधि को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहाहमने इस साल अप्रैल में भारत की ओर से संधि से एकतरफा हटने जैसे कदम देखे लेकिन अब जो हो रहा है वह समझौते के मूल सिद्धांतों पर सीधा हमला है। इसका असर न सिर्फ क्षेत्रीय स्थिरता पर पड़ेगा बल्कि अंतरराष्ट्रीय कानून की विश्वसनीयता भी खतरे में पड़ जाएगी।
    पाकिस्तानी उप प्रधानमंत्री का कहना था कि भारत की ये कार्रवाइयां केवल तकनीकी मुद्दा नहीं हैं बल्कि इसके गंभीर रणनीतिक और मानवीय परिणाम हो सकते हैं।

    पहलगाम हमले के बाद बदले हालात

    गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के एक दिन बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े और दंडात्मक कदम उठाए थे। इन्हीं में से एक कदम था सिंधु जल संधि को स्थगित करना।यह संधि विश्व बैंक की मध्यस्थता में 1960 में हुई थी जो भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु नदी और उसकी सहायक नदियों के जल बंटवारे को नियंत्रित करती है। दशकों से यह संधि दोनों देशों के बीच तनाव के बावजूद कायम रही है लेकिन हालिया घटनाओं ने इसे फिर विवाद के केंद्र में ला दिया है।

    कृषि और आजीविका पर खतरे का दावा

    इशाक डार ने दावा किया कि भारत द्वारा किए जा रहे कथित जल प्रवाह में हेरफेर के कारण पाकिस्तान के सिंधु आयुक्त को अपने भारतीय समकक्ष को पत्र लिखकर जवाब मांगना पड़ा है।उन्होंने कहा कि कृषि चक्र के अहम समय में पानी के प्रवाह में बदलाव पाकिस्तान के किसानों खाद्य सुरक्षा और आम नागरिकों की आजीविका के लिए सीधा खतरा है।डार के मुताबिक सिंधु बेसिन पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उसमें किसी भी तरह का असंतुलन गंभीर संकट पैदा कर सकता है।

    बाढ़ और सूखे का खतरा

    पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि भारत ने संधि के तहत जरूरी जल विज्ञान संबंधी डेटा साझा करना पूर्व सूचना देना और संयुक्त निगरानी तंत्र को लगभग बंद कर दिया है।उनका कहना है कि इससे पाकिस्तान को अचानक बाढ़ या लंबे सूखे जैसी स्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।इशाक डार ने चेतावनी भरे लहजे में कहापानी की आपूर्ति को हथियार बनाना अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ है और इसे युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा।

    चिनाब में पानी छोड़े जाने से बढ़ा विवाद

    पाकिस्तान की नाराजगी की एक बड़ी वजह यह भी बताई जा रही है कि भारत ने हाल ही में बिना पूर्व सूचना के चिनाब नदी में पानी छोड़ा जिससे पाकिस्तान में बाढ़ जैसे हालात की आशंका पैदा हो गई। इस कदम के बाद इस्लामाबाद में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई।
    विश्लेषकों का मानना है कि आंतरिक और क्षेत्रीय दबावों के बीच पाकिस्तान एक बार फिर जल मुद्दे को कूटनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहा है। भारत की ओर से फिलहाल इस बयान पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।