Tag: India vs Pakistan

  • IND vs PAK मैच विवाद पर श्रीलंका ने PCB को लिखा पत्र, भारत के साथ मुकाबले में भाग लेने की अपील

    IND vs PAK मैच विवाद पर श्रीलंका ने PCB को लिखा पत्र, भारत के साथ मुकाबले में भाग लेने की अपील


    नई दिल्ली । टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है। 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला श्रीलंका के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होना था। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बांग्लादेश के रुख का समर्थन करते हुए यह निर्णय लिया। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में अपने मैच खेलने से इनकार किया था और ICC के समझाने पर भी मान नहीं पाया।

    इस कदम से श्रीलंका को भी आर्थिक और लॉजिस्टिकल नुकसान होने की संभावना है। ऐसे में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान को दो पेज का पत्र भेजा, जिसमें 2009 के आतंकी हमले और पाकिस्तान के कठिन समय में श्रीलंका के समर्थन को याद दिलाया गया। SLC ने PCB से इस मामले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया।

    पत्र में कहा गया है कि अगर निर्धारित मैच नहीं होते, तो को-होस्ट देशों को वित्तीय, लॉजिस्टिकल और प्रतिष्ठान से जुड़ा बड़ा नुकसान होगा। SLC ने स्पष्ट किया कि ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए श्रीलंका पूरी तरह तैयार है और भारत-पाकिस्तान मैच के लिए टिकट बिक्री पहले ही तेज गति से हो चुकी है।

    SLC ने अपने पत्र में लिखा, श्रीलंका ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। होस्ट वेन्यू के रूप में हमने कमर्शियल, ऑपरेशनल, लॉजिस्टिकल और सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजाम पहले ही पूरे कर लिए हैं। इस मैच में हॉस्पिटैलिटी प्लानिंग और टिकट बिक्री भी शामिल है। निर्धारित मैचों में भाग न लेने के दूरगामी नतीजे होंगे, जिसमें बड़े वित्तीय नुकसान और टूर्नामेंट की इंटरनेशनल अपील कम होना शामिल है।”

    श्रीलंका सरकार भी संभावित बॉयकॉट के असर पर नजर रख रही है, क्योंकि इन मैचों की मेजबानी से बड़ी आर्थिक उम्मीदें जुड़ी हैं। SLC ने पत्र में यह भी याद दिलाया कि श्रीलंका ने कई बार पाकिस्तान का दौरा किया है, कठिन सुरक्षा परिस्थितियों और हमलों के बावजूद इंटरनेशनल मैचों में हिस्सा लिया। इसमें नेशनल टीम के काफिले पर हुए हमले भी शामिल हैं, जिनसे खिलाड़ियों और अधिकारियों को शारीरिक और मानसिक चोटें आईं।

    SLC ने PCB से सम्मानपूर्वक अनुरोध किया कि 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान मैच में भाग न लेने के फैसले पर पुनर्विचार किया जाए। पत्र में जोर दिया गया कि क्रिकेट के व्यापक हित, दोनों बोर्डों के बीच सहयोग और खेल भावना को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान टीम निर्धारित सभी मैचों में शामिल हो। अंत में SLC ने PCB और पाकिस्तान सरकार को धन्यवाद देते हुए शीघ्र सकारात्मक प्रतिक्रिया की उम्मीद जताई।

  • India vs Pakistan पर सस्पेंस गहराया: तूफान से पहले की खामोशी या T20 वर्ल्ड कप का महामुकाबला होगा रद्द?

    India vs Pakistan पर सस्पेंस गहराया: तूफान से पहले की खामोशी या T20 वर्ल्ड कप का महामुकाबला होगा रद्द?


    नई दिल्ली । टी20 वर्ल्ड कप 2026 में होने वाले भारत-पाकिस्तान महामुकाबले को लेकर सस्पेंस लगातार गहराता जा रहा है। 15 फरवरी को प्रस्तावित इस हाई-वोल्टेज मैच से ठीक दस दिन पहले हालात ऐसे बन चुके हैं कि यह कहना मुश्किल हो गया है कि यह खामोशी तूफान से पहले की शांति है या फिर मैच के रद्द होने का साफ संकेत। दिलचस्प बात यह है कि इस पूरे मामले पर आईसीसी बीसीसीआई और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड तीनों की ओर से सार्वजनिक तौर पर चुप्पी साध ली गई है।

    इस विवाद की शुरुआत 1 फरवरी को हुई जब पाकिस्तान सरकार ने ऐलान किया कि पाकिस्तान की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा तो लेगी लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगी। इस फैसले ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी। इसके तुरंत बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को चेतावनी दी गई कि मैच न खेलने के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। हालांकि इसके बाद से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

    इस बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने एक बार फिर यह दोहराया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला नहीं होगा। इससे अटकलों को और हवा मिली है कि यह फैसला सिर्फ क्रिकेट बोर्ड का नहीं बल्कि सीधे सरकार का है। अगर ऐसा है तो आईसीसी के लिए भी स्थिति बेहद जटिल हो जाती है क्योंकि किसी सदस्य देश की टीम का सरकारी आदेश के तहत मैच से हटना एक गंभीर मामला माना जाता है।

    हालांकि क्रिकेट की दुनिया में पाकिस्तान के फैसलों को लेकर अनिश्चितता कोई नई बात नहीं है। पिछले साल एशिया कप के दौरान भी ऐसा देखा गया था जब आखिरी वक्त पर पाकिस्तान अपने पहले के रुख से पलट गया था। इसी वजह से यह माना जा रहा है कि मौजूदा बॉयकॉट का ऐलान अंतिम फैसला नहीं भी हो सकता। लेकिन अगर पाकिस्तान सरकार अपने फैसले पर अड़ी रहती है तो इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मुकाबले का रद्द होना लगभग तय माना जा रहा है।

    क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक आईसीसी और उसके सदस्य किसी भी तरह की काम से गैरहाजिरी को हल्के में नहीं लेंगे। अगर पाकिस्तान टीम मैच नहीं खेलती है तो उस पर भारी जुर्माना अंक कटौती या भविष्य के टूर्नामेंट्स को लेकर सख्त कार्रवाई संभव है। हालांकि यह सजा बाद की प्रक्रिया है फिलहाल फोकस मैच के भविष्य पर टिका है।

    कुछ सूत्रों का यह भी दावा है कि दोनों पक्षों के बीच बैक-चैनल बातचीत चल रही है और बीच-बचाव की कोशिशें जारी हैं लेकिन इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसी बीच पाकिस्तानी मीडिया में यह खबर फैली कि आईसीसी चेयरमैन जय शाह और सीईओ संजोग गुप्ता मुंबई में जियोस्टार के मालिक मुकेश अंबानी से मिले हैं। चूंकि जियोस्टार टी20 वर्ल्ड कप का आधिकारिक ब्रॉडकास्टर है इसलिए इस मुलाकात को मैच को लेकर बड़े फैसले से जोड़कर देखा गया।

    हालांकि इस दावे पर भी सवाल खड़े हो गए हैं क्योंकि जय शाह और संजोग गुप्ता इस समय इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी के निमंत्रण पर इटली के मिलान में मौजूद हैं जहां वे 145वें IOC सत्र में हिस्सा ले रहे हैं। आज तारीख 5 फरवरी है और मैच 15 फरवरी को होना है। ऐसे में सवाल अब भी वही है क्या यह खामोशी किसी बड़े समझौते की आहट है या फिर क्रिकेट के सबसे बड़े मुकाबलों में से एक के रद्द होने की भूमिका? जवाब आने वाले दिनों में ही साफ हो पाएगा।

  • U19 एशिया कप 2025: फाइनल में भारत-पाकिस्तान की टक्कर के आसार, सेमीफाइनल जीत तय करेगी हाई-वोल्टेज मुकाबला

    U19 एशिया कप 2025: फाइनल में भारत-पाकिस्तान की टक्कर के आसार, सेमीफाइनल जीत तय करेगी हाई-वोल्टेज मुकाबला

    U19 Asia Cup 2025
    नई दिल्ली
    /अंडर-19 एशिया कप 2025 अब अपने सबसे रोमांचक चरण में पहुंच गया है। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या एक बार फिर भारत और पाकिस्तान फाइनल में आमने-सामने होंगे। टूर्नामेंट में अब तक के प्रदर्शन को देखें तो यह संभावना काफी मजबूत नजर आ रही है। भारतीय अंडर-19 टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया है और ग्रुप स्टेज में शीर्ष स्थान हासिल किया है। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम संतुलित और आत्मविश्वास से भरी हुई नजर आई है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी-दोनों ही विभागों में टीम ने विरोधियों पर दबदबा बनाया है। खास बात यह है कि सीनियर टीम ने इसी साल UAE में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप जीता था और अब 81 दिन बाद जूनियर टीम के पास भी वही इतिहास दोहराने का मौका है।

    सेमीफाइनल की पूरी तस्वीर

    U19 एशिया कप 2025 के सेमीफाइनल मुकाबलों का कार्यक्रम तय हो चुका है। 19 दिसंबर को खेले जाने वाले पहले सेमीफाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन बांग्लादेश और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। अगर सेमीफाइनल में भारत श्रीलंका को हराने में सफल रहता है और पाकिस्तान बांग्लादेश को मात देता है, तो 21 दिसंबर को दुबई में भारत-पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला सिर्फ ट्रॉफी के लिए नहीं, बल्कि दोनों देशों के बीच पुरानी क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता का एक और रोमांचक अध्याय होगा।

    ग्रुप स्टेज में भारत का दमदार प्रदर्शन
    ग्रुप स्टेज में भारत और पाकिस्तान की टीमें पहले ही आमने-सामने आ चुकी हैं। 14 दिसंबर को खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 90 रन से करारी शिकस्त दी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 46.1 ओवर में 240 रन बनाए। एरन जॉर्ज ने शानदार 85 रन की पारी खेली, जबकि कनिष्क चौहान ने 46 रन का अहम योगदान दिया।लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 150 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से कनिष्क चौहान और दीपेश देवेंद्रन ने 3-3 विकेट चटकाए। किशन सिंह ने 2 विकेट लिए, जबकि युवा गेंदबाज वैभव सूर्यवंशी ने भी अहम सफलता दिलाई।

    फाइनल में क्या दांव पर होगा?

    अगर भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल में जीत दर्ज करते हैं, तो फाइनल मुकाबला एशिया कप ट्रॉफी के साथ-साथ प्रतिष्ठा की लड़ाई भी बन जाएगा। भारत जहां अपने दबदबे को कायम रखना चाहेगा, वहीं पाकिस्तान ग्रुप स्टेज की हार का बदला लेने उतरेगा।क्रिकेट फैंस के लिए यह मुकाबला किसी त्योहार से कम नहीं होगा। दोनों टीमों की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए फाइनल में कांटे की टक्कर तय मानी जा रही है। अब सबकी निगाहें 19 दिसंबर के सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं, जो यह तय करेंगे कि 21 दिसंबर को दुबई में क्रिकेट का सबसे बड़ा जूनियर मुकाबला देखने को मिलेगा या नहीं।

  • India vs Pakistan Live Score: भारत 200 के पार, चौहान और पटेल क्रीज पर डटे

    India vs Pakistan Live Score: भारत 200 के पार, चौहान और पटेल क्रीज पर डटे


    नई दिल्‍ली । इंतजार की घड़ियां खत्म हो चुकी हैं। अंडर-19 एशिया कप 2025 में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हैं। सीनियर टीमों की तरह ही इस मुकाबले में भी जबरदस्त रोमांच देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि भारतीय टीम में 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा सितारे भी इस महामुकाबले का आकर्षण बने हुए हैं।

    भारत और पाकिस्तान, दोनों ही टीमों ने टूर्नामेंट की शुरुआत धमाकेदार जीत के साथ की थी। भारत ने मलेशिया को 234 रन के बड़े अंतर से हराया, जबकि पाकिस्तान ने भी मलेशिया को 297 रन से करारी शिकस्त दी। अब इन दोनों बड़ी जीत दर्ज करने वाली टीमों की टक्कर से मुकाबले का रोमांच और बढ़ गया है।

    पिछले मैचों में दोनों टीमों की एक और समानता देखने को मिली थी। भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने महज 95 गेंदों में 171 रन की तूफानी पारी खेली थी, जिसमें 14 छक्के शामिल थे। वहीं पाकिस्तान के लिए समीर मिन्हास ने 148 गेंदों पर 177 रन बनाए थे और उनकी पारी में 8 छक्के लगे थे।

    दिलचस्प बात यह है कि ये दोनों बल्लेबाज अपनी-अपनी टीमों के ओपनर हैं। मौजूदा मुकाबले में भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंच चुका है और चौहान व पटेल क्रीज पर मजबूती से टिके हुए हैं, जिससे टीम इंडिया बड़े स्कोर की ओर बढ़ती नजर आ रही है।