Tag: IPL news

  • IPL में मेगा ट्रेड का महाधमाका: पंत की दिल्ली में वापसी, कुलदीप से मजबूत हुई लखनऊ की गेंदबाजी

    IPL में मेगा ट्रेड का महाधमाका: पंत की दिल्ली में वापसी, कुलदीप से मजबूत हुई लखनऊ की गेंदबाजी


    नई दिल्ली । इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के समापन के साथ ही क्रिकेट जगत में एक ऐसा ट्रेड सामने आया है जिसने प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हुए हाई प्रोफाइल खिलाड़ी विनिमय में भारतीय क्रिकेट के दो बड़े नाम शामिल हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी में नजर आएंगे जबकि अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव अब लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से मैदान में उतरेंगे। इस सौदे को हाल के वर्षों का सबसे चर्चित और प्रभावशाली ट्रेड माना जा रहा है।

    ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी को सही मायनों में घर वापसी कहा जा सकता है। उन्होंने अपने आईपीएल करियर का सबसे महत्वपूर्ण दौर दिल्ली के साथ बिताया था। वर्ष 2016 से 2024 तक पंत दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने 111 मुकाबले खेलकर फ्रेंचाइजी के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड बनाया। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और आक्रामक कप्तानी के दम पर उन्होंने टीम को कई यादगार जीत दिलाईं और दिल्ली को प्लेऑफ तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

    आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खरीदा था। यह आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली में से एक थी। हालांकि लखनऊ के साथ उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं चला और केवल दो सीजन बाद ही उन्होंने फिर से अपने पुराने क्रिकेटिंग घर का रुख कर लिया। अब दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 15 करोड़ रुपये की फीस पर दोबारा अपनी टीम में शामिल कर लिया है। माना जा रहा है कि पंत की वापसी से दिल्ली की बल्लेबाजी को मजबूती मिलने के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता भी बढ़ेगी। आने वाले सीजन में वह कप्तानी के बड़े दावेदार भी माने जा रहे हैं।

    दूसरी तरफ कुलदीप यादव के लिए यह बदलाव एक नए अध्याय की शुरुआत है। दिल्ली कैपिटल्स के साथ उनका प्रदर्शन लगातार शानदार रहा। वर्ष 2022 में टीम से जुड़ने के बाद कुलदीप ने पांच सीजन में 65 मुकाबलों में 72 विकेट हासिल किए। अपनी चाइनामैन गेंदबाजी के दम पर उन्होंने कई बार मैच का रुख पलटकर दिल्ली को जीत दिलाई। वह टीम के सबसे भरोसेमंद मैच विनर गेंदबाजों में शामिल रहे।

    अब 13.50 करोड़ रुपये की कीमत पर कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बन गए हैं। लखनऊ को उम्मीद है कि कुलदीप की मौजूदगी टीम की स्पिन गेंदबाजी को नई धार देगी। मध्य ओवरों में विकेट निकालने की उनकी क्षमता विपक्षी टीमों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। फ्रेंचाइजी प्रबंधन का मानना है कि कुलदीप टीम को पहली बार आईपीएल खिताब दिलाने के मिशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

    इस ट्रेड ने दोनों टीमों की रणनीति को नया स्वरूप दिया है। दिल्ली ने जहां एक अनुभवी बल्लेबाज और संभावित कप्तान को वापस हासिल किया है वहीं लखनऊ ने अपनी गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत बनाने का बड़ा दांव खेला है। अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अगले आईपीएल सीजन पर टिकी हैं जहां यह देखना दिलचस्प होगा कि ऋषभ पंत अपनी पुरानी टीम के लिए कितना प्रभाव छोड़ते हैं और कुलदीप यादव लखनऊ के लिए कितने बड़े मैच विनर साबित होते हैं।

  • चेन्नई सुपर किंग्स की गेंदबाजी पर संकट, स्टार तेज गेंदबाज के बाहर होने से बढ़ी मुश्किल…

    चेन्नई सुपर किंग्स की गेंदबाजी पर संकट, स्टार तेज गेंदबाज के बाहर होने से बढ़ी मुश्किल…

    नई दिल्ली/चेन्नई में आईपीएल 2026 के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स को एक बड़ा और निराशाजनक झटका लगा है। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज खलील अहमद चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। यह खबर उस समय सामने आई है जब टीम टूर्नामेंट में अपनी लय मजबूत करने की कोशिश कर रही थी और गेंदबाजी विभाग से लगातार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी।

    जानकारी के अनुसार कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए पिछले मुकाबले में खलील अहमद को गेंदबाजी के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव महसूस हुआ था। दर्द के बावजूद उन्होंने कुछ देर तक गेंदबाजी जारी रखी, लेकिन बाद में उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा और मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। शुरुआती आकलन के बाद उनकी स्थिति को लेकर चिंता जताई गई और आगे की जांच में चोट की गंभीरता सामने आई।

    मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि खलील अहमद को ग्रेड 2 क्वाड्रिसेप्स टियर हुआ है। इस तरह की चोट से उबरने के लिए आमतौर पर कई हफ्तों का आराम और रिहैबिलिटेशन जरूरी होता है। इसी कारण यह साफ हो गया है कि वह इस पूरे सीजन में उपलब्ध नहीं रहेंगे।

    खलील अहमद का बाहर होना चेन्नई सुपर किंग्स के लिए रणनीतिक रूप से भी बड़ा नुकसान माना जा रहा है। उन्होंने इस सीजन की शुरुआत में नई गेंद से प्रभावी गेंदबाजी की थी और पावरप्ले में बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी गेंदबाजी ने टीम को शुरुआती ओवरों में संतुलन दिया था, जिससे मध्य ओवरों में कप्तान के पास विकल्प बढ़ जाते थे।

    हालांकि उनके विकेटों की संख्या अधिक नहीं रही, लेकिन उनकी इकॉनमी और निरंतर दबाव बनाने की क्षमता टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही थी। ऐसे में उनका अचानक बाहर होना गेंदबाजी संयोजन को कमजोर कर सकता है और टीम की रणनीति पर सीधा असर डाल सकता है।

    अब चेन्नई सुपर किंग्स के सामने सबसे बड़ी चुनौती उनके विकल्प को तलाशने की है। टीम के पास कुछ युवा भारतीय गेंदबाज मौजूद हैं, लेकिन खलील जैसे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज और नई गेंद से असर डालने वाले खिलाड़ी की भरपाई करना आसान नहीं होगा। टीम प्रबंधन को अब गेंदबाजी आक्रमण में नए संतुलन की तलाश करनी होगी ताकि टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा बनी रहे।

    चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह झटका ऐसे समय पर आया है जब हर मैच का परिणाम प्लेऑफ की दौड़ को प्रभावित कर रहा है और टीम को लगातार बेहतर प्रदर्शन की जरूरत है। 

  • IPL 2026: इस बार नहीं होगी IPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी, जानिए रद्द होने के पीछे क्‍या है वजह?

    IPL 2026: इस बार नहीं होगी IPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी, जानिए रद्द होने के पीछे क्‍या है वजह?


    नई दिल्ली। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग IPL का 19वां सीजन शनिवार, 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है। सीजन का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु RCB और सनराइजर्स हैदराबाद SRH के बीच शाम 7:30 बजे एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। IPL का हर सीजन भव्य उद्घाटन समारोह से शुरू होता रहा है, लेकिन इस बार ओपनिंग सेरेमनी आयोजित नहीं की जाएगी।

    2019 में यह समारोह पुलवामा आतंकी हमले के कारण रद्द हुआ था, जिसमें 40 जवान शहीद हुए थे। उसके बाद कोरोना महामारी के दौरान भी समारोह स्थगित रहा। हालांकि पिछले साल कोलकाता में भव्य उद्घाटन हुआ था, जिसमें शाहरुख खान, श्रेया घोषाल, दिशा पटानी और कारन औजला ने कार्यक्रम को यादगार बनाया था।

    IPL 2026 में ओपनिंग सेरेमनी क्यों नहीं होगी

    बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने मीडिया को बताया कि इस साल उद्घाटन समारोह नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हालांकि बीसीसीआई और IPL गवर्निंग काउंसिल भव्य क्लोजिंग सेरेमनी की योजना बना रहे हैं।

    दरअसल, एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में पिछले साल एक दुखद हादसा हुआ था। RCB ने अपने पहले IPL खिताब की खुशी मनाने के लिए अपने होम ग्राउंड पर अचानक जश्न आयोजित किया, जिसमें बड़ी संख्या में फैंस स्टेडियम के बाहर जमा हो गए।

    चूंकि टिकट मुफ्त थे और आयोजन की तैयारी सीमित थी, स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई और 11 फैंस की मौत हो गई। इस घटना के स्मरण और मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए IPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी रद्द की गई है। बीसीसीआई ने 28 मार्च से 24 मई तक 12 स्टेडियम में 70 मैचों के साथ पूरे सीजन का शेड्यूल जारी कर दिया है।

  • सेमीफाइनल में भी दिखा RCB का जलवा, जैकब बेथेल बोले- फैंस का जोश कमाल

    सेमीफाइनल में भी दिखा RCB का जलवा, जैकब बेथेल बोले- फैंस का जोश कमाल


    नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का हिस्सा इंग्लैंड के युवा खिलाड़ी जैकब बेथेल ने टीम के जोशीले फैन बेस की तारीफ की है। बेथेल ने कहा कि मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में तनावपूर्ण पल के दौरान भी आरसीबी के फैंस टीम का नारा लगा रहे थे।

    बेथेल ने फ्रेंचाइजी द्वारा एक्स पर शेयर किए गए एक वीडियो में कहा, “जब पूरे वानखेड़े स्टेडियम में सन्नाटा था, तब मुझे कुछ आरसीबी के नारे सुनाई दिए। मुझे यह बात बहुत खास लगी, मुझे लगता है कि यह फैंस के जबरदस्त समर्थन को दिखाता है।”

    भारत के खिलाफ हुए सेमीफाइनल में इंग्लैंड के इस 22 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 48 गेंदों पर 105 रन की बेहतरीन पारी खेली थी और इंग्लैंड को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया था। हालांकि आखिरी ओवर में वह रन आउट हो गए थे और इंग्लैंड 7 रन से मैच हार गई थी।

    उस पारी को याद करते हुए बेथेल ने कहा, “वह पारी सच में एक बेहतरीन पारी थी और मैंने उसके हर पल का आनंद लिया। हालांकि, मैच न जीत पाने की वजह से यह अनुभव थोड़ा खट्टा-मीठा रहा। मुझे यकीन है कि आप लोग इस बात से काफी खुश होंगे कि मैं अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाया।”

    बेथेल ने कहा, “मैं यह तो नहीं कहूंगा कि मेरी जिंदगी बदल गई, लेकिन मैंने सोशल मीडिया पर अपनी पारी के कुछ एडिट्स (वीडियो) देखे। मुझे लगता है कि यहां के फैंस अपने डिजिटल काम में बहुत ज्यादा रचनात्मक हो गए हैं।”

    आरसीबी में शामिल इंग्लैंड के और खिलाड़ी सेमीफाइनल मैच का हिस्सा रहे सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट ने भी बेथेल की उस पारी की तारीफ करते हुए कहा कि

    भले ही मैच का नतीजा हमारे पक्ष में नहीं रहा, लेकिन मुझे बेथ के लिए बहुत खुशी हुई। जिस तरह से उन्होंने खुद को संभाला और जिस तरह से उन्होंने खेला, वह काबिले-तारीफ था।

  • केकेआर को मिला नया तेज गेंदबाज, हर्षित राणा की जगह नवदीप सैनी शामिल

    केकेआर को मिला नया तेज गेंदबाज, हर्षित राणा की जगह नवदीप सैनी शामिल


    नई दिल्ली।इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी, जिससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने हर्षित राणा की जगह तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को टीम में शामिल किया है। सैनी 75 लाख रुपये में टीम में शामिल होंगे।

    हर्षित राणा चोटिल होने के कारण टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी नहीं खेल सके थे, जिसके बाद उन्हें आईपीएल से भी बाहर होना पड़ा। काफी सोच-विचार के बाद, केकेआर ने सैनी को अपनी टीम में शामिल किया है। इससे पहले केकेआर ने तेज गेंदबाज आकाश दीप की जगह सौरभ दुबे को टीम में शामिल किया था।

    नवदीप सैनी को अपना पहला आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के साथ मिला था। अपने पहले ही सीजन में सैनी ने 13 मुकाबले खेले, जिसमें 11 विकेट निकाले। आईपीएल 2022 के लिए राजस्थान रॉयल्स ने सैनी को अपने साथ जोड़ा, जिसके लिए सैनी 2 सीजन खेल चुके हैं। सैनी ने आईपीएल में अब तक कुल 5 सीजन में सैनी ने 32 मुकाबले खेले, जिसमें 42.34 की औसत के साथ 23 विकेट हासिल किए।

    सैनी ने भारत की ओर से 2 टेस्ट खेले, जिसमें 4 विकेट हासिल किए। वहीं, 8 वनडे मुकाबलों में उनके नाम 6 विकेट हैं। इसके अलावा, 11 टी20 मैचों में दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 13 विकेट निकाले हैं। केकेआर की टीम 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के साथ अपना अभियान शुरू करेगी।

    दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस ने पृथ्वीराज यारा की जगह कुलवंत खेजरोलिया को टीम में स्थान दिया है। वह गुजरात टाइटंस से 30 लाख रुपये में जुड़ेंगे।

    खेजरोलिया ने साल 2018 में अपना आईपीएल डेब्यू आरसीबी की ओर से ही किया था। मध्य प्रदेश का यह बाएं हाथ का तेज गेंदबाज साल 2023 में केकेआर की ओर से खेला, जिसके अगले साल गुजरात टाइटंस की ओर से सिर्फ एक मैच खेला। कुलवंत ने आईपीएल करियर में कुल 8 मैच खेले हैं, जिसमें 6 विकेट निकाले।

    गुजरात टाइटंस का अभियान 31 मार्च से शुरू होगा। यह टीम मुल्लानपुर में पिछले साल की उपविजेता टीम पंजाब किंग्स का सामना करेगी।

  • 60 तक खेल सकता हूं, MS Dhoni ने IPL भविष्य पर दिया बड़ा संकेत, फैंस में जबरदस्त उत्साह

    60 तक खेल सकता हूं, MS Dhoni ने IPL भविष्य पर दिया बड़ा संकेत, फैंस में जबरदस्त उत्साह


    नई दिल्ली। आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के एक फैन इवेंट में एम.एस. धोनी ने अपने रिटायरमेंट को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसने एक बार फिर चर्चाओं को तेज कर दिया। 44 वर्षीय धोनी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह 60 साल की उम्र तक भी आईपीएल खेल सकते हैं। उनके इस बयान से स्टेडियम में मौजूद फैंस जोश से भर गए।

    चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान अभिनेता शिवकार्तिकेयन ने धोनी से कहा कि वह रिटायरमेंट की बातों को नजरअंदाज कर लंबे समय तक खेलते रहें। इस पर धोनी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, मुश्किल होगा लेकिन कोशिश कर सकता हूं। इसके बाद पूरा स्टेडियम ‘धोनी-धोनी’ के नारों से गूंज उठा। इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

    आईपीएल इतिहास में एम.एस. धोनी का नाम सबसे सफल खिलाड़ियों में शुमार है। उन्होंने अब तक 278 मैचों में 5439 रन बनाए हैं और चेन्नई सुपर किंग्स को 5 बार खिताब दिलाया है। आईपीएल 2026 उनका 19वां सीजन होगा। हालांकि, उन्होंने 2024 से पहले कप्तानी छोड़ दी थी और टीम की जिम्मेदारी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंप दी गई थी।

    क्या होगा आखिरी सीजन?
    धोनी के भविष्य को लेकर अटकलें लगातार जारी हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के CEO काशी विश्वनाथन ने संकेत दिए हैं कि धोनी 2026 का सीजन खेलेंगे, लेकिन उनकी भूमिका पहले से अलग हो सकती है।

    पिछले कुछ सीजन में उनके रोल में बदलाव साफ देखा गया है अब वह कप्तान नहीं हैं, निचले क्रम में फिनिशर की भूमिका निभाते हैं और इम्पैक्ट प्लेयर नियम के कारण उनकी भागीदारी सीमित हो गई है।

    टीम में नए खिलाड़ियों के आने से विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी भविष्य में साझा की जा सकती है, लेकिन धोनी का अनुभव अब भी टीम के लिए बेहद अहम बना हुआ है। खासकर तब, जब 2025 में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था।

    नई शुरुआत या विदाई का संकेत?

    आईपीएल 2026 चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बदलाव का साल हो सकता है और संभव है कि यह एम.एस. धोनी के करियर का आखिरी अध्याय भी साबित हो। हालांकि फैंस की उम्मीद अब भी कायम है कि ‘माही’ एक बार फिर मैदान पर अपना जादू दिखाएंगे, चाहे वह 60 तक खेलने की बात मजाक में ही क्यों न हो।

  • सरपंच क्यों बने Shreyas Iyer खुद किया खुलासा बोले जीत ही असली पहचान

    सरपंच क्यों बने Shreyas Iyer खुद किया खुलासा बोले जीत ही असली पहचान


    नई दिल्ली। आईपीएल के नए सीजन से पहले श्रेयस अय्यर ने अपने एक खास नाम को लेकर बड़ा खुलासा किया है जिसने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। पंजाब किंग्स के कप्तान के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर चुके अय्यर को फैंस सरपंच कहकर बुलाते हैं और अब उन्होंने इस नाम के पीछे की पूरी कहानी साझा की है।

    पिछले साल पंजाब किंग्स ने मेगा ऑक्शन में उन्हें अपनी टीम में शामिल किया और कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी। अय्यर ने भी इस भरोसे पर खरा उतरते हुए टीम को शानदार प्रदर्शन के दम पर फाइनल तक पहुंचाया। उनके नेतृत्व और मैदान पर फैसले लेने की क्षमता ने फैंस को प्रभावित किया और धीरे धीरे उन्हें सरपंच कहकर पुकारा जाने लगा।

    प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अय्यर ने बताया कि शुरुआत में उन्हें इस शब्द का सही मतलब भी नहीं पता था। उन्होंने टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह से पूछा कि सरपंच का क्या मतलब होता है और इसका इस्तेमाल कैसे किया जाता है। तब उन्हें समझाया गया कि सरपंच किसी गांव या समुदाय का प्रमुख होता है जो नेतृत्व करता है और लोगों की जिम्मेदारी संभालता है।

    यह बात सुनकर अय्यर को एहसास हुआ कि यह नाम उनकी कप्तानी शैली से मेल खाता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि शुरुआत में यह नाम उन्हें खास पसंद नहीं आया था लेकिन समय के साथ जब फैंस ने उन्हें इसी नाम से पुकारना शुरू किया तो यह उनकी पहचान बन गया। अब जब भी वह कहीं जाते हैं या लोगों से मिलते हैं तो उन्हें सरपंच कहकर ही बुलाया जाता है।

    अय्यर के मुताबिक यह नाम उन्हें अच्छा महसूस कराता है और उन्हें प्रेरित भी करता है लेकिन उन्होंने साफ कर दिया कि उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण चीज टीम की जीत है। उनका कहना है कि मैदान पर उतरते समय किसी भी खिलाड़ी या कप्तान का एक ही लक्ष्य होना चाहिए और वह है मैच जीतना। नाम और पहचान बाद में आती है लेकिन प्रदर्शन सबसे ऊपर होता है।

    उन्होंने यह भी कहा कि इस नाम के साथ फैंस की उम्मीदें भी बढ़ जाती हैं और वह इन उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्हें चुनौतियां पसंद हैं और वह हर चुनौती को स्वीकार करते हैं। उनका मानना है कि किसी भी बड़ी उपलब्धि के लिए एक मजबूत टीम का होना जरूरी है और पंजाब किंग्स के पास वह क्षमता मौजूद है।

    पंजाब किंग्स की टीम अब तक दो बार आईपीएल फाइनल तक पहुंच चुकी है लेकिन खिताब जीतने में सफल नहीं हो पाई है। पिछले सीजन में भी टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था लेकिन ट्रॉफी जीतने से चूक गई। ऐसे में इस बार टीम अपने अधूरे सपने को पूरा करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

    अब सभी की नजरें श्रेयस अय्यर पर टिकी हैं कि वह अपनी कप्तानी में टीम को पहली बार चैंपियन बना पाते हैं या नहीं। सरपंच का यह टैग उनके साथ मजबूती से जुड़ चुका है और फैंस को उम्मीद है कि वह इस नाम को जीत के साथ और भी खास बना देंगे।

  • युवराज के 6 छक्कों से नहीं, क्रिस गेल के 175 रन के वर्ल्ड रिकॉर्ड से है वैभव सूर्यवंशी की नजर

    युवराज के 6 छक्कों से नहीं, क्रिस गेल के 175 रन के वर्ल्ड रिकॉर्ड से है वैभव सूर्यवंशी की नजर


    नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट में उभरते युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी बेहद कम उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। महज 14 साल की उम्र में क्रिकेट जगत में तेजी से पहचान बनाने वाले इस युवा बल्लेबाज ने अब अपना अगला बड़ा लक्ष्य भी तय कर लिया है। दिलचस्प बात यह है कि वह टी20 क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने के रिकॉर्ड को नहीं बल्कि क्रिस गेल के ऐतिहासिक 175 रनों के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ना चाहते हैं।

    उत्साहित हाल ही में आयोजित भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सालाना आयोजन के दौरान मशहूर कमेंटेटर हर्षा भोगले ने वैभव सूर्यवंशी से एक दिलचस्प सवालपूछा। उनसे कहा गया कि अगर उन्हें तीन बड़े रिकॉर्ड्स में से किसी एक को तोड़ने का मौका मिले तो वह किसे चुनेंगे। इन विकल्पों में एक ओवर में छह छक्के लगाने का रिकॉर्ड आईपीएल में 175 रन की सबसे बड़ी पारी और आईपीएल में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड शामिल था।

    इस सवाल के जवाब में वैभव सूर्यवंशी ने बिना ज्यादा सोचे सीधे क्रिस गेल के 175 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने की इच्छा जाहिर की। उनका मानना है कि टी20 क्रिकेट में इतनी बड़ी पारी खेलना किसी भी बल्लेबाज के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

    वैभव सूर्यवंशी ने पिछले आईपीएल सीजन में डेब्यू करते ही सनसनी मचा दी थी। उन्होंने अपने पहले ही मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाकर क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींचा था। अपने डेब्यू सीजन में उन्होंने शानदार शतक भी लगाया और सिर्फ 7 मैचों में 252 रन बनाकर अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया।

    इसके बाद से उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर होता गया। आईपीएल के बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट और अंतरराष्ट्रीय जूनियर स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन किया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने ICC अंडर-19 क्रिकेट विश्व कपका खिताब भी अपने नाम किया। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 175 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।

    वैभव के नाम आईपीएल में 35 गेंदों पर दूसरी सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। इस सूची में पहले स्थान पर क्रिस गेल हैं जिन्होंने 30 गेंदों में शतक लगाकर इतिहास रचा था।टी20 क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने का कारनामा सबसे पहले भारतीय दिग्गज बल्लेबाज युवराज सिंह ने किया था। उन्होंने 2007 में आयोजित ICC T20 विश्व कप 2007 के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी।

    वहीं क्रिस गेल ने 2013 के आईपीएल में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 175 रनों की नाबाद पारी खेलकर टी20 क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड बनाया था। पिछले 13 सालों में टी20 क्रिकेट का स्तर काफी बदल चुका है लेकिन आज तक कोई भी बल्लेबाज इस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाया है। हालांकि जिस तरह की आक्रामक बल्लेबाजी वैभव सूर्यवंशी करते हैं उसे देखकर क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि आने वाले समय में वह इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को चुनौती दे सकते हैं।

  • नंबर-3 पर संजू सैमसन को मौका देने की मांग, सुरेश रैना बोले-टीम को मिलेगा फायदा

    नंबर-3 पर संजू सैमसन को मौका देने की मांग, सुरेश रैना बोले-टीम को मिलेगा फायदा


    नई दिल्ली।  भारतीय टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज और चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी रहे सुरेश रैना ने टीम के बल्लेबाजी क्रम को लेकर अहम सुझाव दिया है। रैना का मानना ​​है कि संजू सैमसन को टीम के लिए नंबर-3 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए, क्योंकि इस स्थान पर वह टॉप ऑर्डर और मिडिल ऑर्डर के बीच मजबूत कड़ी बन सकते हैं। रैना के अनुसार इस क्रम से टीम का बैलेंस बेहतर होगा और बल्लेबाजी इकाई ज्यादा स्थिर दिखाई देगी।

    गायकवाड़ और म्हात्रे करें ओपनिंग
    बातचीत के दौरान रैना ने कहा कि सीएसके की पारी की शुरुआत रुतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे को करनी चाहिए। इसके बाद तीसरे नंबर पर संजू सैमसन को भेजा जाए, ताकि वह शुरुआती विकेट गिरने की स्थिति में पारी को संभाल सकें और टीम को मजबूत आधार दे सकें। रैना के अनुसार सैमसन के नंबर-3 पर आने से बल्लेबाजी क्रम इस तरह संतुलित हो सकता है कि उसके बाद डेवल्ड ब्रेविस चौथे नंबर पर और शिवम दुबे पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करें।

    धोनी को अंत के ओवरों में मिल सकता है मौका
    रैना ने आगे कहा कि इस क्रम के बाद टीम के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी बल्लेबाजी के लिए आ सकते हैं और उन्हें मुख्य रूप से अंतिम दो या तीन ओवर खेलने का मौका मिलेगा।उनकी गिनती है कि इस तरह का बल्लेबाजी क्रम टीम को आक्रामक और संतुलित दोनों बना सकता है, क्योंकि शुरुआती बल्लेबाज तेजी से रन बनाएंगे और मध्यक्रम पारी को आगे बढ़ाएगा।

    विकेटकीपर के तौर पर भी सैमसन पर भरोसा
    रैना ने सैमसन को विकेटकीपर के रूप में भी समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि सैमसन टीम के ड्रेसिंग रूम में सकारात्मक माहौल बनाने वाले खिलाड़ी हैं और कप्तानी का अनुभव होने के कारण टीम के लिए उनकी भूमिका और भी अहम हो जाती है।

    सैमसन लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रह चुके हैं और आईपीएल में उनके पास काफी अनुभव है।

    आईपीएल में शानदार रिकॉर्ड
    आईपीएल में संजू सैमसन का रिकॉर्ड भी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 177 मैचों में लगभग 31 की औसत से 4700 से ज्यादा रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 3 शतक और 26 शतक भी निकले हैं। आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड कर अपनी टीम में शामिल किया था, जिससे टीम की बल्लेबाजी और मजबूत मानी जा रही है।

    टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन
    हाल ही में हुए ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने टूर्नामेंट के महत्वपूर्ण मुकाबलों में बेहतरीन पारियां खेलकर भारत को खिताब दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई।

    क्वार्टर फाइनल में वेस्टइंडीज राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खिलाफ नाबाद 97 रन, सेमीफाइनल में 89 रन और फाइनल में भी 89 रन की पारी खेलकर उन्होंने टीम की जीत में अहम योगदान दिया। टूर्नामेंट में कुल 5 मैचों में 321 रन बनाने के बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।

    सीएसके फैंस की उम्मीदें बढ़ेंगी
    विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस की उम्मीदें संजू सैमसन से और भी बढ़ गई हैं। क्रिकेट एथलीटों का रुझान है कि अगर वह नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हैं तो टीम को एक स्थिर और आक्रामक बल्लेबाज मिल सकता है, जो मुश्किल परिस्थितियों में भी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखता है।

  • हरभजन सिंह का बयान: हार्दिक के लिए रोहित की सलाह से बदल सकती है मुंबई की किस्मत

    हरभजन सिंह का बयान: हार्दिक के लिए रोहित की सलाह से बदल सकती है मुंबई की किस्मत


    नई दिल्ली। हरभजन सिंह का मानना ​​है कि मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2026 में रोहित शर्मा का बेहतर इस्तेमाल करना चाहिए। उनके अनुसार रोहित को सिर्फ बल्लेबाजी के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में नहीं बल्कि पूरे मैच के दौरान मैदान पर रखना टीम के लिए ज्यादा फायदेमंद होगा।

    हरभजन सिंह ने जियोहॉटस्टार पर बातचीत के दौरान कहा कि रोहित शर्मा जैसे अनुभवी खिलाड़ी की मौजूदगी मैदान पर टीम के लिए बेहद अहम होती है। खासकर जब मैच कठिन स्थिति में हो और कप्तान को रणनीतिक फैसले लेने हों, तब रोहित जैसे अनुभवी खिलाड़ी का साथ बहुत काम आता है।

    उन्होंने कहा, “रोहित शर्मा को 12वें खिलाड़ी के तौर पर इस्तेमाल किया गया है जो सिर्फ बल्लेबाजी करता है, लेकिन मुझे लगता है कि जिस तरह के नेतृत्वकर्ता वह रहे हैं, उन्हें मैदान पर होना चाहिए। मुश्किल मैचों में, जब आपको कुछ खास फैसले लेने होते हैं, तब वह कप्तान के लिए बहुत मददगार हो सकते हैं।”

    हार्दिक पांड्या को मिल सकता है अनुभव का फायदा
    हरभजन सिंह का मानना है कि Hardik Pandya के लिए भी रोहित शर्मा की मौजूदगी मैदान पर काफी फायदेमंद साबित हो सकती है। रोहित लंबे समय तक मुंबई इंडियंस के कप्तान रहे हैं और उनकी रणनीतिक समझ काफी मजबूत है।

    ऐसे में जब मैच के दौरान मुश्किल फैसले लेने हों या रणनीति बदलने की जरूरत पड़े, तब रोहित शर्मा का अनुभव टीम और कप्तान दोनों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

    आकाश चोपड़ा ने भी किया समर्थन
    पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज Aakash Chopra ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखते हुए कहा कि रोहित शर्मा को पूरा मैच खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि रोहित इस समय फिट हैं और अच्छी फॉर्म में भी नजर आ रहे हैं, इसलिए टीम को इसका फायदा उठाना चाहिए।

    आकाश चोपड़ा के अनुसार ओपनिंग बल्लेबाज के लिए मैच से पहले मैदान पर रहना और खेल की परिस्थितियों को समझना बेहद जरूरी होता है। अगर कोई ओपनर लंबे समय तक डगआउट में बैठा रहे और फिर सीधे बल्लेबाजी करने आए, तो यह उसके लिए स्वाभाविक स्थिति नहीं होती।

    उन्होंने कहा, “अगर आप फिट हैं, तो आपको पूरा मैच खेलना चाहिए। खासकर जब आप दूसरी पारी में बल्लेबाजी कर रहे हों तो आपको इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में नहीं आना चाहिए। एक ओपनर को डगआउट से 20 ओवर देखने की आदत नहीं होती।”

    पिछले दो सीजन में इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका
    दरअसल पिछले दो आईपीएल सीजन में Rohit Sharma को कई मुकाबलों में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल किया गया था। वह ज्यादातर समय डगआउट में बैठे रहते थे और सिर्फ बल्लेबाजी के लिए मैदान पर आते थे। उस समय इसकी मुख्य वजह उनकी फिटनेस बताई जा रही थी। हालांकि पिछले 6 से 8 महीनों में रोहित शर्मा ने अपनी फिटनेस पर काफी मेहनत की है और अब वह टीम के सबसे फिट खिलाड़ियों में गिने जा रहे हैं।

    मुंबई इंडियंस के लिए बड़ा फैसला
    गौरतलब है कि Rohit Sharma की कप्तानी में Mumbai Indians ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता है। उनकी कप्तानी में टीम ने कई यादगार सफलताएं हासिल की थीं। हालांकि 2024 सीजन में टीम मैनेजमेंट ने बड़ा फैसला लेते हुए रोहित शर्मा की जगह Hardik Pandya को कप्तान नियुक्त कर दिया था। इसके बाद से टीम की रणनीति में कई बदलाव देखने को मिले हैं।

    अब आईपीएल 2026 की शुरुआत के बाद ही यह साफ होगा कि मुंबई इंडियंस रोहित शर्मा को पूरे मैच के लिए मैदान पर उतारती है या फिर उन्हें पहले की तरह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर ही इस्तेमाल किया जाता है।

    हरभजन सिंह और आकाश चोपड़ा जैसे क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि रोहित शर्मा का अनुभव और नेतृत्व क्षमता मुंबई इंडियंस के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में अगर उन्हें पूरे मैच के दौरान मैदान पर रखा जाए तो यह टीम और कप्तान हार्दिक पांड्या दोनों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।