Tag: Irumudi

  • नेटफ्लिक्स पर साउथ फिल्मों का दबदबा, रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ ने अजय देवगन की ‘धमाल 4’ को पीछे छोड़ा

    नेटफ्लिक्स पर साउथ फिल्मों का दबदबा, रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ ने अजय देवगन की ‘धमाल 4’ को पीछे छोड़ा


    नई दिल्ली ।शनिवार को नेटफ्लिक्स की ट्रेंडिंग फिल्मों की सूची में साउथ सिनेमा का दबदबा देखने को मिला। देशभर में सबसे ज्यादा देखी जा रही फिल्मों की शीर्ष सूची में कई दक्षिण भारतीय फिल्मों ने अपनी जगह बनाई है। खास बात यह है कि शीर्ष दस में केवल दो हिंदी फिल्में शामिल हैं। रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि अजय देवगन की ‘धमाल 4’ सातवें पायदान पर है।

    ट्रेंडिंग सूची में सबसे ऊपर ‘इरुमुडी’ है। रवि तेजा की इस फिल्म की कहानी एक पिता और उसकी बेटी के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी में सस्पेंस, थ्रिल और भावनात्मक पहलुओं को शामिल किया गया है। सिनेमाघरों में दर्शकों के बीच चर्चा में रही यह फिल्म अब ओटीटी पर भी दर्शकों का ध्यान खींच रही है। नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के बाद फिल्म शीर्ष स्थान तक पहुंच गई है।

    दूसरे नंबर पर तमिल कॉमेडी फिल्म ‘मोथा रात्रि’ ट्रेंड कर रही है। फिल्म की कहानी एक शादी के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जहां गांव का एक पंडित अपमान महसूस करने के बाद बीच समारोह से चला जाता है। इसके बाद कहानी में कई हास्यपूर्ण घटनाएं सामने आती हैं। हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आई यह फिल्म दर्शकों के बीच अपनी जगह बना रही है।

    तीसरे स्थान पर सूर्या की ‘विश्वनाथ एंड सन’ मौजूद है। फिल्म में संजय विश्वनाथ नाम के एक अमीर कारोबारी की कहानी दिखाई गई है, जो 40 वर्ष की उम्र पार करने के बाद भी शादी नहीं करना चाहता। अपनी मां की इच्छा पूरी करने के लिए वह सरोगेसी के जरिए पिता बनता है। बच्चे से जुड़ी परेशानी सामने आने के बाद उसकी सरोगेट मां की तलाश शुरू होती है।

    चौथे नंबर पर हुमा कुरैशी की ‘बेबी डू डाई डू’ है। फिल्म की कहानी बेबी करमकर नाम की एक ऐसी महिला पर केंद्रित है, जो सुन और बोल नहीं सकती। वह गुप्त कॉन्ट्रैक्ट किलर है और अपनी जुड़वां बहन की हत्या का बदला लेने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति की तलाश करती है। फिल्म में चंकी पांडे और सिकंदर खेर भी अहम भूमिकाओं में हैं।

    ‘लस्ट स्टोरीज 3’ पांचवें स्थान पर बनी हुई है। फिल्म चार अलग-अलग कहानियों के जरिए मानवीय रिश्तों और इच्छाओं के विभिन्न पहलुओं को सामने रखती है। इसमें राधिका आप्टे, विजय वर्मा, राधिका मदान, कोंकणा सेन शर्मा और अभिषेक बनर्जी जैसे कलाकार नजर आते हैं।

    तापसी पन्नू की ‘गांधारी’ छठे नंबर पर है। कहानी एक ऐसी मां की है, जिसकी बेटी लापता हो जाती है और वह उसकी तलाश में जुट जाती है। इसके बाद सामने आने वाली घटनाएं फिल्म की मुख्य कहानी बनती हैं।

    अजय देवगन की ‘धमाल 4’ सातवें स्थान पर पहुंच गई है। सिनेमाघरों में फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया के बाद ओटीटी पर इसे दर्शकों का ध्यान मिल रहा है। इसके बाद ‘बेस्ट ऑफ द बेस्ट’ आठवें, आर माधवन की ‘GDN’ नौवें और ‘कोरियन कनकराजू’ दसवें स्थान पर हैं। इस तरह शनिवार की सूची में दक्षिण भारतीय फिल्मों की मजबूत मौजूदगी देखने को मिली।

  • 'मिर्जापुर: द मूवी' ने दूसरे दिन मचाया धमाल, 'टॉक्सिक' और 'इरुमुडी' की कमाई में भी दिखी रफ्तार

    'मिर्जापुर: द मूवी' ने दूसरे दिन मचाया धमाल, 'टॉक्सिक' और 'इरुमुडी' की कमाई में भी दिखी रफ्तार

    नई दिल्ली । बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त एक अलग ही माहौल देखने को मिल रहा है। कई बड़ी और बिग बजट फिल्मों के साथ कुछ कम बजट वाली फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अपना जलवा दिखा रही हैं। इस लिस्ट में ‘हनुमान अंश’, ‘टॉक्सिक’, ‘इरुमुडी’ और अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ भी शामिल हो गई है। थिएटर में रिलीज होते ही ये फिल्में एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में लगी में हैं। ऐसे में इन फिल्मों का वीकेंड पर क्या हाल रहा आइए जानते हैं। शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर सिनेमाघरों में मौजूद इन फिल्मों के बीच जमकर भिड़ंत हुई। तो चलिए देखते हैं किसने कितना कमाया…

    ‘मिर्जापुर’ ने दो दिनों में ही काटा बवाल

    ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर अपना जलवा दिखाना शुरू कर दिया है। फिल्म में इस बार पुराने कैरेक्टर्स की वापसी हुई है। वहीं, कई नए कलाकार भी फिल्म में नजर आ रहे हैं। फिल्म ने पहले दिन बंपर कमाई करने के बाद दूसरे दिन तो कहर ही ढाह दिया है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के ओपनिंग डे पर 25.75 करोड़ रुपये कमाए। वहीं, शनिवार को इसने अपना डे वन का रिकॉर्ड ही ब्रेक कर दिया। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, दूसरे दिन ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने 31.00 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 56.75 करोड़ हो गया है। वहीं, वर्ल्डवाइड फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 78.45 करोड़ हो गया है।

    शनिवार को ‘टॉक्सिक’ ने बढ़ाई रफ्तार

    साउथ सुपरस्टार यश स्टारर फिल्म ‘टॉक्सिक’ को रिलीज हुए आज 11 दिन हो गए हैं। ‘टॉक्सिक’ ने ओपनिंग डे पर तो 101.10 करोड़ की बंपर कमाई के साथ अपना खाता खोला था। दूसरे दिन से इसके कलेक्शन में काफी गिरावट देखने को मिली। फिल्म में यश की एक्टिंग की काफी तारीफ हो रही है। हालांकि, मूवी को निगेटिव रिव्यू का भी सामना करना पड़ रहा है। पहले हफ्ते यश की फिल्म ने 239.30 करोड़ की कमाई की। शुरुआती ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ‘टॉक्सिक’ ने जहां शुक्रवार को 1.75 करोड़ की नेट कमाई की। वहीं, शनिवार को इसने 2.04 करोड़ कमाए। भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 243.09 करोड़ हो गया है। वहीं, वर्ल्डवाइड फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 333.45 करोड़ हो गया है।

    वीकेंड पर दिखाया कमाल

    रवि तेजा का फिल्म ‘इरुमुडी’ ने बॉक्स ऑफिस पर दो हफ्ते पूरे कर लिया है। ‘इरुमुडी’ ने ओपनिंग डे पर 15.30 करोड़ रुपये के साथ ओपनिंग की थी। फिल्म ने फर्स्ट वीक 92.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं, दूसरे हफ्ते इसने 57.60 करोड़ रुपये की कमाई की है। शुरुआती ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘इरुमुडी’ ने 15वें दिन 4.90 करोड़ रुपये कमाए। ऐसे में 16वें दिन यानी शनिवार को भी 4.90 करोड़ रुपये की कमाई हुई। भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई अब 159.55 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं, इससे दुनिया भर में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 201.30 करोड़ रुपये हो गया है।