Tag: Interfaith Marriage

  • पति से बदला लेने के लिए ‘लव जिहाद’ का आरोप! एटा पुलिस जांच में खुली महिला की साजिश

    पति से बदला लेने के लिए ‘लव जिहाद’ का आरोप! एटा पुलिस जांच में खुली महिला की साजिश



    एटा । उत्तर प्रदेश के एटा जिले में ‘लव जिहाद’ के नाम पर झूठी शिकायत का मामला सामने आने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई। दिल्ली निवासी एक महिला शनिवार को एटा के अवागढ़ थाने पहुंची और खुद को ‘लव जिहाद’ का शिकार बताते हुए दिल्ली के मयूर विहार निवासी आरिफ नाम के युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की मांग करने लगी। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की, लेकिन पूछताछ में कहानी पूरी तरह बदलती नजर आई।

    पुलिस जांच में सामने आया कि महिला मूल रूप से आगरा की रहने वाली है और उसकी मुलाकात दिल्ली में एक कंपनी में काम करने के दौरान आरिफ से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। इसके बाद दोनों ने हिंदू और मुस्लिम रीति-रिवाजों से शादी की थी। मंदिर में विवाह करने के साथ-साथ मौलाना की मौजूदगी में निकाह भी पढ़ा गया था। यानी महिला को शुरुआत से ही युवक के धर्म और पहचान की पूरी जानकारी थी।

    जांच में यह भी सामने आया कि दोनों के बीच लंबे समय तक संबंध रहने के बाद पारिवारिक विवाद बढ़ने लगे थे। बाद में वर्ष 2025 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया। तलाक के बाद मामला और बिगड़ गया। आरिफ ने दिल्ली के मयूर विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पूर्व पत्नी अपनी डेढ़ साल की बच्ची, घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवर और जरूरी सामान लेकर घर से चली गई है।

    सूत्रों के मुताबिक, विवाद के दौरान महिला ने आरिफ और उसके परिवार को ‘लव जिहाद’ के केस में फंसाने की धमकी भी दी थी। पुलिस को यह जानकारी भी मिली कि महिला की पहले एक हिंदू युवक से शादी हो चुकी थी, लेकिन उसने यह बात आरिफ से छिपाई थी। जब दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ा तो मामला कानूनी लड़ाई तक पहुंच गया।

    एटा के एसएसपी डॉ. इलामारन जी ने बताया कि महिला की ओर से एक प्रार्थना पत्र जरूर मिला है, लेकिन शुरुआती जांच में मामला एटा क्षेत्राधिकार का नहीं पाया गया। उन्होंने कहा कि घटना दिल्ली से जुड़ी है और आरोपी परिवार करीब 20 साल पहले एटा छोड़ चुका है। इसके बावजूद पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है।

    इस मामले ने एक बार फिर यह बहस तेज कर दी है कि गंभीर कानूनों का गलत इस्तेमाल न सिर्फ निर्दोष लोगों के लिए परेशानी खड़ी करता है, बल्कि असली पीड़ितों के मामलों की गंभीरता भी कम कर देता है।

  • संघर्ष के दिनों में मिला प्यार सलीम खान ने धर्म से ऊपर चुना दिल का रिश्ता

    संघर्ष के दिनों में मिला प्यार सलीम खान ने धर्म से ऊपर चुना दिल का रिश्ता


    नई दिल्ली :मशहूर स्क्रीनराइटर सलीम खान इन दिनों स्वास्थ्य कारणों से चर्चा में हैं लेकिन इसी बीच उनकी निजी जिंदगी की एक दिलचस्प कहानी फिर सुर्खियों में आ गई है यह कहानी है उनके और उनकी पहली पत्नी सलमा खान की प्रेम कहानी की जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है

    सलमा खान का असली नाम सुशीला चरक था और वह एक डोगरा राजपूत परिवार से ताल्लुक रखती थीं बताया जाता है कि जब सलीम खान अपने करियर के शुरुआती दौर में संघर्ष कर रहे थे तभी उनकी मुलाकात सलमा से हुई दोनों एक दूसरे के पड़ोस में रहते थे और अक्सर घरों की खिड़कियों से एक दूसरे को देखते थे धीरे धीरे यह नजरें मोहब्बत में बदल गईं

    उस समय सलीम खान मुंबई में अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे थे आर्थिक स्थिति भी मजबूत नहीं थी लेकिन इन मुश्किल हालातों के बीच उन्हें सलमा का साथ मिला दोनों ने करीब पांच साल तक एक दूसरे को जाना समझा और आखिरकार 1964 में शादी करने का फैसला किया

    यह शादी आसान नहीं थी क्योंकि यह एक इंटरफेथ मैरिज थी सलमा के पिता को शुरुआत में इस रिश्ते से आपत्ति थी उनकी चिंता धर्म को लेकर थी हालांकि सलीम खान ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनका रिश्ता आपसी समझ और सम्मान पर आधारित है और धर्म उनके बीच कभी दीवार नहीं बनेगा

    आखिरकार परिवार की सहमति के बाद दोनों ने शादी कर ली और समय के साथ यह रिश्ता और मजबूत होता गया सलीम खान ने खुद एक इंटरव्यू में बताया था कि उनकी शादी को अब छह दशक से ज्यादा समय हो चुका है और उनके बीच कभी धर्म को लेकर कोई विवाद नहीं हुआ

    शादी के बाद सलमा खान ने लाइमलाइट से दूर रहकर परिवार को संभालने का फैसला किया दोनों के चार बच्चे हुए जिनमें सलमान खान अरबाज खान सोहेल खान और अलवीरा खान शामिल हैं

    यह प्रेम कहानी न सिर्फ बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत कहानियों में से एक है बल्कि यह भी दिखाती है कि सच्चा रिश्ता धर्म और सामाजिक बंधनों से ऊपर होता है संघर्ष के दिनों में शुरू हुई यह मोहब्बत आज भी एक मजबूत और प्रेरणादायक रिश्ते के रूप में कायम है

  • महाकुंभ की ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा ने बॉयफ्रेंड फरमान से रचाई शादी: केरल मंदिर में लिए फेरे, परिवार से खतरे के चलते पुलिस से मांगी सुरक्षा

    महाकुंभ की ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा ने बॉयफ्रेंड फरमान से रचाई शादी: केरल मंदिर में लिए फेरे, परिवार से खतरे के चलते पुलिस से मांगी सुरक्षा


    नई दिल्ली। महाकुंभ 2025 में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए सोशल मीडिया पर वायरल हुई मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर की रहने वाली युवती मोनालिसा भोंसले एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा उनकी निजी जिंदगी को लेकर है। मोनालिसा ने केरल में अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ मंदिर में शादी कर ली है। शादी से पहले दोनों तिरुवनंतपुरम के थंपानूर पुलिस स्टेशन पहुंचे और सुरक्षा की मांग की। मोनालिसा ने पुलिस को बताया कि वह बालिग हैं और अपनी मर्जी से फरमान के साथ शादी कर रही हैं, लेकिन उन्हें अपने परिवार से खतरा है, खासकर पिता जबरन उन्हें वापस घर ले जाना चाहते हैं।

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों ने बयान दिया कि वे पिछले कुछ महीनों से एक-दूसरे को जानते हैं और अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं। इसके बाद दोनों ने मंदिर में सादगी से शादी कर ली। बताया जा रहा है कि मोनालिसा इन दिनों अपनी डेब्यू फिल्म “द डायरी ऑफ मणिपुर” की शूटिंग के सिलसिले में केरल आई हुई थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात फरमान खान से हुई। दोनों फिल्म से जुड़े काम के दौरान करीब आए और दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। फरमान खान के मुताबिक शुरुआत में उन्होंने रिश्ते को लेकर हिचक दिखाई थी, लेकिन बाद में दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए और शादी करने का फैसला कर लिया।

    मोनालिसा ने बताया कि उनके परिवार वाले गांव में ही किसी अन्य व्यक्ति से उनकी शादी कराना चाहते थे, जो उन्हें मंजूर नहीं था। इसी वजह से उन्होंने अपनी मर्जी से जीवनसाथी चुनने का निर्णय लिया। उन्होंने यह भी कहा कि वे किसी दबाव में नहीं हैं और अपनी इच्छा से फरमान के साथ नई जिंदगी शुरू कर रही हैं।

    हालांकि इस शादी के बाद विवाद भी खड़ा हो गया है। मोनालिसा को फिल्म में मौका देने वाले फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताते हुए इस पूरे मामले को “लव जिहाद” बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस लड़की को उन्होंने मौका देने के लिए कर्ज लेकर फिल्म बनाई, उसने अचानक शादी कर उनके सपनों को तोड़ दिया। हालांकि इस मामले में मोनालिसा या फरमान की ओर से निर्देशक के आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

    गौरतलब है कि मोनालिसा भोंसले को पहचान प्रयागराज महाकुंभ 2025 के दौरान मिली थी। वह अपने परिवार के साथ वहां रुद्राक्ष की माला बेचने गई थीं। इसी दौरान एक कंटेंट क्रिएटर ने उनका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जो तेजी से वायरल हो गया। उनकी मुस्कान और सादगी लोगों को इतनी पसंद आई कि वह देखते ही देखते इंटरनेट सेंसेशन बन गईं। बाद में बढ़ती भीड़ और परेशानी के कारण वह महाकुंभ छोड़कर घर लौट आई थीं, लेकिन उसी वायरल वीडियो ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी और उन्हें फिल्म में काम करने का मौका मिल गया। अब उनकी शादी की खबर ने एक बार फिर उन्हें चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

  • ट्रोलिंग के बीच अदनान शेख का बड़ा बयान पत्नी ने शादी से पहले खुद बदला धर्म किसी पर दबाव नहीं

    ट्रोलिंग के बीच अदनान शेख का बड़ा बयान पत्नी ने शादी से पहले खुद बदला धर्म किसी पर दबाव नहीं

    नई दिल्ली।फेमस यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अदनान शेख एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा विवाद है। दरअसल अदनान की शादी के समय यह आरोप लगे थे कि उन्होंने अपनी हिंदू गर्लफ्रेंड का जबरन धर्म परिवर्तन करवाया और शादी के बाद उन्हें हिजाब पहनने के लिए मजबूर किया। अब इन सभी आरोपों पर अदनान शेख ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है और अपनी बात सामने रखी है।

    हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अदनान शेख ने कहा कि किसी का धर्म बदलवाने का अधिकार उनके पास नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि उनकी पत्नी ने शादी से पहले ही अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन किया था। अदनान के अनुसार भारत एक ऐसा देश है जहां हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने की पूरी आजादी है और किसी को भी जबरदस्ती किसी पर फैसला थोपने का अधिकार नहीं है।

    अदनान ने कहा कि लोग बिना पूरी सच्चाई जाने कई तरह की बातें बना लेते हैं। उन्होंने बताया कि उनके आसपास भी ऐसे कई लोग हैं जिनके इंटरफेथ मैरिज हैं। कई परिवारों में पति हिंदू और पत्नी मुस्लिम हैं या फिर इसके उलट भी है। ऐसे में हर रिश्ते को शक की नजर से देखना सही नहीं है। अदनान का कहना है कि यह सब लोगों की छोटी सोच को दर्शाता है।

    उन्होंने यह भी कहा कि प्यार और धर्म दोनों अलग चीजें हैं और दोनों का अपना महत्व होता है। किसी भी रिश्ते में सबसे जरूरी आपसी समझ और सम्मान होता है। उनके मुताबिक उन्होंने कभी भी अपनी पत्नी पर कोई दबाव नहीं डाला।

    दरअसल अदनान की पत्नी हिजाब पहनती हैं और सार्वजनिक रूप से अपना चेहरा भी नहीं दिखातीं। शादी के दौरान भी उन्होंने मास्क पहनकर ही अपना चेहरा छिपाकर रखा था। इसी वजह से सोशल मीडिया पर कई लोगों ने आरोप लगाया था कि अदनान ने उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर किया है।

    हालांकि अदनान का कहना है कि यह पूरी तरह उनकी पत्नी का व्यक्तिगत फैसला है। वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहती हैं और इस फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए।

    रिपोर्ट्स के मुताबिक अदनान की पत्नी का असली नाम रिद्धि बताया जाता है। धर्म परिवर्तन के बाद उन्होंने अपना नाम आयशा शेख रख लिया था। दोनों की शादी साल 2024 में हुई थी और अब वे एक बच्चे के माता पिता भी बन चुके हैं।

    अदनान शेख की बात करें तो वह सोशल मीडिया की दुनिया का जाना माना नाम हैं। यूट्यूब पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं और वे कई म्यूजिक वीडियो और रियलिटी शोज में भी नजर आ चुके हैं। हाल ही में वह द 50 शो को लेकर सुर्खियों में हैं और इससे पहले वह बिग बॉस ओटीटी 3 में भी दिखाई दे चुके हैं। फिलहाल अदनान का कहना है कि उनकी और उनकी पत्नी की जिंदगी खुशहाल है और वे लोगों की आलोचनाओं के बजाय अपने परिवार और काम पर ध्यान देना चाहते हैं।