Tag: InfrastructureDevelopment

  • एनसीआर मास्टर प्लान 2041 को मिली नई रफ्तार, हाथरस में विकसित होगा आधुनिक अर्बन सेंटर, उद्योग, आवास और रोजगार के खुलेंगे नए अवसर

    एनसीआर मास्टर प्लान 2041 को मिली नई रफ्तार, हाथरस में विकसित होगा आधुनिक अर्बन सेंटर, उद्योग, आवास और रोजगार के खुलेंगे नए अवसर

    नई दिल्ली । दिल्ली-एनसीआर में लगातार बढ़ती आबादी और तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश में एक नई आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मास्टर प्लान 2041 के तहत हाथरस के आसपास एक हाईटेक अर्बन सेंटर बसाया जाएगा, जिसे भविष्य के सैटेलाइट शहर के रूप में विकसित करने की योजना है। इस परियोजना का उद्देश्य एनसीआर के बड़े शहरों पर बढ़ते दबाव को कम करना और आसपास के जिलों में संतुलित विकास को बढ़ावा देना है।

    यह नई टाउनशिप आगरा और अलीगढ़ के बीच रणनीतिक स्थान पर विकसित होगी, जिससे दोनों शहरों के साथ-साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली तक बेहतर संपर्क स्थापित होगा। प्रस्तावित अर्बन सेंटर के लिए हजारों एकड़ भूमि चिन्हित की गई है और इसे चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। प्रारंभिक चरण में बड़े क्षेत्रफल में आधुनिक आवासीय और औद्योगिक ढांचा तैयार करने की योजना बनाई गई है।

    परियोजना के लिए विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र की भविष्य की आबादी, औद्योगिक आवश्यकताओं, परिवहन व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं का व्यापक अध्ययन शामिल होगा। आधुनिक जीआईएस आधारित योजना के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि शहर का विस्तार व्यवस्थित, टिकाऊ और दीर्घकालिक जरूरतों के अनुरूप हो।

    प्रस्तावित शहर को चार प्रमुख हिस्सों में विकसित करने की योजना है। इसमें औद्योगिक क्षेत्र, आवासीय क्षेत्र, वाणिज्यिक केंद्र और हरित क्षेत्र शामिल होंगे। औद्योगिक जोन में विनिर्माण इकाइयों और नए निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा, जबकि आवासीय क्षेत्र में आधुनिक कॉलोनियां, किफायती आवास, विद्यालय, अस्पताल और सार्वजनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वाणिज्यिक क्षेत्र में व्यापारिक प्रतिष्ठान, होटल, कार्यालय और लॉजिस्टिक्स सुविधाएं स्थापित होंगी। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त क्षेत्र हरित पट्टी और पार्कों के लिए सुरक्षित रखा जाएगा।

    इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी उत्कृष्ट कनेक्टिविटी होगी। यमुना एक्सप्रेसवे के माध्यम से यह क्षेत्र नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली से सीधे जुड़ सकेगा। साथ ही जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक तेज पहुंच उपलब्ध होने से उद्योगों, व्यापार और निर्यात गतिविधियों को बड़ा लाभ मिलने की संभावना है। भविष्य में प्रस्तावित अन्य परिवहन परियोजनाओं का लाभ भी इस क्षेत्र को मिल सकता है।

    रेल संपर्क के लिहाज से भी हाथरस महत्वपूर्ण स्थान रखता है। प्रमुख रेल मार्गों से जुड़े होने के कारण यहां माल परिवहन और यात्री आवागमन दोनों को सुविधा मिलेगी। समर्पित माल गलियारों के नेटवर्क का लाभ मिलने से औद्योगिक इकाइयों के लिए देश के विभिन्न हिस्सों और बंदरगाहों तक सामान पहुंचाना अधिक आसान और तेज हो सकेगा। इससे क्षेत्र में लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

    हाथरस पहले से ही हींग, कांच के मोती, कपड़ा, गुलाल और अन्य पारंपरिक उद्योगों के लिए जाना जाता है। नई परियोजना के तहत इन स्थानीय उत्पादों को आधुनिक पैकेजिंग, अनुसंधान और निर्यात सुविधाओं से जोड़ने की योजना है। साथ ही डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण, रेडीमेड परिधान, मशीन टूल्स, इलेक्ट्रिकल उपकरण और मेडिकल उपकरण जैसे क्षेत्रों में नए निवेश आकर्षित करने की भी तैयारी है।

    विशेषज्ञों का मानना है कि यह अर्बन सेंटर केवल एक नई टाउनशिप नहीं होगा, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में औद्योगिक, आवासीय और आर्थिक विकास का नया केंद्र बन सकता है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, निवेश को बढ़ावा मिलेगा और एनसीआर के आसपास संतुलित शहरी विकास को गति मिलने की संभावना है।

  • यूपी को मिलेगा विकास का नया रफ्तार-पथ, 37 हजार करोड़ की गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना तैयार

    यूपी को मिलेगा विकास का नया रफ्तार-पथ, 37 हजार करोड़ की गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना तैयार


    नई दिल्ली।
    उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार को नई दिशा देने वाली गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना अब पूरी तरह तैयार हो चुकी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन 29 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरदोई में किया जाएगा। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे देश के सबसे बड़े सड़क मार्गों में से एक माना जा रहा है, जो राज्य की कनेक्टिविटी को पूरी तरह बदलने की क्षमता रखता है।

    करीब 37 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना लंबे समय से निर्माणाधीन थी, जिसे तेजी से पूरा करने के लिए अलग-अलग हिस्सों में बांटकर काम कराया गया। पूरे एक्सप्रेस-वे को चार बड़े पैकेज में विभाजित किया गया, जिससे निर्माण कार्य समानांतर रूप से आगे बढ़ सका और समय पर पूरा किया जा सका।

    इस पूरी परियोजना में आधुनिक तकनीक और कड़े गुणवत्ता मानकों का पालन किया गया है। निर्माण प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी गई, ताकि काम की गुणवत्ता और गति दोनों सुनिश्चित की जा सकें। चारों हिस्सों में अलग-अलग लंबाई और लागत के पैकेज शामिल हैं, जिनमें प्रत्येक भाग अपने आप में एक बड़ा निर्माण कार्य रहा है।

    गंगा एक्सप्रेस-वे को केवल एक सड़क परियोजना के रूप में नहीं देखा जा रहा, बल्कि इसे एक बड़े आर्थिक कॉरिडोर के रूप में विकसित किया गया है। इसके किनारे औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स केंद्रों की योजना बनाई गई है, जिससे रोजगार और निवेश के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।

    यह एक्सप्रेस-वे पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा को आसान और तेज बनाएगा। इससे न केवल यात्रा समय में कमी आएगी, बल्कि माल ढुलाई की लागत भी घटेगी, जिससे व्यापार और उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा।

    इस परियोजना के पूरा होने से उत्तर प्रदेश को एक मजबूत औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में उभरने का अवसर मिलेगा। बेहतर सड़क नेटवर्क और तेज कनेक्टिविटी से राज्य में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी और यह परियोजना आने वाले वर्षों में क्षेत्रीय विकास का एक बड़ा आधार साबित हो सकती है।

  • अबूझमाड़ में डिजिटल क्रांति की शुरुआत: केंद्र ने 513 नए 4G मोबाइल टावरों को दी मंजूरी

    अबूझमाड़ में डिजिटल क्रांति की शुरुआत: केंद्र ने 513 नए 4G मोबाइल टावरों को दी मंजूरी


    रायपुर/ छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ और बस्तर अंचल में लंबे समय तक माओवादी हिंसा और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण विकास की रफ्तार धीमी रही। लेकिन बीते कुछ वर्षों में सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई और प्रशासनिक प्रयासों के चलते हालात तेजी से बदले हैं। अब जब बस्तर के करीब 400 गांव हिंसा मुक्त हो चुके हैं, तो केंद्र सरकार ने इस क्षेत्र को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

    513 नए 4G मोबाइल टावरों को मंजूरी
    केंद्र सरकार ने डिजिटल भारत निधि (Digital Bharat Nidhi) के तहत अबूझमाड़ क्षेत्र में बीएसएनएल के माध्यम से 513 नए 4G मोबाइल टावर लगाने की स्वीकृति दी है। इस फैसले से न केवल संचार व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि यह माओवादी प्रभावित इलाकों में विकास की नई इबारत भी लिखेगा। राज्य और केंद्र सरकार के अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला सुरक्षा और विकास—दोनों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

    सुरक्षा बलों को मिलेगी तकनीकी बढ़त

    अबूझमाड़ और आसपास के इलाकों में पहले से स्थापित 728 मोबाइल टावर बीते कुछ वर्षों में सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी ताकत साबित हुए हैं। मोबाइल नेटवर्क के विस्तार से सुरक्षा बलों को रियल टाइम कम्युनिकेशन, लोकेशन ट्रैकिंग और इंटेलिजेंस इनपुट साझा करने में मदद मिली है।अधिकारियों का कहना है कि अगस्त 2025 में रायपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद पड़ोसी राज्यों के साथ रियल टाइम सूचना साझा करने की प्रणाली लागू की गई थी। इसके बाद से माओवादियों की गतिविधियों पर नजर रखना और भी आसान हो गया है।

    माओवादियों पर कसा शिकंजा
    सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, माओवादी आमतौर पर मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचते हैं, क्योंकि उन्हें डर रहता है कि डिजिटल फुटप्रिंट के जरिए उनकी लोकेशन ट्रैक की जा सकती है। इसके बावजूद, नेटवर्क विस्तार के बाद किसी भी असामान्य सिग्नल पैटर्न या संदिग्ध गतिविधि को समय रहते पकड़ा जा रहा है।इससे माओवादी संगठनों की मूवमेंट की जानकारी पहले ही मिल जाती है और सुरक्षा बल उन्हें अपने रडार पर बनाए रखने में सफल हो रहे हैं।

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बयान
    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 513 मोबाइल टावरों को मिली मंजूरी का स्वागत करते हुए इसे राज्य के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ विकास को भी समान प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला छत्तीसगढ़ को डिजिटल रूप से सशक्त, सुरक्षित और समावेशी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

    दुर्गम इलाकों में भी बजेगी मोबाइल की घंटी
    इन नए 4G मोबाइल टावरों की स्थापना से अबूझमाड़ जैसे सुदूर और दुर्गम इलाकों में रहने वाले लोगों को पहली बार भरोसेमंद मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं मिल सकेंगी। इससे-ऑनलाइन शिक्षा की पहुंच बढ़ेगी टेलीमेडिसिन और स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी रोजगार और स्किल डेवलपमेंट के नए अवसर मिलेंगे आपातकालीन संचार व्यवस्था मजबूत होगी विशेषज्ञों का मानना है कि यह डिजिटल विस्तार वित्तीय समावेशन को भी गति देगा।

    बैंकिंग और सरकारी सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
    मजबूत मोबाइल नेटवर्क के चलते ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में-बैंकिंग सेवाएं डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) UPI और डिजिटल पेमेंट बीमा और पेंशन योजनाएं आम लोगों तक आसानी से पहुंच सकेंगी। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

    सुरक्षा और विकास की संयुक्त रणनीति
    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास को साथ-साथ आगे बढ़ाने की नीति पर काम कर रही है। सरकार गठन के बाद अब तक-
    69 नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए इनके आसपास के 403 गांवों में 9 विभागों की 18 सामुदायिक सेवाएं 11 विभागों की 25 व्यक्तिमूलक योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं यह पहली बार है जब इन दुर्गम इलाकों में सरकारी योजनाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित हुई है।

    साझा प्रयासों का प्रतिफल
    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मोबाइल टावरों की स्वीकृति माओवादी हिंसा उन्मूलन और क्षेत्रीय विकास के साझा प्रयासों का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में स्थायित्व स्थापित हुआ है, वहां अब डिजिटल कनेक्टिविटी और विकास को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।