Tag: Invest Madhya Pradesh

  • विदेशी निवेशकों को MP बुलाने दुबई पहुंचे मोहन यादव, बड़े उद्योग समूहों से वन-टू-वन बैठक; GIS 2027 पर रहेगा फोकस

    विदेशी निवेशकों को MP बुलाने दुबई पहुंचे मोहन यादव, बड़े उद्योग समूहों से वन-टू-वन बैठक; GIS 2027 पर रहेगा फोकस


    भोपाल । मध्यप्रदेश में निवेश बढ़ाने और प्रदेश को वैश्विक कारोबारी नक्शे पर और मजबूती से स्थापित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को चार दिवसीय दुबई दौरे पर रवाना हो गए। मुख्यमंत्री 6 से 9 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात में रहेंगे और इस दौरान दुनिया के प्रमुख निवेशकों उद्योग समूहों तथा कारोबारी प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य मध्यप्रदेश में नए निवेश आकर्षित करना कारोबार के नए अवसर तलाशना और वैश्विक कंपनियों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी को बढ़ावा देना है।

    दुबई पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री प्रवासी भारतीय समुदाय से संवाद करेंगे। इसके साथ ही मध्यप्रदेश के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने के लिए एक जिला एक उत्पाद के स्टॉल का उद्घाटन भी किया जाएगा। इस स्टॉल पर बेल मेटल चंदेरी माहेश्वरी बाटिक जरी जरदोजी और ग्वालियर कारपेट जैसे प्रदेश के पारंपरिक और स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके जरिए मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के साथ उसके कारोबारी और निर्यात संभावनाओं को भी सामने रखा जाएगा।

    मुख्यमंत्री यूएई में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और दुबई के महावाणिज्य दूत डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यम्माही के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री उन्हें मध्यप्रदेश में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए आमंत्रित करेंगे।

    दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस के आमंत्रण आधारित टाइकून्स कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में संप्रभु संपदा कोष फैमिली ऑफिस और बड़े कॉरपोरेट संस्थानों से जुड़े करीब 500 प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में मुख्यमंत्री के सामने मध्यप्रदेश की निवेश क्षमता और उद्योगों के लिए उपलब्ध अवसरों को सीधे बड़े कारोबारी समूहों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मौका होगा।

    7 सितंबर को एआईएम कांग्रेस 2026 के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे और लीडर्स सेशन को संबोधित करेंगे। इसी दौरान मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन किया जाएगा जहां प्रदेश की औद्योगिक क्षमता निवेश नीतियों पर्यटन और प्रमुख क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से भी मुलाकात करेंगे और उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 का न्योता देंगे। इसके अलावा तातारस्तान के गवर्नर और यूएई के शीर्ष कारोबारी नेतृत्व के साथ भी बैठकें प्रस्तावित हैं।

    8 सितंबर को मुख्यमंत्री का पूरा फोकस निवेशकों के साथ सीधे संवाद पर रहेगा। इस दौरान राणा होल्डिंग्स जेम्स एजुकेशन क्रेसेंट ग्रुप प्योर हेल्थ शराफ ग्रुप डीपी वर्ल्ड ब्यूमर्क कॉरपोरेशन वेस्ट जोन केजीके ग्रुप और वीएफएस ग्लोबल समेत कई बड़े कारोबारी समूहों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें होंगी। शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल बैठक भी होगी।

    रियल एस्टेट शहरी विकास और पर्यटन के क्षेत्र में भी संभावनाएं तलाशने पर जोर रहेगा। मुख्यमंत्री बीआह ग्रुप और दुबई के प्रमुख कारोबारी समूह इमार के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों के जरिए मध्यप्रदेश में निवेश और संभावित कारोबारी साझेदारी के रास्ते तलाशे जाएंगे।

    दौरे के अंतिम दिन 9 सितंबर को इन्वेस्ट मध्यप्रदेश निवेश अवसरों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें यूएई के व्यवसाय और परोपकार के लिए विशेष दूत बद्र जाफर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इस मंच से मध्यप्रदेश की औद्योगिक ताकत पर्यटन क्षमता और निवेश के अनुकूल माहौल को निवेशकों के सामने रखेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दुबई से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। माना जा रहा है कि यह दौरा मध्यप्रदेश के आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए अंतरराष्ट्रीय निवेश जुटाने की दिशा में अहम कड़ी साबित हो सकता है।