Tag: International Flights

  • इंडिगो की 6 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें ऑपरेटिंग कॉस्ट बढ़ने के कारण जुलाई से अस्थाई रूप से होगी बंद

    इंडिगो की 6 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें ऑपरेटिंग कॉस्ट बढ़ने के कारण जुलाई से अस्थाई रूप से होगी बंद


    नई दिल्ली।
    विमान कंपनी इंडिगो (Airline company Indigo) ने जुलाई महीने से छह डेस्टिनेशंस (Six Destinations) के लिए अपनी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोकने का ऐलान किया है. विमानन कंपनी ने ये कदम कमजोर मांग और लगातार बढ़ रही ऑपरेटिंग कॉस्ट (Increasing Operating Costs) को देखते हुए उठाया है।

    इंडिगो का ये फैसला गर्मियों की छुट्टियों मौजूदा सीजन में आया है. इंडिगो के मुताबिक, मलेशिया के लांगकावी, थाईलैंड के क्राबी और वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी के लिए उड़ानें 1 जुलाई से सस्पेंड यानी बंद कर दी जाएंगी। इसके अलावा, हांगकांग और चीन के शंघाई, कंबोडिया के सिएम रीप के लिए उड़ानों को 3 जुलाई से रोक दिया जाएगा।

    इन सभी छह रूटों पर उड़ानों का सस्पेंशन 30 सितंबर तक लागू रहेगा. ये सभी रूट भारतीय यात्रियों के बीच काफी पॉपुलर हैं. ये रूट दक्षिण-पूर्व एशिया और चीन के प्रमुख पर्यटन और व्यावसायिक शहरों के लिए सीधी कनेक्टिविटी मुहैया कराते हैं।


    अक्टूबर से दोबारा शुरू होगी बुकिंग

    इंडिगो ने बताया है कि इन सभी छह रूटों के लिए टिकटों की बुकिंग 1 अक्टूबर से दोबारा शुरू कर दी जाएगी. हालांकि, अगर मार्किट में मांग में सुधार होता है, तो इन सेवाओं को तय समय से पहले भी बहाल किया जा सकता है. एयरलाइंस ने इस कदम को इंटरनेशनल नेटवर्क में एक सीमित और छोटा सा बदलाव बताया है।

    कंपनी के मुताबिक, साल की ये तिमाही आमतौर पर यात्रा के लिहाज से कमजोर होती है. इसके साथ ही मौजूदा समय में लागत का माहौल भी काफी चुनौतियों से भरा है. अस्थायी कटौती के बावजूद एयरलाइंस ने कहा है कि वो हर हफ्ते 1,800 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय उड़ानें जारी रखेगी. कंपनी अपने विदेशी नेटवर्क के बड़े हिस्से को पहले की तरह ही बरकरार रख रही है।

    इंडिगो ने कहा कि वो अंतरराष्ट्रीय परिचालन पर कोई भी अगला फैसला लेने से पहले मार्किट की कंडीशन, बढ़ती परिचालन लागत और एयरस्पेस के प्रतिबंधों पर नजर रखेगी। इस फैसले से प्रभावित होने वाले यात्रियों को पहले से सूचित किया जाएगा. यात्रियों को रिफंड या दूसरे उपलब्ध विकल्प भी दिए जाएंगे.


    ईरान युद्ध के चलते मैनचेस्टर उड़ान पर भी लगा ब्रेक

    दो दिन पहले ही इंडिगो ने 31 अगस्त से मैनचेस्टर के लिए अपनी उड़ानें बंद करने की बात कही थी. एयरलाइंस ने इसके पीछे ईरान युद्ध के चलते इंटरनेशनल एयरस्पेस में लंबे समय से जारी प्रतिबंधों और बढ़ती परिचालन लागत का हवाला दिया था.

    कंपनी का कहना है कि इन वजहों से ये रूट कमर्शियल रूप से काफी नुकसानदेह साबित हो रहा था. इंडिगो के मुताबिक, कुछ एयर कॉरिडोर्स के लगातार बंद रहने की वजह से उड़ानों के समय और खर्चों में भारी बढ़ोतरी हुई है. इससे लंबी दूरी की हवाई सेवाओं को जारी रखना मुश्किल हो गया है.

    इंडिगो फिलहाल दिल्ली और मुंबई से ब्रिटेन के मैनचेस्टर के लिए उड़ानों का संचालन करती है. इस रूट की शुरुआत पिछले साल जुलाई में एयरलाइंस की लंबी दूरी के अंतरराष्ट्रीय विस्तार योजना के तहत की गई थी।

  • सस्ते हवाई सफर का सुनहरा अवसर: Indigo ने लॉन्च किया ‘ग्रेट कनेक्शंस फेस्ट’, टिकट और एक्स्ट्रा सर्विस पर भारी छूट

    सस्ते हवाई सफर का सुनहरा अवसर: Indigo ने लॉन्च किया ‘ग्रेट कनेक्शंस फेस्ट’, टिकट और एक्स्ट्रा सर्विस पर भारी छूट


    नई दिल्ली । गर्मियों की छुट्टियों का सीजन शुरू होने से पहले हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। एयरलाइन कंपनी Indigo ने अपने यात्रियों के लिए एक विशेष ट्रैवल ऑफर लॉन्च किया है, जिसके तहत घरेलू और इंटरनेशनल कनेक्टिंग फ्लाइट्स पर आकर्षक छूट दी जा रही है। इस ऑफर का उद्देश्य यात्रियों को कम खर्च में सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा का मौका देना है।

    नई योजना के तहत घरेलू कनेक्टिंग फ्लाइट्स के टिकट की शुरुआती कीमत 3999 रुपये रखी गई है, जबकि इंटरनेशनल यात्रा के लिए शुरुआती किराया 9999 रुपये तय किया गया है। यह ऑफर खासतौर पर उन यात्रियों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है, जो छुट्टियों के दौरान परिवार या दोस्तों के साथ यात्रा की योजना बना रहे हैं।

    एयरलाइन ने केवल टिकट किराए में ही राहत नहीं दी है, बल्कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई अतिरिक्त सेवाओं पर भी विशेष छूट की घोषणा की है। इसमें फास्ट फॉरवर्ड जैसी सेवाएं कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे एयरपोर्ट प्रक्रिया को तेज और आसान बनाया जा सके। इसके अलावा इमरजेंसी XL सीट्स भी रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी, ताकि यात्रियों को ज्यादा आरामदायक सफर का अनुभव मिल सके।

    यह ऑफर केवल कनेक्टिंग फ्लाइट्स पर लागू किया गया है। यानी वे यात्री जो किसी गंतव्य तक पहुंचने के लिए एक से अधिक उड़ानों का इस्तेमाल करेंगे, उन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा। डायरेक्ट फ्लाइट्स को इस ऑफर में शामिल नहीं किया गया है।

    बुकिंग के लिए एक सीमित समय तय किया गया है, जिसके दौरान यात्री अपने टिकट रिजर्व कर सकते हैं। वहीं यात्रा की अवधि को भी कई महीनों तक रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका फायदा उठा सकें। एयरलाइन का मानना है कि इस पहल से यात्रियों को बजट फ्रेंडली यात्रा विकल्प मिलेगा और समर ट्रैवल सीजन में उनकी योजना बनाना आसान हो जाएगा।

    विशेषज्ञों का कहना है कि छुट्टियों के मौसम में यात्रा की मांग तेजी से बढ़ती है, ऐसे में एयरलाइन कंपनियां आकर्षक ऑफर के जरिए यात्रियों को लुभाने की कोशिश करती हैं। इस तरह की योजनाएं यात्रियों को पहले से यात्रा प्लान करने के लिए भी प्रेरित करती हैं।

    इसके साथ ही एयरलाइन ने बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और अन्य सुविधाजनक विकल्प भी उपलब्ध कराए हैं, जिससे यात्री घर बैठे आसानी से टिकट बुक कर सकें।

  • ईरान का हवाई क्षेत्र बंद, रायपुर परिवार समेत कई यात्रियों की अंतरराष्ट्रीय यात्रा टली

    ईरान का हवाई क्षेत्र बंद, रायपुर परिवार समेत कई यात्रियों की अंतरराष्ट्रीय यात्रा टली


    नई दिल्ली। इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य और राजनीतिक तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात पर दिखाई देने लगा है। सुरक्षा कारणों को हवाला देते हुए ईरान ने अपना एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इस फैसले से भारत से पश्चिमी देशों की ओर जाने वाली कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बीच रास्ते में ही वापस लौटना पड़ा, जिससे यात्रियों में भारी असुविधा और असमंजस पैदा हुआ।

    जानकारी के अनुसार, 14 जनवरी की देर रात मुंबई से उड़ान भरने वाली कई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स का मार्ग तय रूट के अनुसार तेहरान एयरस्पेस से होकर गुजरना था। हालांकि, उड़ान के कुछ घंटे बाद ईरान की ओर से एयरस्पेस बंद करने की सूचना मिलने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सभी संबंधित विमानों को मुंबई लौटने के निर्देश दिए। सुबह करीब 4 बजे ये फ्लाइट्स वापस मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड हुईं, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।इन उड़ानों में रायपुर निवासी करोबारी महावीर तालेड़ा और उनका परिवार भी शामिल थे, जो न्यूयॉर्क जा रहे थे। महावीर ने बताया कि फ्लाइट ने समय पर उड़ान भरी थी, लेकिन दो घंटे बाद पायलट ने घोषणा की कि तकनीकी और सुरक्षा कारणों से विमान को वापस ले जाया जा रहा है। अचानक लिए गए इस फैसले से यात्रियों में चिंता और असमंजस की स्थिति उत्पन्न हुई।

    मुंबई एयरपोर्ट पर लौटने के बाद यात्रियों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। महावीर के अनुसार, यात्रियों के ठहरने और आगे की यात्रा के विकल्पों की कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं थी। कई यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें रिफंड या वैकल्पिक फ्लाइट के बारे में तुरंत कोई जानकारी नहीं दी गई, जिससे नाराजगी बढ़ी।एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने बताया कि ईरान के एयरस्पेस बंद होने के कारण कुछ उड़ानों को वैकल्पिक रूट से संचालित किया जा रहा है, जिससे देरी हो सकती है। वहीं, कुछ रूट ऐसे हैं जहां बदलाव संभव न होने के कारण उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

    इंडिगो ने भी अपनी एडवाइजरी में कहा कि ईरान के हवाई क्षेत्र बंद होने से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ सकता है। एयरलाइंस ने यात्रियों से अपील की है कि वे फ्लाइट की स्थिति अपनी एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर केयर से पहले जांच लें।विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान हालात में अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अनिश्चितता बनी हुई है। ईरान और इजराइल के बीच तनाव से जुड़े हालात कब सामान्य होंगे, इसका अभी कोई निश्चित अनुमान नहीं है। यात्रियों को अपनी यात्रा के दौरान धैर्य बनाए रखने और सभी अपडेट लगातार जांचने की सलाह दी जा रही है।